May 4, 2026 9:59 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  1. भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में भारी जनादेश के साथ इतिहास रचा। असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। पुद्दुचेरी में एनडीए ने सत्ता बरकरार रखी।
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और केरलम् के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। जीत का श्रेय देश के लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को दिया।
  3. कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे ने केरलम् में शानदार जीत दर्ज की। अभिनेता से राजनेता बने विजय की टी.वी.के. पार्टी ने तमिलनाडु में शानदार प्रदर्शन के साथ राजनीति की शुरूआत की।
  4. विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने चार, कांग्रेस ने दो सीटें जीतीं। एनसीपी की सुनेत्रा पवार ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की।
  5. और, चुनाव परिणामों से घरेलू शेयर बाजारों में उत्साह का माहौल। सेंसेक्स 356 अंक बढ़ा और निफ्टी 24 हजार एक सौ अंक के पार।

*****

 

चार राज्‍यों और एक केन्‍द्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में भारी जनादेश के साथ इतिहास रचा है। पार्टी असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। वहीं पुद्दुचेरी में एनडीए ने सत्ता बरकरार रखी है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे ने केरलम् में शानदार जीत दर्ज की है। तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की टी.वी.के. पार्टी ने शानदार प्रदर्शन के साथ राजनीति की शुरूआत की है। पांच राज्‍यों की सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा ने चार कांग्रेस ने दो सीटें जीतीं हैं। एनसीपी की सुनेत्रा पवार ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जबर्दस्‍त जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है। पार्टी ने विधानसभा की 294 सीटों में से 208 सीटों पर बढ़त बना ली है और इनमें से 148 सीटे जीतकर स्‍पष्‍ट बहुमत भी हासिल कर लिया है। ममता बनर्जी के नेतृत्‍व में तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पडा है। स्‍वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

 

 

तृणमूल कांग्रेस 79 सीटों पर बढत बनाए हुए है और इनमें से 54 सीटों पर उसे जीत हासिल हुई है। वाम दल को एक सीट मिली है और एक सीट पर आगे हैं। अन्‍य को चार सीटों पर जीत हासिल हुई है। मुख्‍यमंत्री और टीएमसी नेता ममता बनर्जी भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से पीछे चल रही हैं। नंदीग्राम सीट से भी सुवेंदु अधिकारी आगे हैं। बेहरामपुर सीट से कांग्रेस उम्‍मीदवार अधीर रंजन चौधरी चुनाव हार गए हैं।

 

 

असम में सत्‍तारूढ भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। विधानसभा की 126 सीटों में से भाजपा और उसके सहयोगी दल 101 सीटे जीत चुके हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस को 22 सीटों पर बढत मिली है और इनमें से वह 19 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को दो सीटें मिली हैं।

 

 

जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से मुख्‍यमंत्री हेमंता बिस्‍वा सरमा चुनाव जीत गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के हितेन्‍द्र नाथ गोस्‍वामी ने जोरहाट सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष गौरव गोगोई को हराया।

 

 

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय के नेतृत्‍व में तमिलगा वेत्री कड़गम- टी.वी.के. सबसे बडी पार्टी के रूप में उभरकर इतिहास रचने जा रही है। टी.वी.के. 107 सीटों पर आगे है और इनमें से वह 84 सीटे जीत भी चुकी है। मुख्‍यमंत्री एम.के. स्‍टालिन के नेतृत्‍व में सत्‍तारूढ डीएमके और उसके सहयोगी दल 74 सीटों पर आगे हैं और इनमें से वह 51 सीट जीत चुके हैं। एआईएडीएमके और उसके सहयोगी दल 53 सीटों पर बढत बनाए हुए हैं और इनमें से वे 35 सीटे जीत चुके हैं। पी.एम.के 4 सीटों पर बढत बनाए हुए है।

 

 

******

 

 

तमिलनाडु के चेन्‍नई से अधिक जानकारी के लिए बात करते हैं हमारे संवाददाता सुशील चंद्र तिवारी से।

 

 

जी सुशील, विजय की टी. वी. की पार्टी की अप्रत्‍याशित जीत की प्रमुख वजह क्‍या रही।

 

