May 24, 2026 9:31 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  1. भारत और अमरीका ने नई दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय वार्ता में व्यापार समझौते, ऊर्जा सुरक्षा और गतिशीलता को सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में महत्‍वपूर्ण बताया।
  2. पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा पुनर्मतदान में भाजपा उम्मीदवार देबांग्‍शु पांडा ने एक लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की। तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त।
  3. पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को संदिग्ध अवैध प्रवासियों के लिए हिरासत केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया।
  4. सरकार ने सी.बी.एस.ई पुनर्मूल्यांकन पोर्टल की खामियों को दूर करने के लिए आई.आई.टी-मद्रास और कानपुर के विशेषज्ञों को शामिल किया।
  5. कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में थट्टे हक्कालु नदी में तेज बहाव के कारण 8 लोग डूबे। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने हादसे पर गहरी संवेदना व्‍यक्‍त की।
  6. देश के मध्य और उत्तर पश्चिम भागों में भीषण लू के कारण जनजीवन प्रभावित। अगले सात दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी।
  7. और वियतनाम में एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते।

*****

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने आज नई दिल्ली में कई मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने भारत- अमरीका रणनीतिक भागीदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई और व्यापार, ऊर्जा, गतिशीलता तथा क्षेत्रीय सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग का उल्लेख किया।

 

 

डॉ. जयशंकर ने प्रतिनिधि मंडल स्तर की बातचीत के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को जल्‍द से जल्‍द अंतिम रूप दिया जाना चाहिए।

 

 

हमने हाल ही में ऊर्जा क्षेत्र में विस्‍तार का स्‍वागत किया है। भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए आपूर्ति विविध माध्‍यम में उपलब्‍ध है। हमने परमाणु ऊर्जा सहयोग पर भी बातचीत की है। शांति अधिनियम के पारित होने से हमारे सामने नई संभावनाएं खुली है।

 

 

ईरान संघर्ष पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत उन गिने चुने देशों में शामिल हैं जिनके अमरीका, इस्राएल, ईरान और अन्य खाड़ी देशों के साथ मजबूत रिश्ते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के सामने मुख्य चुनौती अपने राष्ट्रहित और इन देशों के साथ संबंधों का संतुलन बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता तथा भारतीय समुदाय के कल्याण के साथ-साथ ईंधन की कम कीमतें चाहता है।

 

 

हम इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहते हैं। दूसरा, हमारे लिए, प्रवासी समुदाय का कल्याण और भलाई बहुत आवश्‍यक है। तीसरा, हम चाहते हैं कि ईंधन की कीमतें कम हों, क्योंकि हम इसके बहुत बड़े आयातक हैं और इसका अधिकतर हिस्सा इसी क्षेत्र से आता है।

 

 

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भागीदारी के रणनीतिक आयामों का उल्लेख किया और भारत को अमरीका का सबसे महत्वपूर्ण भागीदार बताया।

 

 

जिन मुद्दों पर हम भारत के साथ मिलकर काम करते हैं, उनकी व्यापकता और दायरा ही इस बात को दर्शाता है कि भारत, दुनिया में हमारे सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारों में से एक है। इसकी शुरुआत हमारे साझा मूल्यों से होती है। हम दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र हैं।  

 

 

बाद में, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने नई दिल्ली में अमरीका के विदेश मंत्री से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मुख्य रूप से रक्षा, सुरक्षा और रणनीतिक प्रौद्योगिकी सहयोग पर चर्चा हुई।

 

 

अमरीका के विदेश मंत्री क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए चार दिन की भारत यात्रा पर हैं। बैठक 26 मई को होगी। इसमें ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सी मोतेगी भी भाग लेंगे।

 

 

*****

 

 

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने फलता विधानसभा सीट जीत ली है। श्री पांडा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार शंभुनाथ कुर्मी  को बडे अंतर से हराया।

 

 

तृणमूल कांग्रेस के तथाकथित डायमंड हार्बर मॉडल को तोड़ते हुए, भारतीय जनता पार्टी ने फल्ता विधानसभा सीट पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की। पार्टी के उम्मीदवार देबांशु पांडा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपीआईएम के शंभूनाथ कुर्मी को 1 लाख 9 हजार 21 वोटों के अंतर से हराया, जिन्हें 40 हजार 645 वोट मिले। देबांशु पांडा को 1 लाख 49 हजार 666 वोट मिले। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान केवल 7 हजार 783 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहे। कांग्रेस तीसरे स्थान पर है। इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस उम्‍मीदवार की जमानत जब्‍त हो गई है। इस जीत के साथ, विधानसभा की 294 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी की सीटों की संख्या बढ़कर 208 हो गई है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।

 

*****

 

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार संदिग्ध अवैध प्रवासियों और निर्वासन की प्रतीक्षा कर रहे विदेशी कैदियों के लिए हिरासत केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया है।

 

 

सभी जिलों को देश में अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों, कारावास की सजा पूरी कर चुके और निर्वासन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को वापस भेजने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश में अधिकारियों को भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्याओं के निर्वासन तथा स्वदेश वापसी प्रक्रियाओं के संबंध में गृह मंत्रालय के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। इससे पहले, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्‍दु अधिकारी ने राज्य पुलिस अधिकारियों को अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को अदालत में पेश करने के बजाय सीधे सीमा सुरक्षा बल को सौंपने का निर्देश दिया था। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा सीमा सुरक्षा बल को 27 किलोमीटर भूमि सौंपने के बाद सिलीगुड़ी उपमंडल के फांसीदेवा क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ का काम भी शुरू हो गया है। कोलकाता से कल्‍याण लाह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

 

*****

 

