May 17, 2026 9:40 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी गोथेनबर्ग में स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उल्‍फ क्रिस्‍टर्सन के साथ दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
  2. प्रधानमंत्री ने कहा- नीदरलैंड्स की यात्रा ने द्विपक्षीय संबंधों को नई गति प्रदान की।
  3. कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन कल केरलम के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
  4. मॉस्को पर यूक्रेन के अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक सहित चार लोगों की मौत।
  5. मौसम विभाग ने कल उत्तर भारत में भीषण लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  6. बैडमिंटन में भारत की श्रीयांशी वलीशेट्टी ने बाओजी चाइना मास्टर्स के महिला सिंगल्‍स में रजत पदक जीता।
  7. आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराया।

 

 

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी नीदरलैंड्स की दो दिन की यात्रा के बाद पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में आज स्‍वीडन के गोथेनबर्ग पहुंच गये हैं।

 

स्‍वीडन की दो दिन की यात्रा के दौरान श्री मोदी स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उल्‍फ क्रिस्‍टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता और द्विपक्षीय संबंधों की व्‍यापक समीक्षा करेंगे। दोनों पक्ष व्‍यापार, पर्यावरण अनुकूल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलि‍जेंस, उभरती हुई तकनीक, स्‍टार्टअप्‍स, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला, रक्षा, अंतरिक्ष, जलवायु कार्रवाई और आम जनता के आपसी संपर्क में सहयोग के नये अवसर तलाशने की संभावनाओं पर भी विचार करेंगे।

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपनी पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में स्वीडन के गोथेनबर्ग पहुंचे, जहां गोथेनबर्ग-लैंडवेटर एयरपोर्ट पर स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने उनका स्वागत किया। विशेष सम्मान के तौर पर स्वीडिश ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने स्वीडिश हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते समय प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट भी किया। एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका बहुत ही गर्मजोशी के साथ स्वागत भी किया। गौरतलब है कि यात्रा का प्रमुख आकर्षण यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री होगा, जिसे दोनों प्रधानमंत्री यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष Ursula von der Leyen के साथ संबोधित करेंगे। इसके अलावा दोनों प्रधानमंत्री यूरोपीय संघ के शीर्ष उद्योगपति और सीईओ के साथ राउंड टेबल बैठक में भी शामिल होंगे। साक्षी सिंह आकाशवाणी समाचार गोथेनबर्ग, स्‍वीडन।

 

इससे पहले, गोथेनबर्ग रवाना होने से पूर्व श्री मोदी को नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री राब येटेन ने व्‍यक्तिगत रूप से एम्‍सटर्डम हवाई अड्डे पर विदाई दी।

 

 

इस यात्रा ने भारत-नीदरलैंड्स संबंधों को नई गति दी है। रिश्‍तों को रणनीतिक साझेदारी से लेकर जाने तक जल संसाधन, सेमीकंडक्‍टर, इनोवेशन, रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तक दोनों देशों ने भविष्‍य के लिए एक महत्‍वकांक्षी रोडमैप तैयार किया है। उन्‍होंने विश्वास जताया कि भारत और नीदरलैंड्स की दोस्ती आने वाले सालों और भी मज़बूत होगी। उनकी यात्रा में यह एक ऐतिहासिक सांस्‍कृतिक पल था, जब लाइडन यूनिवर्सिटी ने 11वी शताब्‍दी की चोल-युग की ताम्र पट्टिकाओं को भारत को सौंपा। ये भारत की विरासत और सभ्‍यता का अनमोल अध्‍याय हैं। यात्रा के अंत में 17 अहम नतीजे सामने आए। इसमें शामिल है नवीकरणीय ऊर्जा पर संयुक्‍त कार्यसमूह और ‘ग्रीन हाइड्रोजन रोडमैप’, क्रिटिकल मिनरल्‍स में सहयोग, गुजरात की ‘कल्पसर परियोजना’ में जल प्रबंधन पर डच सहयोग, त्रिपुरा में फ्लोरीकल्चर और बेंगलुरु में डेयरी प्रशिक्षण के लिए ‘भारत-डच सेंटर ऑफ एक्‍सीलेंस’, नालंदा और ग्रोनिंगन विश्वविद्यालयों के बीच शिक्षा एवं शोध का समझौता और स्‍वास्‍थ्‍य एवं सीमा शुल्‍क में संस्‍थागत सहयोग। सुश्रुत शर्मा आकाशवाणी द हेग नीदरलैंड्स।

