मुख्य समाचार :-
- पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कल सुबह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेंगे।
- तमिलनाडु में टी.वी.के प्रमुख सी. जोसेफ विजय को कांग्रेस, आई.यू.एम.एल, वीसीके और वामपंथी दलों का समर्थन मिला। कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- सर्वोच्च न्यायालय ने पंजाब में बढ़ते मादक पदार्थों के खतरे पर चिंता व्यक्त की। राज्य की नीति में मूलभूत बदलाव लाने और प्रमुख तस्करों को गिरफ्तार करने को कहा।
- भारत और सिंगापुर आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए सूचना साझा करने में तेजी लाने पर सहमत।
- चीन में तीरंदाजी विश्वकप के दूसरे चरण में सिमरनजीत कौर रिकर्व स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचीं।
*****
पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कल सुबह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेंगे। कोलकाता में आज उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। श्री अधिकारी राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनेंगे। गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में पार्टी विधायक दल की बैठक में श्री अधिकारी को नेता चुना गया। श्री शाह ने बताया कि बैठक में श्री अधिकारी को निर्विरोध चुना गया।
लगभग आठ प्रस्ताव और समर्थन प्राप्त हुए हैं और सभी प्रस्ताव और समर्थन एक ही नाम के मिले हैं। उसके बाद दूसरे नाम के लिए भी सबको समय दिया गया, पर्याप्त समय दिया गया, मगर कोई दूसरा नाम नहीं आया है। इसलिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मैं, श्री शुभेंदु अधिकारी जी को पश्चिम बंगाल विधान मंडल दल के नेता के रूप में निर्वाचित घोषित करता हूं।
श्री शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत ऐतिहासिक है।
सौ साल की वैचारिक यात्रा के बाद गंगौत्री से गंगासागर तक हर जगह पर आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। ये हम सबके लिए बहुत आनंद की बात है। 1950 से जिस विचार की यात्रा को लेकर हम निकले और जिसके नेतृत्व में निकले श्यामा प्रसाद मुखर्जी उनकी ही जन्मभूमि में आज 2026 में श्यामा प्रसादजी की ही पार्टी की सरकार बन रही है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदर्शों पर राज्य का विकास करेगी।
संकेत मिल गया था कि भवानीपुर में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनाव में शिकस्त देने वाले शुभेंदु अधिकारी बंगाल की अगले मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे बड़े उम्मीदवार है। आखिरकार वही…. सच साबित हुए। परिषदीय दल के नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी बीजेपी के शीर्ष व्यक्तियों को साथ लेकर लोक भवन गए। उनके साथ दिलीप घोष, उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी सहित दल के कई केंद्रिय और राज्य नेता मौजूद थे। वहां राज्यपाल आर.एन. रवि के पास शुभेंदु ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। संवैधानिक परंपरा का पालन करते हुए बहुमत का दावा पेश किया गया और इसके साथी कल ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राज्यपाल को औपचारिक निमंत्रण भी दिया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच दिन-रात एक कर के वहां तैयारी का काम चल रहा है। आकाशवाणी के लिए कोलकाता से अभिनव भट्टार्चाजी।
*****
तमिलनाडु में टी.वी.के प्रमुख सी. जोसेफ विजय को कांग्रेस, आई.यू.एम.एल, वीसीके और वामपंथी दलों का समर्थन मिल गया है। वे कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 51 वर्षीय जोसेफ विजय ने आज तीसरी बार राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर से भेंट कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
दो दिनों तक चली बैठकों के बाद, तमिलग् वैत्री कडगम-टी वी के पार्टी को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, विदुथलाई चिरुथिगल काची- वीसीके और आयूएमएल की ओर से समर्थन पत्र प्राप्त हो गए हैं। पार्टी ने सरकार बनाने के लिए आवश्यक 118 विधायकों का समर्थन हासिल कर लिया है, जिससे उसे स्पष्ट बहुमत मिल गया है। अपने पसंदीदा नेता की देखने के लिए बड़ी संख्या में TVK समर्थक सड़कों पर उमड़ पड़े। अभिनेता से राजनेता बने सी जोसेफ विजय अब राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उनका शपथ ग्रहण समारोह जल्द ही चेन्नई में आयोजित होने की संभावना है। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*****
केरलम में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। यूडीएफ की प्रमुख पार्टी कांग्रेस रविवार तक नेता की घोषणा कर सकती है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विधायक दल के नेता के बारे में निर्णय राज्य में पार्टी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रीय नेतृत्व लेगा।
वहीं, असम में भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार लगातार तीसरी बार मंगलवार को शपथ लेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। पार्टी विधायक दल की बैठक रविवार को होगी।
