मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनस गौर स्टोर से ओस्लो में वार्ता की। द्विपक्षीय संबंधों को स्वच्छ ऊर्जा और समुद्री अर्थव्यवस्था पर केंद्रित करते हुए पर्यावरण अनुकूल रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने पर सहमति।
- प्रधानमंत्री मोदी को नार्वे के राजा हेराल्ड पंचम ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रेंड क्रास ऑफ दी रॉयल नार्वेजियन आर्डर ऑफ मैरिट से सम्मानित किया।
- सरकार का निर्यात लक्ष्य इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर।
- केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अमरीकी उद्योग प्रतिनिधिमंडल के साथ परमाणु ऊर्जा सहयोग और भारत में निजी निवेश के अवसरों पर वार्ता की।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने भ्रष्टाचार और महिलाओं पर अत्याचारों की जांच के लिए दो जांच आयोग गठित किए।
- आयुष मंत्रालय ने अत्यधिक गर्मी के संबंध में जन स्वास्थ्य परामर्श जारी किया।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नॉर्वे की पहली यात्रा के दौरान दोनों देशों ने भारत-नॉर्वे संबंधों को पर्यावरण अनुकूल रणनीतिक साझेदारी में उन्नत करने की घोषणा की है। आज ओस्लो में प्रधानमंत्री योनस गौर स्टोर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद संयुक्त बयान में, प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा से लेकर जलवायु लचीलापन, समुद्री अर्थव्यवस्था से लेकर हरित शिपिंग तक के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत की क्षमता, गति और प्रतिभा का उपयोग करते हुए, नॉर्वे की प्रौद्योगिकी और पूंजी के सहयोग से, भारतीय कंपनियां वैश्विक समाधान विकसित करेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ मजबूती से खडे रहने के लिए नार्वे का आभार व्यक्त किया।
मैं पिछले वर्ष नॉर्वे आने वाला था, लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण वह यात्रा स्थगित करनी पड़ी। उस कठिन समय में नार्वे ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत के साथ मजबूती से खड़े होकर सच्ची मित्रता का परिचय दिया है। आज जब मैं नॉर्वे आया हूं तो मैं इस सॉलिडेरिटी के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
हाल ही में लागू व्यापार और आर्थिक साझेदारी से परिणाम सुनिश्चित करने के लिए आज ठोस कदम उठाए गए। विशेष रूप से उच्च तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्टार्टअप के क्षेत्र में सहयोग की परिकल्पना की गई ताकि साझेदारी को भविष्य के लिए तैयार किया जा सके।
रिसर्च, एजुकेशन और इनोवेशन भी हमारे संबंधों के मजबूत पीलर्स बने हैं। आज हमने सस्टेनेबिलिटी ओसियन एनर्जी, जियोलॉजी और हिंद जैसे क्षेत्रों में रिसर्च कॉरपोरेशन बढ़ाने पर सहमति बढाई। इंजीनियरिंग, एआई, साइबर और डिजिटल जैसे सेक्टर में हम अपनी यूनिवर्सिटी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को जोड़कर अपने पार्टनरशिप को फ्यूचर रेडी बनाएंगे।
द्विपक्षीय बैठक में उच्च तकनीक स्वास्थ्य समाधान, डिजिटल स्वास्थ्य और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
एक त्रिकोणीय सहयोग समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए। इसके अंतर्गत भारत और नॉर्वे संयुक्त रूप से भारत के डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना का उपयोग करते हुए वैश्विक दक्षिण के देशों को मानव विकास समाधान प्रदान करेंगे।
नॉर्वे के प्रधानमंत्री ने आज एक महत्वपूर्ण बयान में संघर्षों से घिरे विश्व में सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।
दोनों नेताओं ने नियम-आधारित विश्व व्यवस्था में अपने साझा विश्वास और संवाद तथा कूटनीति के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया।
भारत और नॉर्वे दोनों रूल्स बेस्ड ऑर्डर डायलॉग और डिप्लोमेसी में विश्वास रखते हैं । हम एक मत हैं कि मिलिट्री कनफ्लिक्ट से किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं निकल सकता । यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया हम संघर्ष की शीघ्र समाप्ति और शांति के हर प्रयास का समर्थन करते हैं। हम इस बात पर भी एकमत हैं कि बढ़ते हुए ग्लोबल चैलेंजेज के समाधान के लिए ग्लोबल इंस्टीट्यूशंस का रिफॉर्म अनिवार्य है!
