मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संवाद और कूटनीति के माध्यम से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि की।
- अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को अमरीका के दृष्टिकोण से हिंद-प्रशांत क्षेत्र की आधारशिला बताया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- देश रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भर बन रहा है, महाराष्ट्र के शिरडी में तोप के गोले बनाने के संयंत्र का भी उद्घाटन किया।
- केंद्र सरकार ने नई दिल्ली के जिमखाना क्लब को रक्षा अवसंरचना को मजबूत करने के लिए अगले महीने की 5 तारीख तक अपना परिसर सौंपने को कहा।
- चीन के कोयला खदान विस्फोट में 90 लोगों की मौत।
- भारतीय पहलवान सूरज वशिष्ठ और सागर सिंह ने वियतनाम में आयोजित एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने आज भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति, क्षेत्रीय तथा वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने आज नई दिल्ली में ‘सेवा तीर्थ’ में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और अमरीका विश्व कल्याण के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। इस बैठक के दौरान विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा है कि अमरीकी विदेश मंत्री ने श्री मोदी को रक्षा, रणनीतिक तकनीकों, व्यापार तथा निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में लगातार हो रही प्रगति के बारे में जानकारी दी। श्री मार्को रूबियो ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अमरीका का दृष्टिकोण साझा किया। श्री मोदी ने शांति प्रयासों के लिए भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि की और बातचीत तथा कूटनीति के माध्यम से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की अपनी अपील दोहराई।
श्री मार्को रूबियो इस महीने की 26 तारीख को होने वाली ‘क्वाड’ विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए चार दिन की भारत यात्रा पर हैं।
*****
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अमरीका जिस तरह से हिंद-प्रशांत क्षेत्र को देखता है, उसमें भारत की भूमिका सबसे अहम है। नई दिल्ली में अमरीकी दूतावास की सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग का उद्घाटन करते हुए श्री रूबियो ने कहा कि भारतीय कंपनियों ने अमरीका में 20 अरब डॉलर का निवेश किया है।
अब हमारे व्यापारिक संबंध और भी बढ़ गए हैं, इसमें भारतीय कंपनियों का अमेरीका में 20 अरब डॉलर से अधिक का निवेश शामिल है। हमने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सैन्य अभ्यासों के माध्यम से अपनी सुरक्षा साझेदारी को और भी मज़बूत बनाया है। निश्चित रूप से, इस महत्वपूर्ण रिश्ते को और मजबूत बनाने के लिए एक व्यवस्थित और सुरक्षित काउंसलर प्रणाली की अत्यंत आवश्यकता है।
श्री रुबियो ने कहा कि उनकी इस यात्रा से दोनों देशों के आपसी संबंध और मज़बूत होंगे तथा उनमें और ज़्यादा प्रगति होगी।
इस रिश्ते की बुनियाद राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच का आपसी संबंध है। यह एक निजी रिश्ता है, इसकी शुरुआत पहले कार्यकाल के दौरान हुई थी, जब राष्ट्रपति ट्रंप को भारत आने का मौका मिला था। यह रिश्ता दूसरे कार्यकाल में भी कायम रहा है। आप उन दोनों के बीच के जुड़ाव को साफ-साफ देख सकते हैं और मुझे लगता है कि यह बेहद अहम है।
विदेश मंत्री रूबियो ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और अमरीका के बीच संबंधों को और अधिक मज़बूत बनाने के लिए दोनों देशों की ओर से आने वाले समय में कई और रोमांचक तथा नई घोषणाएँ की जाएँगी। श्री रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दो ऐसे बेहद गंभीर नेता बताया, जिनका पूरा ध्यान दीर्घकालिक लक्ष्यों पर केंद्रित है।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज महाराष्ट्र के शिरडी स्थित सावली विहिर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित तोप के गोले बनाने वाले संयंत्र का उद्घाटन किया। इस परियोजना को निबे ग्रुप ने विकसित किया है। इस दौरान श्री सिंह ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल के माध्यम से देश रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भर बन रहा है।