देखिए लवलीन, जो विजय को सफलता मिली है उनकी पार्टी टी.वी. के को सफलता मिली है। ऐसी किसी भी राजनीतिक विश्लेषक को कम से कम चुनाव परिणामों से पहले तक उम्मीद नहीं थी। लेकिन जिस तरीके से युवाओं के बीच विजय का क्रेज था। उनकी एक ब्रांड इमेज सोशल मीडिया पर वह जिस तरीके से वायरल हो रहे थे और खासतौर पर जिस तरीके से तमिलनाडु में एक करोड़ से ज्यादा युवा वोटर थे जिसमें 14 लाख से ज्यादा पहली बार बने वोटर थे, यानी जैन जी हम कह सकते हैं। तो युवाओं का एक जबरदस्‍त समर्थन मिलता हुआ उन्‍हें दिख रहा है। इसके अलावा जो जयललिता के निधन के बाद एक तरीके से एक सिनेमाई करिश्मा की उम्मीद तमिलनाडु के वोटरों को हमेशा रही है। सिनेमा के लोगों को उन्होंने हमेशा हाथों हाथ लिया है। चाहे एनजीआर की बात हो या फिर जयललिता की बात हो तो एक लंबे वक्त तक सिनेमा के प्रति यहां के वोटरों का आकर्षण रहा है और वह इमेज और पुख्ता हुई है विजय के आने के बाद तो एक तरीके से उन्हें जबर्दस्त समर्थन युवा वर्ग से भी मिला और खास तौर पर जो एंटीइनकमबेंसी यानी जो सत्ता के विरोधी मत थे उनमें भी उन्होंने एक बड़ी संख्या में मतों को हासिल किया। हम जानते हैं कि 5 साल से ज्यादा जो है सरकार दोबारा रिपीट होने का यहां पर चलन नहीं रहा है तो उसे चलन को देखते हुए डीएमके के खिलाफ जो वोट थे एंटीइनकमबेंसी जो वोट थे वह बड़ी संख्या में उनके पक्ष में गए हैं। तो एक तरीके से उन्होंने पूरे राजनीतिक समीकरण को बदल दिया है, और जबरदस्त सफलता हासिल की है। जी लवलीन। धन्‍यवाद सुशील।

 

 

 *****

 

 

उधर, केरल में सभी 140 सीटों के परिणाम घोषित हो गए हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट – यूडीएफ ने 102 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है, जो सत्ता में उसकी निर्णायक वापसी का संकेत है। कांग्रेस ने 63 सीटें जीती हैं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग-आईयूएमएल ने 22 सीटें जीत ली हैं। पूरे राज्य में गठबंधन की स्थिति मजबूत है।

 

 

सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्‍युनिष्‍ट पार्टी ने 26 सीटें जीती हैं, सहयोगी भारतीय कम्‍युनिष्‍ट पार्टी – सीपीआई ने 8 सीटें जीती हैं, जबकि केरल कांग्रेस को 7 सीटें मिली हैं। भारतीय जनता पार्टी को राज्‍य में तीन सीटें मिली हैं। चार सीटें निर्दली उम्‍मीदवारों ने जीती हैं।

 

 

पुद्दुचेरी में एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (एआईएनआरसी) के तहत राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार फिर से बनने जा रही है। कुल 30 सीटों में से 28सीटों के परिणाम आ चुके हैं। एन. रंगासामी की एआईएनआरसी ने 12 सीटें जीती हैं और दो सीटों पर आगे चल रही है, जबकि भाजपा ने चार सीटें जीती हैं। एआईएडीएमके को एक सीट मिली है। कांग्रेस को एक सीट मिली है। डीएमके को पांच सीटें मिली हैं।

 

 

*****

 

 

असम से अधिक जानकारी के लिए बात करते हैं हमारे संवाददाता राकेश डोले से –

प्रश्‍न:- जी राकेश, असम में एन.डी.ए. उम्‍मीदों के अनुरूप लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। यही दर्शाता है कि लोगों ने उनके कार्य पर विश्‍वास बनाये रखा।

लाइव – राकेश

जी 2026 के असम विधानसभा चुनाव परिणाम राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाते हैं! देखिए भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की 102 सीटों के साथ प्रचंड जीत के पीछे मजबूत नेतृत्व राजनीतिक गठबंधन प्रबंधन और विकास के साथ पहचान की राजनीति के संतुलित उपयोग जैसे कई प्रमुख कारण रहे। मुख्यमंत्री हेमंत बिस्‍व शर्मा इस जीत के केंद्रीय सूत्रधार के रूप में उभरे। इस जीत में लक्षित कल्याणकारी नीतियों की भी भूमिका रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास भी एक महत्वपूर्ण कारण रहा। ब्रह्मपुत्र नदी पर बड़े पुलों का निर्माण, सडक संपर्क में सुधार और नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना ने डबल इंजन सरकार की कार्य क्षमता को जमीन पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया। अवैध घुसपैठ को रोकने और जनसंख्या संतुलन से जुड़े मुद्दों को उठाने की राजनीति मतदाताओं के बीच गहराई से प्रभावी रही। जी

*****

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आज का दिन कई मायनों में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने यह बात कही।

 

 

यह देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है, यह भरोसे का दिन है, भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की पॉलिटिक्स पर, भरोसा वीरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना पर।

 

 

श्री मोदी ने कहा कि चुनाव परिणाम लोकतंत्र की जीत है।

 

पांच प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व को दिखाया है, यह हमारा भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है। लोकतंत्र हमारे लिए एक सिर्फ तंत्र नहीं है कि ये हमारी रगों में दौड़ता हुआ संस्कार है। और आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र नहीं जीता है। आज भारत का संविधान भी जीता है।

 

 

श्री मोदी ने कहा कि देश में गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक भाजपा का कमल खिला हुआ है।

 

 

