May 9, 2026 9:50 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. शुभेन्‍दु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली; पांच विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

  2. तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय ने कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और वाम दलों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया। कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

  3. भारत ने एमआईआरवी प्रणाली से लैस अग्नि मिसाइल के उन्‍नत संस्‍करण का सफल परीक्षण किया।

  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

  5. प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया।

  6. साहिल जाधव ने तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

*****

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में पहली बार भाजपा सरकार का गठन हुआ। राज्यपाल आर.एन. रवि ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में श्री अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के साथ पांच मंत्रिमंडल मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निसीथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडू शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के अन्य नेता उपस्थित थे। व्‍यौरा हमारे संवाददाता से…….

 

मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद ही शुभेंदु अधिकारी प्रशासनिक काम में जुट गए। ब्रिगेड में शपथ ग्रहण समारोह के बाद वो जोरा साको ठाकुरबारी गए और गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मैदान में पीडब्‍ल्‍यूडी के टेंट में राज्‍य पुलिस और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। बाद में शाम को भवानीपुर में श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी के निवास पर जाकर राज्‍य के पहले  बीजेपी मुख्‍यमंत्री ने उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे मंत्रिमंडल का गठन अभी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन इसके बावजूद मुख्‍यमंत्री ने अगले सोमवार नवन्‍ना में प्रशा‍सनिक काम की समीक्षा के लिए उच्‍चस्‍तरीय बैठक बुलाई है। कलकत्‍ता से आकाशवाणी के लिए अभिनव भट्टाचार्यजी।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने पर शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि श्री अधिकारी ने जनता से गहराई से जुड़े रहने और उनकी आकांक्षाओं को करीब से समझने वाले नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री ने श्री अधिकारी को आगामी कार्यकाल की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने पांचों मंत्रियों को भी शपथ लेने पर बधाई दी। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री के रूप में ये सभी पश्चिम बंगाल के विकास पथ को और मजबूत करेंगे।

*****

तमिलनाडु में, तमिलग् वेत्री कड़गमटी.वी.के. प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने आज लोकभवन में राज्‍यपाल राजेन्‍द्र विश्‍वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और 120 विधायकों के समर्थन के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया। हमारी संवाददाता ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि श्री विजय कल सवेरे तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री पद की शप‍थ लेंगे। एक रिपोर्ट….

 

हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में टीवीके 108 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में पार्टी को नई सरकार के गठन के लिए 118 सीट की आवश्‍यकता है। चेन्नई में आज संवाददाताओं से बातचीत में टी.वी.के. नेता अधव अर्जुन ने बताया कि वी.सी.के. और आई.यू.एम.एल. दोनों ने सरकार गठन के लिए उसे बिना शर्त समर्थन दिया है। दो विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल करने वाले विजय को एक सीट खाली करनी होगी, जिससे टीवीके की संख्या घटकर 107 रह जाएगी। हालांकि, टी.वी.के. पार्टी को कांग्रेस, भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी, मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी, वी.सी.के. और आई.यू.एम.एल. से कुल 13 विधायकों का समर्थन मिल चुका है। इनमें कांग्रेस के पांच और अन्‍य सहयोगी पार्टियों के दोदो विधायक हैं। चेन्‍नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ  समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

*****

केरलम में भी नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। यूडीएफ की प्रमुख पार्टी कांग्रेस कल तक नेता की घोषणा कर सकती है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विधायक दल के नेता के बारे में राज्‍य में पार्टी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रीय नेतृत्व निर्णय लेगा।

*****

वहीं, असम में भाजपा के नेतृत्‍व में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को होगा। पार्टी विधायक दल की बैठक कल होगी।

