मुख्य समाचार :-
- भारत और नॉर्डिक देशों ने आपसी संबंधों को हरित प्रौद्योगिकी और नवाचार रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नॉर्वे, स्वीडन, आइसलैंड, फिनलैंड और डेनमार्क के प्रधानमंत्रियों के साथ नॉर्वे के ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए।
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अगले महीने होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की।
- सर्वोच्च न्यायालय ने रेबिज से संक्रमित और खतरनाक कुत्तों को मौत का इंजेक्शन देने की अनुमति दी।
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस वर्ष सितंबर में नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
- मौसम विभाग ने उत्तर भारत में भीषण गर्मी की चेतावनी दी। दक्षिण क्षेत्र में तेज वर्षा की आशंका।
- शुभमन गिल अफगानिस्तान के साथ टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।
——–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि नॉर्डिक देशों के साथ भारत की भागीदारी को पर्यावरण अनुकूल प्रौद्योगिकी और नवाचार रणनीतिक भागीदारी के स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया गया है। नार्वे की राजधानी ओस्लो में आयोजित तीसरे भारत नॉर्डिक सम्मेलन के बाद श्री मोदी ने यह बात कही।
आज हमने भारत और नॉर्डिक संबंधों को ग्रीन टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का स्वरूप देने का निर्णय लिया है। इस ग्रीन टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप से हम आइसलैंड की जियोथर्मल और फिशरीज, नॉर्वे की ब्लू इकोनामी और आर्कटिक और सभी नॉर्डिक देशों की मैरिटाइम और सस्टेनेबिलिटी की एक्सपर्टीज को भारत के स्केल के साथ जोड़कर पूरे विश्व के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करेंगे।
श्री मोदी ने भारत-नॉर्डिक संबंधों में विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में व्यापार में चार गुना वृद्धि हुई है।
10 वर्षों में हमारा बाइलेटरल ट्रेड लगभग चार गुना बढ़ा है नॉर्डिक देशों के इन्वेस्टमेंट फंड भी भारत की रैपिड ग्रोथ में अहम साझेदार बन रहे हैं। पिछले एक दशक नॉर्डिक देशों से भारत में निवेश में लगभग 200 परसेंट की बढ़ोतरी हुई है। तेजी से बढ़ते ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट में भारत की ग्रोथ स्टोरी में तो योगदान दिया ही है साथ ही नॉर्डिक देशों की अर्थव्यवस्थाओं में भी बहुत सकारात्मक भूमिका निभाई है और हजारों नए जॉब्स क्रिएट किए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्नत भागीदारी के जरिये प्रत्येक नॉर्डिक देश की विशेषज्ञताओं का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच अनुसंधान, कौशल विकास और प्रतिभा के आदान प्रदान को बढावा देने के लिए विश्वविद्यालयों, प्रयोगशालाओं, स्टार्टअप तंत्र के स्तर पर सहयोग मजबूत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और नॉर्डिक देश आतंकवाद के खिलाफ कडा रूख रखते हैं।
वैश्विक तनाव और संघर्ष के इस दौर में भारत और नॉर्डिक देश साथ मिलकर एक रूल्स बेस्ड ग्लोबल ऑर्डर को बल देते रहेंगे और यूक्रेन हो या वेस्ट एशिया हम संघर्ष की शीघ्र समाप्ति और शांति के प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे। हम इस बात पर सहमत हैं कि मल्टीलेटरल इंस्टीट्यूशंस का रिफॉर्म आवश्यक भी है और अर्जेंट भी है और टेररिज्म पर भी हमारा क्लियर और यूनाइटेड स्टैंड है नो कॉम्प्रोमाइज नो डबल स्टैंडर्ड।
———–
प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण के लिए इटली रवाना हो गए हैं, वे देर रात रोम पहुंचेंगे। श्री मोदी का दो दिन का दौरा व्यापार, निवेश और तकनीकी नवाचार के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करेगा। इटली में भारत की राजदूत वाणी सर्राजू राव ने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच आगामी वर्षों में प्रतिभा आदान-प्रदान, नवाचार और गतिशीलता के क्षेत्रों में सहयोग बढने की उम्मीद है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से –
सुश्री राव ने बताया कि यह यात्रा समुद्री सुरक्षा, मज़बूत आपूर्ति श्रृंखलाओं, व्यापार साझेदारियों और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ठोस परिणाम देने का लक्ष्य रखती है और इस दौरान कुछ महत्वपूर्ण समझौतों की घोषणा होने की उम्मीद है। इटली में भारतीय समुदाय के बारे में बात करते हुए, भारत की राजदूत वाणी सर्राजू राव ने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय ने डेयरी और कृषि सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय की गतिशीलता और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान चर्चा हो सकती है। सुपर्णा भाटिया, रोम से।
