मुख्य समाचार:
- गृह मंत्री अमित शाह ने प्रौद्योगिकी और नागरिक भागीदारी सहित चार स्तरीय सुरक्षा उपायों के साथ सीमा प्रबंधन में बड़े बदलाव की घोषणा की। कहा – अवैध प्रवासन पर अंकुश देश की जनसांख्यिकी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण।
- सरकार ने किसानों को बीज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 1 लाख 74 हजार क्विंटल का राष्ट्रीय बीज भंडार स्थापित किया।
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और योग्य छात्रों की सुरक्षा का आश्वासन दिया।
- सिंगापुर ओपन बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरुष डबल्स तथा ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में।
- आईपीएल क्रिकेट में दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटन्स तथा राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला जारी।
———-
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सीमाओं को सुरक्षित करना और अवैध प्रवासन पर अंकुश लगाना राष्ट्र की जनसांख्यिकी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। गुजरात के भुज में भारत-पाकिस्तान सीमा पर महत्वपूर्ण जी-7 और जी-13 सीमा चौकियों के उद्घाटन के बाद गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार लीक प्रूफ सुरक्षा ग्रिड स्थापित करने के लिए ड्रोन, रडार और आधुनिक बाड सहित अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रही है। उन्होंने नई सुरक्षा ग्रिड के साथ सीमा प्रबंधन में बदलाव की घोषणा की।
बीएसएफ के सीमा सुरक्षा के कॉन्सेप्ट को पूर्णत: बदलने का निर्णय किया है। एक चतुष्कोणीय कॉन्सेप्ट के साथ एक सूरत सा ग्रिड हम आने वाले दिनों में बनाएंगे और बॉर्डर सुरक्षा की जगह ‘टेरिटोरियल सुरक्षा’ का नया कॉन्सेप्ट भी लॉन्च करेंगे और बीएसएफ के जवानों की तो प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी ही रहेगी। ये मिलाकर समग्र बॉर्डर बांग्लादेश और पाकिस्तान की सुरक्षा ग्रिड मजबूत बनाने का काम हम स्मार्ट बॉर्डर सुरक्षा के प्रोजेक्ट के तहत हम ले रहे हैं।
————
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को पर्याप्त बीज उपलब्ध कराने के लिए एक लाख 74 हजार क्विंटल का राष्ट्रीय बीज भंडार स्थापित किया गया है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने उर्वरक वितरण में पारदर्शिता, कालाबाजारी की रोकथाम तथा किसानों को उचित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार नकली कीटनाशकों के खिलाफ कडी कार्रवाई कर रही है।
सबने मिलकर ये तय किया है कि ये जो घटिया पेस्टिसाइट है, वो एक बडी समस्या है। बीज भी गुणवत्तापूर्ण मिले और घटिया पेस्टिसाइट उस पर जितने सेंपल उठाना चाहिए, उतने सेंपल उठाएं। लैब्स कई राज्यों में है लेकिन उनको प्रत्यक्ष करने का काम करें। एनएबीएल प्रमाणित लैब वहां पूर्ण राज्य में हो इस पर भी व्यापक पैमाने पर चर्चा हुई है। हम लोग इस पर भी नकली के खिलाफ कडी कार्यवाही की जाए व्यापक अभियान चलाया जाए।
कृषि मंत्री ने बताया कि देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन अब तक के उच्चतम स्तर 376 करोड़ टन से अधिक हो गया है।
———-
सरकार ने कहा है कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त भंडार है और सभी शोधन संयंत्र अधिकतम स्तर पर काम कर रहे हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने नई दिल्ली में अंतर मंत्रालय संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में प्रति दिन 92 हजार मीट्रिक टन रसोई गैस का उत्पादन हो रहा है जो अब तक का सर्वोच्च स्तर है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और ऊर्जा बचाने की अपील की।
सरकार सभी घरों तक एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और डिलीवरी सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, इसके साथ सरकार सभी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयासरत है। इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने दैनिक उपयोग में ऊर्जा को बचाने का हर संभव प्रयत्न करें। बल्क और इंडस्ट्रियल कंज्यूमर से अपील है कि वह ऑथराइज्ड प्रोक्योरमेंट चैनल से ही डीजल की खरीद करें।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि दो लाख 70 हजार मीट्रिक टन कच्चे तेल के साथ वाणिज्यिक पोत निसोस केरोस होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकल गया है और तीन जून तक इसके विशाखापत्तनम पहुंचने की आशा है।