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। वे बेंगलुरू में आर्ट ऑफ लिविंग की 45वीं वर्षगांठ और इसके संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी, आर्ट ऑफ लिविंग परिसर में नए ध्यान मंदिर और ध्यान कक्ष का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री आर्ट ऑफ लिविंग कार्यक्रम के लिए रवाना होने से पहले सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री हैदराबाद में लगभग 9 हजार चार सौ करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और लोकार्पण करेंगे। श्री मोदी हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के चार लेन के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। इसकी कुल लागत 3 हजार एक सौ 75 करोड़ रुपये से अधिक है। प्रधानमंत्री वारंगल में पीएम मित्रा पार्क का भी उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी हैदराबाद में अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का भी लोकर्पण करेंगे। प्रधानमंत्री सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में एक जनसभा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।

*****

इसके बाद, प्रधानमंत्री कल ही दो दिन के गुजरात दौरे पर जाएंगे। दौरे के दूसरे दिन श्री मोदी सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। व्‍यौरा हमारी संवाददाता से..

 

सोमनाथ महादेव मंदिर में आज आस्था और भक्तिमय वातावरण छाया हुआ है। मंदिर में आज से ही तीन दिवसीय होमात्मक महारुद्र यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लगभग सवा लाख आहुतियां अर्पित की जा रही हैं। यह महायज्ञ वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति और मानव कल्याण के लिए आयोजित किया जा रहा है। अमृतपर्व का मुख्य आकर्षण 11 मई को होगा, जब मंदिर के शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया जाएगा। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए देश के कोनेकोने से श्रद्धालुओं का सैलाब सोमनाथ उमड़ पड़ा है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने आज सोमनाथ में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की और सोमनाथ अमृत पर्व की आयोजन की समीक्षा की। अपर्णा खूंट आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*****

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-पी.एम.जी.एस.वाई. की 25वीं वर्षगांठ पर कल मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरुंदा में रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्‍यक्षता केन्‍द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इस दौरान पीएमजीएसवाई के चौथे चरण का भी शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में श्री चौहान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को राज्‍य में 973 सड़कों के लिए वित्तीय आवंटन और स्‍वीकृति पत्र सौंपेंगे। समारोह में श्री चौहान वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 18 हजार 907 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा भी करेंगे।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए सरकार द्वारा 11 वर्ष पहले शुरू की गई प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी प्रमुख सामाजिक सुरक्षा और पेंशन योजनाओं से हुए लाभों का उल्‍लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं देश के लोगों के लिए गरिमा, आश्वासन और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

*****

भारत ने कल ओडिसा के डॉक्‍टर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वीप से मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेड री-एंट्री व्हीकल-एम.आई.आर.वी. प्रणाली से लैस उन्नत अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया। एम.आई.आर.वी. ऐसी तकनीक है जिससे एक ही मिसाइल कई लक्ष्यों को निशाना बना सकती है। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस मिसाइल का परीक्षण कई पेलोड के साथ किया गया, जिसका निशाना हिंद महासागर के भौगोलिक क्षेत्र में फैले विभिन्न लक्ष्यों पर था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अग्नि मिसाइल के सफल परीक्षण के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डी.आर.डी.ओ, सेना और उद्योग जगत की सराहना की है।

*****

प्रवर्तन निदेशालय-ईडी ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े एक कथित धन शोधन मामले में पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया है। इससे पहले, ईडी ने इस मामले में दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में पांच स्थानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई धन शोधन रोकथाम अधिनियम -पी.एम.एल.ए 2002 की आपराधिक धाराओं के अंतर्गत की गई है।

*****

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने रिलायंस अनिल धीरूभाई अम्‍बानी समूह की कंपनियों के खिलाफ दर्ज तीन मामलों के सिलसिले में मुंबई के 17 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। सीबीआई ने बताया कि ये तलाशी अभियान कंपनियों के निदेशकों के आवासीय परिसरों के साथ-साथ उन मध्यस्थ कंपनियों के कार्यालयों में भी चलाए जा रहे हैं, जिनके खातों का इस्तेमाल बैंक निधि के गबन के लिए किया गया था।

