मुख्य समाचार:
- सीबीआई ने कथित नीट परीक्षा पेपर लीक संबंध में मामला दर्ज किया। देशभर से कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
- तमिलनाडु में ए.आई.ए.डी.एम.के पार्टी में फूट। 30 विधायकों का बड़ा गुट विजय की सरकार का समर्थन करेगा। विश्वासमत कल।
- मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने देश भर की अदालतों के आधुनिकीकरण का खाका तैयार करने के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया।
- भारत दो दिन के ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी बृहस्पतिवार से करेगा। इसमें पारस्परिक हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
- तेल की बढ़ती कीमतों और अमरीका-ईरान तनाव के बीच घरेलू बाजार में लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट।
- सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी बैंकॉक में थाईलैंड ओपन बैडमिंटन के पुरुष डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
*****
केंद्रीय अनवेष्ण ब्यूरो- सी.बी.आई ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट–यूजी 2026 के कथित पेपर लीक के संबंध में मामला दर्ज किया है। इस मामले में देशभर से कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसी ने उच्च शिक्षा विभाग की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। नीट-यूजी परीक्षा के संचालन में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के संबंध में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, चोरी और साक्ष्य नष्ट करने तथा सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम 2024 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच के लिए विशेष सीबीआई टीमें विभिन्न स्थानों पर भेजी गई हैं।
नीट-यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान दल ने अब तक 15 लोगों को हिरासत में लिया है। जांचकर्ता अब संदिग्ध नेटवर्क के विस्तार और परीक्षा से पहले प्रश्नपत्रों के प्रसार से जुड़े धन के लेन-देन की जांच कर रहे हैं। दल ने कल जयपुर से मनीष नाम के कथित मुख्य साजिशकर्ता को हिरासत में लिया।
सूत्रों के अनुसार इससे पहले राजस्थान पुलिस ने 7 मई को देहरादून से पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें कथित मुख्य साजिशकर्ता सीकर का करियर काउंसलर राकेश कुमार भी शामिल था। अगले दिन चार नीट परीक्षार्थियों को भी गिरफ्तार किया गया था।
उधर, नाशिक पुलिस ने नीट-परीक्षा पेपर लीक मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
इससे पहले, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन.टी.ए. ने मेडिकल शिक्षा में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द कर दी थी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि एजेंसी विद्यार्थियों को नीट-यूजी परीक्षा शुल्क वापस कर देगी।
हमने इस मैटर को सीबीआई को इंक्वायरी को दिया है और हम इस तरह के जितने लोग खुराफात किए हैं, उनको जेल भेजेंगे। ताकि बच्चों का भविष्य किसी भी प्रकार से एडवसरी प्रभावित न हो। इसके साथ ही हमने यह भी कहा कि हम बच्चों के लिए दोबारा परीक्षा कराएंगे, जोकि एकदम फेयर तरीके से होगी, जिसमें किसी भी तरह की अनियमितता नहीं होगी।
*****
तमिलनाडु में जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली नव निर्वाचित टीवीके सरकार के लिए होने वाले विश्वासमत से पहले राज्य की राजनीतिक स्थिति नाटकीय रूप से बदल गई है। ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी सरकार को समर्थन देने के मुद्दे पर दो गुटों में बंट गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी महासचिव एडप्पाडी के. पलनीस्वामी के नेतृत्व वाले गुट ने पार्टी विधायकों को टीवीके सरकार का समर्थन न करने का निर्देश दिया है। वरिष्ठ नेता एग्री कृष्णमूर्ति ने चेतावनी दी है कि पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने वाले किसी भी विधायक को निष्कासित कर दिया जाएगा।
वहीं, 30 विधायकों के समर्थन का दावा करने वाले एक गुट ने एस. पी. वेलुमणि को ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी विधायक दल का नेता चुना है। यह गुट विश्वास मत के दौरान टीवीके सरकार का समर्थन करेगा।
सरकार को, अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कड़गम के एकमात्र विधायक एस. कामराज का भी समर्थन प्राप्त है, जिन्हें आज ही उनकी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय कल से ही फ्लोर टेस्ट से पहले समर्थन जुटाने के लिए सहयोगी दलों के नेताओं से बैठकें कर रहे हैं। ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी के अलग हुए गुट और उसके सहयोगियों के समर्थन से टीवीके सरकार को विधानसभा में लगभग 150 विधायकों का समर्थन मिलने की उम्मीद है।
*****
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमंता बिस्व सरमा ने आज लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
डॉ. सरमा के साथ चार मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें भाजपा से रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, असम गण परिषद से अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट से चरण बोरो शामिल हैं।
*****
प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा सहित चारों मंत्रियों को बधाई दी है। श्री मोदी ने कहा कि श्री सरमा ने एक कुशल प्रशासक के रूप में पहचान बनाई है।