———–
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिन की यात्रा पर आज दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल पहुंचे। रक्षा मंत्री दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री आन ग्यू बैक के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता रक्षा और सहयोग की समीक्षा करेंगे तथा द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के लिए नई पहलों की तलाश करेंगे।
———–
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में एक उच्च-स्तरीय बैठक में नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। परीक्षा के आयोजन में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता की ज़रूरत पर बल देते हुए, श्री प्रधान ने निर्देश दिया कि पिछली परीक्षा प्रक्रिया में पाई गई सभी कमियों को पूरी तरह से दूर किया जाए। श्री प्रधान ने कहा कि दोबारा परीक्षा सख्त सुरक्षा नियमों के अंतर्गत सुरक्षित, बिना किसी रुकावट के और पूरी तरह से पुख्ता तरीके से आयोजित की जानी चाहिए।
———–
इस बीच, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने महाराष्ट्र के लातूर ज़िले में स्थित ‘रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस’ कोचिंग सेंटर में एक और तलाश अभियान चलाकर, कथित नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में जांच तेज़ कर दी है।
————-
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड–सीबीएसई ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि एक दिन और बढ़ा दी है। उम्मीदवार अब 23 मई तक आवेदन जमा करा सकते हैं।
————
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगले पांच वर्षो में छत्तीसगढ़ का बस्तर संभाग देश का सबसे विकसित जनजातीय संभाग बन जाएगा। बस्तर में श्री शाह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2031 तक बस्तर के लोगों की औसत आमदनी में छह गुना वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के बाद केन्द्र और राज्य सरकार ने मिलकर अगले पांच सालों के लिए इसके विकास से संबंधित एक वैज्ञानिक प्रारूप तैयार किया है।
19 मई 2026 की ये तिथि है कि जहां से नक्सल प्रभावित क्षेत्र में संपूर्ण विकास की परिकल्पना को लांच किया रहा है। बस्तर के सात जिले को नक्सलवाद से मुक्त कराने के लिए भारत सरकार के द्वारा यहां पर करीब-करीब दो सौ सुरक्षा कैंप बनाए गए हैं।
————
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने, भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने और विकसित भारत की दिशा में देश की प्रगति के लिए उद्योग और सरकार के बीच सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया है। नई दिल्ली में एक सम्मेलन में श्री गोयल ने यह बात कही।
हम दुनिया की भू-राजनीतिक परिस्थितियों और उनसे जुड़े जोखिमों को तेज़ सुधारों के अवसर में बदलेंगे, खुद को अधिक मज़बूत और लचीला बनाने की तैयारी करेंगे, अपनी सप्लाई चेन को और सशक्त करेंगे, और दुनिया जो भी अवसर दे रही है- तथा भारत जो अवसर दुनिया को प्रदान कर रहा है- उसके पूरे लाभ उठाएंगे। उदाहरण के तौर पर, वे 38 देश जो एक के बाद एक मुक्त व्यापार समझौते के ढाँचे में शामिल हो रहे हैं।
———-
वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत का लक्ष्य 2030-31 तक साढ़े तीन सौ अरब डॉलर का कपड़ा बाज़ार बनाना है। इसमें 100 अरब डॉलर का निर्यात शामिल होगा। नई दिल्ली में श्री सिंह ने कहा कि टिकाऊ और प्राकृतिक फाइबर ही कपड़ा क्षेत्र के भविष्य को आगे बढ़ाएगा।
————-
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार से उर्वरक प्राप्त करना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। ओडिशा के भुवनेश्वर में श्री चौहान ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद केंद्र सरकार किसानों के लिए पर्याप्त उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित करने के हर संभव प्रयास कर रही है।
————-
सर्वोच्च न्यायालय ने जनसुरक्षा को देखते हुए रेबिज से संक्रमित और खतरनाक कुत्तों को मौत का इंजेक्शन देने की अनुमति दी है। न्यायालय की पीठ ने देश में आवारा कुत्तों की बढती संख्या से निपटने के मद्देनजर कई निर्देश जारी किये हैं।
———-
