मुख्य समाचार :-
- केंद्र सरकार ने पांच हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक के परिव्यय के साथ कपास उत्पादकता मिशन को मंजूरी दी। आपातकालीन ऋण गारंटी योजना के पांचवे चरण को भी स्वीकृति दी।
- मंत्रिमंडल ने गुजरात में दो और सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाइयों को मंजूरी दी। 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य 365 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया।
- सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह पर हुए हमले की निंदा की। इसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए। उन्होंने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का आह्वान किया।
- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी में सरकार गठन के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज।
- भारत आईसीसी क्रिकेट पुरुष टी-20 टीम रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार।
*****
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पांच हजार छह सौ करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ देश में कपास क्षेत्र में बाधाओं, घटती वृद्धि और गुणवत्ता संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए कपास उत्पादकता मिशन को मंजूरी दे दी है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस योजना से आयातित कपास पर निर्भरता कम करने और विदेशी मुद्रा की बचत करने में भी मदद मिलेगी।
ये प्रधानमंत्री जी का विजन है। फाइव-एम फॉर्म से फाइबर बनाना, फाइबर से फैक्टरी में जाना, फैक्टरी से फैशन, फैशन से फॉरन सोर्स तक कॉटन का पूरी सप्लाई चेन को मेन्टेन करना, कस्तूरी कॉटन-इसकी प्रोपर मार्केट में स्थापना करवाना ये भी इस मिशन का पार्ट है। 32 लाख किसानों को इसका बेनिफिट होगा और कॉटन की प्रोडेक्टिविटी उसको डबल करने का इसमें टारगेट हाथ में लिया है। हम प्रोडेक्शन को पहुचाना चाहते हैं 498, इससे की भारत की कम्प्लीट डिमांड भारत में ही मीट हो सके, आत्मनिर्भर बन सके।
श्री वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने वर्ष 2026-27 के चीनी सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य तीन सौ 65 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।
जो फेयर एंड रेमुनरेटिव एफआरपी प्राइस जो कहते है, वो तय हुआ तीन सौ 65 रुपये पर क्विंटल, जो रिकवरी रेट है 10 प्वाइंट टू-फाइव परसेन्ट के लिए। किसानों को करीब-करीब एक लाख करोड़ एक्स्ट्रा मिलेगा और ये हिस्टोरिकल ग्रोथ हुई है गन्ना किसानों के लिए। ये करीब एक करोड़ शुगनकेन फार्मर्स है देश में, उन सबके लिए बहुत बड़ा बेनिफिट रहेगा।
मंत्रिमंडल ने आपातकालीन ऋण गारंटी योजना के पांचवें चरण को भी मंजूरी दे दी है। इस योजना के अंतर्गत, सुक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को शत प्रतिशत ऋण गारंटी प्रदान की जाएगी, जबकि गैर-सुक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों और एयरलाइन क्षेत्र को 90 प्रतिशत गारंटी दी जाएगी।
मंत्रिमंडल ने इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के अंतर्गत गुजरात में दो और सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाईयों को भी मंजूरी दी है। श्री वैष्णव ने बताया कि इनमें गैलियम नाइट्राइड तकनीक पर आधारित देश की पहली वाणिज्यिक मिनी-माइक्रो-एलईडी डिस्प्ले सुविधा और एक सेमीकंडक्टर पैकेजिंग सुविधा शामिल है।
दो नए सेमीकंडक्टर यूनिट्स अब तक दस सेमीकंडक्टर यूनिट्स का अपरूवल हुआ है इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन में। उसमें से दो में प्रोडेक्शन ऑलरेडी स्टार्ट हो गया है-एक 31 मार्च को प्रधानमंत्री जी ने उसका इनोग्रेशन किया था, एक 30 अप्रैल को उसका सेकिंड वाले का और अच्छी बात ये है कि दोनों के दोनों प्लांट्स की फुल कैपेसिटी बुक हो चुकी है, जितना मैन्युफैक्चर करें वो फुल्ली उसकी बुकिंग हो चुकी है।
श्री वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने संसद में सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पेश करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।
2014 से हम लोग देखे तो 25 सुप्रीम कोर्ट के जजिज थे और आज 33 से 37, यानी करीब-करीब 50 परसेन्ट के जजिज की संख्या में वृद्धि की है, क्योंकि जस्टिस डिलीवरी बहुत इम्पोर्टेंट है। टोटल जो 92 थाउजेंड केसेज पेंडिंग है, उसके प्वाइंट ऑफ व्यू से बहुत जरूरी है कि हम जजिज बढ़ाएं और ये जजिज बढ़ाएं गए हैं।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। श्री मोदी ने कहा कि नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि भारत संयुक्त अरब अमीरात के साथ एकजुटता से खड़ा है और संवाद तथा कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि होर्मुज जल डमरू मध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विदेश मंत्रालय ने भी हमले की निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया। मंत्रालय ने इस संघर्ष को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया और इसमें नागरिक बुनियादी ढ़ांचों और निर्दोष लोगों को निशाना बनाने की आलोचना की है। पश्चिम एशिया संघर्ष को हल करने के लिए भारत लगातार वार्ता और कूटनीति का समर्थन कर रहा है ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।