*****

कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन के नेतृत्व में केरलम की नई सरकार कल तिरुवनंतपुरम में शपथ लेगी। कांग्रेस ने 14 मई को वी. डी. सतीशन को केरलम का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया था। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ने केरलम विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया। हालांकि, राजनीतिक खींचतान और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण गठबंधन मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर फैसला नहीं कर पा रहा था।

 

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी.डी. सतीशन सोमवार कल सुबह केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री के साथ 20 अन्य मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे। मनोनीत मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने आज शाम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें मंत्रियों की सूची सौंपी। समारोह के लिए तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में 12,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था सहित व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथ्टी एम. पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

*****

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गुजरात के गांधीनगर में सात सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आए श्री शाह ने गांधीनगर नगर निगम की 6 सौ करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने शहर में एक सौ 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मधुर डेयरी के नवनिर्मित दूध प्रसंस्करण संयंत्र का भी उद्घाटन किया।

 

इससे पहले दिन में श्री शाह ने गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान में नवाचार और इनक्यूबेशन केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री शाह ने राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान के महत्व का उल्‍लेख करते हुए कहा कि यह एक ऐसा संस्थान है जो रचनात्मकता को उद्यमिता से जोड़ता है।

 

 

एनआईडी एक प्रकार से रचनात्‍मकता, रचनात्‍मकता के आधार पर इनोवेशन और उद्यमिता इन तीनों को जोड़ने वाला एक संस्‍थान है। जब एनआईडी की स्‍थापना हुई हो, तब मुझे लगता है कि इसके उद्देश्‍यों को बहुत अच्‍छे तरीके से सोचा हो।

*****

नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि देश ने एक दिन में रिकॉर्ड 256 दशमलव 4 गीगावॉट बिजली की मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया। श्री जोशी ने बताया कि भारत का बिजली ढांचा अब पहले से ज्यादा मजबूत, भरोसेमंद और भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार हो गया है।

 

 

आज, हमने एक ही दिन में 256 दशमलव 4 गीगावाट की अत्याथिक मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह अपने आप में इस बात का प्रमाण है कि सिस्टम में लगातार सुधार हो रहा है। 256 गीगावाट में से, जिसे हमने एक ही दिन में, एक खास समय पर अत्याथिक मांग के तौर पर पूरा किया, उसका 33 प्रतिशत हिस्सा नवीकरणीय ऊजी से आया है।

*****

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज वर्चुअल माध्यम से बेंगलुरु और मुंबई के बीच नई एक्सप्रेस रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्री वैष्णव ने कहा कि दक्षिण और उत्तर कर्नाटक के लोगों की लंबे समय से लंबित मांगें अब पूरी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु और मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर रेलगाड़ी जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।

*****

स्‍वापक नियंत्रण ब्यूरो ने भारत-म्यांमार सीमा पर अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्‍करी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एनसीबी ने दिल्ली से म्यांमार के सरगना थानसिंतुआंग को गिरफ्तार किया है। थानसिंतुआंग एनसीबी और मादक पदार्थों की तस्‍करी से जुड़े कई मामलों में वांछित था। ब्यूरो ने बताया कि वह वर्ष 2024 के एक एनसीबी मामले में मुख्य आरोपी है, जिसमें 14 किलोग्राम मेथम्फेटामीइन और 2 किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई थी, और वर्ष 2025 के एनसीबी मामले में भी ऐज़ॉल में 49 किलोग्राम से अधिक मेथम्फेटामीइन जब्त की गई थी।

*****

हिमाचल प्रदेश में 51 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों के साथ धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगमों में कराया गया।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान में 69 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

