मुख्य समाचार :-
- केंद्र सरकार ने घुसपैठ और अन्य कारणों से उत्पन्न जनसांख्यिकीय परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए छह महीने के भीतर ड्रोन रोधी प्रणालियां स्थापित कर दी जाएंगी।
- क्वाड देशों ने हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी सहयोग की शुरुआत की। आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा की।
- सरकार ने प्याज का न्यूनतम सुनिश्चित खरीद मूल्य प्रति क्विंटल एक हजार 270 रुपये से बढ़ाकर एक हजार 580 रुपये किया।
- खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भविष्य में ओलंपिक खेलों के लिए योगासन का समर्थन किया। पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप अगले महीने अहमदाबाद में होगी।
- एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में, भारतीय पहलवान मोहित कुमार और चंद्र मोहन ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते।
*****
केंद्र सरकार ने घुसपैठ और अन्य कारणों से होने वाले जनसांख्यिकीय बदलाव की चुनौतियों से निपटने के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश, प्रकाश प्रभाकर नाओलेकर करेंगे। जनगणना आयुक्त के साथ-साथ पूर्व आईएएस अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्रा, पूर्व आर्इ्रपीएस अधिकारी बालाजी श्रीवास्तव और अर्थशास्त्री डॉ. शमिका रवि को इस समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव इस समिति में सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह समिति अवैध प्रवासन और अन्य अस्वाभाविक कारणों से पूरे देश में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों का व्यापक मूल्यांकन करेगी। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
ये उच्च स्तरीय समीति अवैध अप्रवासन और अन्य अप्राकृतिक कारणों से पूरे देश में हो रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तनों का व्यापक आकलन करेगी। यह धार्मिक और सामाजिक समुदायों के स्तर पर असामान्य जनसंख्या स्थानांतरण का भी विश्लेषण करेगी और इसके लिए एक योजनाबद्ध और समयबद्ध समाधान प्रस्तुत करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष लाल किले से अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में जनसांख्यिकीय परिवर्तन पर उच्च स्तरीय समिति की घोषणा की थी।
मैं आज देश के सामने एक चिंता एक, एक चुनौती के संबंध में आगाह करना चाहता हूं। सहषडयंत्र के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। एक नये संकट के बीज बोये जा रहे हैं और ये घुसपैठिये मेरे देश के नौजवानों की रोजी–रोटी छीन रहे हैं। ये देश सहन नहीं करेगा और इसलिए एक हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने का निर्णय किया है।
समीति एक वर्ष के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। वहीं, आवश्यकता पड़ने पर समिति का कार्यकाल 6 महीने तक बढ़ाया जा सकता है। अनुपम मिश्र के साथ शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार ड्रोन के ज़रिए नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अगले छह महीने के भीतर ड्रोन- रोधी प्रणाली लगाने की प्रक्रिया में है। राजस्थान के बीकानेर ज़िले में सांचू सीमा चौकी पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने यह घोषणा की।
ड्रोन और अन्य उपकरणों के लिए भारत सरकार ड्रोनरोधी संयंत्र लगाने की शुरुआत अगले 6 माह में ही कर लेगी। परंतु ड्रोन उतरता तो भारत की भूमि में है। कौन उसके अंदर के मटेरियल को देश विरोधी कार्यों के लिए उपयोग करता है। इस पर हमारी पैनी नजर होनी चाहिए और इसके न्यूट्रलाइजेशन के लिए सिविल अथॉरिटी और डिस्ट्रिक्ट पुलिस से हमारा जीवंत संपर्क होना चाहिए और परिणाम लक्षित कार्यवाही भी हमने करनी पड़ेगी।
*****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर की अध्यक्षता में आज क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक नई दिल्ली में सम्पन्न हुई। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बैठक में हिस्सा लिया।
सदस्य देश वैश्विक ऊर्जा बाजारों में व्यवधान के समय एक–दूसरे की ऊर्जा सुरक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। क्वाड देशों ने हिंद–प्रशांत क्षेत्र में निगरानी से जड़ी पहल तथा दृश्यों के माध्यम से समुद्री गतिविधियों की साझा जानकारी उपलब्ध कराने पर भी सहमति व्यक्त की।
बैठक के बाद संयुक्त प्रेसवार्ता में डॉ. जयशंकर ने कहा कि क्वाड देशों के बीच सहयोग को और मज़बूत किया जाएगा।
बैठक में आर्थिक मजबूती बनाए रखने, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने, विश्वसनीय और सुरक्षित तकनीकों का प्रसार करने तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि करने पर चर्चा हुई। हमारा लक्ष्य आपसी सहयोग को मजबूत करना तथा दूसरों की सहायता करना है। हम क्वाड देश आदान–प्रदान से विकास और समृद्धि की खोज में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।
बाद में, विदेश मंत्रालय में अपर सचिव के. नागराज नायडू ने संवाददाताओं को बताया कि क्वाड देशों ने पहलगाम आतंकवादी हमले की भी निंदा की।
आतंकवाद से सख्ती से निपटना क्वाड सहयोग का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बना हुआ है। विदेश मंत्रियों ने सीमा–पार आतंकवाद और आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा की। संयुक्त बयान में विशेष रूप से पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की गई और आतंकवादी गुटों, उनके वित्तपोषण और प्रायोजकों के खिलाफ निर्णायक अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया गया।
*****
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि पिछले कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलिया के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी ने नई गति पकड़ी है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ बैठक के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा के उत्पादन के लिए यूरेनियम की आपूर्ति सहित ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ रहा है।
इस बीच, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस दौरान रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती सुनिश्चित करने जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विस्तार पर चर्चा हुई।
जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी ने भी प्रधानमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र और में शांति, स्थिरता तथा समृद्धि को बढ़ावा देने में भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका की पुष्टि की।
*****
भारत ने चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के अवांछित संदर्भों को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत का रुख स्वयं सुसंगत है और संबंधित पक्षों को इसकी जानकारी है। उन्होंने कहा कि केंद्रशासित प्रदेश जम्मू–कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न तथा अविभाज्य अंग थे, हैं और हमेशा रहेंगे। प्रवक्ता ने कहा कि किसी अन्य देश को इस पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
*****
सरकार ने प्याज के भंडार का न्यूनतम सुनिश्चित खरीद मूल्य एक हजार 270 रुपये से बढ़ाकर एक हजार 580 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। ये बढ़ोतरी राज्य सरकारों के अनुरोध पर की गई हैं। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। इस संबंध में उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज नई दिल्ली में उपभोक्ता मामलों के विभाग, भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ और भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की।
*****
सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपट्टिनम–तंजावुर खंड पर 14 किलोमीटर से अधिक लंबे चार लेन वाले तिरुवरूर बाईपास के निर्माण के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-129 और राष्ट्रीय राजमार्ग 134ए पर दो अतिरिक्त ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह मार्ग तिरुचिरापल्ली और कोयंबटूर जैसे औद्योगिक केंद्रों को कराईक्काल और नागपट्टिनम जैसे बंदरगाह शहरों से जोड़ेगा।
*****
श्री नितिन गडकरी ने आज पंजाब में चार हजार किलोमीटर से अधिक और दिल्ली तथा हरियाणा में तीन हजार किलोमीटर से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव की प्रगति की समीक्षा की।
*****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई की पेमेंट गेटवे प्रणाली में सुधार के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के चार प्रमुख बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की है। बैठक के दौरान, श्री प्रधान ने विदयार्थियों को असुविधा से बचाने के लिए निर्बाध और सुरक्षित भुगतान प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया।
*****
सी०बी०एस०ई० ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए उपयोग की जाने वाली ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में कोई सुरक्षा उल्लंघन नहीं हुआ है। सी.बी.एस.ई. ने कहा कि वास्तविक मूल्यांकन कार्य के लिए उपयोग किए जा रहे पोर्टल पर कोई सुरक्षा उल्लंघन सामने नहीं आया है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने पद पर 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। 2014 में आज ही के दिन श्री मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। एक रिपोर्ट—-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले 12 वर्षों में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘ के सिद्धांतों पर अनेक जनकल्याणकारी पहलें की हैं, जिनका उद्देश्य नागरिकों का उत्थान करना रहा है। गरीबों और मध्यम वर्ग के कल्याण से लेकर महिलाओं, किसानों और युवाओं के सशक्तिकरण तक, मोदी सरकार ने समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा है। इसी तरह, मोदी सरकार ने आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे का विस्तार, और नागरिकों के जीवन को आसान बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया है। मोदी सरकार ने वस्तु और सेवा कर जीएसटी और डिजिटल भुगतान जैसे संरचनात्तक सुधार भी लागू किए हैं। सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। इसके अलावा, मोदी सरकार ने विरासत संरक्षण, संस्कृति पर भी अपना ध्यान केंद्रित किया है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के भारत के दावे को ध्यान में रखते हुए योगासन को भविष्य के ओलंपिक खेलों की सूची में शामिल करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। डॉ० मांडविया ने आज नई दिल्ली में कहा कि अहमदाबाद में चार से आठ जून तक पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।
*****
भारतीय पहलवानों ने वियतनाम में एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में आज भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरुषों की फ्रीस्टाइल वर्ग में दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीते। मोहित कुमार ने 65 किलोग्राम और चन्द्रमोहन ने 79 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
*****
आईपीएल क्रिकेट का पहला क्वालीफायर मुकाबला गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच जारी है। ताजा समाचार मिलने तक बेंगलुरु ने 16 ओवर में 3 विकेट पर 189 रन बना लिए हैं। इससे पहले गुजरात ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
*****
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में कल तक भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और उत्तराखंड में भी भीषण गर्मी की आशंका है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केंद्र सरकार ने घुसपैठ और अन्य कारणों से उत्पन्न जनसांख्यिकीय परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए छह महीने के भीतर ड्रोन रोधी प्रणालियां स्थापित कर दी जाएंगी।
- क्वाड देशों ने हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी सहयोग की शुरुआत की। आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा की।
- सरकार ने प्याज का न्यूनतम सुनिश्चित खरीद मूल्य प्रति क्विंटल एक हजार 270 रुपये से बढ़ाकर एक हजार 580 रुपये किया।
- खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भविष्य के ओलंपिक खेलों के लिए योगासन का समर्थन किया। पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप अगले महीने अहमदाबाद में होगी।
- और, एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में, भारतीय पहलवान मोहित कुमार और चंद्र मोहन ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते।
*****