हमने यह समझा सेल्फ रिलायंट इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के लिए प्राइवेट सेक्टर की एनर्जी का उपयोग आवश्यक है इसलिए पॉलिसी रिलेटेड रिफॉर्म, नीतिगत सुधार भी किए गए, एफडीआई को फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट को लेबरलाइज किया गया। पॉजिटिव इनडेजीनाइजेशन लेसलाइ हम लोगों ने एक लम्बी लिस्ट मोर दैन 5000 आइटम्स की तैयारी की हैं। इस पॉजिटिव इनडेजीनाइजेशन लिस्ट में आइटम्स हैं हम उनको निर्धारित समय के अंदर हम भारत की धरती पर बनाएंगे, हम दुनिया के किसी देश से उसको इंपोर्ट नहीं करेंगे।
श्री सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी लगभग 30 से 35 प्रतिशत है जिसे भविष्य में बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाएगा।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत के युवा विकसित भारत की ओर अग्रसर होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आज वर्चुअल माध्यम से 19वें रोजगार मेले को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
दुनिया भारत के युवाओं और भारत की टेक्नोलॉजिकल प्रोग्रेस को लेकर बहुत उत्साहित है। आज दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है। भारत भी दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ पार्टनरशिप कर रहा है। इसका उद्देश्य यही है कि भारत के युवाओं को अवसर मिले, रोजगार मिले उनका समर्थ खिल उठे साथ-साथ मैं चाहता हूं मेरे देश के नौजवानों को ग्लोबल एक्स्पोज़र भी मिले।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक है। रोजगार मेले में आज सरकार के अलग-अलग विभागों और संगठनों में चयनित 51 हज़ार से भी अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
*****
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में सरकार का मुख्य प्रयास भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना रहा है। नई दिल्ली में 19वें रोज़गार मेले को संबोधित करते हुए, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए भर्ती हुए लोग वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
विकसित भारत 2047 जब उस गोल उस विज़न को सामने रखते हैं, तो हमारा काम भी बड़ा सुगम हो जाएगा और हिम्मत से कम करें, अच्छा काम करें, बदलाव में पहल करें। जहां-जहां कोई चीज में हमारे नई सोच है, नए आइडियाज हैं, अगर हम सबने नई-नई टेक्नोलॉजीस को एडॉप्ट किया, हम भी अपनेआप को रीट्रेन करें, रीस्केल करें, अपग्रेड करें हमारी नॉलेज और आगे बढ़ने के लिए कन्टीन्यूअस लर्निंग शुड बी अ पार्ट ऑफ़ अवर लाइफ ।
*****
श्री गोयल ने कहा कि वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत में बुनियादी अर्थव्यवस्था मजबूत और निर्यात में जबर्दस्त वृद्धि बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अप्रैल के बाद मई माह में भी निर्यात वृद्धि जारी रही, जो वैश्विक प्रतिकूलताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था के लचीलेपन को दर्शाती है। नई दिल्ली में आज श्री गोयल ने कहा कि सरकार ने किसानों को बढ़ती लागत से बचाने के लिए उर्वरकों की बढ़ी कीमतों का बोझ स्वयं वहन किया है।
*****
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ऑयल इंडिया लिमिटेड ने राजस्थान के दांडेवाला फील्ड में एक नए गैस भंडार का पता लगाया है। श्री पुरी ने कहा कि उथली सानू भौगोलिक संरचना से पहली बार लगभग 25 हजार मानक घन मीटर प्रति दिन की दर से प्राकृतिक गैस का प्रवाह होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे घरेलू ऊर्जा उत्पादन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
*****
सरकार ने जन परामर्श के लिए विकसित भारत जी राम जी अधिनियम, 2025 के अंतर्गत मसौदा नियम प्रकाशित किए हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