*****

सरकार ने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के विजेताओं की घोषणा कर दी है। देशभर से चुनी गई 42 पंचायतों को ये पुरस्कार दिए जाएंगे। पंचायती राज मंत्रालय ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह 3 जून को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। मंत्रालय के अनुसार, कर्नाटक ने सबसे अधिक पुरस्कार प्राप्त किए हैं, जहां छह पंचायतों को चुना गया है। इसके बाद आंध्र प्रदेश और ओडिशा का स्थान रहा, जहां प्रत्येक को पांच-पांच पुरस्कार मिले हैं।

*****

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण-एपीईडीए ने आज असम के बक्सा जिले से अमरीका को 20 मीट्रिक टन शहद की पहली खेप का निर्यात किया। एपीईडीए के प्रसंस्करण संयंत्र में परीक्षण और प्रयोगशाला उपकरण उपलब्ध कराने सहित बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग से यह निर्यात संभव हुआ।

*****

अमरीका ने कहा कि वह पश्चिम एशिया में चल रहे क्षेत्रीय संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से एक प्रस्तावित 14-सूत्रीय रूपरेखा पर ईरान की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है। एक रिपोर्ट……..

 

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प ने संकेत दिया कि तेहरान की प्रतिक्रिया वार्ता के अगले चरण को निर्धारित कर सकती है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने हालिया अमरीकी सैन्य कार्रवाइयों की आलोचना करते हुए अमरीका पर तनाव बढ़ाकर कूटनीतिक प्रयासों को कमजोर करने का आरोप लगाया। ये ताजा घटनाक्रम होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास की घटनाओं के बाद सामने आए हैं, जिनमें ईरानी और अमरीका सेनाओं के बीच नौसैनिक मुठभेड़ की खबरें शामिल हैं। अमरीका के अधिकारियों ने ईरान के ड्रोन कार्यक्रम से जुड़े नेटवर्क को निशाना बनाते हुए नए प्रतिबंधों की भी पुष्टि की है। हालांकि तनाव के बावजूद, न तो अमरीका और न ही ईरान ने औपचारिक रूप से युद्धविराम के टूटने की घोषणा की है। इस बीच, इस्राएल ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए अपने अभियान तेज कर दिए हैं। समाचार कक्ष से विशेष शुक्‍ला।

*****

चीन के शंघाई में तीरंदाजी विश्‍व कप के दूसरे चरण में साहिल जाधव ने पुरुषों की व्यक्तिगत कंपाउंड स्‍पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है। साहिल ने कांस्‍य पदक के लिए मुकाबले में डेनमार्क के मार्टिन डैम्सबो को हराया। भारतीय महिला रिकर्व टीम कल स्वर्ण पदक के लिए चीन का सामना करेंगी। जबकि सिमरनजीत कौर अपना सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगी।

*****

आईपीएल क्रिकेट में जयपुर में राजस्‍थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात ने 17वें ओवर में 3 विकेट पर 186 रन बना लिये हैं। राजस्‍थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। राजस्‍थान अंक तालिका में चौथे जबकि गुजरात पांचवें स्‍थान पर है।

*****

मौसम विभाग ने गुजरात और पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है। बिहार में आज  तेज हवाएं चलने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो से तीन दिन के दौरान केरल, लक्षद्वीप, दक्षिण कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्‍कल में तेज बारिश का अनुमान है। ओडिशा, रायलसीमा, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कल तक बादल गरजले और बिजली चमकने की संभावना है। इस बीच, कोंकण और गोवा के कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. शुभेन्‍दु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली; पांच विधायकों ने  भी मंत्री पद की शपथ ली।

  2. तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय ने कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और वाम दलों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया। कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

  3. भारत ने एमआईआरवी प्रणाली से लैस अग्नि मिसाइल के उन्‍नत संस्‍करण का सफल परीक्षण किया।

  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

  5. प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया।

  6. साहिल जाधव ने तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.