May 21, 2026 9:41 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  1. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच देशों की यात्रा से समाज के हर वर्ग को लाभ की गारंटी। कहा- दुनिया भारत को एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देख रही है।
  2. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे में प्रौद्योगिकी आधारित सुरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने और संचालन सुरक्षा में सुधार लाने पर बल दिया।
  3. सरकार ने देश में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल, प्राकृतिक गैस और एलपीजी के पर्याप्त भंडार की उपलब्‍धता का भरोसा दिलाया।
  4. केन्‍द्र ने इबोला वायरस से प्रभावित देशों से आने वाले या वहां से गुजरने वाले यात्रियों के लिए स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी परामर्श जारी किया। भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्‍मेलन स्‍थगित।
  5. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में कल के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स का मैच जारी।

 

*****

 

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दुनिया भारत को एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के पांच देशों के दौरे के बारे में आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि इस यात्रा से समाज के हर वर्ग को लाभ की गारंटीगारंटी है। उन्होंने बताया कि पांच देशों की यात्रा के दौरान 57 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इसमें भारत में 75 से 100 अरब डॉलर के निवेश की संयुक्त अरब अमीरात की प्रतिबद्धता भी शामिल है।

 

*****

 

प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों संयुक्‍त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्‍वीडन, नार्वें और इटली की सफल यात्रा के बाद आज स्‍वदेश लौटे। यात्रा के अंतिम चरण में भारत और इटली ने व्यापार, निवेश और आपूर्ति-श्रंखला की मज़बूती के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को और विकसित करने पर सहमति जताई। संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस गलियारे पर सहयोग करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार, संपर्क और समृद्धि को बढ़ावा देने में इस गलियारे में महत्‍वपूर्ण क्षमता है। इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा कि दोनों देश इस गलियारे के विकास का मजबूती से समर्थन करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दोनों देशों के बीच भावी साझेदारी को और सशक्‍त बनाने के लिए विस्‍तृत चर्चा की गई।

 

भारत इटली जॉइंट स्‍ट्रेटेजिक एक्शन प्‍लान 2025-2029 हमारी साझेदारी को एक प्रैक्टिकल और फ्यूचरस्टिक ढांचा प्रदान करता है। हम इस पर समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। हमारे साझा प्रयासों में द्विपक्षीय व्‍यापार 20 बिलियन यूरो के लक्ष्‍य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

 

*****

 

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा है कि भारत ने कृषि उत्पादन बढ़ाकर, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करके और लाखों किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर विश्व के सामने एक नया आदर्श प्रस्तुत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोम में खाद्य और कृषि संगठन के एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

 

कल संयुक्‍त राष्ट्र संघ के खाद्य और कृषि संगठन ने एग्रीकोला मेडल से उनको सम्‍मानित किया है, इससे देशवासियों का सीना गर्व से भर उठा है, माथा उन्नत हुआ है। प्रधानमंत्री जी के जो प्रयास हैं ये एफएफओ ने कहा है। भुखमरी मिटाना, गरीबी कम करने के प्रयास करना, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और उत्‍पादकता एग्रीकल्‍चर के क्षेत्र को बढ़ाना ये उनके ऐसे काम हैं, जो सचमुच में अभूतपूर्व और अद्भुत हैं।

 

कृषि मंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार देश के मेहनती किसानों के परिश्रम का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोविड महामारी के बाद से लगभग 80 करोड़ लोगों को विश्व का सबसे बड़ा खाद्य सुरक्षा कवच प्रदान किया। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से लाखों किसानों को सहायता प्रदान की गई है।

 

*****

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमरीका प्रौद्योगिकी नवाचार, रक्षा, डिजिटल डेटा केंद्र, क्वांटम कंप्यूटिंग और चिकित्सा उपकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक-दूसरे के पूरक हैं। नई दिल्‍ली में आज अमरीकी वाणिज्‍य उद्योग परिसंघ के वार्षिक लीडरशिप शिखर सम्मेलन में श्री गोयल ने कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी आपसी विश्वास और साझा आर्थिक हितों से मजबूत हो रही है।

 

भारत और अमरीका स्वाभाविक साझेदार के रूप में काम कर रहे हैं। अमरीका को एक भरोसेमंद साझेदार की तलाश है। मुझे लगता है कि भारत का दशकों से एक देश के रूप में वास्तव में काम करने का प्रमाणित ट्रैक रिकॉर्ड है। यहाँ व्यवसायों का एक ऐसा समूह है जो विदेशी कंपनियों की बौद्धिक संपदा का सम्मान करता है और जिसपर समय पर उच्च गुणवत्ता का काम करने के लिए भरोसा किया जा सकता है। भारत में आपार प्रतिभाएं हैं और कुछ मायनों में ये दो ऐसी अर्थव्यवस्थाएँ हैं जो एक-दूसरे की पूरक हैं।

 

*****

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में रेलगाडि़यों में हाल की आग की कई घटनाओं में असामाजिक तत्वों के शामिल होने की जानकारी दी गई। मंत्रालय ने कहा कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है और रेलवे सुरक्षा बल इनकी जांच कर रहा है। सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान बेहतर रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से खुफिया जानकारी जुटाने के तंत्र को मज़बूत करने पर विशेष जोर दिया गया। 