*****
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने अपने हाथ में ले ली है। मामले की जांच के लिए पुलिस महानिदेशक पंकज सिंह की अध्यक्षता में सात सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया गया है।
इस बीच, पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय ने आरोपियों को 24 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
*****
सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने देश भर के न्यायालयों के आधुनिकीकरण का खाका तैयार करने के लिए न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की है। इसके लिए सरकार से 40 से 50 हजार करोड़ रुपये का आवंटन सुनिश्चित करने को कहा गया है। समिति 31 अगस्त तक प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल को विस्तृत निष्कर्ष और आवश्यक निधि का विवरण प्रस्तुत करेगी।
*****
भारत 14 और 15 मई को ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर बैठक की अध्यक्षता करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में बताया कि ब्रिक्स के सदस्य और सहयोगी देशों के विदेश मंत्री और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख बैठक में भाग लेंगे। बैठक के दौरान ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को पांच देशों संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नार्वे और इटली की यात्रा पर रवाना होंगे। श्री जायसवाल ने कहा कि यात्रा के दौरान ऊर्जा सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत होगी।
संयुक्त अरब अमीरात दौरे के दौरान भी ऊर्जा सुरक्षा पर बात होगी, जिस प्रकार से हमारी उनसे साझेदारी चल रही है। कैसे इसको और व्यापक किया जाए ताकि हम अपने जो ऊर्जा सुरक्षा हमारी है उसको हम मजबूत कर सकें। उसके अलावा जो चार अन्य देश हैं। नॉर्डिक समिट होने वाला है, नॉर्वे की यात्रा है, स्वीडन की यात्रा है, इटली की यात्रा है, नीदरलैंड्स की यात्रा है। यहां ये देश नवाचार का बहुत बड़े केंद्र हैं। इनोवेशन, इकोसिस्टम में बहुत बड़ा काम हो रहा है और कीएनर्जी टेक्नोलॉजी में ये लोग और ग्रीन टर्म इश्यू में काफी आगे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन के समर्थन से जुड़ी खबरों पर श्री जायसवाल ने कहा कि ये खबरें पहले से ज्ञात तथ्यों की पुष्टि करती हैं।
ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम में हुए आतंकी हमले का एक सटीक, लक्षित और नपातुला जवाब था। इसका उद्देश्य उन आतंकवादी ढांचों को नष्ट करना था, जो न केवल पाकिस्तानी राज्य द्वारा प्रायोजित है, बल्कि पाकिस्तान से और उनके इशारों पर चलता है। अब यह उन राष्ट्रों को ही तय करना है, उन पर ही निर्भर करता है जो स्वयं को जिम्मेदार मानते हैं कि वे इस बात पर आत्मचिंतन करें कि क्या आतंकवादी ढांचे को बचाने के प्रयासों का समर्थन करना उनकी प्रतिष्ठा और वैश्विक साख को प्रभावित करता है।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार साइबर-सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने में अवैध खातों की समस्या एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र ने आज रिजर्व बैंक इनोवेशन हब के साथ एक समझौता किया है। इसका उद्देश्य बैंकिंग और डिजिटल भुगतान प्रणाली में साइबर-आधारित वित्तीय धोखाधड़ी से निपटने और अवैध खातों को कम करने में सहयोग को मजबूत करना है।
श्री शाह ने कहा कि इस कदम से अवैध खातों का तेजी से पता लगाया जा सकेगा और उन्हें समाप्त किया जा सकेगा। गृह मंत्री ने कहा कि यह नागरिकों के लिए साइबर अपराध के खिलाफ अगली पीढ़ी की सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करेगा।
*****
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत आर्थिक, तकनीकी अथवा भू-राजनीतिक, हर तरह की बाधाओं का सामना करने में सक्षम है। नई दिल्ली में सम्मेलन 2026 में उन्होंने कहा कि खंडित भू-राजनीतिक और व्यावसायिक परिस्थितियों के कारण दुनिया हर दिन संकटों का सामना कर रही है, लेकिन भारत ने लगातार प्रतिकूल परिस्थितियों को अवसरों में परिवर्तित किया है।
*****
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोने की खरीद टालने और विदेश यात्रा से बचने की अपील एक सकारात्मक कदम और एहतियाती उपाय है। उन्होंने कहा कि देश में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। नई दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि इस समय विपक्ष को सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए।
विपक्ष को चाहिए कि वो पैनिक न फैलाए। भ्रम की राजनीति न करें और आपदा में अवसर की खोज और अविष्कार न करें और जिस तरह से कोविड की महामारी में भी विपक्ष ने ऐसी ही भूमिका निभाई थी, लेकिन भारत कोविड की महामारी से उभर पाया और मजबूत होकर निकलकर आया, वैसे ही ये जो वैश्विक संकट है, चुनौतियां हैं उसमें, लेकिन भारत में ये मजबूती है कि इन चुनौतियों के सामने मजबूती से खड़ा भी रहेगा और और मजबूत होकर उभरकर आएगा।
*****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020‘ के माध्यम से सरकार मातृभाषा, भारतीय ज्ञान परंपराओं और ए.आई संचालित शिक्षा पर आधारित अनुसंधान और नवाचार को निरंतर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के देश विश्वास, समाधान और नेतृत्व की अपेक्षाओं के साथ भारत की ओर देख रहे हैं। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि यह संगठन भारतीय परिप्रेक्ष्य में सामाजिक विज्ञान अनुसंधान को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
आई.सी.एस.एस.आर समय को आगे जाते हुए आने वाले 10-15 साल, भारत को 2047 की रोडमैप में पहुंचने के लिए लक्ष्य तक पहुंचने के लिए किस-किस प्रकार की सोशल चेलेंजेस को ध्यान देना पड़ेगा ये आईसीएसएसआर के आने वाले 10-15 साल के काम होने चाहिए। हमें अपनी भाषा को महत्व देना पड़ेगा, हमारी अर्थ नीति को मजबूत करना है तो हमारी भाषा को हमें महत्व देना पड़ेगा।
