मुख्य समाचार :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार-2026 प्रदान किए। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता दिवंगत धर्मेंद्र और जानीमानी वायलिन वादक डॉ. एन. राजम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को मजबूत करने और ग्रामीण उद्योगों के आधुनिकीकरण में तेजी लाने के उद्देश्य से कई पहलों का शुभारंभ किया।
- जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में केबल कार प्रणाली में तकनीकी खराबी के बाद फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए संयुक्त अभियान जारी। सेना और एस.डी.आर.एफ की टीमों ने अब तक दो सौ 86 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला।
- भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमरीका के विदेश मंत्री कल नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे।
- मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन के दौरान हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भीषण लू का अनुमान व्यक्त किया।
- एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवान विक्की और अक्षय धेरे ने पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2026 के लिए 66 जानी-मानी हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इनमें से दो हस्तियों को पद्म विभूषण, छह को पद्म भूषण और 58 को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। जाने-माने फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। अभिनेता की पत्नी और लोकसभा सदस्य हेमा मालिनी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
वायलिन वादक डॉ. एन. राजम को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण विशिष्ट सेवा के लिए और पद्मश्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। एक रिपोर्ट-
द्मभूषण श्रेणी में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को सार्वजनिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। जबकि भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा को मरणोपरांत लोकसभा श्रेणी में यह पुरस्कार दिया गया । इसके अलावा शतवधानी डॉ. आर गणेश को कला क्षेत्र में और विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे को मरणोपरांत ये पुरस्कार मिला। उद्योगपति उदय सुरेश कुमार कोटक को पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। वहीं डॉक्टर कलीपति रामास्वामी पलानास्वामी को चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए यह पुरस्कार मिला । पद्मश्री से सम्मानित होने वालों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भुल्लर, तगाराम भील, रतीलाल मोहनलाल बोरिसागर, स्वामी ब्रह्म देव और कुमार बोस शामिल है। वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रपति ने 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी है । शेष पद्म पुरस्कार विजेताओं को बाद में आयोजित होने वाले समारोह के दूसरे चरण में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आनंद कुमार के साथ शिवांग मिश्रा आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने पश्चिम एशिया संघर्ष के चलते ईंधन, उर्वरक और विदेशी मुद्रा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था लचीली बनी हुई है। श्रीमती सीतारामन ने आज मुंबई में लघु उद्योग विकास बैंक की 37वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और ग्रामीण उद्योगों के आधुनिकीकरण में तेजी लाने के उद्देश्य से कई पोर्टल तथा पहलों का शुभारंभ किया। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के अतिरिक्त उर्वरक की कीमतें अप्रत्याशित स्तर पर पहुंच गई हैं।
तरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। इसके साथ ही उर्वरकों की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि और सोने के बढ़ते दाम भी बाहरी आर्थिक मोर्चे पर नई चुनौतियां पैदा कर रहे हैं। इन तीनों क्षेत्रों–ईंधन, उर्वरक और सोना–के लिए भुगतान विदेशी मुद्रा में करना पड़ता है। इसलिए हमें इन तीन महत्वपूर्ण पहलुओं, यानी ‘तीन एफ’-फ्यूल, फर्टिलाइज़र और फॉरेन एक्सचेंज–के व्यापक आर्थिक संदर्भ को अच्छी तरह समझना होगा।
*****
सरकार देश में पेट्रोलियम उत्पादों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। पश्चिम एशिया संघर्ष पर आज नई दिल्ली में आयोजित अंतरमंत्रालयी संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने यह बात कही।
फाईनरी प्रोडक्शन एलपीजी का इंक्रीज किया गया है। इट इज टचिंग अराउंड 50000 टन पर डे नाऊ। एलपीजी घरेलू कूकिंग गैस की सप्लाई के लिए लगभग पिछले चार दिनों में 1.72 करोड़ सिलेंडर्स की डिलीवरी की गई है और 95 प्रतिशत जो डिलीवरी हुई है वो डिलीवरी अथेंडिकेशन कोड के साथ की गई है। पांच किलो के सिलेंडर पिछले चार दिनों में लगभग एक लाख 96 हजार सेल हुए हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावास प्रवासी भारतीयों के कुशल मंगल के लिए लगातार उनके संपर्क में हैं।
यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए, इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिली है। विशेष रूप से एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करने और देश के पेट्रोलियम भंडार को सुदृढ़ करने में इन समझौतों की अहम भूमिका रहेगी। इसके साथ ही, निवेश से जुड़े समझौते भी किए गए। इससे संयुक्त अरब अमीरात और भारत के बीच विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसरों का प्रवाह बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त, रक्षा क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी के लिए एक रूपरेखा समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए।
उर्वरक विभाग की अपर सचिव अपर्णा शर्मा ने बताया कि देश में उर्वरकों का भंडार संतोषजनक बना हुआ है।
इस वर्ष के लिए निर्धारित 390.54 लाख मीट्रिक टन के अनुमानित लक्ष्य की तुलना में, वर्तमान में उपलब्ध भंडार 200.12 लाख मीट्रिक टन है। यह कुल अनुमान का 51 प्रतिशत से अधिक है, जो सामान्यतः रहने वाले 33 प्रतिशत के स्तर से काफी अधिक माना जा रहा है। देश में अब तक लगभग 95 लाख मीट्रिक टन का घरेलू उत्पादन हुआ है, जबकि करीब 22.60 लाख मीट्रिक टन आयातित सामग्री भी देश में पहुंच चुकी है।
