May 16, 2026 9:45 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – भारत और नीदरलैंड्स मिलकर भविष्य की विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला तैयार करने पर काम कर रहे हैं। 21वीं सदी के भारत को अवसरों की भूमि बताया।
  • भारत में सेमीकंडक्‍टर विनिर्माण को बढावा देने के लिए टाटा इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स और डच कंपनी ए एस एम एल के बीच समझौते पर हस्‍ताक्षर।
  • दिल्ली की अदालत ने नीट प्रश्‍न पत्र लीक मामले के मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी और सह-आरोपी मनीषा वाघमारे को 10 दिन की सी.बी.आई. हिरासत में भेजा।
  • केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड ने नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए तीन भाषाओं का अध्ययन अनिवार्य किया।
  • भारत ने सिंधु जल संधि पर मध्‍यस्‍थता न्‍यायालय के फैसले को अवैध करार देते हुए खारिज किया।
  • भारत की संजना ने गांधीनगर में एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में महिला वर्ग के 77 किलोग्राम वर्ग में तीन कांस्य पदक जीते।

 

———–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत और नीदरलैंड वैश्विक संकटों से निपटने के लिए भरोसेमंद, पारदर्शी और भविष्‍य की आपूर्ति व्यवस्था तैयार करने पर साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतर्गत आज नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये दशक आपदाओं का दशक बन गया है। उन्‍होंने कहा कि दुनिया पहले कोविड महामारी, फिर युद्ध और अब ऊर्जा संकट जैसी कई बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है।

 

 

पहले कोरोना आया, फिर युद्ध होने शुरू हो गए और अब आज की एनर्जी क्राइसिस हैं यह दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन रहा है। हम सभी देख रहे हैं अगर यह स्थितियां तेजी से नहीं बदली गईं तो बीते अनेक दशकों की उपलब्धियों पर पानी फिर जाएगा। दुनिया की बहुत बड़ी आबादी फिर से गरीबी के दलदल में चली जाएगी।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में भारत अवसरों की धरती बनकर उभर रहा है।

 

 

 

21वीं सदी का भारत अवसरों की भूमि है। भारत टेक्नोलॉजी ड्रिवन भी है और ह्यूमैनिटी ड्रिवन भी है भारत जितना एनशिएंट है, उतना ही मॉडर्न बन रहा है और विकसित भारत की जर्नी में भागीदारिता भी है। मैं नीदरलैंड्स में भारतीय समुदाय के सभी साथियों से कहूंगा आप भारत में ज्‍यादा से ज्‍यादा सहयोग बढ़ाएं, इससे भारत का समर्थ्य भी बढ़ेगा और आपके इन्वेस्टमेंट पर रिटर्न भी ज्यादा मिलेगा।

 

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात की।

 

———–

टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और नीदरलैंड्स की सेमीकंडक्टर उपकरण निर्माता कंपनी एएसएमएल ने भारत में चिप निर्माण को बढ़ावा देने के लिए साझेदारी की है। इस समझौते की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीदरलैंड्स यात्रा के दौरान की गई।

 

एएसएमएल उन्नत और छोटे आकार के सेमीकंडक्टर बनाने में इस्तेमाल होने वाले विशेष लिथोग्राफी उपकरणों के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी मानी जाती है। संयुक्त बयान में कहा गया कि इस साझेदारी के तहत एएसएमएल, गुजरात के धोलेरा में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आगामी 300 मिलीमीटर सेमीकंडक्टर फैब परियोजना की स्थापना और संचालन में सहयोग करेगी।

बयान में कहा गया कि यह सहयोग सेमीकंडक्टर जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों के क्षेत्र में भारत और नीदरलैंड्स के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।

 

———–

प्रधानमंत्री मोदी को आज नीदरलैंड्स में लीडेन विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने 11वीं शताब्दी की ऐतिहासिक चोल ताम्रपत्र भेंट किए। इन अमूल्य कलाकृतियों की वापसी दोनों देशों की सांस्कृतिक सहयोग और विरासत बहाली के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अवसर है।

ताम्रपत्रों के इस संग्रह में 21 बड़े और तीन छोटे ताम्रपत्र शामिल हैं। यह चोल राजा राजेंद्र चोल प्रथम की मुहर लगी एक कांस्य अंगूठी से बंधे हैं।

 

