मुख्य समाचार :-
- गृह मंत्री अमित शाह ने घुसपैठियों की पहचान कर देश से निकालने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने त्यागपत्र दिया। कहा राज्य की सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे।
- केन्द्र ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 12 राज्यों को दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की।
- प्रसिद्ध उर्दू शायर बशीर बद्र का भोपाल में 91 वर्ष की आयु में निधन।
- मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में आज से गर्मी और लू में कमी का अनुमान व्यक्त किया। वर्षा–आंधी के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गर्मी से राहत।
- दो भारतीय पहलवान वियतनाम में एशियाई अंडर-17 कुश्ती चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचे।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने देश से प्रत्येक घुसपैठिए की पहचान कर निर्वासित करने की सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई है। गुजरात के गांधीनगर में आज 340 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा में उन्होंने यह बात कही।
घुसपैठिए को देश के बाहर निकालना ये हमारी सरकार का संकल्प है और इसके लिए नरेन्द्र मोदी जी ने एक डेमोग्राफी चेंज कमेटी बनाने का निर्णय किया है। ये हाई पावर कमेटी देशभर में जनसांख्यिकी का जो कृत्रिम बदलाव हुआ है उसके कारणों और उपायों की चिंता करेंगी और इसके लिए कोई कानून बनाने की जरूरत है, तो इसकी भी चिंता करेगी।
गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल सरकार को एक सप्ताह के भीतर सीमा सुरक्षा बल को 600 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने के लिए बधाई भी दी।
वीर सावरकर की जयंती पर आज श्री शाह ने मातृभूमि के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान, समर्पण और अमूल्य योगदान का स्मरण किया।
*****
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्यपाल के सचिव को औपचारिक रूप से इस्तीफा सौंप दिया है। श्री सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल से नामित मुख्यमंत्री को पदभार ग्रहण करने के लिए आमंत्रित करने का अनुरोध किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विधानसभा में कांग्रेस के पास 136 से अधिक विधायकों का समर्थन है।
दो बार के मुख्यमंत्री और दो बार विपक्ष के स्थान पर काम कर चुके सिद्धारमैया ने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया। अहिंदा यानी अल्पसंख्यक और पिछड़े समुदाय के नेता के तौर पर जाने वाले सिद्धारमैया ने कहा कि हाईकमान के आदेशानुसार उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे का समाचार सुनने के बाद कई जगहों पर आज राज्य में विरोध प्रदर्शन हुआ। दूसरी तरफ, डी.के. शिवकुमार के समर्थकों द्वारा खुशी मनाई गई। दोनों नेता दिल्ली की ओर निकले हैं, जहां वे हाईकमान के साथ संसदीय नेता के चयन और मंत्रिमंडल की रचना पर चर्चा करेंगे। सुधींद्रा, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।
*****
भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा में वर्तमान विधायक अभिषेक देबरॉय को पार्टी की प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री अभिषेक देबरॉय राज्यसभा सांसद राजीव भट्टाचार्य का स्थान लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनकी नियुक्ति को स्वीकृति दी।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि श्री देबरॉय के गतिशील नेतृत्व और संगठनात्मक दूरदर्शिता से त्रिपुरा में भाजपा और मजबूत होगी।
*****
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन कल कर्नाटक, गोआ और केरलम के तीन दिन के दौरे पर रवाना होंगे। उपराष्ट्रपति कल कर्नाटक के बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के वैश्विक समारोह में शामिल होंगे। शनिवार को श्री राधाकृष्णन पणजी में गोवा के राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति 31 मई को बेल्थंगडी के सी.आर.आई. औद्योगिक पार्क का उद्घाटन भी करेंगे।
*****
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत बारह राज्यों को दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की। इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रतिबद्ध हैं कि देश में कोई भी गरीब व्यक्ति कच्चे मकान में न रहे।
2016 से ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के माध्यम से हर आवासहीन को पक्का मकान उपलब्ध कराने का अभियान चल रहा है। अब तक इस योजना के अंतर्गत केवल ग्रामीण क्षेत्र में हमने 3 करोड़ 91 लाख घरों को मंजूरी दी और उनमें से 3 करोड़ 5 लाख से ज्यादा पूरे हो गए हैं। शहरी आवास योजना के मकान अलग हैं, उनको मिलाकर तो चार करोड़ बहुत पहले पूरे हो चुके हैं। राज्यों को मैंने अपील की है कि समय पर लक्ष्य पूरा करें और जिनके पास जमीन नहीं है, उनको जमीन उपलब्ध कराने का काम करें।
महिला सशक्तिकरण पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत लगभग 75 प्रतिशत मकान या तो महिलाओं के नाम पर हैं या संयुक्त स्वामित्व में हैं।
*****
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली स्थित केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में बोर्ड की कक्षा 12वीं की परीक्षाओं के मूल्यांकन और परिणाम के बाद की प्रक्रियाओं से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को छात्रों की समस्याओं का समय पर पारदर्शी और छात्र-हितैषी तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*****
सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई पाठ्यक्रम में व्यापक सुधार के लिए उद्योग जगत के साथ मिलकर काम कर रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में एआई पाठ्यक्रम कार्यबल के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में एआई शिक्षा को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप ढालने पर चर्चा हुई।
