मुख्य समाचार :-
- भारत और वियतनाम व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने पर सहमत हुए।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत यात्रा पर आए वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने दोनों देशों की साझा विरासत को सजोने के लिए कई उपायों की घोषणा की।
- टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
- पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा।
- अमरीका और ईरान के संघर्ष समाप्त करने तथा होर्मुज जल-डमरू-मध्य से सुचारू आवागमन पर समझौते के करीब पहुंचने की खबरें।
- और, भारतीय मुक्केबाजों ने ताशकंद में अंडर-15 एशियाई मुक्केबाजी प्रतियोगिता में 30 में से 27 पदक पक्के किये।
और अब समाचार विस्तार से…
******
भारत और वियतनाम ने आज डिजिटल प्रौद्योगिकी, दुर्लभ मृदा तत्व, चिकित्सा उत्पाद विनियमन, सार्वजनिक क्षेत्र लेखापरीक्षा, डिजिटल भुगतान प्रणाली और संस्कृति तथा पर्यटन के क्षेत्र में कई समझौते किए। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच हुई वार्ता के बाद ये समझौते हुए। श्री मोदी ने कहा कि हमने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा की।
आज हम अपने संबंधों को एनहांस कंप्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर पर ले जा रहे हैं। अब हम अपनी साझेदारी को और ऊंचे लक्ष्यों की ओर अग्रसर करेंगे। कल्चर, कनेक्टिविटी और कैपेसिटी बिल्डिंग के साथ-साथ सिक्योरिटी, सस्टेनेबिलिटी और सप्लाई चैन रेजिलियंस हर क्षेत्र में हमारा सहयोग नए स्तर पर पहुंचेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि साझा विरासत को जीवित रखने के लिए भारत वियतनाम की प्राचीन चंपा सभ्यता के माई सोन और न्हान ताऊ मंदिरों का जीर्णोद्धार कर रहा है। व्यौरा हमारे संवाददाता से….
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति तो लम ने आज दोपहर गर्म जोशी और सौहार्दपूर्ण माहोल में व्यापक चर्चा की। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान–प्रदान किया। बदलते वैश्विक भू राजनीतिक और आर्थिक हालात को ध्यान में रखते हुए दोनों नेताओं ने भारत और वियतनाम के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी पर जोर दिया ताकि अंतरराष्ट्रीय कानून के आधार पर शांति, स्थिरता,सहयोग और समृद्धि को बढ़ावा दिया जा सके। दोनों नेताओं ने दक्षिण चीन सागर में शांति, स्थिरता, सुरक्षा और नौवहन तथा उड़ान की स्वतंत्रता बनाए रखने के महत्व को दोहराया। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विवादों का समाधान अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार और बिना किसी धमकी या बल प्रयोग के शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। दोनों पक्षों ने बाजार तक पहुंच आसान बनाने पर सहमति जताई इसमें कृषि उत्पादन भी शामिल है। सूपर्णा सैकिया के साथ अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
******
द्विपक्षीय वार्ता के बाद नई दिल्ली में संवादाताओं को जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय में सचिव-पूर्व पी. कुमारन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़े रहने के लिए वियतनाम का आभार व्यक्त किया।
वियतनाम के राष्ट्रपति ने आतंकवाद के खिलाफ सहयोग के मुद्दे पर समर्थन का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री मोदी पहलगाम हमले पर मजबूत समर्थन के लिए वियतनाम का आभार व्यक्त किया। कई महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों, विशेष रूप से हिंद–प्रशांत क्षेत्र के बारे में, दोनों पक्षों के विचारों में समानता रही। बदलते वैश्विक भू–राजनीतिक और आर्थिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए, दोनों देशों ने शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के महत्व पर बल दिया।
श्री कुमारन ने कहा कि दोनों देश अपने-अपने देशों में कृषि उत्पादों सहित विभिन्न बाजारों तक पहुंच को सुगम बनाएंगे।
******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में वियतनाम के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री जनरल फान वान जियांग से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि बातचीत में भारत और वियतनाम के बीच रक्षा सहयोग को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया गया।
******
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्ली में वियतनाम के वित्त मंत्री नो वन तुआन से मुलाकात की। श्रीमती सीतारामन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत-वियतनाम व्यापक रणनीतिक साझेदारी के 10 वर्ष पूरे होने का स्वागत किया है। श्रीमती सीतारामन ने बताया कि वियतनाम ने प्रौद्योगिकी, नवाचार, ऊर्जा और फार्मा क्षेत्रों में गहन सहयोग में अपनी रुचि व्यक्त की।
******
तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम-टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है और राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की है। टीवीके पार्टी ने सरकार बनाने के लिए अधिक समर्थन की आवश्यकता को देखते हुए अन्य दलों से संपर्क किया है।
