May 13, 2026 9:43 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढोतरी को मंजूरी दी।

  2. मंत्रिमंडल ने साढे 37 हजार करोड़ रुपये की कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं के संवर्द्धन को भी स्‍वीकृति दी।

  3. सीबीआई ने नीट यूजी-2026 पेपर लीक मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी।

  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले का आकार कम किया। भाजपा शासित राज्‍यों के कई मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने भी मितव्‍ययिता के उपाय शुरू किए।

  5. पश्चिम बंगाल सरकार का भर्ती घोटालों की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला। आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही पर सभी अंतर-राज्यीय प्रतिबंध हटाए।

  6. गुजरात के गांधीनगर में एशियाई सीनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में ज्ञानेश्वरी यादव ने दो पदक जीते।

*****

केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य में बढोत्तरी को मंजूरी दे दी है। नई दिल्‍ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि सरकार ने किसानों को उनके उपज का लाभकारी मूल्‍य सुनिश्चित करने के लिए खरीफ फसलों का न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य बढा दिया है।

 

खरीफ के लिए जो फैसला लिया गया उसमें जितने भी खरीफ के क्रॉप्स है उन सब में कॉस्ट प्लस 50% या 50 से अधिक टोटल दो लाख 60 हजार करोड रुपए किसानों को पे आउट जाएगा इस पूरे फैसले से और इस साल का एनुअल खरीफ प्रोक्योरमेंट होगा आठ सौ 24 लाख मैट्रिक टनएलएमटी।

 

श्री वैष्‍णव ने बताया कि सूर्यमुखी बीजों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में 622 रुपये प्रति क्विंटल, कपास के लिए 557 रुपये प्रति क्‍विंटल और तिल के लिए 500 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।

*****

मंत्रिमंडल ने कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं के लिये संवर्द्धन योजना को भी मंजूरी दी है। श्री वैष्‍णव ने बताया कि यह योजना भारत के कोयला और लिग्‍नाइट गैसीकरण कार्यक्रम को बढावा देने के लिए महत्‍वपूर्ण है।

 

कोल भारत में करीबकरीब 400 बिलियन टन के नोन रिजर्वस है। तो इस कोयले का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करके हम इसे गैस बना सके और गैस का उपयोग फिर फर्टिलाइजर वगैरह में ताकि फ़र्टिलाइज़र के लिए जो एलएनजी इंपोर्ट करनी पड़ती है वह कम हो जाएगी। 37500 करोड़ रूपीज का आउटलेट स्कीम के लिए रखा गया है और करीब 3 लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट होगा इसमें टोटल और 75 मिलियन टन्स कोल को इसमें गैसीफाई करने के लिए प्रोजेक्ट्स लगेंगे।

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि योजना से केवल खनन से प्रतिवर्ष 6 हजार तीन सौ करोड रुपये का राजस्‍व और पचास हजार रोजगार सृजित होगा।

*****

मंत्रिमंडल की आर्थिक कार्य समिति ने लगभग 20 हजार 667 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-सरखेज – धोलेरा सेमी हाई-स्पीड दोहरी लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। रेलवे की यह पहली सेमी हाई-स्पीड परियोजना होगी। इसे स्वदेशी तकनीक से तैयार किया गया है।

*****

मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी के अंतर्गत नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उन्नयन और आधुनिकीकरण को मंजूरी दे दी है। श्री वैष्णव ने कहा कि यह नागपुर हवाई अड्डे के लिए क्षेत्रीय विमानन केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय है।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि खरीफ फसलों के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य में बढोतरी को देश के करोड़ो किसानों को अपने उपज के लिए उचित और लाभकारी मूल्‍य मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि इस निर्णय से देश के किसानों के जीवन में समृद्धि आयेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अहमदाबाद-धोलेरा सेमी हाई स्‍पीड डबल लाइन परियोजना देश की रेल सम्‍पर्क यात्रा में महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने कहा कि कोयला-लिग्‍नाइट गैसीकरण परियोजनाओं की संवर्धन योजना से ऊर्जा सुरक्षा बढ़ेगी, निवेश को बढावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार सृजित होगा।

*****

केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। तीन व्यक्ति जयपुर से, एक गुरुग्राम से और एक व्‍यक्ति को नाशिक से गिरफ्तार किया गया है। अन्‍य कई संदिग्‍ध व्‍यक्तियों की जांच की जा रही है। सीबीआई ने आज इस सिलसिले में कई स्‍थानों पर छापे मारे और अनेक आपत्तिजनक सामग्री और इलेक्‍ट्रॉनिक उपकरण जब्‍त किए। सीबीआई इस मामले में शुरुआती जांच करने वाले राजस्‍थान के विशेष कार्यबल के भी समन्‍वय में है।

