May 10, 2026 9:53 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने तेलंगाना में लगभग 9 हजार 400 करोड़ रुपये की कई ढांचागत और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रतिकूल प्रभाव को कम करने के लिए आयातित पेट्रोलियम उत्पादों के संयमित उपयोग पर बल दिया।
  2. गृहमंत्री अमित शाह ने देश में संभावित बाढ़ और लू की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की।
  3. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। दो कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्रियों को शामिल किया।
  4. भारत और त्रिनिदाद टोबैगो के बीच पर्यटन, स्वास्थ्य और आयुर्वेद समेत आठ क्षेत्र में समझौतों पर हस्ताक्षर।
  5. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक आत्मघाती हमले में पंद्रह सुरक्षाकर्मी मारे गए।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हराया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में लगभग नौ हजार चार सौ करोड़ रुपये की लागत की कई ढांचागत और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्‍य को विनिर्माण के केन्‍द्र के रूप में स्‍थापित करना, यातायात संपर्क मजबूत करना, रोजगार सृजित करना, परिचालन तंत्र में सुधार और सुरक्षा को बढ़ावा देकर लोगों को बेहतर यात्रा सुविधा प्रदान करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों के कारण भारत पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न ऊर्जा संकट का प्रभावी ढंग से प्रबंधन कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि ईंधन का संयमित उपयोग आज समय की जरूरत है।

 

जो एनर्जी प्रॉडक्ट हम विदेशों से मंगाते हैं। हमें प्रयास करना है कि जितनी ज़रूरत है, उतना ही उपयोग करें। इससे विदेशी मुद्रा की भी बचत होगी और युद्ध के संकट से होने वाले दुष्प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा।

 

प्रधानमंत्री ने हाल के वर्षों में वैश्विक सौर ऊर्जा उत्पादकों की शीर्ष श्रेणी में भारत की उल्लेखनीय प्रगति का हवाला देते हुए कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल के मिश्रण में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

 

बीते सालों में, सोलर पावर के मामले में भारत, दुनिया के टॉप देशों में पहुंच चुका है। पेट्रोल में इथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर अभूतपूर्व काम हुआ है। पहले हमने शत-प्रतिशत एलपीजी कवरेज पर फोकस किया, अब हम पाइप से सस्ती गैस पर फोकस कर रहे हैं, सीएनजी आधारित व्यवस्था को प्रमोट कर रहे हैं। ऐसे तमाम प्रयासों के कारण भारत, इस बहुत बड़े वैश्विक ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने आज जिन परियोजनाओं का उदघाटन किया उनमें वारंगल स्थित पीएम मित्र पार्क भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने गुडेबेल्‍लूर और महबूबनगर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग – 167 के चार लेन के निर्माण और संगारेड्डी जिले में जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र के विकास की आधारशिला भी रखी। बाद में, प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में सिंधु अस्पताल का उद्घाटन किया।

*****

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि बीआरएस और कांग्रेस दोनों से निराश होकर तेलंगाना के लोग बदलाव की मांग कर रहे हैं। उन्‍होंने आज शाम हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केवल भाजपा की डबल इंजन सरकार ही जनता की आकांक्षाओं को पूरा करके विकास सुनिश्चित कर सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में मजबूत जनादेश के साथ सरकार बनाई है और विश्वास व्‍यक्‍त किया कि तेलंगाना में भी ऐसा ही समर्थन मिल रहा है।

 

पहली बार बंगाल में प्रचण्‍ड बहुमत से बीजेपी सरकार बनी है और मैं देख रहा हूं कि बीजेपी की जो यह ऐतिहासिक विजय है उसका उत्‍साह यहां तेलंगाना में भी दिख रहा है। आज देश के कौन-कौन में बीजेपी पर जनता का आर्शीवाद निरंतर बढ़ रहा है।

*****

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में, आर्ट ऑफ लिविंग के 45वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्‍सा लिया। उन्‍होंने कहा कि बेंगलुरु ने आध्‍यात्मिक ऊर्जा को नई ऊंचाई दी है।

 

ये शहर, सॉफ्टवेयर और सर्विसिज़ के लिए द‍ुनियाभर में जाना जाता है, लेकिन भारत की सांस्‍कृतिक पहचान, स्पिरिचुअलिटी आध्‍यात्मिक चेतना को भी इस शहर ने नई ऊंचाई दी है। ध्‍यान, प्राणायाम भारत के संस्‍कारों का अभिन्‍न हिस्‍सा रहे हैं। आज दुनियाभर के लोग भारत के इन आध्‍यात्मिक संस्‍कारों से प्रभाावित हैं।