विकसित भारत की राम जी एक्ट ने 20 साल पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम 2005 की जगह ली है। नई कानून के तहत अब एक वित्तीय वर्ष में रोजगार की गारंटी 100 दिनों से बढ़कर 125 दिन कर दी गई है। मंत्रालय के अनुसार इस कानून के मसौदा नियम धारा 33 और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत तैयार किए गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि मसौदा नियमों को जनता से सुझाव और राय लेने के लिए सार्वजनिक किया गया है। इनमें संक्रमण प्रावधान नियम, राष्ट्रीय स्तर संचालन समिति नियम, केंद्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद नियम, प्रशासनिक खर्च नियम और शिकायत निवारण नियम शामिल हैं। नए कानून में मजदूरी का भुगतान समय पर, पारदर्शी और जवाब देही के साथ करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा तय समय के भीतर काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है। वीबी जी राम जी एक्ट 2025 को इस महीने की 11 तारीख को अधिसूचित किया गया था और यह इस साल 1 जुलाई से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू होगा। अक्षित वैद्यान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
केंद्र ने रक्षा अवसंरचना को मजबूत करने के लिए भूमि की आवश्यकता के मद्देनजर नई दिल्ली स्थित जिमखाना क्लब को 5 जून तक परिसर खाली करने का निर्देश दिया है। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन भूमि और विकास कार्यालय के आदेश में कहा गया है कि यह भूमि तत्काल संस्थागत आवश्यकताओं, शासन अवसंरचना और जनहित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक है।
*****
राष्ट्रीय महिला आयोग ने दिल्ली के जामिया नगर में एक दलित महिला के कथित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और जबरन धर्मपरिवर्तन से संबंधित मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस संदर्भ में दिल्ली पुलिस आयुक्त से सात दिन के भीतर विस्तृत कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
*****
चीन के शानक्सी प्रांत में एक कोयला खदान में गैस विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। यह विस्फोट कल किंयुआन काउंटी की लियुशेन्यु कोयला खदान में हुआ। अब तक 201 खनिकों को बचाया जा चुका है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग ने व्यापक बचाव अभियान और घायलों के उपचार और दुर्घटना के कारणों की जांच का आदेश दिया है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
*****
भारतीय सूचना सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी त्रिलोकी नाथ का आज दोपहर निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। वे कुछ समय से बीमार थे। श्री त्रिलोकी नाथ ने आकाशवाणी के हिन्दी समाचार कक्ष में संपादक के रूप में वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
*****
वियतनाम के दा नांग में आज एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवान सूरज वशिष्ठ और सागर सिंह ने रजत पदक अपने नाम किए। 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में सूरज वशिष्ठ को ऐबेक ऐतबेकोव से वहीं 67 किलोग्राम वर्ग में सागर सिंह को ऐतजान खलमा खानोव से हार का सामना करना पडा।
*****
लखनऊ में आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से जारी है। ताजा समाचार मिलने तक लखनऊ ने 17वें ओवर में चार विकेट पर 158 रन बना लिये हैं।
*****
मौसम विज्ञान विभाग ने कल पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संवाद और कूटनीति के माध्यम से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि की।
- अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को अमरीका के दृष्टिकोण से हिंद-प्रशांत क्षेत्र की आधारशिला बताया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- देश रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भर बन रहा है, महाराष्ट्र के शिरडी में तोप के गोले बनाने के संयंत्र का भी उद्घाटन किया।
- केंद्र सरकार ने नई दिल्ली के जिमखाना क्लब को रक्षा अवसंरचना को मजबूत करने के लिए अगले महीने की 5 तारीख तक अपना परिसर सौंपने को कहा।
- चीन के कोयला खदान विस्फोट में 90 लोगों की मौत।
- भारतीय पहलवान सूरज वशिष्ठ और सागर सिंह ने वियतनाम में आयोजित एशियाई अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
*****