May 31, 2026 9:54 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण, स्थानीय समस्याओं के समाधान और अन्य सामाजिक कार्यों में लोगों के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय खेल आयोजनों में उभरते खिलाड़ियों के अच्‍छे प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।
  2. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑनमार्क पोर्टल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की टीम तैनात की।
  3. हिमाचल प्रदेश नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने चार में से तीन नगर निगमों में जीत हासिल की।
  4. म्यांमा में एक इमारत में हुए विस्फोट में 45 से अधिक लोगों की मौत।
  5. भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का पुरुष युगल खिताब जीता।
  6. आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच फाइनल मुकाबला जारी।

————

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सामाजिक कार्यो में असाधारण योगदान करने के लिए आज अनेक नागरिकों की सराहना की और उनके प्रेरणादायक कार्यों और उपलब्धियों का उल्‍लेख किया। श्री मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में राष्‍ट्र को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यों के लिए जमीनी स्‍तर पर काम कर रहे लोगों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने केरलम के साजी वलाशेरिल के बारे में बात की। ये नि:शुल्‍क तैराकी क्‍लब चलाते हैं जिसमें 15 हजार से ज्‍यादा लोगों को तैराकी सीखने में सहायता की गई है।

 

 

केरलम के अलुवा में साजी वलाशेरिल जी एक स्विमिंग क्लब चला रहे हैं। अब तक 15 हजार से ज्यादा लोग यहां तैरना सीख चुके हैं। साजी जी ने दिव्यांग बच्चों को भी स्विमिंग सिखाई है। साजी वलाशेरिल जी का जीवन हमें बहुत बड़ी सीख देता है, सेवा करने के लिए बहुत बड़े साधन जरूरी नहीं होते, जरूरी होता है एक अच्छा इरादा और लगातार किया गया प्रयास। इन्हीं के दम पर हजारों लोगों के जीवन में बदलाव लाया जा सकता है।

 

 

प्रधानमंत्री ने उत्‍तर प्रदेश में बस्‍ती के आकाश गुप्‍ता के प्रयासों का भी उल्‍लेख किया जिन्‍होंने अपने मित्रों के साथ मनोरमा नदी को साफ करने का अभियान चलाया।

 

 

बस्ती के आकाश गुप्ता अपने गांव की मनोरमा नदी को देखकर बहुत दुखी होते थे। श्रीमान आकाश ने तय किया कि शिकायत नहीं करेंगे, एक नई शुरुआत करेंगे। उन्होंने अपने दोस्तों को साथ लिया सिर्फ जाल था, फावड़ा था, टोकरी थी और सबसे बड़ी ताकत थी, कुछ बदलने का संकल्प। यह युवा, नदी में उतरते थे जलकुंभी निकलते थे। धीरेधीरे मनोरमा नदी का वह हिस्सा फिर से साफ दिखने लगा, आसपास के लोगों का ध्यान भी इस काम की तरफ गया। लोगों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढी।

 

 

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु की शिक्षिका गिरिजा अम्मा की भी बात की जिन्होंने ‘मन की बात’ से प्रेरित होकर देश के सैनिकों के लिए रोज़ एक रुपया दान करने की अपील बच्चों से की और इससे मिले लगभग 40 लाख रुपये प्रधानमंत्री को सौंपे।

 

 

तमिलनाडु के नागरकोइल में मेरी मुलाकात एक टीचर से हुई। करीब तीन दशक पहले भी मैं उनसे मिला था। मैं बात कर रहा हूं गिरिजा अम्मा जी की इस मुलाकात के दौरान कुछ युवा स्टूडेंट भी उनके साथ थे। गिरिजा अम्मा जी करीब 15 स्कूल चलाती है। इनमें चेन्नई का जयगोपाल गरोडिया हिन्दू विद्यालय बहुत प्रमुख है। उनकी देशभक्ति की भावना हर भारतवासी को प्रेरित करने वाली है।

 

 

देश की खेल उपलब्धियों का उल्‍लेख करते हुए श्री मोदी ने खिलाडी गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार को झारखंड के रांची में आयोजित नेशनल सीनियर एथलेटिक्‍स फैडरेशन प्रतिस्‍पर्धा में नए राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के लिए बधाई दी।

 

 

कुछ दिन पहले ही झारखंड के रांची में नेशनल सीनियर एथलेटिक फेडरेशन कंपटीशन हुआ। इसमें करीब आठ सौ एथलीट ने हिस्‍सा लिया। इस दौरान चार अलगअलग इवेंट में, चार नेशनल रिकॉर्ड टूटे, गुरिंदर वीर सिंह, विशाल टी. के., तेजस्विनी शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार। इन साथियों ने अलगअलग कैटेगरी में नए रिकॉर्ड बनाए। मैं इन सभी को बहुतबहुत बधाई देता हूं।