*****
कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि कोयला से गैस बनाने की योजना देश के औद्योगिक और आर्थिक परिवर्तन का एक प्रमुख स्तंभ बन रही है। नई दिल्ली में कोयला और लिग्नाइट से गैस बनाने की परियोजनाओं को प्रोत्साहन से जुड़े प्रदर्शनी के दौरान श्री रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और सुरक्षित ऊर्जा व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है।
*****
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि लोकतंत्र संवाद, विचार-विमर्श, आम सहमति और असहमति के वातावरण में फलता-फूलता है। श्री बिरला ने आज दिल्ली विधानसभा में 1924 से 1930 तक केंद्रीय विधानसभा की सभी 407 बैठकों की कार्यवाही के 89 खंडों के अनूठे संकलन का विमोचन किया। श्री बिरला ने कहा कि यह संग्रह भावी पीढ़ियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए एक अमूल्य मार्गदर्शक साबित होगा।
*****
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने राजौरी जिले के गंभीर मुगला क्षेत्र के दोरिमाल इलाके के घने जंगलों में जारी आतंकवाद रोधी अभियान के आज छठे दिन भी संदिग्ध आतंकी ठिकानों पर गोलीबारी और ग्रेनेड लॉन्चर से हमले किए। दो से तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के इस क्षेत्र में छिपे होने की आशंका है। छिपे आतंकवादियों को मार गिराने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर गोलीबारी की गई। आतंकवादियों की गतिविधियों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यनेज़ यान्शा को स्लोवेनिया का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि वे दोनों देशों के लोगों की साझा समृद्धि और पारस्परिक लाभ के लिए द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।
*****
महान उर्दू शायर बशीर बद्र का आज मध्य प्रदेश के भोपाल में निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। उन्होंने दोपहर करीब 12 बजे अंतिम सांस ली। आकाशवाणी समाचार की श्रृद्धांजलि –
उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो,
ना जाने किस गली में ज़िंदगी की शाम हो जाए…
उर्दू अदब और गजल की दुनिया आज उस वक्त गहरे सन्नाटे में डूब गई जब मशहूर शायर बशीर बद्र ने हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया। 15 फरवरी 1935 को जन्मे बशीर बद्र की ग़ज़लों में मोहब्बत, तन्हाई, रिश्तों की नज़ाकत और इंसानी जज़्बात की गहरी झलक दिखाई देती है।
हर धडकते पत्थर को लोग दिल समझते हैं।
उम्रें बीत जाती है, दिल को दिल बनान में।।
जी हां, ऐसे ही कालजयी अशरार ने उन्हें करोड़ों दिलों तक पहुँचाया। उनके योगदान के लिए सरकार ने उन्हें पद्मश्री से अलंकृत किया। उर्दू अदब की यह आवाज़ भले ही खामोश हो गई हो, लेकिन उनकी शायरी हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी।
अजब चराग हूं दिन–रात जलता रहता हूं।
मैं थक गया हूं हवा से कहो बुझाए मुझे।।
*****
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि आज से उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में लू की स्थिति में कमी आने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज वर्षा और आंधी के कारण लोगों को भीषण लू से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज का अधिकतम तापमान 41 दशमलव एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 28 दशमलव चार डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के अनुसार कल राजधानी में बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की बूंदा-बांदी की संभावना है। वहीं, कल का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने देश के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी से राहत का अनुमान व्यक्त किया है।
जो हीटवेव कंडीशन उत्तर–पश्चिम भारत, मध्य भारत से लगा हुआ पूर्वी भारत और दक्षिणी पश्चिम भारत में कंटीन्यू चल रही थी। उसमें आज के बाद से कमी होने की संभावना है। थंडर स्ट्रॉम एक्टिविटी का एक्सपेक्टेशन है, जो कि मॉडरेट और सीवियर कैटेगरी का हो सकता है और नॉर्थ–वेस्ट इंडिया, सेन्ट्रल इंडिया और जो पूर्वी भारत है, उसमें 28 से 31 तारीख के बीच में चेतावनी जारी की गई है। अधिकतम तापमान में भी छह से आठ डिग्री सेंटीग्रेट की गिरावट हो सकती है और हीटवेव कंडीशन से राहत मिलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
*****
वियतनाम में एशियाई अंडर-17 कुश्ती चैंपियनशिप में भारत के दो पहलवानों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पुरुषों के 45 किलोग्राम ग्रीको रोमन वर्ग में आज सचिन कलप्पा शिरोल ने जॉर्डन के समीह अहमद-अल-ओबैद को वहीं, 110 किलोग्राम वर्ग में रूद्र किरण निम्हान ने शियोक मो सिम को हराया।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पहलवानों के शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि पुरुष फ्रीस्टाइल और महिला कुश्ती टीमों ने चैंपियनशिप में टीम खिताब जीते।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- गृह मंत्री अमित शाह ने घुसपैठियों की पहचान कर देश से निकालने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने त्यागपत्र दिया। कहा राज्य की सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे।
- केन्द्र ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 12 राज्यों को दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की।
- प्रसिद्ध उर्दू शायर बशीर बद्र का भोपाल में 91 वर्ष की आयु में निधन।
- मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में आज से गर्मी और लू में कमी का अनुमान व्यक्त किया। वर्षा और आंधी के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गर्मी से राहत।
- दो भारतीय पहलवान वियतनाम में एशियाई अंडर-17 कुश्ती चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचे।
*****