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सी.बी.एस.ई को त्रुटिरहित पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करने में सहायता के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आई.आई.टी मद्रास और आई.आई.टी कानपुर के प्रोफेसरों और तकनीकी विशेषज्ञों का एक दल तैनात करने का निर्देश दिया है। यह निर्णय सी.बी.एस.ई के परीक्षा परिणाम सेवा पोर्टल के संबंध में विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंताओं और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। शिक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि दोनों आई.आई.टी के विशेषज्ञ दल प्रणाली में तकनीकी सुधार लागू करेंगे और विशेष रूप से पोर्टल की स्थिरता तथा सर्वर के सुचारू संचालन की जांच करेंगे।

 

*****

 

 

इस बीच, शिक्षा मंत्री ने आज वित्त और कार्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारामन से मुलाकात की और सी.बी.एस.ई. परिणाम और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी और भुगतान से संबंधित चुनौतियों के बारे में बातचीत की। 

 

 

शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि विचार-विमर्श के दौरान यह तय किया गया कि भारतीय स्टेट बैंक, बड़ौदा बैंक, कैनरा बैंक और इंडियन बैंक सी.बी.एस.ई. की भुगतान प्रणाली को सुदृढ़ करने में मदद करेंगे। श्री प्रधान ने सी.बी.एस.ई को अपनी भुगतान प्रणाली में पूरी तरह बदलाव के निर्देश दिए हैं।

 

*****

 

 

संघ लोक सेवा आयोग-यू.पी.एस.सी. ने आज सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा और भारतीय वन सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया। यू.पी.एस.सी. ने बताया है कि ये परीक्षाएं देश के 83 शहरों में दो हज़ार से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गईं। अंतिम आंकड़ों के अनुसार आठ लाख से अधिक आवेदकों में से लगभग 5 लाख 49 हज़ार उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। यूपीएससी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए यूपीएससी टीम के साथ-साथ राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीज़न और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के प्रयासों की सराहना की है।

 

*****

 

 

दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान -एम्‍स की चार-सदस्‍यों की मेडिकल टीम ने आज भोपाल में पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा के कथित दहेज हत्या मामले में दूसरा पोस्टमार्टम किया। यह पोस्टमार्टम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगभग तीन घंटे तक चला। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। 33 वर्षीय ट्विशा की 12 मई को भोपाल में अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

 

 

इस बीच, सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता में एक पीठ कल इस मामले की सुनवाई करेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस मामले की जांच सी.बी.आई को सौंपने पर सहमति व्‍यक्‍त की है।

 

*****

 

 

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में आज थट्टे हक्कालू नदी में एक ही परिवार के आठ सदस्य डूब गए। इनमें सात महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया है कि शिराली गांव के लगभग 14 लोग सीप इकट्ठा करने के लिए नदी में उतरे थे लेकिन रात्रि में तेज बारिश के बाद पानी के बहाव की चपेट में आ गए। उन्‍हें बचाने के लिए पानी में उतरे अन्‍य सदस्‍य भी तेज धारा में बह गए।

 

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।  

 

*****

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

 

 

प्रधानमंत्री ने मृतकों के निकटतम परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

 

*****

 

देश के मध्य और उत्तर-पश्चिम हिस्सों में भीषण लू के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और तापमान औसत से काफी ऊपर पहुँच गया है। कई क्षेत्रों में तेज़ गर्म हवा चलने से दिन में भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले सात दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण लू का प्रकोप जारी है।

 

*****

 

 

वहीं, मध्य प्रदेश से हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य के कई इलाकें इस समय भीषण लू की चपेट में है।

 

 

प्रदेश के ज्यादातर शहरों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। मौसम विभाग ने आज टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में तेज लू का रेड अलर्ट जारी किया था। विभाग ने दतिया, निवाड़ी, सागर समेत 11 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत 22 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया। प्रदेश के कुल 37 जिले हीटवेव की जद में रहे। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले चार दिन तक गर्मी और लू से कोई राहत नहीं मिलेगी। अभिनव गोयल, आकाशवाणी, भोपाल।

 

 *****

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2026 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर आकाशवाणी अपनी श्रृंखला पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणीके तहत कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहा है। कार्यक्रम के लिए कल सवेरे 9 बजकर 10 मिनट से आकाशवाणी के एफएम गोल्ड से जुड़े रहें।

 

*****

 

 

वियतनाम में एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते। पुरुषों के ग्रीको-रोमन वर्ग में सुमित दलाल ने 63 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में ओज़ोदबेक खालिम्बोएव को हराया। 55 किलोग्राम वर्ग में नीरज पटेल ने वहीं, रोहित बुरा ने 87 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता।

 

*****

 

 

आईपीएल क्रिकेट में राजस्‍थान रॉयल्‍स ने प्‍लेऑफ में जगह बना ली है। मुंबई में आज हुए मुकाबले में राजस्‍थान ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराया।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • भारत और अमरीका ने नई दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय वार्ता में व्यापार समझौते, ऊर्जा सुरक्षा और गतिशीलता को सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में महत्‍वपूर्ण बताया।
  • पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा पुनर्मतदान में भाजपा उम्मीदवार देबांग्‍शु पांडा ने एक लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की। तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त।
  • पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को संदिग्ध अवैध प्रवासियों के लिए हिरासत केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया।
  • सरकार ने सी.बी.एस.ई पुनर्मूल्यांकन पोर्टल की खामियों को दूर करने के लिए आई.आई.टी-मद्रास और कानपुर के विशेषज्ञों को शामिल किया।
  • कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में थट्टे हक्कालु नदी में तेज बहाव के कारण 8 लोग डूबे। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने हादसे पर गहरी संवेदना व्‍यक्‍त की।
  • देश के मध्य और उत्तर पश्चिम भागों में भीषण लू के कारण जनजीवन प्रभावित। अगले सात दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी।
  • वियतनाम में एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते।

 

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.