 

 

श्री मोदी ने देश की अमूल्‍य सांस्‍कृतिक विरासत को संरक्षित करने के सरकार के प्रयासों पर भी बात की। प्रधानमंत्री ने नीदरलैंड की हाल की अपनी यात्रा का उल्‍लेख किया, जहां एक विशेष समारोह के दौरान चोल काल के प्राचीन ताम्रपत्र भारत को वापस किए गए। प्रधानमंत्री ने नमामि गंगे पहल के अंतर्गत संरक्षण के प्रयासों की भी सराहना की। उन्‍होंने कहा कि उत्‍तर प्रदेश की एक नहर में फंसी गंगा डॉलफिन को भारत की पहली गंगा डॉलफिन बचाओ एम्‍बुलेंस की मदद से सफलतापूर्वक बचाया गया है। देश में भीषण गर्मी पर चिंता व्‍यक्‍त करते हुए प्रधानमंत्री ने इस संबंध में लोगों से सरकारी सलाहों पर अमल करने का अनुरोध किया और सुरक्षित रहने के लिए ऐतिहातन कदम उठाने को कहा।

 

————

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑनमार्क पोर्टल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की एक टीम तैनात की है। बोर्ड ने कहा है कि वह अपने सेवा प्रदाता के ऑनमार्क पोर्टल में पाई गई खामियों पर कड़ी निगरानी रख रहा है, जिन्हें हाल ही में सार्वजनिक रूप से उजागर किया गया था। सोशल मीडिया पोस्ट में बोर्ड ने बताया कि विभिन्न सरकारी एजेंसियों और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का एक दल पिछले कुछ दिनों से इन प्रणालियों को मजबूत करने और पोर्टल को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रहा है। बोर्ड ने बताया कि पहचानी गई खामियों को दूर कर लिया गया है।

 

 

———-

 

भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में से तीन में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि 17 मई को हुए नगर निगम चुनावों के लिए मतगणना आज पूरी हो गई।

 

 

हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए धर्मशाला, सूरन और मंडी नगर निगमों में कब्जा जमाया है। वहीं, पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की है। धर्मशाला में भाजपा ने 17 में से 11 वार्ड जीते हैं, जबकि कांग्रेस को पांच वार्डो में सफलता मिली हैं। सोलन में भाजपा ने 10 और कांग्रेस ने 6 वार्ड जीते। मंडी में भाजपा ने 14 में से 12 वार्डों में जीत दर्ज कर दबदबा बनाया। जबकि कांग्रेस को एक वार्ड मिला। पालमपुर में कांग्रेस ने 15 में से 11 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया जबकि भाजपा को चार वार्ड मिले। इस बीच, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनावों की मतगणना भी पूरी हो गई है। यह चुनाव पार्टी चिन्‍हों पर नहीं लड़े गए थे। फिर भी भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत का दावा किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।

 

 

———

 

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तीसरे चरण के अंतर्गत ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में कल से मतदाताओं की पहचान शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग ने बताया है कि जिन पात्र मतदाताओं के मतगणना प्रपत्र 28 जून तक मतदाता पंजीकरण अधिकारी को प्राप्त हो जाएंगे, उन्हें मसौदा मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

 

 

———

 

म्‍यांमा के उत्‍तर पूर्वी हिस्‍से में एक भवन में हुए विस्‍फोट में 45 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 70 लोग घायल हुए हैं। खबरों के अनुसार इस भवन में खनन के लिए विस्‍फोटक रखे गये थे। चीन की सीमा से लगभग तीन किलोमीटर दक्षिण में स्थित यह क्षेत्र सशस्‍त्र गुट तांग नेशनल लिब्रेशन आर्मी के नियंत्रित में है। यह गुट म्‍यांमा की केन्‍द्रीय सरकार के खिलाफ संघर्ष में है।

 

 

———

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल नई दिल्‍ली में म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन् के साथ वार्ता करेंगे। इस बातचीत से दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सभ्‍यतागत संबंधों को और मजबूती मिलेगी। बातचीत के दौरान सुरक्षा और संपर्कता समेत भारत और म्‍यांमा के समग्र सबंधों पर विचार-विमर्श होगा। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आज नई दिल्ली में म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति से मुलाकात की। म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति कल पांच दिन की भारत यात्रा पर बिहार में गया पहुंचे थे। उनके साथ एक उच्‍च स्‍तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है जिसमें कैबिनेट मंत्री, वरिष्‍ठ अधिकारी और उद्योगपति शामिल हैं।

