May 3, 2026 9:33 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी। सुचारू मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।
  2. भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सी-आई ने स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से दुनिया के पहले ऑप्टोसार उपग्रह, मिशन दृष्टि का सफल प्रक्षेपण किया। उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस प्रक्षेपण की उपलब्धि की सराहना की।
  3. पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान अस्‍थायी रूकावट के बाद संयुक्त अरब अमीरात ने भारत के कई गंतव्यों के लिए सामान्य उड़ान संचालन फिर से शुरू कर दिया है।
  4. मौसम विभाग ने कल, उत्तर भारत के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, आंधी और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
  5. आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया। दूसरे मैच में गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला जारी।

 

———

पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना कल सवेरे  8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्‍थलों पर कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। पश्चिम बंगाल में मतों की गिनती 77 मतगणना केन्‍द्रों पर की जाएगी।

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी, उसके बाद ईवीएम के माध्यम से कई चरणों में मतगणना होगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और केंद्रीय बलों, राज्य पुलिस कर्मियों और चुनाव अधिकारियों को तैनात किया गया है ताकि मतगणना प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। रिकॉर्ड तोड़ मतदाता भागीदारी के बाद, अब सबकी निगाहें कल के नतीजे पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि अगले पांच वर्षों तक पश्चिम बंगाल पर किसका शासन रहेगा। कोलकाता से संदीपन दासगुप्ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशेष शुक्‍ला।

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर से मतदान होगा। मतगणना 24 मई को की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि 29 अप्रैल के मतदान में गंभीर गडबड़ी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बड़े पैमाने पर उल्लंघन के बाद यह निर्णय लिया गया।

तमिलनाडु में सत्‍ताधारी डीएमके के नेतृत्‍व में धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन, अन्‍ना द्रमुक के नेतृत्‍व वाले राष्‍ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन और कुछ क्षेत्रीय दलों के बीच बहुकोणीय मुकाबला है।

 

स बार के चुनाव में राज्य के सियासी मैदान में कई नए चेहरे नज़र आए हैं। इस बार सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही की नई पीढ़ी ने राज्य की चुनावी राजनीति में गंभीरता से दिलचस्पी दिखाई है। वॉल राइटिंग, चित्रकारी, दीवारो पर पोस्टर लगाने की संस्कृति पर प्रतिबंध लगने के बाद, राजनीतिक दलों ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का भरपूर इस्तेमाल किया है। मतदान के दिन युवाओं की भागीदारी भी जबरदस्त रही और हर युवा वोटर की सोशल मीडिया प्रोफाइल और पर्सनल अकाउंट पर उंगली पर नीली स्याही वाली सेल्फी भी अपडेट होती रही। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 14 लाख 59 हजार 39 मतदाता पहली बार के वोटर रहे। जॉय के साथ सुशील चन्‍द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार चेन्‍नई।

केरलम में मतगणना की तैयारियां पूरी हो गई हैं। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से :-

केरलम् की 140 विधानसभा सीटों के लिए कल होने वाली मतगणना में 43 जगहों पर 32 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। ज़िला चुनाव अधिकारियों को आवश्यकता पडने पर  अतिरिक्त पाबंदियाँ लगाने का निर्देश दिया गया है। मतगणना की मेज़ों पर अधिकारियों की तैनाती और रैंडमाइज़ेशन का तीसरा दौर कल सुबह 5 बजे होगा। मतगणना शुरू होने में अब बस कुछ ही घंटे बचे हैं, ऐसे में सीपीएम के नेतृत्व वाले एलडीएफ, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने इस बार बेहतर प्रदर्शन का पूरा भरोसा जताया है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं करिश्‍मा राय।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि पुद्देचेरी में आम जनता और राजनीतिक पार्टियां विधानसभा चुनाव के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

 

पुद्दुचेरी में राजनीतिक पार्टियाँ और आम जनता, विधानसभा चुनाव के नतीजे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। साढे नौ बजे से शुरुआती रुझानों के सामने आने की उम्मीद है। EVM और VVPAT की गिनती के लिए कुल 166 टेबल लगाए गए हैं, साथ ही डाक मतपत्र के लिए 35 टेबल लगाए गए हैं। मतगणना के लिए कुल 859 अधिकारियों को तैनात किया गया है। मतगणना में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें सिविल पुलिस, सशस्त्र पुलिस और केंद्रीय बल शामिल हैं। पुद्दुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पी. जवाहर ने सभी संबंधित पक्षों से गिनती की प्रक्रिया को सुचारू, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में पूरा सहयोग देने की अपील की है। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्‍ति सिंह।

उधर, असम में विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए 126 पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतगणना की जाएगी।

 

 

असम में मतगणना की प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक और बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मतगणना राज्‍य के 35 जिलों में स्थापित 40 केन्द्रों में होगी। अधिकांश जिलों में जिला मुख्यालय पर एक-एक केन्द्र बनाया गया है, जबकि कोकराझार, तिनसुकिया और जोरहाट में दो-दो केन्द्र तथा नगांव में तीन केन्द्र स्थापित किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया की निगरानी 126 काउंटिंग ऑब्जर्वर्स द्वारा की जाएगी। उनके सहयोग के लिए लगभग छह हजार काउंटिंग कर्मी और दो हजार तीन सौ से अधिक माइक्रो-ऑब्जर्वर्स तैनात किए गए हैं। असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, अनुराग गोयल ने 2026 के विधानसभा चुनाव को ऐतिहासिक बताया है। राकेश डोले आकशवाणी समाचार गुवाहाटी।

———–

भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सी आई ने कैलिफोर्निया से स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से विश्‍व के पहले ऑप्टोसार उपग्रह, मिशन दृष्टि, का प्रक्षेपण किया। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गैलेक्सी को बधाई देते हुए इसे भारत के अंतरिक्ष और नवाचार के सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