*****
निर्वाचन आयोग ने हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के लिए सूचकांक कार्ड और सांख्यिकी रिपोर्ट ईसीआई नेट ऐप पर जारी की है। सूचकांक कार्ड में उम्मीदवारों, मतदाताओं, डाले गए वोटों, गिने गए वोटों, पार्टी-वार और उम्मीदवार-वार वोटो सहित विभिन्न डेटा दिए गए। इसे चुनाव नतीजों की घोषणा के 72 घंटे के रिकॉर्ड समय में उपलब्ध कराया गया।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने पंजाब में बढ़ते मादक पदार्थों के खतरे पर चिंता व्यक्त की। राज्य की नीति में मूलभूत बदलाव लाने और प्रमुख तस्करों को गिरफ्तार करने को कहा है। न्यायालय ने कहा कि इससे होने वाली मानवीय क्षति चिंताजनक है। न्यायालय की पीठ ने हाल ही में मादक पदार्थों की लत के कारण एक महिला के पांचों बेटों को खोने की घटना का संज्ञान लिया।
पीठ ने कहा कि मादक पदार्थों के खतरे से निपटने के लिए केंद्र सरकार का हस्तक्षेप आवश्यक हो गया है। मुख्य न्यायाधीश ने राज्य और केंद्र की एजेंसियों से मादक पदार्थों के खतरे को जड़ से खत्म करने को कहा है।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए द्वारा जांच किए जा रहे 10 से 15 लंबित मामलों की सुनवाई के लिए कम से कम एक विशेष अदालत गठित की जाए। न्यायालय ने कहा कि विशेष न्यायालयों का गठन एक महीने के भीतर किया जाना चाहिए। मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए शीर्ष न्यायालय ने निर्देश दिया कि कोई अन्य मामले विशेष न्यायालयों को नहीं सौंपे जाएंगे और सुनवाई प्रतिदिन के आधार पर की जाएगी।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश का सशक्तिकरण और सुरक्षा केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज, पर्यावरण और नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ी है। नई दिल्ली में तिरंगा पर्वतीय बचाव दल के 10 वर्ष होने पर एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने दल के कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख किया।
तिरंगा माउंटेन रेस्क्यू के लोग वह है जिनकी उपस्थिति हमारे सेनाओं को संबल प्रदान करती हैं। आपने सैनिकों के मनोबल को बढ़ाया है, आपने हिमालयी क्षेत्र में रहने वाले समुदायों को यह एहसास कराया है कि वह अकेले नहीं है। ये हमारे जैसे संस्थाओं का कार्य केवल रेस्क्यू तक सीमित नहीं है। आप इनडायरेक्टली बॉर्डर स्टेबिलिटी, कम्युनिटी कॉन्फिडेंस और नेशनल रेजिलियंस को भी मजबूत कर रहा है।
*****
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन डीआरडीओ तथा वायु सेना ने ओडिशा तट पर सामरिक उन्नत रेंज संवर्धन – तारा हथियार का पहला सफल परीक्षण किया है। यह अत्याधुनिक कम लागत वाली प्रणालियों का उपयोग करने वाला पहला ग्लाइड हथियार है।
यह भारत की पहली स्वदेशी ग्लाइड हथियार प्रणाली है, जो किसी भी सामान्य हथियार को घातक और सही दिशा में सटीक मार करने वाले हथियार में बदलने में सक्षम है। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर इस एडवांस रेंज वैपन सिस्टम तारा का सफल परीक्षण किया गया। हैदराबाद स्थित डीआरडीओ की रिसर्च सेंटर इमारत ने डीआरडीओ के अन्य प्रयोगशालाओं के साथ मिलकर इसे डिजाइन और विकसित किया है। तारा प्रणाली में लेकिन कम लागत वाली तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है भारत की उपलब्धि स्वदेशी रक्षा निर्माण क्षमता और अत्यधिक सैनिक तकनीक विकसित करने की दिशा में बढ़ती ताकत को दर्शाती है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि को भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण पडाव बताया।
*****
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में भूमि संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तीसरे चरण की समीक्षा करते हुए श्री चौहान ने कहा कि आधुनिकीकरण के प्रयासों से भूमि संबंधी सेवाओं को पारदर्शी, कुशल और परेशानी मुक्त बनाया जाएगा। इससे नागरिकों और राजस्व अधिकारियों की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
*****
नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया है कि पिछले वर्ष अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट एक महीने में जारी होने की संभावना है। गुजरात में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से जांच कर रहा है।
1 साल पूरा होने वाला है और वह इन्वेस्टिगेशन अभी बहुत ही सक्षम से चालू है। जब भी यह इन्वेस्टिगेशन होता है और खास करके इंटरनेशनल वाला फ्लाइट का, इसको कोई भी क्वेश्चन कर सकता है। जो रिपोर्ट आता है, इट विल अप फॉर स्क्रुटनी कोई भी देश कर सकता है, कोई भी इन्सटीट्यूशन इस देश का कर सकता है तो हमें बहुत ही सीरियस टेस्ट के साथ, फेयरनेस के साथ, ट्रांसपेरेंट नेचर के साथ हमें इन्वेस्टिगेशन करना है।
*****
सरकार ने कहा है कि देश भर में घरेलू एलपीजी की सुचारू आपूर्ति जारी है और किसी भी वितरक पर आपूर्ति में कमी की कोई रिपोर्ट नहीं है। नई दिल्ली में अंतरमंत्रालयी प्रेस वार्ता में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी का सामना न करना पड़े और कीमतें स्थिर बनी रहें।
