May 7, 2026 9:41 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • राष्ट्र ने ऑपरेशन सिंदूर का पहला वर्ष पूरा होने पर सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदान को नमन किया। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस ऑपरेशन को आतंकवाद के खिलाफ भारत के अटूट संकल्प का निर्णायक प्रमाण बताया।
  • पश्चिम बंगाल के राज्‍यपाल ने विधानसभा भंग की। तमिलनाडु और केरलम में सरकार गठन के लिए बैठकों का सिलसिला जारी।
  • रेलवे 40 वर्ष पुरानी प्रणाली के स्‍थान पर अगस्त से उन्‍नत यात्री आरक्षण प्रणाली लागू करेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को उन्नयन को सुचारू बनाने के निर्देश दिए।
  • वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने कहा – उनका देश और भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है।
  • और, तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में, भारतीय महिला रिकर्व टीम दक्षिण कोरिया को हराकर फाइनल में पहुंची।

—-

 

राष्‍ट्र ने ऑपरेशन सिंदूर का पहला वर्ष पूरा होने पर आज सशस्त्र बलों के साहस, प्रतिबद्धता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। पिछले वर्ष इसी दिन, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन के अंतर्गत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्‍मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले कर 100 आतंकवादियों को मार गिराया था। यह पिछले वर्ष 22 अप्रैल को पाकिस्तान प्रायोजित पहलगाम आतंकवादी हमले का भारत की ओर से मुंहतोड़ जवाब था।

इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा के खतरों के खिलाफ देश के अडिग रुख की ऐतिहासिक अभिव्यक्ति बताया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन किया है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दोषियों को कड़ी सजा देने का संकल्‍प लिया था।

 

 

 

इंडिया विल आईडेंटिफाई ट्रैक एंड पनिश एवरी टेरर एंड देयर पैकअप। भारत माता की जय, भारत माता की जय। टेरर और टॉक एक साथ नहीं हो सकता। टेरर और ट्रेड एक साथ नहीं चल सकते और पानी और खून भी एक साथ नहीं बह सकता।

 

—-

इस बीच, नई दिल्ली में आज विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए काम करता रहेगा।

 

 

पूरी दुनिया ने देखा किस प्रकार की बर्बरता के साथ पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था। जिसमें 26 मासूम लोगों की जानें गई थी। हम लोगों ने पाकिस्तान को उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के जरिए मुंहतोड़ जवाब दिया। उनके सीमापार से आतंकवाद के समर्थन के लिए पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान सीमापार से आतंकवाद को एक इंस्ट्रूमेंट ऑफ स्टेट पॉलिसी की तरह उसका इस्तेमाल करता है।

 

बांग्‍लादेशी घुसपैठियों के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने कहा कि देश में अवैध रूप से रह रहे किसी भी विदेशी नागरिक को देश के कानूनों, प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं के अनुसार वापस भेजा जाना चाहिए।

 

 

 

जो लोग अवैध ढंग से हमारे यहां रह रहे हैं इसमें हमको बांग्लादेश की सहयोग चाहिए ताकि वो उनको रिपीट्रेट किया जाएगा अपने देश। पिछले कुछ साल दो हजार आठ सौ साठ से ऊपर ऐसे मसले हैं जिसमें हम लोगों ने राष्ट्रीय सत्यापन के लिए बांग्लादेश को खबर किया है और यह सभी मामले उनके यहां लंबित हैं। हमारा यह नीति है कि जो भी विदेशी नागरिक हमारे यहां अवैध रूप से रह रहा है वो उनको अपने देश जाना पड़ेगा।

 

कनाडा में खालिस्तानी समूहों के बारे में प्रवक्ता ने कहा कि चरमपंथी और अलगाववादियों का कनाडा की जमीन को सुरक्षित पनाहगाह के रूप में इस्तेमाल करना चिंता का विषय है।

 

—-

 

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की तैयारियों के बीच, विधानसभा को औपचारिक रूप से भंग कर दिया गया है। राज्यपाल आर. एन. रवि ने संविधान के अनुच्छेद 174 के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए आज मौजूदा विधानसभा को भंग करने का आदेश जारी किया।

