May 30, 2026 10:28 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  1. कर्नाटक में डी. के. शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया। बुधवार को मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
  2. उर्वरकों के संतुलित और उचित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महीने का खेत बचाओ अभियान सोमवार से शुरू होगा।
  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  4. मौसम विभाग ने कल पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि की संभावना व्‍यक्‍त की।
  5. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी सिंगापुर ओपन बैडमिंटन के डबल्‍स फाइनल में पहुंचे।
  6. ब्रिस्टल में दूसरे महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच में इंग्लैंड ने भारत को 169 रन का लक्ष्य दिया।

 

*****

 

कर्नाटक में वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता डी. के. शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में पार्टी विधायकों ने उन्‍हें सर्वसम्मति से नेता चुना। इस संबंध में, विधायकों ने सिद्धारमैया और डॉ. जी. परमेश्वर द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पारित किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि डी. के. शिवकुमार बुधवार को मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

 

जब मीटिंग आरंभ हुई तो सिद्धारमैया द्वारा एक लाइन का रेजोल्यूशन दिया गया, कि सीएलपी नेता का चयन का कार्य एआईसीसी को सौंप देना चाहिए। इसके बाद एआईसीसी जनरल सेक्रेटरी के. सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सिद्धारमैया से अलग मुख्यमंत्री के कक्ष में बातचीत की। तब तक सीएलपी मीटिंग रुकी रही जब फिर से मीटिंग आरंभ हुई तो यह रेजोल्यूशन पारित किया गया। कि डी. के. शिवकुमार नेता के रूप में चुने गए हैं। इसके बाद सभी विधायक राज्यपाल से मिले और डी. के. शिवकुमार को मुख्यमंत्री की शपथ दिलाने के लिए वक्त मांगा। अब डी. के. शिवकुमार और अन्य मंत्रिमंडल के सदस्य जून 3 तारीख को 4 बजकर 5 मिनट पर शपथ ग्रहण करेंगे। सुधींद्रा, आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।

 

*****

 

तमिलनाडु में, आल इंडिया अन्‍ना डी.एम.के. पार्टी के सचेतक एग्री एस.एस. कृष्णमूर्ति ने आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और उनसे सत्तारूढ़ टी.वी.के. द्वारा कथित तौर पर चार विधायकों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि ये चारों विधायक आल इंडिया अन्‍ना डी.एम.के. से इस्तीफा देने के तुरंत बाद टी.वी.के. में शामिल हो गए। श्री कृष्णमूर्ति ने कहा कि इन विधायकों ने व्हिप का उल्लंघन करते हुए टीवीके सरकार के पक्ष में मतदान किया।

 

*****

 

उर्वरकों के संतुलित और उचित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महीने का खेत बचाओ अभियान सोमवार से शुरू होगा। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अभियान में खेतों, किसानों और गांवों को जोडते हुए इसे व्‍यापक राष्‍ट्रीय अभियान बनाया जाना चाहिए। नई दिल्‍ली में एक उच्‍च स्‍तरीय बैठक में उन्‍होंने कहा कि सोमवार से शुरू हो रहे अभियान का मुख्‍य ध्‍यान उर्वरकों का संतुलित और उचित प्रयोग, मौसम की चुनौतियों के मद्देनजर किसानों को समय पर परामर्श, पंचायत स्‍तर पर किसानों की भागीदारी तथा गांवों को सीधे योजनाओं के लाभ पर केंद्रित होना चाहिए। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…

 

किसानों की खेती और मिट्टी को सुरक्षित रखने के लिए खेत बचाओ अभियान सोमवार से शुरू होगा, और यह 30 जून तक पूरे देश में चलाया जाएगा। इस अभियान में कृषि विज्ञान केंद्र सभी भाग लेने वाली संस्थाओं के मुख्य समन्वय की भूमिका निभाएंगे। इस अभियान के लिए 1 हजार छह सौ से अधिक टीमें बनाई गई है। इसके अलावा जिन 100 जिलों में रासायनिक उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग होता है, वहां विशेष रूप से 500 टीमें गठित की गई हैं। इस अभियान के दौरान खेतों को बचाने और किसानों को समय पर सही सलाह देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के लगातार हो रहे उपयोग को कम करना है। किसानों को मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों और अन्य कृषि संसाधनों के संतुलित उपयोग के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्हें जैविक खाद और जैव उत्पादों के अधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*****

 

