मुख्य समाचार :-
- पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में विधानसभा की दो सीटों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान के दौरान लगभग 90 प्रतिशत वोट पड़े। पश्चिम बंगाल, केरलम्, तमिलनाडु, असम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना सोमवार को।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की।
- सरकार ने भारत की आपातकालीन संचार प्रणालियों को सुदृढ़ करने और जन सुरक्षा ढांचे के विस्तार के लिए सेल प्रसारण प्रणाली का शुभारंभ किया।
- छत्तीसगढ़ में कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर आईईडी विस्फोट में सुरक्षा बलों के चार जवान वीरगति को प्राप्त।
- लोकप्रिय गीतकार प्रसून जोशी प्रसार भारती के अध्यक्ष नियुक्त।
- बीसीसीआई ने आईसीसी महिला टी-20 क्रिकेट विश्वकप के लिए हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम की घोषणा कर दी है।
*****
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में विधानसभा की दो सीटों के 15 बूथों पर आज पुनर्मतदान कराया गया। मगराहाट पश्चिम के 11 बूथ और डायमंड हार्बर के चार बूथों पर वोट डाले गए। इस दौरान लगभग 90 प्रतिशत मतदान हुआ।
दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। चुनाव आयोग ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था। इन मतदान केंद्रों पर विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के तहत पिछले महीने की 29 तारीख को वोट डाले गए थे। पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों के वोटों की गिनी सोमवार को होगी। असम की सभी 126 सीटों, केरलम की 140 और पुद्दुचेरी की 30 सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान कराया गया था। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों के लिए और दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए मतदान कराया गया। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
*****
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और 77 पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। मतगणना के दिन पुलिस पर्यवेक्षक किसी भी परिस्थिति में मतगणना कक्ष में प्रवेश नहीं करेंगे।
*****
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां जोरों पर हैं। राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था। मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों से शुरू होगी।
चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया पर रिटर्निंग अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और अन्य सहायकों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया। दस लाख से अधिक डाक मतदाताओं ने अपने मत इस बार डाले हैं जिनमें चुनावी ड्यूटी पर तैनात लोग और 85 वर्ष से ज़्यादा आयु के लोग भी शामिल हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक राज्य में ऐतिहासिक रूप से 85 दशमलव एक शून्य प्रतिशत मतदान हुआ है और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। करूर विधानसभा क्षेत्र में न केवल अधिकतम 79 उम्मीदवार थे बल्कि अधिकतम 89 फीसदी मतदान भी दर्ज किया गया। इसी निर्वाचन क्षेत्र में कुल 8 लाख 52 हज़ार 690 मतदाता हैं, जो इस बार अपने नेता का चुनाव करेंगे। कुल मिलाकर, राज्यभर के 75 हज़ार 64 मतदान केन्द्रों में 5 करोड़ 73 लाख 43 हज़ार 291 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जॉय के साथ सुशील चन्द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, चेन्नई।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए केंद्रीय कर्मचारियों की नियुक्ति के विरुद्ध तृणमूल कांग्रेस की याचिका में दखल देने से इनकार कर दिया है। न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिम्हा और जॉयमाल्या बागची की विशेष पीठ ने कहा कि निर्वाचन आयोग को मतगणना के लिए कर्मियों को नियुक्त करने का पूरा अधिकार है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि विशेष पीठ ने कहा कि केंद्रीय कर्मचारियों को शामिल करने के निर्देश वाले 13 अप्रैल के परिपत्र को गलत नहीं कहा जा सकता।
निर्वाचन आयोग ने न्यायालय को बताया कि परिपत्र में केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों का स्पष्ट प्रावधान है। आयोग ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका निराधार है। पीठ ने कहा कि आयोग केंद्रीय कर्मचारियों सहित एक ही समूह से मतगणना कर्मियों का चयन कर सकता है और उसके परिपत्र में कोई त्रुटि नहीं है। इससे पहले, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने तृणमूल कांग्रेस की याचिका खारिज करते हुए कहा था कि निर्वाचन आयोग का राज्य कर्मचारियों के बजाय केंद्रीय कर्मियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारियों को मतगणना पर्यवेक्षक और सहायक के रूप में नियुक्त करने का निर्णय वैध है। पश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में कराया गया था। कोलकाता से संदीपन और मानस की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