*****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने बताया कि पिछले महीने ही फोन पर हुई बातचीत में राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की और कहा कि भारत भाग्यशाली है जो उन्हें श्री मोदी जैसा नेता मिला है।
*****
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम, असम और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की शानदार जीत के बाद नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होने की संभावना है।
इस बीच, भाजपा ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए वरिष्ठ पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं, असम में विधायक दल के नेता चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं।
*****
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। कोलकाता में उन्होंने वोटों की हेराफेरी और पूरी मतदान प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाया है।
उधर, निर्वाचन आयोग ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों को निराधार और झूठा बताया है। दक्षिण कोलकाता के जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पूरी मतगणना आयोग के नियमों और विनियमों के अनुसार ही संपन्न हुई।
मतगणना के दौरान सी.सी.टी.वी कैमरे बंद किए जाने के आरोप का भी खंडन किया गया है और कहा गया है कि कैमरे पूरी मतगणना के दौरान चालू रहे हैं।
उधर, भाजपा ने इस बयान की कड़ी आलोचना की है। भाजपा ने कहा कि चाहे वह इस्तीफा दें या न दें, वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल बृहस्पतिवार को समाप्त हो रहा है और उसके बाद सदन का कोई भी सदस्य नहीं रहेगा।
*****
केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ में सरकार गठन को लेकर अनौपचारिक चर्चा जारी है।
केरलम में सरकार गठन को लेकर कांग्रेस खेमे में चर्चाएं जारी हैं, लेकिन विधायक दल की आधिकारिक बैठक के संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने केरलम में 140 विधानसभा सीट में से 102 सीट पर शानदार जीत हासिल की है। विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी सरकार गठन के लिए राज्यपाल से संपर्क करेगी। यूडीएफ सूत्रों के अनुसार विधायक दल की बैठक दिल्ली से पार्टी कमेटी के प्रतिनिधियों के आने के बाद ही निर्धारित की जाएगी। तिरुवनंतपुरम से स्मिथ एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ सामचार कक्ष से जया भारती।
*****
तमिलनाडु में तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के नव निर्वाचित विधायकों ने आज औपचारिक रूप से अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय को नेता चुना है।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर फिलहाल केरल में हैं, इसलिए सरकार बनाने का दावा पेश करने वाला पत्र भेजने में देरी हो सकती है। डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा आज सौंप दिया है, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। एक बयान में स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी एक मजबूत विपक्ष के रूप में काम करेगी। एआईएडीएमके के महासचिव ई. पलानीसामी ने कहा कि वे जनता के जनादेश को स्वीकार करेंगे। भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने नतीजों का स्वागत करते हुए कहा है कि जनता ने वोट खरीदने और वंशवादी राजनीति के खिलाफ अपना संदेश दिया है। जॉय के साथ सुशील चन्द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार, चेन्नई।
*****
पुद्दुचेरी में मन्नादिपेट से निर्वाचित विधायक ए. नमस्सिवयम को विधानसभा में भाजपा का विधायक दल का नेता चुना गया है।
पुद्दुचेरी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी. पी. रामलिंगम की अध्यक्षता में आज नव निर्वाचित विधायकों की परामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री और पुद्दुचेरी में भाजपा चुनाव प्रभारी मनसुख मांडविया, प्रदेश प्रभारी निर्मल कुमार सुराणा और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान, मन्नादिपेट से निर्वाचित विधायक ए. नमस्सिवयम को विधानसभा में पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक में विशेष रूप से केंद्र शासित प्रदेश में नई सरकार के गठन के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। पुद्दुचेरी से बिबिन एस. नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
*****
उधर, बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का सात मई को विस्तार किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस संबंध में जानकारी दी है।