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन की खपत कम करने की अपील का बडा प्रभाव पड़ा है और पेट्रोल और डीजल का उपयोग कम हुआ है। प्रधानमंत्री ने अपने काफिले का आकार काफी कम करके एक उदाहरण प्रस्‍तुत किया है। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा शासित राज्‍यों के कई मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने भी ऐसा ही कदम उठाया है।

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वाहनों के बेड़े में तत्काल कमी करने का निर्देश दिया है। महाराष्ट्र सरकार ने मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों की हवाई यात्राओं में 50 प्रतिशत की कटौती का आदेश दिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रियों, विधायकों के सरकारी वाहनों की संख्या सीमित करने की घोषणा की है।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शुक्रवार को संयुक्‍त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्‍वीडन, नार्वे और इटली की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव सिबी जॉर्ज ने नई दिल्‍ली में बताया कि शुक्रवार को श्री मोदी संयुक्‍त अरब अमीरात पहुंचेंगे और राष्‍ट्रपति शेख मोहम्‍मद बिन जायद अल नाह्यान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय मुद्दों, ऊर्जा सहयोग सहित कई महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।

 

यात्रा के दौरान दोनों नेता निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्‍कृति और आपसी जनसंपर्क समेत विभिन्‍न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

 

श्री जॉर्ज ने बताया कि चार यूरोपीय देशों की यात्रा के दौरान श्री मोदी तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्‍मेलन में शामिल होंगे।

 

चार यूरोपीय देशों की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को इसी वर्ष अंतिम रूप दिया गया है। इस दौरान तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। भारत, इन देशों को “मेक इन इंडिया” अभियान के अहम साझेदार के रूप में देखता है। यात्रा का मुख्य उद्देश्‍य व्यापार और निवेश, हरित प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्टार्टअप्स और आपसी जनसंपर्क को मजबूत करने का रहेगा।

*****

संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि अमरीका के स्मिथसोनियन राष्ट्रीय एशियाई कला संग्रहालय से तीन भारतीय प्राचीन वस्तुओं की वापसी का उद्देश्य भारत की चोरी हुई सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित और संरक्षित करना है। नई दिल्ली में श्री शेखावत ने कहा कि देश की विरासत, जिसे अनैतिक तरीकों से देश से बाहर ले जाया गया था, अब वापस लाई जा रही है।

 

ऐतिहासिक एंटीक्विटीज को जो भारत लाने का क्रम पिछले वर्षों से चल रहा है उस दिशा में हम आज ऑस्ट्रेलिया से 11 और अमेरिका से तीन और मूर्तियों को भारत में लाने में सफल हुए हैं। इसके अतिरिक्त भी 657 एंटीक्विटीज को आईडेंटिफाई करके हमने अमेरिका के साथ चर्चा की। यूएस एनफोर्समेंट एजेंसीज ने उनको भारत के दूतावास को अमेरिका में सुपूर्द कर दिया है उनको लाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ होगी। 657 एंटीक्विटीज उसके बाद में भारत आएंगे।

*****

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कल होने वाले ब्रिक्स विदेश मंत्रियों के शिखर सम्मेलन से पहले आज नई दिल्ली में रूस, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील और मालदीव के विदेशमंत्रियों से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने बताया कि सभी देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई और आपसी हित के बहुपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

*****

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ ने आश्वासन दिया है कि बाहरी प्रतिस्पर्धा के बावजूद भारत के लिये ऊर्जा आपूर्ति संबंधी समझौतों का पालन किया जाएगा। श्री लावरोफ ने कहा कि रूस यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा कि अनुचित प्रतिस्पर्धा द्विपक्षीय समझौतों को नुकसान न पहुंचाए।

*****

एयर इंडिया ने अंतरराष्‍ट्रीय उडानों की संख्‍या में कमी लाने का फैसला किया है। इसके लिए विदेशी मार्गों पर कुछ सेवाएं अस्‍थायी रूप से रोक दी गई हैं। यह फैसला वायु क्षेत्र नियंत्रण और विमान ईंधन के ऊंचे मूल्‍य को देखते हुए किया गया है। यह कटौती इस वर्ष जून से अगस्‍त तक के लिए होगी।

