मुख्य समाचार :-
- भारत और इटली अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमत। दोनों पक्षों ने दुर्लभ खनिजों, रक्षा और कृषि सहित प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 15 समझौते किए।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र खाद्य और कृषि संगठन का सर्वोच्च सम्मान एग्रीकोला मेडल दिया गया। उन्होंने यह पुरस्कार भारत के किसानों को समर्पित किया।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के अंतर्गत अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को तत्काल वापस भेजने की कार्यवाही शुरू करने की घोषणा की।
- संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार- पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद भारत इस वर्ष 6 दशमलव 4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
- मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले दो से तीन दिनों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया।
- आईपीएल क्रिकेट में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच जारी।
*****
भारत और इटली ने आज कृषि, दुर्लभ खनिजों, आयुर्वेद, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी, समुद्री परिवहन और बंदरगाह के क्षेत्र में सहयोग को और बढाने के लिए 15 महत्वपूर्ण समझौते किए। इन समझौतों पर आज रोम में प्रधानमंत्री मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों ने भारतीय नर्सों के इटली आने-जाने को आसान बनाने के लिए भी एक समझौता किया गया। एक अन्य समझौता लोथल में ‘राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर’ के विकास पर केंद्रित है। दोनों देशों ने कर से जुड़े अपराधों, धन शोधन और आतंकवाद के लिए पैसे जुटाने के खिलाफ तालमेल को मज़बूत करने पर भी सहमति व्यक्त की है।
*****
वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में श्री मोदी ने घोषणा की कि भारत और इटली ने संबंधों को ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने का फ़ैसला किया है।
हमने हमारी भावी साझेदारी को और सशक्त बनाने के लिए विस्तृत रूप से चर्चा की। भारत-इटली जॉइंट स्ट्रैटेजिक एक्शन प्लान 2025 टू 2029, हमारी साझेदारी को एक प्रैक्टिकल और फ्यूचरिस्टिक ढांचा प्रदान करता है। हम इस पर समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। हमारे साझा प्रयासों में द्विपक्षीय व्यापार के 20 बिलियन यूरो के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश ‘भारत-इटली नवाचार केंद्र’ स्थापित करने पर काम कर रहे हैं।
दोनों देशों के स्टार्टअप्स, रिसर्च सेंटर्स और उद्योगों को आपस में जोड़ने के लिए हम इंडिया इटली इन्नोवेशन सेंटर पर काम कर रहे हैं। हमारी सेनाओं के साथ-साथ दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच भी सहयोग बढ़ रहा है। मैरिटाइम पावर्स के रूप में भारत और इटली के बीच करीबी सहयोग स्वाभाविक है। हम मिलकर शिपिंग, पोर्टस, मॉर्डनाइजेशन, लॉजिस्टिक्स और ब्लू इकोनामी पर काम करेंगे।
प्रधानमंत्री ने बताया कि दोनों देश जहाजरानी, बंदरगाहों के आधुनिकीकरण, लॉजिस्टिक्स और समुद्री अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में भी मिलकर काम करेंगे। श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश आतंकवाद को मानवता के लिए गंभीर खतरा मानते हैं।
भारत और इटली एकमत है कि आतंकवाद मानवता के लिए गंभीर चुनौती है। टेरर फाइनेंसिंग के खिलाफ हमारी साझा पहल ने पूरे विश्व के सामने एक महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किया है। यूक्रेन, पश्चिम एशिया तथा अन्य तनावों को लेकर हम लगातार संपर्क में रहे हैं। भारत का मत स्पष्ट है कि सभी समस्याओं का समाधान डॉयलॉग और डिप्लोमेसी के माध्यम से होना चाहिए।
सुश्री जार्जिया मेलोनी ने कहा कि दोनों देशों के बीच की दोस्ती सम्मान और आपसी विश्वास पर आधारित है।
*****
इसके बाद रोम में प्रधानमंत्री मोदी को संयुक्त राष्ट्र खाद्य और कृषि संगठन का सर्वोच्च सम्मान एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने इस सम्मान को भारत के लाखों किसानों, पशुपालकों, मछली पालकों, कृषि वैज्ञानिकों और श्रमिकों को समर्पित किया।
यह भारत के करोड़ों किसानों, पशुपालको, मत्स्यपालको, कृषि वैज्ञानिकों और हमारे श्रमिकों का सम्मान है। यह भारत की उस अटूट प्रतिबद्धता का भी सम्मान है जिसके केंद्र में मानव कल्याण, खाद्य सुरक्षा और सस्टेनेबल डेवलपमेंट है। मैं इस मेडल को अत्यंत विनम्रता के साथ स्वीकार करते हुए भारत के अन्नदाताओं को यह मेडल समर्पित करता हूं।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत के एक मजबूत, आत्मविश्वासी और सक्षम राष्ट्र में परिवर्तन का प्रमाण बताया है। दक्षिण कोरिया में प्रवासी भारतीयों से बातचीत में रक्षा मंत्री ने कहा कि यह ऑपरेशन इस बात का प्रमाण है कि भारत किसी भी रूप में आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। श्री सिंह ने रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराइ।
12 वर्षों के अंदर हम 40000 करोड़ से ज्यादा का इस समय हम एक्सपोर्ट कर रहे हैं। अगले 2 साल के अंदर 50000 करोड़ के एक्सपोर्ट डिफेंस आइटम्स एक्सपोर्ट की जानकारी आपको मिल जाएगा और हमारी गवर्नमेंट के रहते डिफेंस सेक्टर में मेजर चेंज आया है। भारत की पॉलिसि आज रिएक्टिव नहीं बल्कि प्रो-एक्टिव है और मेरा भी व्यक्तिगत रूप से यह मानना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को किसी कीमत पर, किसी भी सुरत में समझौता नहीं किया जाएगा और इसी सोच के साथ भारत इंडिजेनस डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग को तेजी के साथ बढ़ावा दे रहा है।
रक्षा मंत्री ने सोल में भारत-दक्षिण कोरिया रक्षा उद्योग व्यापार गोलमेज सम्मेलन की अध्यक्षता भी की।
*****
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम- सी.ए.ए. के अन्तर्गत अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से निकालने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने की घोषणा की है। सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल को ज़मीन सौंपने के एक समारोह के दौरान नाबन्ना में उन्होंने कहा कि अब घुसपैठियों को सीधे सीमा सुरक्षा बल के हवाले कर दिया जाएगा। वहाँ से, उन्हें देश से निकालने के लिए बी.डी.आर के साथ इंतज़ाम किए जाएँगे। उन्होंने इसे नए तरीके को ‘पहचानो, हटाओ और देश से निकालो’ बताया।
