May 15, 2026 10:29 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने क्षेत्रीय स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा के लिए होर्मुज जल-डमरू-मध्य से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन के लिए भारत के समर्थन की फिर पुष्टि की।
  2. ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों ने लोकतांत्रिक वैश्विक शासन और शांति तथा जलवायु चुनौतियों पर मजबूत बहुपक्षीय कार्रवाई का आह्वान किया।
  3. सीबीआई ने नीट-यूजी-2026 परीक्षा पेपर लीक मामले में मुख्‍य सरगनाओं में से एक को गिरफ्तार किया।
  4. पश्चिम बंगाल सरकार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में दुष्‍कर्म और हत्या मामले में तीन आईपीएस अधिकारियों को निलंबित किया।
  5. मौसम विभाग ने झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में कल तक लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की।
  6. भारतीय वुशु टीम ने मकाऊ में आयोजित सांडा विश्व कप में दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।  
  7. और… ताशकन्‍द में भारत ने एशियाई अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में दो स्वर्ण और सात रजत पदक जीतकर इतिहास रचा।

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के लिए भारत का समर्थन दोहराया और क्षेत्रीय स्थिरता के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा के लिए इसके महत्व पर जोर दिया। अबू धाबी में संयुक्‍त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ आज उच्च स्तरीय वार्ता के बाद श्री मोदी ने यूएई के लिए भारत के समर्थन की पुष्टि की और कहा कि वैश्विक संघर्ष के वर्तमान दौर में संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है।

 

 

पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध की परिस्थिति का प्रभाव आज पूरे विश्व पर दिखाई दे रहा है। भारत ने हमेशा समस्याओं के समाधान के लिए डॉयलॉग और डिप्लोमेसी को प्राथमिकता दी है। होर्मुज को फ्री ओपन और सेफ बनाए रखा है। यह हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस विषय में अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का पालन आवश्यक है। भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा।

 

 

 प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हाल ही में हुए हमलों की कड़ी निंदा की। दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्‍ताक्षर हुए।

 

दोनों देशों ने एक स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप फ्रेमवर्क एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं। यह एक इंपॉर्टेंट कदम है, जो दोनों देशों के बीच सिक्योरिटी को-ऑपरेशन को एक फॉर्मल ढांचे में डालता है। दोनों देशों ने वडनगर में एक शिप प्रिपेयर क्लस्टर स्थापित करने के लिए भी एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इन्वेस्टमेंट के मोर्चे पर यूएई ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर आरबीएल बैंक और समन कैपिटल में 5 बिलियन यूएस डॉलर्स के इन्वेस्टमेंट का ऐलान किया है। प्राइम मिनिस्टर मोदी ने यह भी एमफेसाइज किया कि भारत और यूएई के बीच कॉम्प्रिहैंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप कई सेक्टर्स में लगातार मजबूत होती जा रही है। विनोद कुमार, आकाशवाणी समाचार, अबू धाबी।

 

आकाशवाणी से बातचीत में यूएई में भारत के दूत दीपक मित्तल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अबू धाबी यात्रा के दौरान भारत और यूएई ने ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, निवेश और व्यापार में सहयोग को गहरा करने के लिए कई रणनीतिक निर्णय लिए हैं।

 

प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान, कई रणनीतिक घोषणाएं की गईं। भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मज़बूत करने और भारत तथा संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच ऊर्जा साझेदारी को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक निर्णय लिए गए। आज नेताओं के बीच हुई चर्चाओं में प्रौद्योगिकी के विषय पर भी बातचीत हुई। भारत में आठ एक्साफ्लॉप सुपरकंप्यूट सुविधा स्थापित करने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही, भारत के वदिना में जहाज़ मरम्मत इकाई विकसित करने में साझेदारी करने का यूएई का निर्णय भी शामिल है।

 

 

संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा संपन्‍न होने के बाद प्रधानमंत्री यात्रा के दूसरे चरण में नीदरलैंड्स के लिए रवाना हो गए हैं।

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पांच देशो की यात्रा के दूसरे चरण में शुक्रवार देर रात नीदरलैंड्स पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की है यह यात्रा न केवल दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि हाल ही में संपन्न इंडिया यूरोप फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के संदर्भ में पूरे यूरोप पर असर डालने वाली साबित होंगी। व्यापार की दृष्टि से नीदरलैंड्स भारत का 11वां बड़ा साझेदारी है। दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार गत वर्ष 27.8 बिलियन डॉलर का रहा है। निवेश के मामले में भी नीदरलैंड्स चौथा बड़ा निवेशक है। प्रधानमंत्री अपने इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रॉबयतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे एवं डच राजा विलियम एलेक्‍जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे। शनिवार को प्रधानमंत्री नीदरलैंड्स में कम्युनिटी इवेंट को संबोधित करेंगे एवं नीदरलैंड्स की प्रतिष्ठित कंपनियों के सीईओ से भी मुलाकात करेंगे। नीदरलैंड से आकाशवाणी समाचार के लिए सुश्रुत शर्मा।