यह सत्ता हस्तांतरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि राज्य शनिवार को शपथ ग्रहण के साथ अपनी अगली सरकार के गठन की ओर अग्रसर है।

 

 

 

बंगाल में भारी बहुमत से जीत के बाद बीजेपी ने सरकार की शपथ ग्रहण समारोह को राष्ट्रीय सरकार राजनीतिक कार्यक्रम का रूप देना चाहती है। अगले शनिवार रविंद्र जयंती के दिन ब्रिगेड केडिट ग्राउंड में बंगाल की पहली बीजेपी सरकार की शपथ होगी। दो दिन पहले से ही ब्रिगेड में मंच और सुरक्षा तैयारियों का काम शुरू हो गया है। बीजेपी सूत्रों की मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय नेता मौजूद रह सकते हैं। इसके साथ ही बीजेपी और केंद्रीय शासित विभिन्‍न राज्‍यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। आकाशवाणी समाचार के लिए कोलकाता से अभिरूप भट्टाचार्या।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल कोलकाता पहुंचेंगे। वे नव निर्वाचित भाजपा विधायकों के साथ बैठक में शामिल होंगे, जिसमें पार्टी के विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा।

 

—-

इस बीच, राज्‍य में भारतीय जनता पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने सिलीगुड़ी के शिव मंदिर निवासी विलियम जोसेफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। आरोप है कि कल रात कोलकाता के मध्यमग्राम में भाजपा नेता के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या करने वालों ने उनकी कार की नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था। तीन घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें इस आश्वासन पर रिहा कर दिया कि वे आगे की जांच में सहयोग करेंगे।

तमिलनाडु में, विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी तमिलग् वेत्री कडगम-टीवीके पार्टी का सरकार गठन के लिए बहुमत सिद्ध करने के मुद्दे पर गतिरोध बना हुआ है। दिन भर राज्य की राजनीति में बहुमत का आंकड़ा प्राप्‍त करने के लिए ज़ोरदार प्रयास जारी रहे।

 

 

 

दिन की शुरुआत टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय और राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर की बैठक से हुई। बैठक में नई सरकार बनाने के लिए बहुमत साबित करने पर चर्चा हुई। राज्यपाल ने कहा कि सॉलिसिटर जनरल एल. सुंदरेशन की कानूनी राय लेने के बाद इस मुद्दे पर विचार किया गया। सेंगोत्तैयान और सीटीआर निर्मल कुमार जैसे टीवीके नेताओं ने सीपीआई और सीपीआई एम के नेताओं से उनकी पार्टियों से समर्थन मांगा। इसी बीच, एआईएडीएमके भी आज रात पुद्दुचेरी में पार्टी के महासचिव एडप्पाडी पलानीसामी के नेतृत्व में विधायक दल की बैठक कर रही है। चेन्‍नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज।

 

—-

उधर, केरलम में कांग्रेस हाई कमान नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी-ए.आई.सी.सी.  पर्यवेक्षकों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों पर विचार करने के बाद नए मुख्यमंत्री के चयन पर निर्णय की घोषणा करेगी। केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने बताया कि आज सुबह तिरुवनंतपुरम में हुई विधायक दल की बैठक में ए.आई.सी.सी. अध्यक्ष को कांग्रेस विधायक दल के नेता का चयन करने का अधिकार देने वाला प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

 

 

 

 

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने नव-निर्वाचित विधायकों से नेतृत्व के मुद्दे पर चर्चा की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि ये पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे। इस बार निर्वाचित विधायकों में वी डी सतीशन और रमेश चेन्निथला सहित वरिष्ठ नेता शामिल हैं। वहीं, वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल वर्तमान में सांसद हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने आज संयुक्‍त लोकतांत्रिक मोर्चा के विभिन्न घटक दलों के साथ भी चर्चा की। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस विधायक दल के नेता और अगले मुख्यमंत्री के बारे में अंतिम निर्णय इस सप्ताह के अंत तक लिया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह राज्यपाल के चेन्नई से लौटने के बाद ही होने की संभावना है। राज्‍यपाल वर्तमान में तमिलनाडु से संबंधित आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी पल्‍लू की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

 

—-

 