*****
गुजरात सरकार ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विधेयक का समर्थन किया है। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर बनी संयुक्त संसदीय समिति ने आज गुजरात के गांधीनगर में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि विधेयक को जल्द से जल्द लागू करना चाहिए।
हमने आज जेपीसी को गुजरात सरकार की ओर से खास तौर पर यह नम्र निवेदन किया है कि वन नेशन वन इलेक्शन, जल्द से पास हो। सभी राज्यों के नागरिकों को एक समान हित मिले, सभी लोगों के काम जल्द हो पाए, मशीनरी सरकारी जो है उसका कम से कम समय बिगड़े। वही हित में आज हमने वन नेशन वन इलेक्शन को हमने हमारा सहयोग दिया है और हमने यह खास तौर पर विनती की है इसको जल्द से जल्द लागू किया जाए।
इस बीच, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का विरोध किया।
*****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के सुरक्षित, निष्पक्ष और सुचारू संचालन के लिए कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया है। श्री प्रधान ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में यह बात कही। इस दौरान, गुमनाम ऑनलाइन समूहों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित गलत सूचनाओं के बढ़ते प्रसार पर चिंता व्यक्त की गई।
*****
इस बीच, दिल्ली की एक अदालत ने नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में पांच आरोपियों को 2 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत ने एक अन्य आरोपी की सीबीआई हिरासत भी बढ़ा दी है।
*****
नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन ने जम्मू-कश्मीर में एक सशक्त नवाचार इकोसिस्टम के निर्माण के लिए पांच सौ नई अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। नई लैब, अटल नवाचार मिशन के व्यापक सीमावर्ती क्षेत्र कार्यक्रम का एक प्रमुख घटक हैं।
*****
ईरान संघर्ष के कारण वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद, संयुक्त राष्ट्र ने इस वर्ष भारत की विकास दर 6 दशमलव 4 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है। इससे भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अर्थशास्त्री इंगो पिटर्ले ने कहा कि भारत की मजबूत उपभोक्ता मांग, सार्वजनिक निवेश और सेवा निर्यात में वृद्धि, इसकी अर्थव्यवस्था को सहारा दे रही है।
*****
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 118 अंक बढ़कर 75 हजार 318 पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 41 अंक की बढ़त के साथ 23 हजार 659 पर आ गया। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया एक डॉलर के मुकाबले तीस पैसे कमजोर होकर अपने सबसे निचले स्तर यानि 96 रुपये और 83 पैसे पर बंद हुआ।
*****
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के लिए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू की स्थिति के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तराखंड में भी कल तक ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पश्चिम बंगाल का गांगेय क्षेत्र, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और करईक्काल में भी गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान व्यक्त किया है।
*****
विभाग ने कल राजधानी में लू की स्थिति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार कल दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पिछले 24 घंटे में राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि कल दिन के समय राष्ट्रीय राजधानी में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। सौम्या के साथ शिवांग मिश्रा आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
इस बीच विभाग ने कल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्रों और सिक्किम में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने जनगणना 2027 के अंतर्गत जाति गणना कराने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत ने कहा है कि यह मुद्दा सरकार के नीतिगत अधिकार क्षेत्र में आता है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा है कि पिछड़े वर्गों के लिए कल्याणकारी उपाय तैयार करने के लिए सरकार को उनकी संख्या जानना जरूरी है।
*****
सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज नई दिल्ली में मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। श्री गडकरी ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र को एकजुट करने का एक सशक्त माध्यम है।
*****
आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से हा रहा है। फिलहाल बारिश के कारण मैच रूका हुआ है। मैच रुकने तक मुंबई इंडियंस ने आठ ओवर में चार विकेट पर 57 रन बना लिए थे।
*****
उधर, मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन सुपर-500 में आज अश्मिता चलिहा, देविका सिहाग और मालविका बंसोड महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।
*****
संस्कृति मंत्रालय ने वंदे मातरम फ्रेम्स राष्ट्रीय फिल्म निर्माण प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 7 मई से बढाकर 31 मई कर दी है। प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में आयोजित की जा रही है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और इटली अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमत। दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और कृषि सहित प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 15 समझौते किए।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र खाद्य और कृषि संगठन का सर्वोच्च सम्मान एग्रीकोला मेडल दिया गया। उन्होंने यह पुरस्कार भारत के किसानों को समर्पित किया।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के अंतर्गत अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को तत्काल वापस भेजने की कार्यवाही शुरू करने की घोषणा की।
- संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार- पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद भारत इस वर्ष 6 दशमलव 4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
- मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले दो से तीन दिनों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया।
- आईपीएल क्रिकेट में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच जारी।
*****