*****

रूस में ड्रोन हमले में एक भारतीय मज़दूर सहित चार लोगों की मौत हो गई है। पिछले एक वर्ष में मॉस्को और करीबी इलाकों पर यूक्रेन का यह सबसे बड़ा ड्रोन हमला है।

 

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि रात भर हुए हमलों में 12 लोग घायल हुए। रूस के अधिकारियों ने दावा किया कि मॉस्को को निशाना बनाने वाले 81 ड्रोन को रोक दिया गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने हमलों की पुष्टि करते हुए इन्हें पूरी तरह से सही ठहराया है।

इस बीच, रूस में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मॉस्को क्षेत्र में ड्रोन हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए।

*****

संयुक्त अरब अमीरात में आज अबू धाबी स्थित बाराकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र के बाहर ड्रोन हमले के कारण आग लग गई। अबू धाबी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संयंत्र के बाहर स्थित एक विद्युत जनरेटर में आग लगी। अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ और रेडियोलॉजिकल सुरक्षा स्तर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

*****

भारत ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्‍य में व्यावसायिक जहाजों पर हमले स्‍वीकार्य नहीं हैं। संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत के स्‍थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि चालक दल के सदस्‍यों को निशाना बनाने और जहाजों की मुक्त आवाजाही में रुकावट को जायज़ नहीं ठहराया जा सकता। श्री हरीश ने ये बात वैश्‍विक ऊर्जा के संबंध में संयुक्‍त राष्‍ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद की एक विशेष बैठक में कही।

*****

ईरान ने घोषणा की है कि वह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जल-डमरू-मध्य से सैन्य  पोतों को गुजरने की अनुमति नहीं देगा।

ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरेफ़ ने कहा कि ईरान ने पहले इस जलमार्ग से सैन्‍य उपकरणों से लदे पोतों को गुजरने की अनुमति दी है जो ईरान के विरूद्ध ही प्रयोग किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब यह नीति बदल जाएगी।

*****

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरलम में 26 मई तक पहुंचने की संभावना है, जिसमें चार दिनों का अंतर हो सकता है।

 

मौसम विभाग ने कल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीषण लू का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अगले दो दिनों में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना और विदर्भ में भी इसी तरह के मौसम रहने की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

*****

भारत की श्रीयांशी वलीशेट्टी ने चीन के बाओजी में चाइना मास्टर्स बैडमिंटन के महिला सिंगल्‍स में रजत पदक जीता। इस सुपर 100 प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में श्रीयांशी को चीन की आन क्यू युआन से सीधे गेमों में 14-21, 6-21 से हार का सामना करना पडा।

 

*****

आईपीएल क्रिकेट में, आज धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हरा दिया। बेंगलुरू के 223 रन के लक्ष्‍य के जवाब में पंजाब बीस ओवर में आठ विकेट खोकर 199 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही बेंगलौर प्‍लेऑफ में क्‍वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है।

दिन का दूसरा मुकाबला दिल्ली में डेल्‍ही कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच जारी है। ताजा समाचार मिलने तक राजस्‍थान रॉयल ने 16वें ओवर में पांच विकेट पर 168 रन बना लिए हैं।

*****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग कल रात साढ़े नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, जनगणना 2027 के चल रहे पहले चरण – मकान सूचीकरण और आवास गणना’ विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। कार्यक्रम में गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त कार्यालय में उप रजिस्ट्रार जनरल वी.ए. वराडे स्‍टूडियो में मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान, श्रोता विषय से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी गोथेनबर्ग में स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उल्‍फ क्रिस्‍टर्सन के साथ दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए द्विपक्षीय वार्ता जारी।
  2. प्रधानमंत्री ने कहा- नीदरलैंड्स की यात्रा ने द्विपक्षीय संबंधों को नई गति प्रदान की।
  3. कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन कल केरलम के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
  4. मॉस्को पर यूक्रेन के अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक सहित चार लोगों की मौत।
  5. मौसम विभाग ने कल उत्तर भारत में भीषण लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  6. बैडमिंटन में भारत की श्रीयांशी वलीशेट्टी ने बाओजी चाइना मास्टर्स के महिला सिंगल्‍स में रजत पदक जीता।
  7. आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराया।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.