May 11, 2026 9:34 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से राष्ट्रीय संसाधनों पर बोझ कम करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। पश्चिम एशिया संघर्ष को दशक के सबसे बड़े संकटों में से एक बताया।

  2. सरकार ने कहा- पेट्रोलियम उत्‍पादों की कोई कमी नहीं। कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का 60 दिन का तथा एलपीजी का 45 दिन का भंडार उपलब्‍ध।

  3. केंद्र सरकार ने पहली जुलाई से विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम के कार्यान्वयन की अधिसूचना जारी की।

  4. भारतीय जनता पार्टी के नेता हिमंता बिस्वा सरमा कल असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह राज्य में एनडीए का लगातार तीसरा कार्यकाल होगा।

  5. मौसम विभाग ने गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कल लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  6. भारतीय पुरुष टीम वनडे क्रिकेट टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बरकरार।

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम एशिया संघर्ष को एक दशक के सबसे बड़े संकटों में से एक बताते हुए राष्ट्रीय संसाधनों पर बोझ कम करने के लिए नागरिकों से एकजुट होने का आह्वान किया है। वडोदरा में सरदारधाम छात्रावास का लोकार्पण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है कि इस स्थिति का देशवासियों पर कम से कम प्रभाव पड़े।

 

 

पिछले कुछ वर्षों में दुनिया लगातार अस्थिर परिस्थितियों से गुजर रही है। पहले कोरोना का संकट फिर वैश्विक आर्थिक चुनौतियां और अब पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव।  अगर कोरोना महामारी इस सदी का सबसे बडा संकट थी तो पश्चिम एशिया में युद्ध से बनी परिस्थितियां इस दशक के बड़े संकटों में से एक है। ऐसे समय में देश को जन भागीदारी की शक्ति की बहुत बड़ी आवश्यक है। आज जरूरत है कि हम सब मिलकर अपना दायित्व निभाएं । देश के संसाधनों पर पडने वाले बोझ को कम करें।

 

 

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से सात सुत्री अपील को अपनाने की आग्रह दोहराया।

 

 

पेट्रोल डीजल का उपयोग कम करें, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक इस्तेमाल करें । कार पुलिंग को बढ़ावा दें। यह जरूरी है कि सरकारी और प्राइवेट दोनों ही दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दी जाए। मैं कुछ स्‍कूलों से भी आग्रह करूंगा कि कुछ समय के लिए ऑनलाइन क्लासेस की व्यवस्था पर काम करें। मैं आप सबसे आग्रह करूंगा कि जब तक हालात सामान्य ना हो हम सोने की खरीद को टालें।

 

 

श्री मोदी ने देशवासियों से विदेशों से आयातित उत्पादों का उपयोग कम करने और विदेशी मुद्रा के व्यय से जुड़े व्यक्तिगत कार्यों से बचने का आग्रह किया। उन्होंने नागरिकों से स्‍वदेशी उत्‍पादों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया।

 

 

*****

 

 

इससे पहले, प्रधानमंत्री सोमनाथ अमृत महोत्‍सव में शामिल हुए। श्री मोदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर अटूट आस्था, दिव्यता और देश की शाश्वत आत्मा का प्रतीक है। उन्‍होंने कहा कि सोमनाथ अमृत पर्व केवल अतीत का उत्‍सव नहीं है बल्कि यह आने वाले एक हजार वर्षों तक देश की प्रेरणा बना रहेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमनाथ लोगों को यह याद दिलाता है कि कोई भी राष्‍ट्र अपनी जडों से जुडा रहकर ही लंबे समय तक मजबूती से खड़ा रह सकता है।

 

 

आजादी के समय सरदार साहब ने पांच सौ से ज्‍यादा रियासतों को जोडकर एक भारत आधुनिक स्‍वरूप गढा था। और साथ ही सोमनाथ के पुनर्निर्माण से उन्‍होंने दुनिया को बताया था। भारत केवल आजाद नहीं हुआ है, भारत अपने प्राचीन गौरव को पुन: ह‍ासिल करने के मार्ग पर भी अब आगे बढ चुका है।

 

 

प्रधानमंत्री ने सोमनाथ अमृत पर्व पर एक विशेष डाक टिकट और 75 रूपये का विशेष सिक्‍का भी जारी किया।

 

 

**********

 

 