कलकत्ता उच्च न्यायालय आर जी कर दुष्कर्म-हत्या मामले में आगे की जांच के लिए पीडिता के अभिभावकों और केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई के आवेदन पर बृहस्पतिवार को सुनवाई करेगा। पीडिता के अभिभावकों ने अपराध की आगे की जांच के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर मामले में एक से अधिक व्यक्तियों के शामिल होने का दावा किया है। इससे पहले, इस मामले में सियाल्दाह सत्र अदालत ने संजय रॉय को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
————
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने आज फालता विधानसभा क्षेत्र में होने वाले आगामी पुनर्मतदान से अपना नाम वापस लेने की घोषणा की। भाजपा के नेतृत्व वाली नई सरकार के विशेष पैकेज की सराहना की।
———–
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस वर्ष नई दिल्ली में भारत की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। रूस ने बताया है कि श्री पुतिन 12 और 13 सितंबर को सम्मेलन में शामिल होंगे। एक साल के अंदर पुतिन की यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वे दिसंबर 2025 में आयोजित 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आए थे।
———–
देश के पूर्वोत्तर राज्यों के कारीगरों और बुनकरों के एक समूह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से आज राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रतिभा दर्शाने के लिए मंच प्रदान करने पर राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने कारीगरों और बुनकरों को सहायता देने की जरूरत पर बल दिया ताकि उनका हुनर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और वे आत्मनिर्भर बन सके।
————
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स एक सौ 14 अंक गिरकर 75 हजार दो सौ एक पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 32 अंक लुढ़ककर 23 हजार छह सौ 18 पर आ गया।
अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया आज एक डॉलर की तुलना में 18 पैसे कमजोर होकर 96 रुपये और 53 पैसे के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।
———–
मौसम विभाग ने गुरुवार तक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में रातें अधिक गर्म रहने का रेड अलर्ट जारी किया है। कल पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली एनसीआर में भीषण लू की आशंका है। अगले दो से तीन दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम बिहार, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, मराठवाड़ा और ओडिशा में लू चलने की संभावना है।
इस बीच, मौसम विभाग ने कहा है कि 21 मई तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में तेज बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, बिहार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में गरज के साथ तेज हवाओं का भी अनुमान है।
—————-
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच और तीन एकदिवसीय मैच की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। शुभमन गिल टेस्ट टीम के कप्तान और के.एल. राहुल को उप-कप्तान बनाया गया है। शुभमन गिल एक दिवसीय टीम की कप्तानी करेंगे और श्रेयस अय्यर उप-कप्तान होंगे।
———
आईपीएल क्रिकेट में जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच जारी है। ताजा समाचार मिलने तक लखनऊ सुपर जायंट्स ने 16 ओवर में 2 विकेट पर 182. रन बना लिए हैं। राजस्थान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
———–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और नॉर्डिक देशों ने आपसी संबंधों को हरित प्रौद्योगिकी और नवाचार रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नॉर्वे, स्वीडन, आइसलैंड, फिनलैंड और डेनमार्क के प्रधानमंत्रियों के साथ नॉर्वे के ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए।
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अगले महीने होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की।
- सर्वोच्च न्यायालय ने रेबिज से संक्रमित और खतरनाक कुत्तों को मौत का इंजेक्शन देने की अनुमति दी।
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस वर्ष सितंबर में नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
- मौसम विभाग ने उत्तर भारत में भीषण गर्मी की चेतावनी दी। दक्षिण क्षेत्र में तेज वर्षा की आशंका।
- शुभमन गिल अफगानिस्तान के साथ टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।