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में सीपीग्राम्स के लिए एआई-सक्षम वॉयस चैटबॉट समाधान दीदीका शुभारंभ किया। यह चैटबॉट लोगों को संवादात्मक इंटरफेस के माध्यम से लोक शिकायतें दर्ज कराने में सक्षम बनाता है। डॉ. सिंह ने समाधान दीदी को सरकार की शिकायत निवारण प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि समाधान दीदी वर्तमान में सभी 22 अनुसूचित भारतीय भाषाओं में काम करता है। डॉ सिंह ने बताया कि एआई और तकनीक के उपयोग के कारण लोक शिकायतों की संख्या में कई गुणा बढ़ोतरी हुई है।

 

सन 2014 से पहले ये केवल यहां पर दो लाख शिकायते दर्ज होती थी प्रतिवर्ष। आज उसकी बढकर के संख्‍या 25 से तीस लाख हो गई कारण ये। वी हैव बीन प्रौम्‍पट, वी हैव बीन फॉलोइंग टाइमलाइन, वी हैव बीन रिस्‍पोंसिव और ये इसलिए संभव हुआ कि टेक्‍नोलॉजी का भरपूर और पर्याप्‍त उपयो‍ग किया गया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का किया गया।

 

*****

 

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौदियोगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज उत्‍तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में स्टार्टअप लोहम का दौरा किया। श्री वैष्णव ने कहा कि लोहम लिथियम-आयन बैटरी और अन्य महत्वपूर्ण खनिजों और उन्नत सामग्रियों का उत्पादन कर रहा है।

 

एक यंग स्‍टार्टअप लोहुम इन्‍होंने कंप्‍लीट टेक्‍नोलॉजी को डेवलप किया है और टेक्‍नोलॉजी को डेवलप करने के बाद में वहां से प्रोडक्‍शन का लेवल लेके आये हैं। आज उस प्‍लांट को देखने का मौका मिला। लीथियम कोर्बोनेट बनाने की मशीने जो कि आगे सीधा बैटरी बनाने में काम में आये और परमानेंट मैगनेट बनाने की मशीने जो कि एक बहुत ही अच्‍छे, बहुत ही कॉम्प्लेक्स टेक्नोलॉजी को अच्‍छे तरीके से डेवलप किया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सवेरे 11 बजे आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों से अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, एआईआर न्यूज़ वेबसाइट और न्यूज़ऑनएयर मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। इसका प्रसारण एआईआर न्यूज़, डीडी न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी किया जाएगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी प्रादेशिक भाषाओं में भी कार्यक्रम प्रसारित करेगा।

 

*****

 

म्‍यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् भारत की पांच दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज शाम श्री ऊ मिन से मुलाकात की है। डॉ. जयशंकर ने दीर्घकालिक द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के प्रति म्यांमा के राष्ट्रपति के सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सोमवार को उनकी मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले दिन में म्‍यांमा के राष्ट्रपति बिहार में गया गए और महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ कई मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

 

*****

 

कपडा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि चिकित्सा वस्त्र, तकनीकी वस्त्र और स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी क्षेत्र भारत की आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने की अपार क्षमता रखते हैं। विशाखापत्तनम में श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भारत को वैश्विक विनिर्माण और नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ये प्रयास ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं।

 

*****

 

सरकार ने सोमवार से 31 अक्टूबर तक कपास के आयात पर सीमा शुल्क में अस्थायी रूप से छूट दी है। कपडा मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा है कि यह निर्णय कपास किसानों और संपूर्ण कपास मूल्य श्रृंखला के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लिया गया है। कपास के ऑफ-सीजन के दौरान लागू किया गया यह उपाय कपडा उद्योग के लिए कपास की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।

 

*****

 

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल उच्च स्तर की सतर्कता पर है और आवश्‍यकता पड़ने पर ऑपरेशन सिंदूर के दूसरे चरण के लिए तैयार है। पुणे में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में पासिंग आउट परेड में जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने सटीक और दृढ़ संकल्प के साथ उकसावे का जवाब देने की भारत की क्षमता का प्रदर्शन किया। उन्‍होंने कहा यह अभियान अब भी जारी है।

 

जहां तक ऑपरेशन सिंदूर की बात है, यह अभियान अभी जारी है। फिलहाल केवल अस्थायी रूप से संघर्ष विराम है। इसलिए भारतीय सशस्‍त्र बल ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की संभावना को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी कर रहे हैं। इस समय हमारा ध्यान तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल बढ़ाने पर है। साथ ही, हम भविष्य के युद्धों के लिए खुद को और अधिक सक्षम बना रहे हैं। जैसा कि मैंने पहले कहा था, आने वाले समय के युद्ध केवल जमीन, समुद्र और हवा तक सीमित नहीं रहेंगे।

     

*****

 

हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज नई दिल्ली में पहले हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट और प्रथम दिन का कवर जारी किया। इस अवसर पर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष राम बहादुर राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बधाई संदेश पढ़ा। प्रधानमंत्री ने कहा है कि हिंदी पत्रकारिता की द्विशताब्दी भारत की चेतना, विचार और जन जागरूकता का उत्सव है। श्री सिंधिया ने कहा कि पत्रकारिता का इतिहास भारत का इतिहास भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय जागृति का आंदोलन है।

 

*****

 

नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडु ने डिजि यात्रा ऐप के माध्‍यम से दस करोड से अधिक  निर्बाध यात्रायें संपन्‍न कराने के लिए डिजि यात्रा टीम को बधाई दी है। श्री नायडु ने कहा है कि यह उपलब्धि निर्बाध और कागज तथा संपर्क रहित प्रक्रिया पर यात्रियों की बढते भरोसे को दर्शाती है। वर्तमान समय में डिजि यात्रा ऐप पर 38 हवाई अड्डे हैं और अगले वर्ष इनमें 27 और हवाई अडडे जुडे जाएंगे।

 

*****

 

पश्चिम बंगाल में स्‍वच्‍छता में सुधार और नागरिक समस्‍याओं का तेजी से समाधान करने के लिए एक नया स्‍वच्‍छ मोबाइल ऐप जारी किया गया है। आवासन और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने आज कोलकाता में इस ऐप को जारी किया। इस ऐप के जरिये नागरिक अपनी समस्‍याओं जैसे – रूका हुआ पानी, कचरा या नालियों का फोटो अपलोड कर सकते हैं।

 

*****

 

राष्ट्रीय संचालन समिति ने प्रधानमंत्री-सेतु योजना के अंतर्गत आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम आईटीआई क्लस्टर के लिए एक निजी कंपनी आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया की रणनीतिक निवेश योजना-एसआईपी को मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार क्षमता परिवर्तन -प्रधानमंत्री-सेतु योजना के अंतर्गत स्वीकृत होने वाली पहली एसआईपी है। आंध्र प्रदेश इस योजना के अंतर्गत उद्योग साझेदारी को क्रियान्वित करने वाला पहला राज्य बन गया है।

 

*****

 

मौसम विभाग ने कल पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ में ओलावृष्टि के साथ बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि की संभावना व्‍यक्‍त की है। कल आंध्र प्रदेश, गुजरात, केरल, माहे, लक्षद्वीप और देश के उत्तर पूर्वी हिस्सों में तेज वर्षा की संभावना है। अगले दो दिनों में ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश हो सकती है। कल दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है।

     

*****

 

खेल

 

चिराग शेट्टी और सात्‍विकसाईराज रंकीरेड्डी सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के डबल्‍स फाइनल में पहुंच गए हैं। सेमीफाइनल में उन्‍होंने दक्षिण कोरिया के सियो सेउंग-जाए और किम वॉन-हो को हराया। ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो मिकस्‍ड डबल्‍स सेमीफाइनल में हार गई।

 

*****

 

ब्रिस्टल में दूसरे महिला टी-20 क्रिकेट मैच में इंग्‍लैंड ने भारत को 169 रन का लक्ष्‍य दिया है। जवाब में ताजा समाचार मिलने तक भारत ने पांचवें ओवर में एक विकेट पर के 34 रन बना लिये हैं।  तीन मैचों की श्रृंखला में भारत एक-शून्‍य से आगे है।

 

*****

 

भारतीय हज मिशन ने सऊदी अरब में आयोजित इस वर्ष के खितमाहु मिस्क समारोह में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते हैं। यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। सऊदी हज मंत्रालय द्वारा तीर्थयात्रियों की उत्कृष्ट सेवाओं को मान्यता देने के लिए प्रतिवर्ष दिए जाने वाले लब्बैतुम पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ हज समन्वय और संचार श्रेणी के तहत भारतीय हज मिशन को प्रदान किए गए हैं। इस वर्ष लगभग एक लाख 75 हजार भारतीय हज के लिए गये थे।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :

 

  1. कर्नाटक में डी. के. शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया। बुधवार को मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
  2. उर्वरकों के संतुलित और उचित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महीने का खेत बचाओ अभियान सोमवार से शुरू होगा।
  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  4. मौसम विभाग ने कल पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि की संभावना व्‍यक्‍त की।
  5. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी सिंगापुर ओपन बैडमिंटन के डबल्‍स फाइनल में पहुंचे।
  6. ब्रिस्टल में दूसरे महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच में इंग्लैंड ने भारत को 169 रन का लक्ष्य दिया।

 

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.