————

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के तीसरे चरण में कल स्वीडन जाएंगे। स्वीडन के औद्योगिक केंद्र गोथेनबर्ग की यात्रा से भारत और स्वीडन के बीच द्विपक्षीय संबंधों विशेष रूप से व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे उभरते तथा उच्च-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आकाशवाणी से विशेष बातचीत में स्वीडन में भारत के राजदूत श्री अनुराग भूषण ने कहा कि यात्रा से दोनों देशों के बीच सहयोग और नवाचार के नए द्वार खुलेंगे।

 

 

क्षा क्षेत्र में स्वीडन के साथ हमारी साझेदारी बहुत पुरानी है, लेकिन अब यह रिश्ता सिर्फ़ ‘खरीदार-विक्रेता’ के सम्‍बंध से आगे बढ़कर ‘रक्षा साझेदार’ के रिश्ते में बदल गया है। अब दोनों देश और दोनों देशों की कंपनियाँ मिलकर रक्षा उपकरण बनाने और उनके उत्पादन करने की दिशा में काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की पहल जैसे ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’, और साथ ही देश में हुए बुनियादी ढाँचे के विकास से इस प्रयास को और भी अधिक गति मिली है।

———

 

 

दिल्ली अदालत ने नीट प्रश्न पत्र मामले के कथित मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी और एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे को आज 10 दिन की सी.बी.आई. हिरासत में भेज दिया है। विशेष सी.बी.आई. न्यायाधीश अजय गुप्ता ने जांच एजेंसी की प्रस्तुत दलीलों के बाद कुलकर्णी और वाघमारे को सी.बी.आई. हिरासत में भेजा। एजेंसी ने कहा कि जांच के लिए दोनों को राष्ट्रीय राजधानी से बाहर ले जाना आवश्यक है। कार्यवाही के दौरान सी.बी.आई. ने कहा कि कुलकर्णी विषय विशेषज्ञ थे और 2026 के नीट स्नातक प्रश्न पत्र को तैयार करने में शामिल थे। सी.बी.आई. ने कहा कि सह-आरोपी धनंजय लोखंडे ने मनीषा वाघमारे से लीक सामग्री एकत्र की थी।

———–

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड – सी बी एस ई ने पहली जुलाई से कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों के लिए तीन भाषाओं का अध्ययन अनिवार्य कर दिया है। बोर्ड ने एक वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय विद्यालय शिक्षा पाठ्यक्रम 2023 के अनुरूप इन तीन भाषाओं में से कम से कम दो भारतीय मूल की भाषाएं होनी चाहिए। सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि कक्षा दसवीं में तीसरी भाषा-आर-थ्री के लिए कोई बोर्ड परीक्षा नहीं होगी और आर-थ्री के लिए सारा मूल्यांकन पूरी तरह से विद्यालय आधारित और आंतरिक होगा।

———-

शिक्षा मंत्रालय ने देश में बीच में ही स्‍कूल छोड़ने वाले, विशेष रूप से चौदह से अठारह आयु वर्ग के बच्चों की बढ़ती संख्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। स्कूल शिक्षा और साक्षरता सचिव संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय संस्थान द्वारा प्रस्तावित एक नई पहल की कार्यान्वयन रणनीति की समीक्षा की गई।

 

 

मंत्रालय में सचिव संजय कुमार ने स्कूल की पढ़ाई बीच में ही छोड़ने वाले बच्चों की गंभीर समस्या पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कक्षा एक में दाखिला लेने वाले हर 100 बच्चों में से केवल 62 बच्चे ही कक्षा 12 तक पहुंच पाते हैं। उन्होंने यह भी बताया की नवीनतम अनुमानों के अनुसार 14 से 18 आयु वर्ग के 2 करोड़ से अधिक बच्चे इस समय स्कूल नहीं जाते हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक मजबूरियां घरेलू जिम्मेदारियां और आजीविका से जुड़ी चुनौतियां उन मुख्य कारणों में से हैं जिनकी वजह से बच्चे स्कूली शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता पर जोर देते हुए सचिव ने इस बात पर बल दिया कि हर बच्चे को कम से कम माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्तर तक की शिक्षा मिलनी चाहिए। अनुपम मिश्रा आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

——–

भारत ने अवैध रूप से गठित मध्यस्थता न्यायालय के सिंधु जल संधि पर हालिया तथाकथित फैसले को खारिज कर दिया है। भारत इस न्यायालय के पहले के भी सभी निर्णयों को सख्ती से अस्वीकार कर चुका है।

 

 