 

*****

 

सरकार ने देश में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल, प्राकृतिक गैस और एलपीजी के पर्याप्त भंडार की उपलब्‍धता का भरोसा दिलाया है। नई दिल्ली में आज पश्चिम एशिया की स्थिति पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि आपूर्ति स्थिर है और सभी पेट्रोल पंपों पर उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

 

हमारी रिफाईनरीज ऑप्टिमम कैपेसिटी पर ऑपरेट कर रही हैं, ताकि जो देश की डिमांड है उसको मीट किया जा सके। इसके अलावा रिफाईनरीज में एलपीजी प्रोडक्शन को रैंप-अप किया गया है और लगभग 46 से 47 हजार टन एलपीजी देश की रिफाईनरीज में बनाई जा रही है।

 

सुश्री शर्मा ने नागरिकों से केवल ज़रूरत के हिसाब से ही खरीदारी करने और ऊर्जा बचाने की सलाह दी। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने क्षेत्र में सभी भारतीय नाविकों के सुरक्षित होने की पुष्टि की है।

 

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय, नाविकों की सुरक्षा और समुद्री परिचालन को सुचारू रूप से चलाने के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 72 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज या भारतीय चालक दल वाले किसी भी विदेशी जहाज से जुड़ी किसी भी घटना की कोई खबर नहीं मिली है।

 

*****

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने इस वर्ष की कैलाश मानसरोवर यात्रा के यात्रियों का चयन करने के लिए कम्प्यूटर से ड्रॉ निकाला। यह यात्रा जून में शुरू होकर अगस्त में सम्पन्न होगी। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि निष्पक्ष और पारदर्शी कम्प्यूटर आधारित चयन पक्रिया के माध्यम से एक हजार यात्रियों का चयन किया गया है। ये यात्री लिपुलेख और नाथूला दर्रों के जरिए बीस जत्थों में रवाना होंगे।

 

*****

 

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने इबोला वायरस से प्रभावित देशों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए परामर्श जारी किया है। परामर्श के अनुसार, कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान सहित अधिक जोखिम वाले देशों की यात्रा कर चुके लोगों से चिकित्सा सहायता लेने का आग्रह किया गया है। एक रिपोर्ट-

 

सरकार ने कहा है कि संदिग्‍ध और पुष्ट इबोला रोगी के रक्त तथा शरीर के तरल पदार्थें के सीधे संपर्क में आए यात्रियों को आव्रजन जांच से पहले हवाई अड्डे के स्वास्थ्य अधिकारी को तुरंत सूचित करना चाहिए। आगमन के 21 दिनों के अंदर ऐसे लक्षण नजर आने पर किसी भी यात्री को तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए और स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने यात्रा इतिहास के बारे में सूचित करना चाहिए। यात्रियों को सुरक्षा सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य नियमों का अनुपालन करने के लिए स्वास्थ्य जांच और सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों में सहयोग करने की सलाह दी गई है। अनुपम मिश्रा आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के कारण 28 मई को नई दिल्ली में शुरू होने वाला भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन स्थगित कर दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत, अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ आयोग के बीच परामर्श के बाद यह निर्णय लिया गया।

 

*****

 

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में कल तेज लू चलने का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। ऐसी ही स्थिति पूरे हफ़्ते बनी रहेगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भी लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।

 

मौसम विभाग के अनुसार बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओड़ीसा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी कराईक्‍काल और तेलंगाना में कल से लेकर इस सप्ताह तक लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी बंगाल में गंगा से सटे इलाकों में और ओड़ीसा में अगले दो से तीन दिनों तक गर्म और उमस भरे मौसम का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग ने कहा कि उप-हिमालय पश्चिमी बंगाल और सिक्किम में रविवार तक भारी बारिश होने की आशंका है। ईशानी के साथ शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो ने नीट परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में लातूर के एक बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी को संदेह है कि डॉ. शिरुरे ने कथित तौर पर अपनी बेटी के लिए नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र खरीदा था।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात ने 16वें ओवर में 1 विकेट पर के 164 रन बना लिये थे। इससे पहले चेन्‍नई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।

 

*****

 

मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन में, अश्मिता चालिहा मलेशिया की गोह जिन वेई को हराकर महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी हैं। अब उनका मुकाबला डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड से होगा। 

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच देशों की यात्रा से समाज के हर वर्ग को लाभ की गारंटी। कहा- दुनिया भारत को एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देख रही है।
  2. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे में प्रौद्योगिकी आधारित सुरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने और संचालन सुरक्षा में सुधार लाने पर बल दिया।
  3. सरकार ने देश में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल, प्राकृतिक गैस और एलपीजी के पर्याप्त भंडार की उपलब्‍धता का भरोसा दिलाया।
  4. केन्‍द्र ने इबोला वायरस से प्रभावित देशों से आने वाले या वहां से गुजरने वाले यात्रियों के लिए स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी परामर्श जारी किया। भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्‍मेलन स्‍थगित।
  5. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में कल के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स का मैच जारी। 

 

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.