पिछले दो दिन में भी तो हमने लगभग 97 लाख घरों को एलपीजी सिलेंडर पहुंचाए और इसके अगेंस्ट जो बुकिंग थी लगभग 87 लाख 66 हजार थी। जो हमारी कमर्शियल सप्लाई है, अभी भी वह 70 परसेंट पर है, लेकिन पिछले दो दिन में 15 हजार 4 सौ टन से अधिक कमर्शियल एलपीजी की सेल हुई है। पिछले दो दिन में एक लाख 11 हजार से अधिक 5 किलो के सिलेंडर की सेल हुई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कल संयुक्त अरब अमीरात का आधिकारिक दौरा किया।
*****
भारत और सिंगापुर ने रणनीतिक साझेदार के रूप में आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए द्विपक्षीय सहयोग के महत्व पर बल दिया। आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय अपराध से निपटने के लिए गठित संयुक्त कार्य समूह की पांचवीं बैठक कल नई दिल्ली में सम्पन्न हुई। संयुक्त कार्य समूह ने सीमा पार आतंकवाद सहित आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा करते हुए उसे कतई बर्दाश्त न करने की नीति दोहराई।
*****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के संबंध इतिहास, मानवीय संपर्क और साझा आकांक्षाओं का अनूठा संगम है। त्रिनिदाद -टोबैगो के अखबार में एक लेख में विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और पिछले पांच वर्षों में यह लगभग दोगुना होकर अब 35 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया है।
*****
सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को आयोजित इस पर्व में शामिल होंगे।
वर्षा इस आयोजन के प्रमुख्य आकर्षण रहेंगे। आध्यात्मिक अनुष्ठानों के पश्चात, प्रधानमंत्री प्रभास पाटन के सद्भावना मैदान में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बार-बार हुए विनाशकारी हमलों के बावजूद, सोमनाथ मंदिर आज भी स्वाभिमान और साहस के प्रतीक के रूप में अडिग खड़ा है। गौरतलब है कि 75 वर्ष पहले, 11 मई को ही भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने इस पुनर्निर्मित मंदिर का उद्घाटन किया था। अपर्णा खूंट आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
*****
गृह मंत्री अमित शाह रविवार को बाढ़ और लू से निपटने की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता नई दिल्ली में करेंगे। बैठक में बाढ़ के पूर्वानुमान और प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ आपदाओं, विशेष रूप से बाढ़ और लू की चुनौतियों से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।
*****
राष्ट्रीय महिला आयोग ने जघन्य दुष्कर्म के मामलों में त्वरित सुनवाई, कड़ी निगरानी और पेरोल पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। आयोग ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ जघन्य अपराधों में शामिल दोषियों के लिए वर्तमान पेरोल व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि आयोग शीघ्र ही केंद्र सरकार को सिफारिशें सौंपेगा।
इनमें दुष्कर्म, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में दोषी व्यक्तियों के लिए पेरोल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की जाएगी।
*****
देश के प्रमुख शेयर सूचकांकों में एक प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई। सेंसेक्स 77 हजार 328 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 24 हजार 176 पर आ गया। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया एक डॉलर की तुलना में 24 पैसे कमज़ोर होकर 94 रुपये और 48 पैसे के स्तर पर बंद हुआ।
*****
चीन के शंघाई में तीरंदाजी विश्वकप के दूसरे चरण में रिकर्व तीरंदाज सिमरनजीत कौर और कंपाउंड तीरंदाज साहिल जाधव व्यक्तिगत स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। सिमरन ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की फोंग यू झू को और साहिल ने शूट-ऑफ में ऑस्ट्रिया के निको वीनर को हराया।
*****
भारत की महिला फुटबॉल टीम, एएफसी अंडर-17 एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है।
*****
उधर, दिल्ली में, आईपीएल क्रिकेट में डेल्ही कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचा मिलने तक डेल्ही कैपिटल्स ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 126 रन बना लिये हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कल सुबह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेंगे।
- तमिलनाडु में टी.वी.के प्रमुख सी. जोसेफ विजय को कांग्रेस, आई.यू.एम.एल, वी.सी.के और वामपंथी दलों का समर्थन मिला। कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- सर्वोच्च न्यायालय ने पंजाब में बढ़ते मादक पदार्थों के खतरे पर चिंता व्यक्त की। राज्य की नीति में मूलभूत बदलाव लाने और प्रमुख तस्करों को गिरफ्तार करने को कहा।
- भारत और सिंगापुर आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए सूचना साझा करने में तेजी लाने पर सहमत।
- चीन में तीरंदाजी विश्वकप के दूसरे चरण में सिमरनजीत कौर रिकर्व स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचीं।
*****