*****
जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में केबल कार में तकनीकी खराबी के बाद सेना और राज्य आपदा मोचन बल बचाव अभियान चला रहे हैं। बेस स्टेशन और पहले चरण के बीच सेवाएं आज अचानक बंद हो गईं और कई पर्यटक फंस गए। सेना ने कहा कि बुटापथरी बटालियन के जवानों ने मार्ग पर तीन सहायता दल तैनात किए हैं और दुर्गम इलाके में बचाव कार्य में सहायता के लिए एक ऑल-टेरेन व्हीकल भी लगाया गया है। सेना के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण कुल 65 केबल कारें प्रभावित हुईं हैं। बचाव दल अब तक 46 केबल कारों से 286 पर्यटकों को सुरक्षित निकाल चुके हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों को निकालने के लिए बचाव दल जुटे हुए हैं।
*****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखकर 21 जून को होने वाली नीट-यूजी-2026 की पुनर्परीक्षा के सुरक्षित, सुचारू और सफल संचालन का आह्वान किया है। श्री प्रधान ने देशभर के सभी मुख्यमंत्रियों, उपराज्यपालों और प्रशासकों से इस संबंध में सहयोग मांगा है।
*****
विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर कल नई दिल्ली में क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेंगे। बैठक में ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो शामिल होंगे। बैठक में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में क्वाड सहयोग को आगे बढ़ाने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों और आपसी चिंता के अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। एक रिपोर्ट –
इस साल क्वॉड विदेश मंत्रियों की बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब विश्व भर में अनिश्चितता का माहौल है और पश्चिम एशिया में संकट गहराया हुआ है। भारत, अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और जापान को मिलाकर बना क्वॉड एक आम समूह के तौर पर उभरा है। जिसका मुख्य उद्देश्य हिन्दप्रशांत क्षेत्र में शांति सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखना है। इस समूह के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर भारत इस बैठक की मेजबानी कर रहा है। क्वाड देशों ने दुनिया की भलाई के लिए मिलकर काम करने और एक ऐसे खुले स्वतंत्र और समावेशी हिंद प्रशांत क्षेत्र का समर्थन करने का संकल्प लिया है जो समृद्ध और मजबूत हो। क्वाड ने एक सकारात्मक और व्यावहारिक एजेंडा अपनाया है, जिसमें स्वास्थ्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन तथा उभरती टेक्नोलॉजी और क्षेत्रीय देशों की समुद्री क्षेत्र से जुड़ी जागरूकता को बढ़ाने जैसे समकालीन मुद्दों तथा चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। सुपर्णा सैकिया के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में जापान के विदेश मंत्री मोटेगी तोशिमित्सु से बातचीत की। श्री जयशंकर ने कहा कि भारत और जापान के बीच एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है। जापान के विदेश मंत्री आज दोपहर क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए दो दिन की भारत यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचे।
*****
ईरान के शीर्ष वार्ताकार अमरीका के साथ महत्वपूर्ण वार्ता के लिए दोहा पहुंच गए हैं। संभावित समझौते को लेकर आशा का माहौल है। वार्ता होर्मुज़ जलडमरूमध्य और ईरान के उच्च संवर्धित यूरेनियम भंडार सहित प्रमुख मुद्दों पर केंद्रित होगी। एक रिपोर्ट-
ईरान और अमरीका के बीच जारी कूटनीतिक वार्ता में एक नया मोड़ सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने कतर में लगभग 12 अरब डॉलर की अपनी जब्त संपत्तियों को तत्काल जारी करने की मांग की है। माना जा रहा है कि यही मुद्दा दोनों देशों के बीच संभावित समझौते की दिशा में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मध्यस्थों के जरिए हुई वार्ताओं में कई मुद्दों पर प्रगति हुई है, लेकिन अब भी दोनों पक्षों के बीच कई बड़े मतभेद बने हुए हैं। इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बातचीत से जुड़ी नई शर्तें सामने रखी हैं। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शशांक कुमार।
*****
वियतनाम में एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में आज भारतीय पहलवान विक्की और अक्षय तानाजी धीरे ने पुरुष फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। 57 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में अक्षय ने येलामन अमानगेल्डी को 4-2 से हराया। वहीं, 97 किलोग्राम वर्ग में विक्की ने शेरजोद पोयोनोव को 7-5 से से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
*****
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में कल तक के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन दिन हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भीषण लू चलने की संभावना है।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, वरिष्ठ नागरिकों को एकीकृत डिजिटल सहायता प्रदान करने की पहल – जीवन और शतायु ऐप पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। संयुक्त सचिव, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में संयुक्त सचिव मोनाली पी. ढाकाटे परिचर्चा में भाग लेंगी।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार-2026 प्रदान किए। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता दिवंगत धर्मेंद्र और जानीमानी वायलिन वादक डॉ. एन. राजम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को मजबूत करने और ग्रामीण उद्योगों के आधुनिकीकरण में तेजी लाने के उद्देश्य से कई पहलों का शुभारंभ किया।
- जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में केबल कार प्रणाली में तकनीकी खराबी के बाद फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए संयुक्त अभियान जारी। सेना और एस.डी.आर.एफ की टीमों ने अब तक दो सौ 86 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला।
- भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमरीका के विदेश मंत्री कल नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे।
- मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भीषण लू का अनुमान व्यक्त किया।
- एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवान विक्की और अक्षय धेरे ने पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
*****