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि तथाकथित मध्यस्थता न्यायालय ने कल अधिकतम जल भंडारण क्षेत्र से संबंधित एक फैसला जारी किया था। उन्होंने कहा कि न्यायालय की कोई भी कार्यवाही या निर्णय अमान्य है। श्री जायसवाल ने कहा कि सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का भारत का निर्णय अभी भी लागू है। सिंधु जल संधि पर भारत और पाकिस्तान के बीच सितंबर 1960 में हस्ताक्षर हुए थे। यह सिंधु नदी के जल बंटवारे और उपयोग को नियंत्रित करती है। भारत ने पिछले वर्ष पहलगाम आतंकी हमले के बाद संधि को स्थगित कर दिया था। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

———-

महाराष्ट्र का गढ़चिरौली जिला नक्सल मुक्त हो गया है। नक्सल विरोधी अभियान “अंतिम प्रहार” के अंतर्गत आठ नक्सलियों की गिरफ्तारी और पांच अन्य के आत्मसमर्पण के बाद यह घोषणा की गई। पुलिस अधीक्षक एम. नरेश ने बताया कि आत्‍मसमर्पण करने वाले नक्‍सलियों पर कुल 38 लाख रुपये का इनाम था।

———

तेलंगाना में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरिक्षण-एसआईआर 15 जून से शुरू होगा। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि बूथ स्तर के अधिकारी 25 जून से 24 जुलाई तक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। मतदाता सूची का मसौदा 31 जुलाई को प्रकाशित किया जाएगा। आपत्तियां और दावे 30 अगस्त तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची पहली अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

——–

छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी खर्च में मितव्ययिता सुनिश्चित करने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं और 30 सितंबर, 2026 तक प्रभावी रहेंगे। इनका उद्देश्य राज्य के वित्तीय संसाधनों का कुशल प्रबंधन सुनिश्चित करना और सार्वजनिक व्यय में अधिक अनुशासन लाना है।

इस बीच, सरकार ने आज चांदी के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया। इससे पहले कीमती धातुओं पर भारी सीमा शुल्क लगाया गया था। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा कि सोने और प्लैटिनम से मढ़ी हुई चांदी को तत्काल प्रभाव से मुक्त आयात से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सरकार ने बुधवार को कीमती धातुओं पर आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया था।

———

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 मई से चीन की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात करेंगे। श्री पुतिन की यात्रा चीन-रूस मैत्री संधि की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों और आर्थिक सहयोग पर चर्चा करेंगे। राष्‍ट्रपति पुतिन की इस यात्रा की घोषणा अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की चीन की यात्रा समाप्त होने के 24 घंटे से भी कम समय में हुई है।

———–

मौसम विभाग ने कल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई वाले क्षेत्रों और सिक्किम में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। केरलम, माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईक्‍काल और उत्तर पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी।

———–

और अब कुछ खेल खबरें – गुजरात के गांधीनगर में एशियाई भारत्तोलन चैंपियनशिप में भारत की संजना ने महिलाओं के 77 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता लिया है। संजना ने स्‍नैच में 96 किलो, क्‍लीन एंड जर्क में 124 किलो और कुल 220 किलो का वजन उठाकर तीन कांस्‍य पदक अपने नाम किए।

———-

आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता में गुजरात टाइटन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक कोलकाता ने 17 ओवर में 2 विकेट पर 199 रन बना लिए हैं। गुजरात ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है।

———-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – भारत और नीदरलैंड्स मिलकर भविष्य की विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला तैयार करने पर काम कर रहे हैं। 21वीं सदी के भारत को अवसरों की भूमि बताया।
  • भारत में सेमीकंडक्‍टर विनिर्माण को बढावा देने के लिए टाटा इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स और डच कंपनी ए एस एम एल के बीच समझौते पर हस्‍ताक्षर।
  • दिल्ली की अदालत ने नीट प्रश्‍न पत्र लीक मामले के मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी और सह-आरोपी मनीषा वाघमारे को 10 दिन की सी.बी.आई. हिरासत में भेजा।
  • केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड ने नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए तीन भाषाओं का अध्ययन अनिवार्य किया।
  • भारत ने सिंधु जल संधि पर मध्‍यस्‍थता न्‍यायालय के फैसले को अवैध करार देते हुए खारिज किया।
  • भारत की संजना ने गांधीनगर में एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में महिला वर्ग के 77 किलोग्राम वर्ग में तीन कांस्य पदक जीते।

 

******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.