*****
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स चिकित्सा नवाचार और स्वास्थ्य सेवा उत्कृष्टता के क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। आज नई दिल्ली में एम्स के दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति ने कहा कि एम्स ने किफायती दरों पर रोगी देखभाल और आधुनिक चिकित्सा के उच्चतम मानक स्थापित किए हैं।
*****
तेल की बढ़ती कीमतों और अमरीका-ईरान तनाव के बीच बम्बई शेयर बाजार में लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट आई है। अन्य आर्थिक जगत की खबरों के साथ हैं अमित गोयल
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज एक दशमलव नौ प्रतिशत के नुकसान से एक हजार चार सौ 56 अंक लुढककर 74 हजार पांच सौ 59 के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी एक दशमलव आठ-तीन प्रतिशत की गिरावट से चार सौ 36 अंक गिरकर 23 हजार तीन सौ 80 के स्तर पर रहा। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 32 पैसे की गिरावट से 95 रुपये 63 पैसे प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर दर्ज हुआ।
*****
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने 2025-26 में एक लाख 98 हजार करोड़ रुपये का अबतक का सबसे अधिक शुद्ध लाभ दर्ज किया है। यह लगातार चौथा वर्ष है जब बैंक मुनाफे में रहे। वित्त मंत्रालय ने कहा कि यह प्रदर्शन तेजी से बढ़ती भारतीय अर्थव्यवस्था की ऋण आवश्यकताओं को पूरा करने में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की मजबूती और स्थिरता को दर्शाता है।
*****
गुजरात में जनगणना का पहला चरण पहली जून से शुरू होगा। नागरिकों को पहली बार भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए स्व-गणना पोर्टल SE.CENSUS.GOV.IN के माध्यम से जनगणना में भाग लेने का अवसर मिलेगा। 17 से 31 मई तक लोग पोर्टल पर स्व-गणना पूरी कर सकेंगे। इस पहल के तहत, नागरिक स्वेच्छा से अपने घरों, उपलब्ध सुविधाओं, संपत्तियों और अन्य विवरणों के बारे में जानकारी ऑनलाइन, आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से प्रदान कर सकते हैं।
श्री मायात्रा ने बताया कि 1 से 30 जून तक नामित जनगणना अधिकारी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने के लिए परिवारों की सूची तैयार करेंगे।
*****
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने आज री-भोई जिले के भोइरिम्बोंग में एरी रेशम प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य राज्य के पारंपरिक रेशम उद्योग को मजबूत करना और बुनकरों के लिए बेहतर बाजार पहुंच बनाना है।
*****
थाईलैंड बैडमिंटन ओपन में पुरुष डबल्स में सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने इंडोनेशिया के पुत्र इरवियनस्याह और बगास मौलाना को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जबकि, हरिहरन अम्साकारूनन और एम आर अर्जुन तथा महिला डबल्स में रितुपर्णा और श्वेतापर्णा पांडा को हार का सामना करना पडा।
*****
उज्बेकिस्तान के तासकंद में एशियाई अंडर-17 मुक्केबाजी प्रतियोगिता में लक्ष्य फोगाट ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जबकि चार अन्य मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल मुकाबलों में कांस्य पदक हासिल किया।
*****
आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले जारी है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात टाइटंस ने 17वें ओवर में 4 विकेट पर 124 रन बना लिये हैं। हैदराबाद ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
*****
विदेश मंत्रालय ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के लिए पंजीकरण जल्द ही समाप्त होने वाले हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को 19 मई से पहले यात्रा के लिए आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए kmy.gov.in> पर जा सकते हैं।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- सीबीआई ने कथित नीट परीक्षा पेपर लीक संबंध में मामला दर्ज किया। देशभर से कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
- तमिलनाडु में ए.आई.ए.डी.एम.के पार्टी में फूट। 30 विधायकों का बड़ा गुट विजय की सरकार का समर्थन करेगा। विश्वासमत कल।
- मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने देश भर की अदालतों के आधुनिकीकरण का खाका तैयार करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया।
- भारत दो दिन के ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी बृहस्पतिवार से करेगा। इसमें पारस्परिक हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
- तेल की बढ़ती कीमतों और अमरीका-ईरान तनाव के बीच घरेलू बाजार में लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट।
- सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी बैंकॉक में थाईलैंड ओपन बैडमिंटन के पुरुष डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
****