केंद्र सरकार ने कहा है कि पेट्रोलियम उत्‍पादों की कोई कमी नहीं है। कच्‍चे तेल और प्राकृतिक गैस का 60 दिन का तथा एलपीजी का 45 दिन का भंडार उपलब्‍ध है। विदेशी मुद्रा भंडार 703 अरब डॉलर के स्तर पर है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में हुई मंत्रिसमूह की बैठक में यह जानकारी दी गई। भारत उन चुनिंदा देशों में से है जहां संघर्ष शुरू होने के 70 दिन के बाद भी पेट्रोलियम उत्‍पादों की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा तेल शोधक और पेट्रोलियम उत्पादों का चौथा सबसे बड़ा निर्यातक है। सरकार ने कहा कि लोगों को घबराने या ईंधन और अन्य उत्पादों की अत्यधिक खरीद करने की आवश्यकता नहीं है।

 

बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अपीलों को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने लोगों से मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और कार पुलिंग को अपनाकर पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने का आग्रह किया था । उन्होंने एक वर्ष के लिए विदेश यात्रा टालने जैसे विवेकपूर्ण खर्च पर दोबारा सोचने का आग्रह नागरिकों से किया था। श्री मोदी ने एक वर्ष के लिए विदेशों में कार्यक्रम आयोजित करने या अत्यधिक सोने की खरीदारी को सीमित करने का भी आग्रह किया था । साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग 50% तक काम करने, प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आग्रह किया। शिवांग मिश्रा आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

 

*****

 

 

सरकार ने कहा है कि देशभर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और घरेलू एलपीजी की आपूर्ति निरंतर जारी है। नई दिल्ली में आज पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की है।

 

 

माननीय प्रधानमंत्री जी ने देश के सभी लोगों से आग्रह किया है कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करें । जहां भी संभव हो मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें । कारपुलिंग का विकल्‍प चुने। रेलवे ऐज ए मोड ऑफ ट्रांसपोर्टेशन फॉर गुड्स को प्रेफर करें। और जहां भी संभव हो इलेक्‍ट्रिक वाहनों का उपयोग बढाएं। 

 

 

रसायन और उर्वरक मंत्रालय की अपर सचिव अपर्णा शर्मा ने कहा कि देश में उर्वरकों का पर्याप्‍त भंडार है।

 

 

खरीफ 2026 सीजन के लिए उर्वरकों का भंडार 51 प्रतिशत से अधिक उपलब्ध है। प्रमुख उर्वरकों के अधिकतम खुदरा मूल्य –MRP में भी लगभग स्थिरता बनी हुई है। संकट काल के बाद देश में उर्वरकों का घरेलू उत्पादन 76.78 लाख मीट्रिक टन रहा है, जबकि आयात के माध्यम से 19.94 लाख मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त हुए हैं। संकट की स्थिति के बाद लगभग 97 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

 

*****

 

 

कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी देशवासियों से प्रधानमंत्री की सात अपीलों का पालन करने का आग्रह किया है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोगों और कारोबारियों से विदेशी मुद्रा की आवश्यकता वाली वस्तुओं पर खर्च कम करने का आग्रह किया। वहीं, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में खाद्यान का पर्याप्‍त भंडार उपलब्‍ध है।

 

*****

 

केंद्र सरकार ने विकसित भारत जी रामजी अधिनियम, 2025 के कार्यान्‍वयन की अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिनियम इस वर्ष पहली जुलाई से देशभर में लागू हो जाएगा। देशभर में इसके क्रियान्‍व्‍यन के लिए वर्तमान वित्‍त वर्ष में 95 हजार 692 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

 

 

विकसित भारतजी राम जी अधिनियम, बीस साल पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम 2005 की जगह लेगा। इस नए अधिनियम का उद्देश्‍य, एक वित्तीय वर्ष में रोज़गार गारंटी को सौ दिनों से बढ़ाकर एक सौ पच्चीस दिन करना है। इसके अलावा यह अधिनियम समय पर मज़दूरी के साथसाथ पारदर्शी और जवाबदेह भुगतान पर ज़ोर देता है। यदि निर्धारित समय के भीतर किसी को काम उपलब्‍ध नहीं कराया जाता है, तो इस नए अधिनियम में बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1998 में पोखरण में तीन परमाणु परीक्षण किए गए थे। उन्‍होंने बताया कि पिछले एक दशक में देश में    स्‍टार्टअप्‍स के साथ रक्षा उत्पादन और निर्यात में कई गुणा व‍ृद्धि हुई है।

 

 

वर्ष 2014 में हमारे पास 350 से 400 स्टार्टअप थे, आज हमारे पास 2 लाख से अधिक स्टार्टअप हैं। ग्लोबल स्टार्टअप इकोसिस्टम में हम दुनिया में तीसरे स्थान पर हैं। सिर्फ़ एक दशक में हमारा रक्षा उत्पादन 174 गुना बढ़कर एक लाख 54 हजार करोड़ रुपये हो गया है। और हमारा रक्षा निर्यात भी एक दशक में 34 गुना बढ़कर 23 हज़ार 622 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