 

*****

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत बेहतर और प्रभावी बहुपक्षीय व्‍यवस्‍था के लक्ष्‍य की तरफ बढ़ने में सभी साझेदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्‍ली में ब्रिक्‍स विदेश मंत्रियों की बैठक के दूसरे दिन आज एक सत्र में डॉ. जयशंकर ने कहा कि ये बातचीत इस महत्‍व को उजागर करती है कि सभी नेता तेजी से बदलते विश्‍व में बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के पक्ष में हैं।

*****

 

ब्रिक्‍स सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों ने वैश्विक शासन में सुधार और उसे बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्धता दोहराई है। ब्रिक्‍स विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद जारी वक्‍तव्‍य में यह बात कही। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से इन चुनौतियों और उनसे जुड़े सुरक्षा खतरों का जवाब राजनीतिक-राजनयिक उपायों के ज़रिए देने का आह्वान किया। उन्होंने संघर्ष की रोकथाम के प्रयासों में शामिल होने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इसमें संघर्ष के मूल कारणों को संबोधित करना भी शामिल है। मंत्रियों ने बहुपक्षवाद को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता पर बल दिया।

 

 

नई दिल्ली में बैठक के बाद विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंध मामलों के सचिव सुधाकर दलेला ने कहा कि ब्रिक्‍स के सभी सदस्य और सहयोगी देशों ने स्थिरता के लिए निर्माण के लिए भारत की अध्यक्षता की प्राथमिकताओं का समर्थन किया।

 

 

ब्रिक्‍स के सभी सदस्य और साझेदार देश, ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के निर्माणकी थीम पर भारत की अध्यक्षता की प्राथमिकताओं की सराहना और उनका समर्थन करते हैं। पिछले दो दिनों में हुई चर्चाओं और इन विचारविमर्श के आधार पर, हमने एकअध्यक्षता वक्तव्यऔर एकपरिणाम दस्तावेज़जारी किया है। इसमें ब्रिक्‍स की रणनीतिक साझेदारी के तीन स्तंभों के अंतर्गत आने वाले लगभग सभी विषयों पर ब्रिक्‍स सदस्यों की साझा स्थिति को दर्शाया गया है।

 

 

*****

ईरान के विदेश मंत्री अब्‍बास अराघची ने कहा है कि भारत पश्चिम एशिया में शांति स्‍थापना में बडी भूमिका निभा सकता है। आज नई दिल्‍ली में संवाददाता सम्‍मेलन में श्री अराघची ने कहा कि ईरान से जुडे किसी भी मामले का सैन्‍य समाधान नहीं हो सकता। उन्‍होंने कहा कि ईरान हॉर्मुज जलडमरूमध्‍य से सभी जहाजों को गुजरने में मदद करने के लिए तैयार है।

 

 

*****

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने नीटयूजी-2026 परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। कुलकर्णी रसायन विज्ञान के लेक्चरर हैं और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी-एन.टी.ई. की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थे। एजेंसी ने पिछले 24 घंटों में देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और मोबाइल फोन जब्त किए।

 

 

इससे पहले गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से तीन जयपुर से, एक गुरुग्राम से और एक नाशिक से हैं। सभी आरोपियों को दिल्ली की अदालत ने सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

 

*****

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले में तीन आईपीएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। कोलकाता पुलिस के पूर्व आयुक्त विनीत गोयल, पूर्व उपायुक्त इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता को आज कर्तव्य में लापरवाही बरतने, पीड़िता के माता-पिता को रिश्वत देने और सरकारी अनुमति के बिना मीडिया ब्रीफिंग आयोजित करने के आरोप में निलंबित किया गया।

 

 

मुख्यमंत्री शुभेन्‍दु अधिकारी ने मीडिया को बताया कि उनके निलंबित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच कराई जायेगी। आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कार्यरत महिला स्नातकोत्तर रेजीडेंट डॉक्‍टर की अगस्‍त 2024 में दुष्‍कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।

 

*****

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के साथ श्री सत्य साई जिले के पुट्टपर्थी में उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान- एएमसीए निर्माण इकाई की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर एक जनसभा में रक्षा मंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया रक्षा दृष्टिकोण का एक प्रमुख स्तंभ बनकर उभर रहा है।

 

 

फ्यूज जो होता है वह किसी भी गोलाबारूद का सबसे यह इंपॉर्टेंट हिस्सा होता है। चाहें आर्टरी सेल हों, बम्‍ब हो या कोई भी युद्ध सामग्री हो, बिना भरोसेमंद इलेक्ट्रिक फ्यूज के सब बेकार है। यहां बनने वाले अत्याधुनि फ्यूज हमारी सेनाओं को ताकत देंगे और यह प्रोजेक्ट हमारी एमिनिशन मैन्युफैक्चरिंग में  सेल्‍फ रिलायंस आत्‍मनिर्भरता का एक नया चैप्टर जोड़ेगा।