*****

पश्चिम बंगाल में नवगठित सरकार ने शिक्षक भर्ती, नगर निगम भर्ती और सहकारी सेवा भर्ती घोटालों से संबंधित मामलों को केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो -सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि पूर्ववर्ती सरकार ने इन मामलों में भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया था।

एक अन्‍य निर्णय में राज्‍य सरकार ने आलू, प्याज, फल, सब्जियों, तिलहन, अनाज, पशु उत्पादों और अन्य आवश्यक उत्पादों के अंतर-राज्यीय आवागमन पर लगे सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं।

*****

असम सरकार 26 मई को समान नागरिक संहिता विधेयक विधानसभा में पेश करेगी। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने पहली मंत्रिमंडलीय बैठक के बाद यह घोषणा की। डॉ. सरमा ने बताया कि प्रस्तावित विधेयक विवाह की कानूनी उम्र, बहुविवाह, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंधों सहित कई मुद्दों पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक प्रचलन इस विधेयक के दायरे से बाहर रहेंगे।

 

इसे असम की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। जनजातीय समुदायों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है। साथ ही, राज्‍य के लोगों द्वारा अपनाई जाने वाली सभी रस्मों, परंपराओं और रीतिरिवाजों को भी इससे बाहर रखा गया है।

*****

पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने पांचवीं बार पद ग्रहण करने के बाद स्वास्थ्य सेवा, रोजगार, शिक्षा, खेल और औद्योगिक विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए है। इसमें गरीबी रेखा से ऊपर के राशन कार्ड धारकों को तीन लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज प्रदान करना, इंदिरा गांधी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय और मॉडल विद्यालय स्थापित करना शामिल है।

*****

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्‍त नरसिंहपुर जिले के ग्राम मुंगवानी से जारी की। उन्होंने एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में एक हजार 835 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की।

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा नगर निगम चुनावों में भाजपा की जीत पर लोगों का आभार व्यक्त किया है। श्री मोदी ने कहा कि इस जीत ने फिर स्पष्ट कर दिया है कि जनता ने भाजपा-एनडीए सरकार की विकास और सुशासन नीतियों पर अटूट विश्वास व्‍यक्‍त किया है।

*****

 

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 50 अंक बढ़कर 74 हजार 609 पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 33 अंक की बढ़त के साथ 23 हजार 413 पर स्थिर हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया एक डॉलर के मुकाबले सात पैसे कमजोर होकर अपने सबसे निचले स्तर यानि 95 रुपये और 70 पैसे पर बंद हुआ। वैश्विक कच्‍चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार तैयार किए जाने तक बैंट क्रूड 107 अमरीकी डॉलर 62 सेंट्स प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

*****

गुजरात के गांधीनगर में एशियाई भारोत्तोलन प्रतियोगिता में ज्ञानेश्‍वरी यादव ने 53 किलो भार वर्ग में रजत और कांस्‍य पदक जीता। उन्‍होंने स्‍नैच में रजत पदक और कुल 194 किलो का वजन उठाकर कांस्‍य पदक जीता।

 

उधर, थाईलैंड ओपन बैडमिंटन में पी. वी. सिंधु, मालविका बंसोड, देविका सिहाग, लक्ष्‍य सेन और किदांबी श्रीकांत सिंगल्‍स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

*****

आईपीएल क्रिकेट में रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक कोलकाता ने तीसरे ओवर में बिना किसी नुकसान के 23 रन बना लिये हैं।

*****

महाराष्ट्र में आज नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले के लोगो का अनावरण किया गया। इसमें त्रिशूल दर्शाया गया है और गोदावरी नदी को शिवलिंग के रूप में चित्रित किया गया है। मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह लोगो भारत की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और राष्ट्र एकता का सशक्त संदेश देता है।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढोतरी को मंजूरी दी।

  2. मंत्रिमंडल ने साढे 37 हजार करोड़ रुपये की कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं के संवर्द्धन को भी स्‍वीकृति दी।

  3. सीबीआई ने नीट यूजी-2026 पेपर लीक मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। देश भर में कई स्थानों पर छापेमारी।

  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले का आकार कम किया। भाजपा शासित राज्‍यों के कई मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने भी मितव्‍ययिता के उपाय शुरू किए।

  5. पश्चिम बंगाल सरकार का भर्ती घोटालों की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला। आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही पर सभी अंतर-राज्यीय प्रतिबंध हटाए।

  6. गुजरात के गांधीनगर में एशियाई सीनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में ज्ञानेश्वरी यादव ने दो पदक जीते। 

*****