*****

गुजरात के प्रभास पाटन स्थित सोमनाथ मंदिर अपने पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर “सोमनाथ अमृत पर्व” मना रहा है। सोमनाथ मंदिर चिरस्थायी गौरव और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी कल प्रभास पाटन में आयोजित समारोह में भाग लेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल प्रथम ज्‍योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सोमनाथ अमृत पर्व 2026 के समारोह में उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रभास पाटन में कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं, दूसरी ओर आज प्रभास पाटन में धर्म, भक्ति और देशभक्ति और सैन्य शक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। भारतीय वायु सेना द्वारा एयर-शो का रिहर्सल किया गया, जिसमें पायलटों ने अपने साहसिक करतबों से लोगों का दिल जीत लिया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रिहर्सल भी विशेष बंगाली प्रस्तुति तथा गुजरात की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। इसके अलावा, मुख्य मार्गों पर स्थित हमीरजी गोहिल की प्रतिमा को भी विशेष पुष्प सज्‍जा से अलंकृत किया गया है। दूसरी ओर, श्रद्धालुओं और पर्यटकों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। मयूर सोलंकी, आकाशवाणी समाचार, सोमनाथ।

*****

गृहमंत्री अमित शाह ने देश में संभावित बाढ़ और लू से निपटने के लिए तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। नई दिल्ली में आज एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य स्तर पर बाढ़ के पूर्वानुमान के लिए एक एकीकृत प्रणाली होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में स्थित अधिक जोखिम वाली 30 झीलों के लिए विकसित की जाने वाली पूर्व चेतावनी प्रणाली में कम से कम 60 झीलों को शामिल किया जाना चाहिए। श्री शाह ने कहा कि लू के कारण कृषि को होने वाले नुकसान को कम करने के प्रयास किए जाने चाहिए। गृहमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के बदलते स्वरूप और उनसे उत्पन्न होने वाली आपदा संबंधी बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की जानी चाहिए।

*****

उत्‍तर प्रदेश में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्‍तार किया। भारतीय जनता पार्टी के छह नेताओं ने मंत्री के रूप में शपथ ली। इसके अलावा दो राज्‍य मंत्रियों का दर्जा बढ़ाकर उन्‍हें स्‍वतंत्र प्रभार का कार्य दे दिया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्‍यपाल आनंदी बेन पटेल ने लखनऊ के जन भवन में आयोजित कार्यक्रम में इन मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

राज्य में बहुप्रतीक्षित दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार में आज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह और समाजवादी पार्टी से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए मनोज पाण्डेय को कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया है, वहीं फतेहपुर जिले की खागा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहीं कृष्णा पासवान, कन्नौज की तिर्वा सीट से भाजपा विधायक कैलाश सिंह राजपूत, अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट से विधायक सुरेन्द्र दिलेर और विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा को राज्यमंत्री बनाया गया है। योगी आदित्‍यनाथ सरकार में राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर का दर्जा बढ़ाया गया है। इन दोनों राज्य मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। सुशील चन्‍द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।

*****

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने आज चेन्नई में राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बीच, श्री विजय ने त्रिची पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से इस्तीफा दे दिया। उन्‍होंने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पेरम्बूर और तिरुची पूर्व दोनों सीटें जीती थीं। उधर, कल से शुरू होने वाले राज्य विधानसभा सत्र के मद्देनजर, डीएमके विधायक दल के सदस्यों ने पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में बैठक की।

*****

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉक्टर हिमंत बिस्वा सरमा को भाजपा और एनडीए–दोनों के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। आज सुबह गुवाहाटी में आठ भाजपा विधायकों ने डॉक्टर हिमंत बिस्वा सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा था।

*****

भारत तथा त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच पर्यटन, स्वास्थ्य, अवसंरचना और आयुर्वेद सहित विभिन्न क्षेत्रों में आठ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। विदेश मंत्री एस० जयशंकर की त्रिनिदाद और टोबैगो की दो दिन की यात्रा के दौरान इन समझौतों पर हस्‍ताक्षर हुए। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि दोनों पक्षों के बीच त्रिनिदाद और टोबैगों के विदेश मंत्रालय और कैरीकॉम भवन में सौर ऊर्जा संयंत्रों के उपयोग, वेक्टर नियंत्रण, नेल्सन द्वीप के अवसंरचना उन्नयन और वेस्ट इंडीज विश्वविद्यालय में आयुर्वेद विभाग स्थापित करने के समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। डॉ. जयशंकर की कल कैरेबियाई देशों की दो दिवसीय यात्रा संपन्‍न हुई।