 

*****

 

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि बाघ, शेर, चीता जैसे बिग कैट्स के संरक्षण के लिए कॉरपोरेट फंडिंग बहुत जरूरी है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में   उन्‍होंने बताया कि भारत अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में पहले अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इसका उद्देश्य बाघ, शेर, चीता और हिम तेंदुआ सहित सात प्रमुख बिग कैट्स की प्रजातियों का संरक्षण करना है।

 

 

IBCA, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की एक पहल है। बिग कैट्स के संरक्षण के महत्वपूर्ण क्षेत्रोंजैसे कि उनके रहने के ठिकाने, तकनीकआधारित निगरानी, ​​सामुदायिक संरक्षण, क्षमता निर्माण और संरक्षण के प्रति जागरूकता को सहयोग देने के लिए कॉर्पोरेट जगत का साथ बेहद महत्‍वपूर्ण है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूँ कि आप इन बिग कैट्स को बचाने के लिए आगे आएँ।

 

*****

 

असम में कल हेमंता बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गुवाहाटी में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी के साथ श्री सरमा लगातार दो बार मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन जाएंगे। यह राज्य में एनडीए का लगातार तीसरा कार्यकाल होगा।

 

*****

 

पुद्दुचेरी में बुधवार को राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नेता एन. रंगासामी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रभारी डॉ मनसुख मांडविया तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई नेता शामिल होंगे।

 

*****

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने बांग्‍लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल को जमीन हस्‍तांतरित करने का निर्णय लिया है। राज्‍य में नई गठित सरकार के बाद पहली मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की पिछली सरकार ने घुसपैठ को बढ़ावा देने के लिए जमीन रोक रखी थी। राज्‍य में केंद्र सरकार की आयुष्‍मान भारत योजना सहित कई अन्‍य योजनाओं के कार्यान्‍वयन की भी घोषणा की गई।

 

*****

 

आर्थिक जगत –

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स 76 हजार 15 पर बंद हुआ। निफ्टी 23 हजार आठ सौ 16 पर बंद हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 83 पैसे की गिरावट दर्ज करते हुए, 95 रुपए 31 पैसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर दर्ज हुआ।

 

*****

 

मौसम विभाग ने गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कल लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले चार से पांच दिन तक रात में गर्मी रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में अगले दो से तीन दिन में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इस बीच, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र और सिक्किम में अगले दो दिन में वर्षा हो सकती है। दिल्ली में कल बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ वर्षा का अनुमान है।

 

*****

 

भारत ने अंतर्राष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद्- आईसीसी की एकदिवसीय टीम रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। आज जारी की गई रैंकिंग में न्‍यूजीलैंड पर भारत की बढत आठ अंक से घटकर पांच रह गई है। भारत एक अंक के नुकसान हुआ है, जो 119 से घटकर 118 अंक हो गया है।

 

*****

 

उज़्बेकिस्तान के ताशकंद में एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 मुक्‍केबाजी चैंपियनशिप में लडकियों के अंडर-17 वर्ग में आज आठ मुक्‍केबाजों फाइनल में पहुंच गये हैं। हालांकि, चार भारतीय मुक्‍केबाजों को आज सेमीफाइनल में हार के बाद कांस्‍य पदक से संतोष करना पडा।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में, डेल्‍ही कैपिटल्‍स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में जारी है। ताजा समाचार मिलने तक पंजाब किंग्स ने 15 ओवर में 2 विकेट पर 149 रन बना लिये हैं।

 

*****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, अग्नि सुरक्षा जागरुकताखतरे कम करना और आपदा रोकना विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा में गृह मंत्रालय में अग्नि सुरक्षा सलाहकार प्रशांत लोनकर और दिल्‍ली अग्नि शमन सेवा के निदेशक अ‍तुल गर्ग शामिल होंगे।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से राष्ट्रीय संसाधनों पर बोझ कम करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। पश्चिम एशिया संघर्ष को दशक के सबसे बड़े संकटों में से एक बताया।
  2. सरकार ने कहा- पेट्रोलियम उत्‍पादों की कोई कमी नहीं। कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का 60 दिन का तथा एलपीजी का 45 दिन का भंडार उपलब्‍ध।
  3. केंद्र सरकार ने पहली जुलाई से विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम के कार्यान्वयन की अधिसूचना जारी की।
  4. भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा कल असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह राज्य में एनडीए का लगातार तीसरा कार्यकाल होगा।
  5. मौसम विभाग ने गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कल लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  6. और…भारतीय पुरुष टीम वनडे क्रिकेट टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बरकरार।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.