प्रधानमंत्री मोदी को नॉर्वे के महामहिम राजा हेराल्ड पंचम द्वारा रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट का ग्रैंड क्रॉस प्रदान किया गया।
*****
केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, जगत प्रकाश नड्डा, पीयूष गोयल, मनोहर लाल और किरेन रिजिजू सहित कई अन्य मंत्रियों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी।
गृह मंत्री ने कहा कि यह 32वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के विस्तार का प्रतीक है। स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि यह सम्मान मोदी के सशक्त नेतृत्व और विश्व भर में भारत के बढ़ते सम्मान को दर्शाता है। विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह सम्मान ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के चिरस्थायी सिद्धांतों के माध्यम से वैश्विक सद्भाव को मजबूत करने के प्रति श्री मोदी की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
*****
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि स्वीडन की उनकी यात्रा के कई महत्वपूर्ण परिणाम निकले हैं, जो द्विपक्षीय संबंधों को एक नई गति प्रदान करेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने में यह पहल महत्वपूर्ण रही।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में कल इटली पहुंचेंगे। यह यात्रा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण हो रही है।
श्री मोदी प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वे इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से भी मुलाकात करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी, भारत और इटली के बीच व्यापार और निवेश को और बढ़ावा देने के लिए व्यापारिक प्रमुखों से भी बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 व 20 तारीख को इटली में होंगे। यह दौरा पांच देशों की यात्रा का अंतिम चरण है। जिसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है। श्री मोदी इटली की प्रधानमंत्री के साथ प्रतिनिधि मंडल स्तरीय वार्ता करेंगे। जिसमें समुद्री सुरक्षा और मजबूत कनेक्टिविटी प्रमुख विषय होंगे। इटली, भारत को केवल यूरोप ही नहीं बल्कि पूरे भूमध्य सागरीय क्षेत्र तक पहुंच प्रदान करता है। आपूर्ति श्रृंखला साझेदारी और रक्षा सहयोग की दृष्टिकोण से यह अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह पांच देशों की यात्रा केवल कूटनीतिक प्रयास नहीं है, यह भारत के भविष्य के ऊर्जा मार्गो, एआई साझेदारी, सेमीकंडक्टर पहुंच, रक्षा निर्माण और वैश्विक हितों को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रोम से आकाशवाणी के लिए सुपर्णा भाटिया।
*****
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत ने इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर और अगले पांच वर्ष में दो ट्रिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि यही आत्मनिर्भर भारत की सच्ची पहचान होगी। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में श्री गोयल ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद इस वर्ष निर्यात 863 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भारत के उद्योगों, व्यापार समुदाय और लोगों में जो जोश है उसे दुनिया की कोई भी ताकत रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार बढ़ रही है और निर्यात भी बढ़ रहा है।
भारत का बना हुआ सामान, भारत से दी हुई सेवाएं और अधिक तेजी से आगे बढ़ें हम संतुष्ट न होके विश्व की सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था हैं। कभी संतुष्ट न हों और आगे बड़ा छलांग लेने की सोचें, और क्या कर सकते हैं उसके लिए पूरे समय हमें सोचते रहना पड़ेगा, काम करते रहना पड़ेगा, नई चीजों को आगे लेकर जाना पड़ेगा।
*****
भारत में परमाणु क्षेत्र में निजी निवेश और उद्योग सहयोग के उभरते अवसरों के बारे में उच्चस्तरीय अमरीकी उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे में अमरीकी परमाणु उद्योग के वरिष्ठ प्रतिनिधि, व्यावसायिक हितधारक और नागरिक परमाणु ऊर्जा तथा उन्नत प्रौद्योगिकी में भारत-अमरीका सहयोग से जुड़े अधिकारी शामिल थे। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि भारत और अमरीका के बीच आज विज्ञान, प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और उभरते क्षेत्रों में मजबूत और भविष्योन्मुखी साझेदारी है। डा. जितेंद्र सिंह ने विकसित भारत 2047 की परिकल्पना के अंतर्गत भारत के दीर्घकालिक स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का लक्ष्य 2047 तक अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता को वर्तमान 8 दशमलव 8 गीगावाट से बढ़ाकर एक सौ गीगावाट करना है।