असम में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्‍व में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार 12 मई को लगातार तीसरी बार शपथ ग्रहण करेगी। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के लिए आज गुवाहाटी में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। प्रदेश पार्टी अध्‍यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी में होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा विधायक दल की बैठक रविवार को होगी।

 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। पटना के गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने बत्तीस मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में अब भाजपा के पंद्रह, जनता दल यूनाईटेड के 13, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के दो और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक मंत्री हैं। शपथ लेने वाले मंत्रियों में जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी शामिल है।    प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार सरकार में शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को बधाई दी है।

 

 

रेल मंत्रालय ने कहा है कि रेलगाडियों को उन्नत यात्री आरक्षण प्रणाली में बदलने की प्रक्रिया अगस्त में शुरू हो जाएगी। नई दिल्ली में आज समीक्षा बैठक में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेलगाडियों को 40 वर्ष पुरानी आरक्षण प्रणाली से नई प्रणाली में बदलने के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

 

 

 

यह आरक्षण प्रणाली वर्ष 1986 में शुरू की गई और पिछले 40 वर्षों में इसमें कई बदलाव किए गए हैं। अब अत्याधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से इसकी क्षमता का व्यापक विस्तार किया गया है। भारतीय रेलवे ने वर्ष 2002 में इंटरनेट आधारित टिकट सेवा शुरू होने के बाद से लगातार डिजिटल परिवर्तन को अपनाया है। इसी परिवर्तन के अंतर्गत भारतीय रेलवे ने पिछले वर्ष जुलाई में रेल वन मोबाइल ऐप लॉन्च किया था। रेल मंत्रालय ने बताया कि यह ऐप यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है। रेलवन ऐप में अब एआई आधारित कंफर्मेशन की संभावना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यह नई सुविधा इस साल की शुरुआत से ही लागू की गई है। जिसे लोगों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। इस पर वेटिंग टिकट के कंफर्म होने के अनुमान की सटीकता पहले के 53 प्रतिशत से बढ़कर अब 94 प्रतिशत तक हो गई है। अक्षित कुमार वेद्यान के साथ सौम्य शरण, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने कहा है कि बदलती वैश्विक व्‍यवस्‍था में भारत और वियतनाम के पास वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का एक बड़ा अवसर है। मुंबई में आज भारत-वियतनाम व्यापार मंच को संबोधित करते हुए श्री लाम ने भारतीय कंपनियों को वियतनाम में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया जाए। कार्यक्रम में आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर भी किए गए।

 

चीन के शंघाई में तीरंदाजी विश्वकप के दूसरे चरण में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने फाइनल में पहुंच कर पहला पदक पक्‍का कर लिया है। सेमीफाइनल मुकाबले में आज भारत ने उलटफेर करते हुए वर्त्तमान विश्व विजेता दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराया। फाइनल में दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और कुमकुम मोहोद की टीम का सामना चीन से होगा।

आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ में, लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला बारिश के कारण रूका हुआ है। मैच रुकने तक लखनऊ ने नौ ओवर में बिना किसी नुकसान के पंचानबे रन बना लिये थे। इससे पहले बेंगलुरू ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था।

मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, तटीय कर्नाटक और रायलसीमा में कल तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हो सकती है।

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • राष्ट्र ने ऑपरेशन सिंदूर का पहला वर्ष पूरा होने पर सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदान को नमन किया। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस ऑपरेशन को आतंकवाद के खिलाफ भारत के अटूट संकल्प का निर्णायक प्रमाण बताया।
  • पश्चिम बंगाल के राज्‍यपाल ने विधानसभा भंग की। तमिलनाडु और केरलम में सरकार गठन के लिए बैठकों का सिलसिला जारी।
  • रेलवे 40 वर्ष पुरानी प्रणाली के स्‍थान पर अगस्त से उन्‍नत यात्री आरक्षण प्रणाली लागू करेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को उन्नयन को सुचारू बनाने के निर्देश दिए।
  • वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने कहा – उनका देश और भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है।
  • तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में, भारतीय महिला रिकर्व टीम दक्षिण कोरिया को हराकर फाइनल में पहुंची।
Most Read
View All arrow-right

No posts found.