उपराष्ट्रपति ने कहा है कि मिशन दृष्टि अपनी उन्नत, हर मौसम में चौबीसों घंटे पृथ्वी अवलोकन क्षमता के साथ भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत में निर्मित सबसे बड़े निजी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण युवाओं के नवाचार और राष्ट्र निर्माण में उनके जुनून का प्रमाण है।

अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी स्टार्टअप के बारे में हमारे संवाददाता की एक रिपोर्ट-

 

 

आईआईटी मद्रास से शिक्षा प्राप्‍त करने के बाद पांच विद्यार्थियों द्वारा स्‍थापित गेलेक्‍सी आई ने आज मिशन दृष्‍टि के द्वारा विश्‍व का ध्‍यान आकर्षित किया है– सुयश सिंह, डेनिल चावड़ा, किशन ठक्कर और अन्‍य युवाओं द्वारा बेंगलुरु में 2021 में आरम्‍भ किए गए इस र्स्‍टाटअप ने आज भारत की क्षमता का परिचय दिया है। उनके द्वारा तैयार किए गए सेटलाइट विश्‍व का एक मात्र ऐसा यान है जिसमें सिंथेटिक अपर्चर रडार और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल इमेजनरी सेंसर का मिला-जुला उपकरण डाला गया है। सुधींद्र, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु

 

————-

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में आज तड़के चार मंज़िला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मृत्‍यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आग बुझाने के लिए 14 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अग्निशमन अधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि सुबह 6 बजकर 25 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इस अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उन्‍होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

————

पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति के बीच, सरकार ने कहा है कि वह ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री संचालन और भारतीय नागरिकों को सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात ने 2 मई से देश के हवाई क्षेत्र में सामान्य हवाई यातायात को पूरी तरह से बहाल कर दिया है, और क्षेत्रीय तनाव के कारण लगाए गए सभी अस्थायी सुरक्षा प्रतिबंध हटा दिए हैं। भारतीय और संयुक्त अरब अमीरात की विमान कंपनियां संयुक्‍त अरब अमीरात से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अब तक सडक मार्ग के माध्यम से ईरान से 2 हजार 500 से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में सहायता की है।

 

————

ईरान ने शांति वार्ता में गतिरोध को समाप्‍त करने के प्रयास में आज अमरीका को एक नया प्रस्ताव भेजा है। हालांकि, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के लिए ईरान के इस नए प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि अमरीका द्वारा किसी भी ऐसे ढांचे को स्वीकार करने की संभावना नहीं है जिसमें ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने की ठोस गारंटी शामिल न हो। ईरान ने संकेत दिया है कि यदि अमरीका अपनी सैन्य उपस्थिति कम करता है और ईरानी तेल निर्यात पर प्रतिबंध सहित आर्थिक दबाव में ढील देता है, तो वह होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव कम करने को तैयार है।

———–

मौसम विभाग ने कल, उत्तर भारत के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, आंधी और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्‍य प्रदेश, ओडिशा और विदर्भ में आंधी और ओलावृष्टि का भी अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है। विभाग ने असम, मेघालय, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कल गरज के साथ तेज वर्षा की आशंका जताई है।

————–

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार पुणे जिले के नासरापुर में नाबालिग लड़की के साथ दुष्‍कर्म और हत्या के आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।

————-

आकाशवाणी समाचार के व्हाट्सएप चैनल ने एक लाख फॉलोअर्स का आंकडा हासिल कर एक महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस व्हाट्सएप चैनल के जरिए प्रतिदिन समाचार अपडेट, ब्रेकिंग न्यूज़ और अलर्ट उपलब्‍ध कराये जाते हैं।

———-

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने उन खबरों और सोशल मीडिया पोस्ट का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि आधार कार्ड का स्वरूप इस साल के अंत तक बदलकर केवल एक फोटो और एक क्यूआर कोड वाला हो जाएगा। मंत्रालय ने स्‍पष्‍ट किया है कि सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है।

———–

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों तथा संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के सहयोग से कल से अखिल भारतीय ‘अग्नि सुरक्षा सप्ताह’ मनाएगा। इसका उद्देश्य देश भर के स्वास्थ्य केंद्रों में अग्नि संबंधी खतरों की रोकथाम और निवारण के महत्व के बारे में जागरूकता को बढ़ाना है।

———–

आईपीएल क्रिकेट में हैदराबाद में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया। हैदराबाद के 166 रन के लक्ष्य को कोलकाता ने 19वें ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कोलकाता के वरुण चक्रवर्ती को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दिन के दूसरे मुकाबले में अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच जारी है। ताजा समाचार मिलने तक पंजाब ने 17 ओवर में 6 विकेट पर 132 रन बना लिए हैं।

——–

सरकार ने बच्चों में मधुमेह पर दिशानिर्देश जारी किए हैं। ये दिशानिर्देश हाल ही में संपन्न सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा वितरण से संबंधित एक राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में जारी किए गए।

———–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी। सुचारू मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।
  2. भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सी-आई ने स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से दुनिया का पहला ऑप्टोसार उपग्रह, मिशन दृष्टि का सफल प्रक्षेपण किया। उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि की सराहना की।
  3. पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान अस्‍थायी रूकावट के बाद संयुक्त अरब अमीरात ने भारत के कई गंतव्यों के लिए सामान्य उड़ान संचालन फिर से शुरू किया।
  4. मौसम विभाग ने कल, उत्तर भारत के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, आंधी और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
  5. आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया। दूसरे मैच में गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला जारी।
Most Read
View All arrow-right

No posts found.