*****
सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण आयात में व्यवधान के बावजूद देश के तेल शोधक कारखाने सामान्य रूप से काम कर रह्रे हैं और भारत के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है। पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं पर आज नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस का पर्याप्त भंडार है।
कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई 70% पर अभी बनी हुई है। मार्च के महीने से लेकर अभी तक लगभग 7,37,000 पीएनजी कनेक्शन को गैसीफाई किया गया है। 2,76,000 कनेक्शंस के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर क्रिएट किया जा चुका है, और 7,76,000 से अधिक ऐसे कंज्यूमर्स हैं जिन्होंने पीएनजी कनेक्शन के लिए अपने आप को रजिस्टर कराया है।
*****
इस बीच, सरकार ने यूट्यूब के उन वीडियो का खंडन किया है जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारत में केवल नौ दिन का तेल भंडार बचा है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने दावे को भ्रामक बताते हुए कहा कि देश में लगभग 60 दिनों के कच्चे तेल का भंडार है और शोधन क्षमता भी पर्याप्त है।
*****
पश्चिम बंगाल सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के चुनावी वादों के अनुरूप संस्थागत भ्रष्टाचार और महिलाओं पर अत्याचारों की जांच के लिए दो जांच आयोगों का गठन किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद आज इस फैसले की घोषणा की।
संस्थागत भ्रष्टाचार के जांच आयोग की अध्यक्षता कलकत्ता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश बिस्वजीत बसु करेंगे।
पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाओं के साथ अत्याचारों पर गठित आयोग की अध्यक्षता कलकत्ता उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश समाप्ति चटर्जी करेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दोनों आयोग पहली जून से काम शुरू करेंगे।
*****
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने पांच जगहों पर तलाशी अभियान में कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए।
*****
आयुष मंत्रालय ने अत्यधिक गर्मी और लू की स्थिति से निपटने के लिए व्यापक जन स्वास्थ्य परामर्श जारी किया है।
यह परामर्श आम लोगों कामगारों और बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों तथा खेल आयोजनों में शामिल लोगों के लिए जारी किया गया है, ताकि वह गर्मी और लू से होने वाली बीमारियों से अपना बचाव कर सकें। इसमें कहा गया है कि शिशु, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, बाहर काम करने वाले लोग और दिल की बीमारी या उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से ग्रसित लोग लू के दौरान सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं। इसलिए इनकी विशेष देखभाल और निगरानी जरूरी है । परामर्श में कार्यस्थलों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और बाहरी गतिविधियों के लिए खास सावधानियां बताई गई है । इनमें छायादार आरंभ स्थल की व्यवस्था, समय–समय पर पानी पीने के लिए ब्रेक और लोक के लक्षणों के बारे में जागरूकता फैलाना शामिल है रिशु जायसवाल के साथ अक्षित वेद्यान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक चेन्नई सुपर किंग्स ने 15 ओवर में चार विकेट पर 132 रन बना लिए हैं।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनस गौर स्टोर से ओस्लो में वार्ता की। द्विपक्षीय संबंधों को स्वच्छ ऊर्जा और समुद्री अर्थव्यवस्था पर केंद्रित करते हुए पर्यावरण अनुकूल रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने पर सहमति।
- प्रधानमंत्री मोदी को नार्वे के राजा हेराल्ड पंचम ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रेंड क्रास ऑफ दी रॉयल नार्वेजियन आर्डर ऑफ मैरिट से सम्मानित किया।
- सरकार का निर्यात लक्ष्य इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर।
- केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अमरीकी उद्योग प्रतिनिधिमंडल के साथ परमाणु ऊर्जा सहयोग और भारत में निजी निवेश के अवसरों पर वार्ता की।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने भ्रष्टाचार और महिलाओं पर अत्याचारों की जांच के लिए दो जांच आयोग गठित किए।
- और, आयुष मंत्रालय ने अत्यधिक गर्मी के संबंध में जन स्वास्थ्य परामर्श जारी किया।
*****