 

 

———

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेन्‍द्र सिंह ने कहा है कि पिछले 12 वर्ष के तकनीकी बदलाव के दौरान भारत प्रौद्योगिकी लेने वाले की बजाय प्रौद्योगिकी का नेतृत्‍व करने वाला बनकर उभरा है। उन्‍होंने दूरदर्शन न्‍यूज के साथ एक पोडकास्‍ट में आज यह बात कही।

 

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेन्‍द्र सिंह ने कहा कि भारत तेजी से वैश्विक स्‍तर पर प्रौद्योगिकी के विकास में भागीदारी कर रहा है और नवाचार की दिशा में भविष्‍य तय कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि देश ने अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, क्‍वांटम तकनीक और जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में विशेष प्रगति हासिल की है। उन्‍होंने कहा है कि ये क्षेत्र वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए सामूहिक रूप से आवश्‍यक वैज्ञानिकी और तकनीकी आधार बना रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की चर्चा करते हुए केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि ए.आई. तकनीक स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल, कृषि, संचार और जन सेवा के क्षेत्र में एक परिवर्तनकारी शक्ति बनकर उभर रही है। उन्‍होंने कहा कि भारत कुशलता में सुधार करने के लिए एआई युक्‍त प्रणाली और मानव विशेषज्ञता के बीच समन्वित तरीका अपनाकर चल रहा है। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।

 

 

———

 

आवासन और शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने त्रिपुरा में शहरी स्वच्छता और विद्युत अवसंरचना को मजबूत करने के लिए कई पहलों की घोषणा की है। अगरतला में त्रिपुरा के विद्युत मंत्री रतन लाल नाथ के साथ संयुक्त संवाददाता सम्‍मेलन में श्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य में अपशिष्ट प्रबंधन प्रणालियों को उन्नत करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

 

 

———

 

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि राजनीतिक नेतृत्व सार्वजनिक जीवन का महत्‍वपूर्ण क्षेत्र है और रचनात्मक आलोचना निष्पक्ष और संतुलित होनी चाहिए। उन्‍होंने यह बात केरलम के कोट्टयम में मलयालम दैनिक दीपिका के 140वें स्थापना दिवस समारोह के उदघाटन के दौरान कही।

 

 

———

 

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में छत्तीसगढ़ के सात पर्यटक और वाहन चालक शामिल हैं। यह दुर्घटना 29 मई की रात को चुराह उपमंडल के बैरागढ़-सच दर्रा-किलर सड़क पर उस समय हुई, जब एक कार खाई में गिर गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

 

———

 

जम्मू-कश्मीर में सेना ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थिति द्वारों पर आधार के जरिए प्रवेश और निकास प्रणाली की शुरुआत की है। इससे सीमा के पास रहने वाले निवासियों की आवाजाही सुगम होगी।

 

 

———

 

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। फाइनल में आज भारत की पुरुष डबल्‍स जोडी ने इंडोनेशिया के फजर अल्फियन और मुहम्मद शोहिबुल फिकरी को हराया। खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने इस जीत पर खिलाडियों को बधाई दी है।

 

 

———

 

अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्‍स का मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात टाइटंस ने 17वें ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 115 रन बना लिए हैं।

 

 

———

 

फ्रांस में, चैंपियंस लीग में पेरिस सेंट जर्मेन की आर्सेनल पर जीत का जश्न मना रहे फुटबॉल प्रशंसकों और पुलिस के बीच हुई झड़पों में कुल 219 लोग घायल हो गए हैं।

 

 

———

 

मौसम विभाग ने कल गुजरात, केरल, माहे, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, दक्षिण भीतरी कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तूफान की संभावना है। अगले दो दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान में भी तूफान का अनुमान है। मंगलवार तक तेलंगाना, कोंकण, गोवा, सौराष्ट्र में भी इसी तरह की स्थिति रहेगी।

 

 

———

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण, स्थानीय समस्याओं के समाधान और अन्य सामाजिक कार्यों में लोगों के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय खेल आयोजनों में उभरते हुए खिलाड़ियों के अच्‍छे प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।
  2. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑनमार्क पोर्टल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की टीम तैनात की।
  3. हिमाचल प्रदेश नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने चार में से तीन नगर निगमों में जीत हासिल की।
  4. म्यांमा में एक इमारत में हुए विस्फोट में 45 से अधिक लोगों की मौत।
  5. भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का पुरुष युगल खिताब जीता।
  6. आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच फाइनल मुकाबला जारी।

 

———

Most Read
View All arrow-right

No posts found.