*****

पाकिस्‍तान के खैबर पख्तून-ख्वा क्षेत्र में पुलिस चौकी पर आत्‍मघाती हमले में सुरक्षा बल के 15 जवान मारे गए और अनेक घायल हुए। पुलिस के अनुसार यह हमला कल उस समय हुआ जब बिस्‍फोटक सामग्री से भरी एक गाडी पुलिस चौकी में घुसने की कोशिश कर रही थी। विस्‍फोट के बाद पुलिस चौकी पर बंदूकधारियों ने हमला कर दिया और गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में पुलिस चौकी पूरी तरह नष्‍ट हो गई और सुरक्षा बल के अनेक जवानों के मलबे में दबे होने की खबर भी है।

*****

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में संविधान और न्यायपालिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री शाह ने आज शाम नई दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की दो पुस्तकों के विमोचन के अवसर पर कहा कि आम आदमी का विश्वास, समाज का संचालन और राष्ट्र का चरित्र एक मजबूत न्याय व्यवस्था में झलकता है। उन्होंने कहा कि भारत ने एक समाज के रूप में अपनी संस्थाओं में जनता का विश्वास सफलतापूर्वक बनाए रखा है।

 

हमारी मल्‍टी पार्टी डेमोक्रेटिक पार्लियामेंट्री सिस्‍टम को हमने निश्‍चित रूप से मजबूत किया है और 1947 से लेकर आज तक इस देश में पार्लियामेंट के माध्‍यम से और विधानसभाओं के माध्‍यम से जीतने भी परिवर्तन हुए, खून का एक कतरा बहाए बगेर इसको स्‍वीकार कर लिया गया और बहुत अच्‍छे तरीके से हमने परिर्वतन किए हैं। यहीं बताता है कि हमारी लोकतंत्र की जड़े बहुत गहरी हैं, इसमें हमारी संविधान, हमारी न्‍यायपालिका का बहुत बड़ा योगदान है।

*****

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज मातृ दिवस के अवसर पर मुंबई में मातृ पोषण किट वितरित किए। इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि विशेष रूप से तैयार किए गए ये किट गर्भावस्था के अंतिम चरण में महिलाओं की पोषण संबंधी जरूरतों और नवजात शिशुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य राष्ट्र के भविष्य से सीधा जुड़ा है। श्री गोयल ने यह भी कहा कि इस पहल का विस्तार उत्तर मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा।

*****

और खेलों में, आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हरा दिया। लखनऊ के 204 रन के लक्ष्‍य को चेन्‍नई ने अंतिम ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। चेन्‍नई के उर्विल पटेल को 23 गेंद में 65 रन की शानदार पारी के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक मुंबई ने 16वें ओवर में पांच विकेट पर 132 रन बना लिए हैं।

*****

कजाखस्तान के अल्माटी में आईएसएसएफ निशानेबाजी शॉटगन विश्व कप में नीरू ढांडा और विवान कपूर ने ट्रैप मिक्‍स्‍ड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इस जोडी ने फाइनल में पहले 30 में से 24 निशाने लगाए। चीनी ताइपे पहले और इटली की टीम दूसरे स्‍थान पर रही।

*****

वहीं, शंघाई में तीरंदाजी विश्‍व कप के दूसरे चरण में आज रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मेजबान चीन को पांच-चार से हराकर स्‍वर्ण पदक जीत लिया है। 

*****

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग कल रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, अग्नि सुरक्षा जागरूकता- खतरों को कम करना और आपदा रोकना विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा में गृह मंत्रालय में अग्नि सुरक्षा सलाहकार प्रशांत लोनकर और दिल्‍ली अग्नि शमन सेवा के निदेशक अ‍तुल गर्ग भाग लेंगे।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने तेलंगाना में लगभग 9 हजार 400 करोड़ रुपये की कई ढांचागत और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रतिकूल प्रभाव को कम करने के लिए आयातित पेट्रोलियम उत्पादों के संयमित उपयोग पर बल दिया।

  2. गृह मंत्री अमित शाह ने देश में संभावित बाढ़ और लू की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की।

  3. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। दो कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्रियों को शामिल किया।

  4. भारत और त्रिनिदाद टोबैगो के बीच पर्यटन, स्वास्थ्य और आयुर्वेद समेत आठ क्षेत्र में समझौतों पर हस्ताक्षर।

  5. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक आत्मघाती हमले में पंद्रह सुरक्षाकर्मी मारे गए।

  6. आईपीएल क्रिकेट में, चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हराया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.