———-
म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग कल पांच दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और म्यांमा के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय वार्ता में आपसी संबंधों को प्रगाढ करने पर चर्चा होगी। भारत और अमरीका के बीच व्यापार वार्ता पर उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह अमरीका के व्यापारिक दल के भी भारत आने की उम्मीद है। भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए गठित कार्य समिति की हाल की बैठक पर श्री जायसवाल ने कहा कि चर्चा रचनात्मक रही। दोनों पक्षों ने परिसीमन, सीमा प्रबंधन, कार्य तंत्र निर्माण और सीमा सहयोग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। बांग्लादेशी घुसपैठियों पर श्री जायसवाल ने कहा कि भारत में रह रहे सभी अवैध नागरिकों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
————
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि नीट पेपर लीक मामले में परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो – सीबीआई इस मामले की पूरी जांच करे और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। डीडी न्यूज़ को दिए साक्षात्कार में श्री प्रधान ने योग्य विद्यार्थियों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
छात्रों को अश्वस्त करना चाहते हैं कि जो गलती हुई है, हमारे ट्रस्ट को ग्रिश किया गया है। जो रक्षक था वहीं, भक्षक हुआ। जो शिक्षक को हमने जिम्मेदारी दिया था, क्वशचन बनाने के लिए उन्होंने ही कोम्फ्रोमाइज़ हुआ है। उन्हीं के कारण यह अव्यवस्था शुरू हुई है। हमने एक कठोर निर्णय किया कि हमने एक भी सही विद्यार्थी के हक को परीक्षा माफियाओं के हाथ में सौंपना नहीं चाहते थे। उनके षडयंत्र का शिकार नहीं होना चाहते थे। हम बच्चों की मानसिक स्थिति को सम्मान करते हैं उनको संभालना चाहते हैं और हमको एक एरर फ्री एक्ज़ामिनेशन देने का पूरा हमारा प्रयास है।
————
सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि नीट पेपर लीक मामले में चूक की जिम्मेदारी तय की जानी होगी। न्यायालय की पीठ आज इस मामले में दायर याचिकाओं की सुनवाई कर रही थी। इनमें एक याचिका में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी – एनटीए के पुनर्गठन या इसे हटाने का निर्देश देने और इसके स्थान पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिये एक सशक्त और स्वायत्त निकाय के गठन की मांग की गयी थी। पीठ ने केंद्र से हलफनामा दायर करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई जुलाई के दूसरे सप्ताह में होगी।
————
दिल्ली में 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा – नीट के लिए परीक्षार्थी डीटीसी की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए परीक्षार्थियों को केवल अपना वैध नीट प्रवेश पत्र दिखाना होगा।
————
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड – सीबीएसई ने कहा है कि पोस्ट रिजल्ट एक्टिविटी पोर्टल सोमवार पहली जून से शुरू हो जायेगा। उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए यह पोर्टल शुरू किया जा रहा है। इससे मूल्यांकन का सर्वोच्च मानदंड स्थापित होगा।
————
छठे राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण में बताया गया है कि भारत ने मातृ और शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा वित्तीय सुरक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। 95 दशमलव नौ प्रतिशत गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व देखभाल मिली है। गर्भावस्था की पहली तिमाही में जांच कराने वाली महिलाओं की संख्या 70 प्रतिशत से बढ़कर 76 दशमलव दो प्रतिशत हो गई है। भारत की कुल प्रजनन दर 2 बनी हुई है। 12 से 23 माह के 96 प्रतिशत से अधिक बच्चों को जरूरी टीके लगाए गए हैं।
————
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में घुसपैठ और इसके कारण जनसांख्यिकी बदलाव की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार घुसपैठ के मुद्दे पर कोई कार्रवाई करने में नाकाम रही। यही कारण था कि तृणमूल प्रशासन ने, केंद्र से समय से निर्देश मिलने के बावजूद, जनगणना कार्य की शुरूआत नहीं की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल को जमीन सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