आज सुबह कांग्रेस नेता गिरीश चोडंकर और पार्टी के अन्य नेताओं ने टीवीके प्रमुख सी जोसफ विजय से मुलाकात कर पांच विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। इसी से संबंधित एक घटनाक्रम में विदुथलाई चिरुथिगल काची- वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन ने कहा है कि उनकी पार्टी टीवीके के गठबंधन में शामिल होने के निमंत्रण पर विचार करेगी। वर्तमान में, वीसीके डीएमके के साथ गठबंधन में है और इसके दो विधायक हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, मैं आकर्षिता सिंह।
******
पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। राज्य भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बताया कि समारोह सुबह 10 बजे शुरू होगा। एक रिपोर्ट –
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद बंगाल का सियासत में अब नए सरकार का शपथ ग्रहण सबसे चर्चा में है। बीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि रविंद्र जयंती के दिन ब्रिगेड परेड ग्राउंड से ही नए युग का शुरुआत होगी। आज नवाना में राज्य के मुख्य सचिव दुष्यंत नाडियाला के साथ लंबी बैठक के बाद बीजेपी राज्य अध्यक्ष समित भट्टाचार्या ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि शपथ ग्रहण समारोह को भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। यह शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ सरकार बदलने का प्रतीक नहीं है बल्कि बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत है। अविरू भट्टाचार्य, आकाशवाणी के लिए कोलकाता से।
******
इस बीच तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी ने आज कोलकाता में पार्टी के विजयी उम्मीदवारों के साथ बैठक की। बैठक कालीघाट स्थित उनके आवास पर हुई, जहां 80 विजयी उम्मीदवारों में से 69 उपस्थित रहे।
******
सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के 10 अधिवक्ताओं को न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता में चार मई को हुई बैठक में अधिवक्ताओं के नामों को न्यायाधीश के रूप में अनुमोदित किया गया था। वहीं, कॉलेजियम ने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में तीन न्यायिक अधिकारियों को न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
******
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने ए.आई में तेजी से हो रही प्रगति, विशेष रूप से क्लाउड माइथॉस जैसे एआई-आधारित भेद्यता पहचान उपकरणों से उत्पन्न होने वाले साइबर सुरक्षा जोखिमों की जांच के लिए साइबर-सुरक्षा.एआई नामक एक कार्यबल का गठन किया है।
सेबी का कहना है कि ऐसी प्रौद्योगिकियां लाभकारी हैं, लेकिन बड़े पैमाने पर साइबर जोखिम को काफी हद तक बढ़ा सकती हैं। नवगठित कार्यबल में बाजार अवसंरचना संस्थानों – एम.आई.आई., योग्य रजिस्ट्रार और हस्तांतरण एजेंटों – क्यू.आर.टी.ए., विनियमित संस्थाओं और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इसमें एआई-संबंधित साइबर जोखिमों का आकलन करना, एक समान राहत रणनीतियां विकसित करना, खतरे की पूर्व जानकारी साझा करने की सुविधा प्रदान करना और महत्वपूर्ण साइबर घटनाओं की प्राथमिकता के आधार पर रिपोर्टिंग करना शामिल है। समाचार कक्ष से, मैं मनोज।
******
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने भारतीय नागरिकों को साइबर मानव तस्करी में धकेलने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह विदेशों में आकर्षक नौकरियों का लालच देकर भारतीय नागरिकों को दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में भेज रहा था।
सीबीआई ने मुंबई, दिल्ली, लखनऊ, काशीपुर और उत्तर प्रदेश के गोंडा और सहारनपुर जिलों सहित चार राज्यों में नौ स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई व्यापक राष्ट्रव्यापी जांच के बाद की गई, जिसमें पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए। एजेंसी ने इस गिरोह में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए क्रिप्टोकरेंसी सहित वित्तीय लेनदेन पर भी नजर रखी। इस दौरान उन्होंने ऐसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए जिनमें महत्वपूर्ण सबूत हो सकते हैं। तस्करी में शामिल होने के आरोप में लखनऊ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह भारतीय नागरिकों को इन धोखाधड़ी केंद्रों में भेजने के लिए एजेंटों को रिश्वत देते थे। सीबीआई ने लोगों को अज्ञात स्रोतों से मिलने वाले नौकरी के प्रस्तावों, विशेष रूप से सोशल मीडिया या ऑनलाइन विज्ञापनों के माध्यम से साझा किए गए प्रस्तावों से सावधान रहने की चेतावनी दी है। सीबीआई ने कहा कि ऐसे प्रस्ताव खतरनाक हो सकते हैं और गंभीर परेशानी का कारण बन सकते हैं। अमन की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं करिश्मा राय।