आप सबको कहा था गंगा जी बिहार से आगे बहते हुए गंगासागर तक जाती है। बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल आज मां गंगा के इर्द-गिर्द बसे इन राज्यों में बीजेपी एनडीए सरकार है।

 

श्री मोदी ने कहा कि इस बार चुनाव में मतदान के रिकॉर्ड बने और महिलाओं की भागीदारी सर्वाधिक रही।

 

पश्चिम बंगाल में करीब 93 पर्सेंट मतदान होना अपने आप में ऐतिहासिक रहा है। असम, तमिलनाडु पुद्दुचेरी, और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है। ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्‍वीर बन रही है।

 

 

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भाजपा और एनडीए पर भरोसा जताने और समर्थन देने के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया।

*****

 

 

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पार्टी के अनगिनत कार्यकर्ताओं के बलिदान, संघर्ष और शहादत का परिणाम है।

*****

 

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने केरलम के लोगों को निर्णायक जनादेश के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि केरलम में प्रतिभा है, क्षमता है और यूडीएफ सरकार इन दोनों का सदुपयोग करेगी।

*****

 

मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के महासचिव एम.ए. बेबी ने कहा है कि पार्टी, केरलम् में जनता के फैसले का सम्मान करती है और राज्य में हार के कारणों का आत्मनिरीक्षण करेगी।

*****

 

चुनाव परिणामों से घरेलू शेयर बाजारों में उत्साह का माहौल।

 

आर्थिक जगत –

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स आज 356 अंक बढ़कर 77 हजार 269 पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 122 अंक बढकर 24 हजार 119 दर्ज हुआ। और, अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 17 पैसे कमजोर होकर 95 रुपये आठ पैसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर बंद हुआ।

*****

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारतीय सशस्त्र बलों और उद्योग ने बदलती परिस्थितियों का विश्लेषण और समझ विकसित कर ली है। उन्‍होंने कहा कि देश की तैयारी हमेशा अद्यतन, उच्च स्तरीय तथा मानक के अनुरूप रहती है, और ऑपरेशन सिंदूर इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। उत्‍तरप्रदेश के प्रयागराज में नॉर्थ टेक सिम्पोजियम के उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने भारतीय रक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं।

*****

 

 

केन्‍द्रीय वस्‍त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने मूगा रेशम उत्पादन में मिजोरम को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने की महत्वाकांक्षी योजना प्रस्तुत की। श्री सिंह ने दिन में आइजोल के जेमाबॉक क्षेत्र में स्थित सेरी कल्चर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट– एसटीआई ने रेशम कताई फैक्ट्री का निरीक्षण किया।

 

श्री सिंह ने बताया कि मिजोरम को मूगा रेशम उत्पादन में अग्रणी बनाने के प्रयास जारी हैं।

*****

 

 

यूपीआई दुनिया के सबसे बड़े भुगतान प्लेटफॉर्म के रूप में उभरकर सामने आया है। यूपीआई से अप्रैल के महीने में 22 अरब 35 करोड लेनदेन किए गए हैं। यह 11 अप्रैल, 2016 को अपनी शुरूआत के एक दशक बाद दुनिया की सबसे बड़ी भुगतान प्रणाली बना गया है।

*****

 

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भौगोलिक रूप से दूर होने के बावजूद भारत और जमैका के घनिष्ठ संबंध हैं। दोनों ही ग्‍लोबल साउथ के विकासशील राष्ट्र होने पर गर्व करते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ही देशों ने वैश्विक समुदाय में अपनी अलग पहचान बनाई है। जमैका में एक कार्यक्रम में कहा कि भारत उत्सवों, खेलों और मुश्किलों के हर पल में जमैका के साथ खड़ा रहा है।

*****

 

 

प्रसार भारती के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रसून जोशी ने आज नई दिल्ली में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्हें पिछले सप्ताह प्रसार भारती का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इससे पहले, श्री जोशी मुंबई में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे हैं।

*****

 

 

मुंबई में, आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक लखनऊ ने 16वें ओवर में पांच विकेट पर 179 रन बना लिये हैं। मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। 

*****

 

आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने इस वर्ष होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए आज नई दिल्ली में अंतरमंत्रालयी समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान आयोजन के संबंध में योजना बनाने और समन्वित क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया।

*****

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में भारी जनादेश के साथ इतिहास रचा। असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। पुद्दुचेरी में एनडीए ने सत्ता बरकरार रखी।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और केरलम् के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। जीत का श्रेय देश के लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को दिया।
  • कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे ने केरलम् में शानदार जीत दर्ज की। अभिनेता से राजनेता बने विजय की टी.वी.के. पार्टी ने तमिलनाडु में शानदार प्रदर्शन के साथ राजनीति की शुरूआत की।
  • विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने चार कांग्रेस ने दो सीटें जीतीं। एनसीपी की सुनेत्रा पवार ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की।
  • और, चुनाव परिणामों से घरेलू शेयर बाजारों में उत्साह का माहौल। सेंसेक्स 356 अंक बढ़ा और निफ्टी 24 हजार एक सौ अंक के पार।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.