7 मई को गांधी मैदान में सम्राट चौधरी जी माननीय मुख्यमंत्री जी के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय नितिन नबीन जी, देश के गृहमंत्री आदरणीय अमित शाह जी और पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय नीतीश कुमार जी, एनडीए के सभी बिहार के जितने भी केन्द्रीय मंत्री हैं सभी लोग उसमें सहभागी होंगे।
*****
रक्षा मंत्रालय ने हैदराबाद में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के साथ पांच ग्राउंड-बेस्ड मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की खरीद के लिए एक हजार चार सौ करोड़ रुपये का अनुबंध किया है। इसमें 72 प्रतिशत स्वदेशी उपकरण शामिल है। इस तकनीक से भारतीय सेना का आधुनिकीकरण होगा और देश के स्वदेशी रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलेगी।
*****
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण और राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय ने डिजिटल फोरेंसिक, साइबर सुरक्षा और उन्नत प्रौद्योगिकी अनुसंधान के क्षेत्र में पांच वर्षीय सहयोग के लिए एक समझौता किया है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक चंद्र वर्मा ने कहा कि यह सहयोग भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
*****
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 252 अंक गिरकर 77 हजार 18 पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 87 अंक फिसलकर 24 हजार 33 पर आ गया। अंतर-बैंकिंग विदेश मु्द्रा बाजार में रुपया आज एक डॉलर की तुलना में 21 पैसे कमजोर होकर 95 रुपये 21 पैसे के स्तर पर बंद हुआ।
*****
वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने आज बिहार के बोधगया स्थित विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने पवित्र बोधि वृक्ष के नीचे ध्यान लगाकर भगवान बुद्ध को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति तो लाम ने बोधगया स्थित वियतनामी मठ का भी दौरा किया। इस यात्रा को भारत और वियतनाम के बीच धार्मिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
*****
एन.एस.ई. ने इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स – ई.जी.आर. को जारी करने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य सोने की व्यापक खरीद-बिक्री में पारदर्शिता लाना है। इसके जरिए सोने की लिवाली और बिकवाली की प्रक्रिया को एक विनियमित तथा सुरक्षित आधार मिलेगा। यह सोना भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड- सेबी द्वारा मान्यता प्राप्त वॉल्ट में रखा जाता है और डिपॉज़िटरी के ज़रिए डिजीटली सुरक्षित रहता है।
*****
भारत ने आईसीसी टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रैंकिंग में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। इंग्लैंड दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर हैं। भारत मार्च में टी-20 विश्व कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बनी थी। साथ ही टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार यह खिताब जीता था। भारत 275 अंक के साथ शीर्ष पर काबिज है।
*****
आईपीएल क्रिकेट में डेल्ही कैपिट्ल्सऔर चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक डेल्ही ने 17 ओवर में 5 विकेट पर 116 रन बना लिये हैं। डेल्ही कैपिट्ल्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। चेन्न्ई अंक तालिका में छठे और डेल्ही सातवें स्थान पर है।
*****
मौसम विभाग ने कल बिहार और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में गरज और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, सिक्किम, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराइक्कल, केरलम और माहे में कल तेज बारिश की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केंद्र सरकार ने पांच हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक के परिव्यय के साथ कपास उत्पादकता मिशन को मंजूरी दी। आपातकालीन ऋण गारंटी योजना के पांचवे चरण को भी स्वीकृति दी।
- मंत्रिमंडल ने गुजरात में दो और सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाइयों को मंजूरी दी। 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य 365 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया।
- सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह पर हुए हमले की निंदा की। इसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए। उन्होंने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का आह्वान किया।
- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी में सरकार गठन के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज।
- भारत आईसीसी क्रिकेट पुरुष टी-20 टीम रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार।
*****