*****

राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय इलेक्‍ट्रोनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव तथा पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने वर्चुअल माध्‍यम से आज राज्‍य में चार सौ करोड़ रूपये से अधिक की कई परियोजनाओं का शिलान्‍यास और शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि भारत ने पिछले 12 वर्ष में इलेक्‍ट्रोनिकी विर्निर्माण क्षेत्र में उल्‍लेखनीय प्रगति की है।

इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में देश ने बहुत बड़ी छलांग लगाई है, इन 12 वर्षों में। जहां मात्र एकदो लाख करोड रुपए का मैन्युफैक्चरिंग होता था आज भारत में 13 लाख करोड रुपए का इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग है, 6 गुना वृद्धि और भारत से एक्सपोर्ट होने वाली कमोडिटीज में आज मोबाइल फोन सबसे पहली कमोडिटी बन गई है और इलेक्ट्रॉनिक के एक्सपोर्टर्स इन पिछले दशक में 11 गुना बढ़े हैं।

*****

सर्वोच्च न्यायालय ने आज से ईंधन बचाने के लिए कई उपायों की घोषणा की है। इनमें अलग-अलग दिन वर्चुअल सुनवाई, न्यायाधीशों की कार-पूलिंग और 50 प्रतिशत रजिस्ट्री कर्मचारियों के लिए वर्क फॉर होम की व्यवस्था शामिल है। यह निर्णय ईंधन की खपत कम करने के केंद्र सरकार के व्यापक प्रयासों के अनुरूप है।

*****

दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण-एस.आई.आर. प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि यह प्रक्रिया 29 जुलाई तक चलेगी।

*****

मौसम विभाग ने झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में लू की संभावना व्‍यक्‍त की है। कोंकण और गोवा में मौसम के अत्यधिक गर्म और उमस भरे रहने का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है।

 

विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कल तेज से बहुत तेज बारिश का अनुमान जताया है। अगले दो दिनों के दौरान केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईक्‍काल और उत्तर पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है।

विभाग ने कहा है कि केरलम में दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक आने की संभावना है। केरलम में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि पहली जून है।

*****

आर्थिक जगत

 

देश के प्रमुख शेयर सूचकांकों में आज लगभग शून्‍य दशमवल दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 161 अंक फिसलकर 75 हजार 238 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 46 अंक डूबा और 23 हजार 644 पर आ गया। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया आज एक डॉलर की तुलना में 21 पैसे कमजोर होकर 95 रुपये और 97 पैसे के रिकॉर्ड निचले स्‍तर पर बंद हुआ।

*****

भारतीय वुशु टीम ने मकाऊ में 11वें सांडा विश्व कप में दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर कुल पांच पदकों के साथ अपने अभियान का शानदार समापन किया है। भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा। अपर्णा दहिया और शिवानी ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते।

*****

उज्‍बेकिस्‍तान के ताशकंद में एशियाई अंडर-17 मुक्‍कबाजी प्रतियोगिता में भारतीय युवा मुक्‍केबाजों ने आज दो स्‍वर्ण और सात रजत पदक जीतकर इतिहास रचा। भारत ने अंडर-17 वर्ग में आठ कांस्‍य पदक जीते हैं।

इससे पहले एशियाई अंडर-15 मुक्‍कबाजी में भारत ने नौ स्‍वर्ण, छह रजत और बारह कांस्‍य सहित कुल 27 पदक जीते।

*****

आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक चेन्‍नई ने 15 ओवर में 4 विकेट पर 127 रन बना लिये हैं।

*****

गुजरात के गांधीनगर में एशियाई भारत्तोलन प्रतियोगिता में आज हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता। उन्‍होंने महिलाओं की 69 किलोग्राम भार वर्ग केस्नैचमें 96 किलो का वज़न उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्षेत्रीय स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा के लिए होर्मुज जल-डमरू-मध्य से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन के लिए भारत के समर्थन की फिर पुष्टि की।
  2. ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों ने लोकतांत्रिक वैश्विक शासन और शांति तथा जलवायु चुनौतियों पर मजबूत बहुपक्षीय कार्रवाई का आह्वान किया।
  3. सीबीआई ने नीट-यूजी-2026 परीक्षा पेपर लीक मामले में मुख्‍य सरगनाओं में से एक को गिरफ्तार किया।
  4. पश्चिम बंगाल सरकार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में दुष्‍कर्म और हत्या मामले में तीन आईपीएस अधिकारियों को निलंबित किया।
  5. मौसम विभाग ने झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में कल तक लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की।
  6. भारतीय वुशु टीम ने मकाऊ में आयोजित सांडा विश्व कप में दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।  
  7. और… ताशकन्‍द में भारत ने एशियाई अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में दो स्वर्ण और सात रजत पदक जीतकर इतिहास रचा।    

*****