******
सरकार ने कहा है कि देशभर में घरेलू एलपीजी वितरण सामान्य रूप से जारी है। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि सरकार घरेलू एलपीजी सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास कर रही है।
भारत सरकार का ये प्रयत्न है कि घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को कुकिंग के लिए 100 परसेंट सप्लाई इनश्योर की जा सके और कमर्शियल को भी 70 प्रतिशत तक देने का प्रयास किया जा रहा है। डोमेस्टिक कुकिंग एलजी का डिस्ट्रीब्यूशन नॉर्मल है, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स पर कोई ड्राई आउट रिपोर्टेड नहीं है और लगभग 95 प्रतिशत एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी, डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड के द्वारा की जा रही है।
संयुक्त सचिव ने कहा कि घरेलू एलपीजी और पेट्रोल तथा डीजल के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
******
बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का विस्तार कल किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कई वरिष्ठ नेता तथा मंत्रिमंडल के सदस्य पटना के गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
******
मध्यस्थों का कहना है कि अमरीका और ईरान खाड़ी संघर्ष को समाप्त करने वाले प्रारंभिक समझौते के करीब पहुंच गए हैं। वार्ता से परिचित सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्ष एक पृष्ठ के 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन पर काम कर रहे हैं। प्रस्तावित समझौते में ईरान द्वारा परमाणु संवर्धन रोकने की सहमति शामिल है, जबकि अमरीका प्रतिबंधों में ढील देगा और अरबों डॉलर के फ्रिज किए हुए ईरानी कोष को जारी करेगा। दोनों पक्षों द्वारा होर्मुज जल-डमरू-मध्य से आवागमन पर लगे प्रतिबंधों में भी ढील दिए जाने की उम्मीद है। एक रिपोर्ट –
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बीजिंग में चीन के विदेश मंत्री से मुलाकात की। चीन ने ईरान –अमरीका युद्ध को अवैध बताते हुए व्यापक युद्धविराम का आह्वान किया। ईरान ने कहा है कि वह अमरीका के साथ एक व्यापक समझौता चाहता है और अमरीका के 14 सूत्री प्रस्ताव का मूल्यांकन कर रहा है। इस बीच, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने संकेत दिया है कि खतरा कम होने पर होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पारगमन के लिए फिर से खोला जा सकता है। संभावित समझौते की खबरों के बाद ब्रेंट कच्चे तेल की कीमते आठ प्रतिशत से अधिक गिरकर लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं और वैश्विक शेयर बाजारों में भी तेजी देखी गई है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से शशांक कुमार।
******
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर कैरेबियन देशों की अपनी आधिकारिक यात्रा पर सूरीनाम पहुंचे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि उन्होंने सूरीनाम के विदेश मंत्री मेल्विन बौवा से मुलाकात की। इस यात्रा के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी और बाबा तथा माई स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की, जो सूरीनाम आने वाले पहले हिंदुस्तानियों के प्रतीक हैं।
******
और अब खेल खबरें –
उज़्बेकिस्तान के ताशकंद में एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय खिलाडियों का दबदबा कायम है। भारत के युवा मुक्केबाजों ने आज अंडर-15 वर्ग में तीस में से 27 पदक पक्के कर आधिकारिक तौर पर अपनी जीत सुनिश्चित कर ली है। अंडर 15 लडकियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 में से 14 पदक पक्के किए हैं, वहीं अंडर 15 लडकों ने भी 15 में से 13 पदक पक्के कर लिए हैं।
******
हैदराबाद में, आईपीएल क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक सनराइजर्स हैदराबाद ने 19वें ओवर में तीन विकेट पर 217 रन बना लिये हैं।
******
मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिन के दौरान केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईक्कल में कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कल उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, पश्चिम बंगाल और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बिजली गरजने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और वियतनाम व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने पर सहमत हुए।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत यात्रा पर आए वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने दोनों देशों की साझा विरासत को सजोने के लिए कई उपायों की घोषणा की।
- टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
- पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा।
- अमरीका और ईरान के संघर्ष समाप्त करने और होर्मुज जल-डमरू-मध्य से सुचारू आवागमन पर समझौते के करीब पहुंचने की खबर।
- और, भारतीय मुक्केबाजों ने ताशकंद में अंडर-15 एशियाई मुक्केबाजी प्रतियोगिता में 30 में से 27 पदक पक्के किये।
******