————
भारतीय जनसंचार संस्थान – आई.आई.एम.सी. ने आज नई दिल्ली परिसर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन मीडिया एंड एंटरटेनमेंट एकेडमी की शुरुआत की। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने कहा कि इस अकादमी की शुरुआत से संस्थान पारंपरिक मीडिया शिक्षा से आगे बढ़कर भविष्य की मीडिया तकनीकों पर काम कर सकेगा। उन्होंने कहा कि एआई की जानकारी केवल बड़े शहरों के न्यूज़रूम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे भारत के मीडिया क्षेत्र तक पहुंचनी चाहिए।
————
वाइस एडमिरल अजय कोचर ने आज 48वें नौसेना उप प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पुणे में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र, वाइस एडमिरल अजय कोचर ने जुलाई 1988 में भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त किया था।
————
रिज़र्व बैंक की बैलेंस शीट इस वर्ष मार्च के अंत तक 20 दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि के साथ 91 लाख 97 हजार करोड़ रुपये हो गई। रिज़र्व बैंक की आज जारी वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार यह बढोतरी घरेलू निवेश तथा स्वर्ण और विदेशी निवेश में वृद्धि के कारण हुई है।
————
आर्थिक जगत
घरेलू शेयर सूचकांकों में आज लगभग डेढ प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स एक हजार 92 अंक के नुकसान से 74 हजार सात सौ 76 के स्तर पर रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी तीन सौ 59 अंक की गिरावट से 23 हजार पांच सौ 48 के स्तर पर बंद हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया आज 70 पैसे की मजबूती से 95 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर दर्ज हुआ।
————
मौसम विभाग ने कहा है कि देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी में कमी आई है और कल से मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में भी गर्मी कम होने की संभावना है। आज से 31 मई तक देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में गरज के साथ आंधी-वर्षा का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की संभावना है। राजस्थान में भी धूल भरी आंधी की आशंका है।
————
पाकिस्तान अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड को लेकर लगातार आलोचना का सामना कर रहा है। मानवाधिकार संस्था एमनेस्ट्री इंटरनेशनल ने खैबरपख्तूनख्वा सूबे की राजधानी पेशावर से पश्तून तहफ्फुज मूवमेंट-पीटीएम के कार्यकर्ता फरीदुल्लाह अफरीदी को कथित रूप से जबरन अगवा किये जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
————
सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने पुरूष डबल्स तथा ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो ने मिक्स्ड डबल्स के सेमी-फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में सात्विक और चिराग ने मलेशिया के कांग खई शिंग और आरोन ताई को हराया।
————
यू चंडीगढ में, आईपीएल क्रिकेट के दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक राजस्थान ने 15वें ओवर में 5 विकेट पर 137 रन बना लिये हैं। मैच की विजेता टीम रविवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में रॉयल्स चैलेजर्स बैंगलुरू से खेलेगी।
————
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- गृह मंत्री अमित शाह ने प्रौद्योगिकी और नागरिक भागीदारी सहित चार स्तरीय सुरक्षा उपायों के साथ सीमा प्रबंधन में बड़े बदलाव की घोषणा की। कहा – अवैध प्रवासन पर अंकुश देश की जनसांख्यिकी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण।
- सरकार ने किसानों को बीज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 1 लाख 74 हजार क्विंटल का राष्ट्रीय बीज भंडार स्थापित किया।
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और योग्य छात्रों की सुरक्षा का आश्वासन दिया।
- सिंगापुर ओपन बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरुष डबल्स तथा ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में।
- आईपीएल क्रिकेट में दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटन्स तथा राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला जारी।
————