*****
सरकार ने आज भारत की आपातकालीन संचार प्रणालियों को सुदृढ़ करने और जन सुरक्षा ढांचे के विस्तार के लिए सेल प्रसारण प्रणाली-सीबीएस का शुभारंभ किया। स्वदेशी तकनीक पर आधारित सीबीएस को दूरसंचार विकास केंद्र – सी–डॉट ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और गृह मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया है। नई दिल्ली में इस अवसर पर संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे भारत के आपदा प्रबंधन ढांचे में एक क्रांतिकारी पहल बताया है।
आज सी डॉट जो भारत की इंडिजिनियस आरएंडडी टैक्नोलॉजी इनोवेटर के रूप में आज देश के अंदर केवल नहीं, लेकिन विश्व स्तर पर इस संस्था ने अपने आपको प्रमाणित किया। आज सी-डैट इस संस्था के द्वारा सेल्फ ब्रॉडकास्टिंग सेल्यूशन आज आपदा के वातावरण में सुरक्षा को सुनिश्चित करती है। देश की जनता के हाथों में और एनडीआरएफ के हाथों में सबसे उपयोगी एक साधन के रूप में आज उतर चुका है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि सीबीएस का परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में इसके प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं।
सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम-सीबीएस सटीक जियो–टारगेटिंग क्षमता प्रदान करता है, जिससे सूचना को व्यक्तिगत सेल टावरों या उनके समूहों के स्तर पर प्रसारित किया जा सकता है। साथ ही, इसे बड़े भौगोलिक क्षेत्रों तक भी विस्तार दिया जा सकता है। यह पारंपरिक एसएमएस आधारित प्रणालियों की सीमाओं को दूर करता है और सुनिश्चित करता है कि महत्वपूर्ण जानकारी लक्षित क्षेत्रों में बड़ी आबादी तक तेज़ी और कुशलता से पहुंचाई जा सके। यह प्रणाली लगभग रियल–टाइम में, बहुभाषी जानकारी प्रदान करती है जिससे फ्लैश फ्लड यानी अचानक आई बाढ़ और गैस रिसाव जैसी आपदाओं के दौरान लोगों को सुरक्षात्मक कदम उठाने के लिए बचाव महत्वपूर्ण समय मिल पाता है। यह सूचना बिना किसी देरी के, कुछ ही सेकंड में उपयोगकर्ताओं तक पहुंच जाती है। आनंद कुमार के साथ अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****
छत्तीसगढ़ में कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर आज एक आईईडी निष्क्रिय करने के दौरान विस्फोट होने से सुरक्षा बलों के चार जवान वीरगति को प्राप्त हो गए। इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी और कांस्टेबल कृष्णा कोमरा, संजय गढ़पाले तथा परमानंद कोमरा विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में विस्फोटकों को निष्क्रिय करने और छानबीन अभियान के लिए टीम रवाना की गई थी। घायल कॉन्स्टेबल को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
*****
वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन आज सूरत में संपन्न हो गया। समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने कहा कि यह क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आपदा को अवसर में बदले इसको हम अप्रच्युनिटी के रूप में हमको देखने की जरूरत है और इसलिए हमको अपने आपको आत्मनिर्भर बनाने के लिए और जरूरी है कि हम इस रिजनल कांफ्रेंस के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा अपने मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस को एरिया को हम तवज्जो दें और साथ में हम सेल्फरिलायंस की ओर जाएं, इस पर हमको ध्यान देने की जरूरत है।
इस सम्मेलन में तीन लाख 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के 2 हजार 792 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इस अवसर पर राज्य के उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि इन समझौतों से अगले तीन साल में 2 लाख 82 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की आशा है।
श्री संघवी ने दक्षिण गुजरात के तापी, डांग, वलसाड और भरूच जैसे आदिवासी क्षेत्रों के लिए एक विशेष योजना साझा की, जिसके तहत महिलाओं की अधिकतम भागीदारी वाले प्रदूषण मुक्त उद्योगों को इस प्रदेश में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परिषद में सूरत के कपड़ा उद्योग को गारमेंट सेक्टर के रूप में विस्तार देने और स्थानीय स्तर पर आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, सूरत।
*****
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने प्रख्यात गीतकार, लेखक और संचार विशेषज्ञ प्रसून जोशी को भारत के लोक सेवा प्रसारक, प्रसार भारती का अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री जोशी का साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और जन संचार के क्षेत्र में व्यापक योगदान रहा है। अपने प्रभावशाली लेखन और गहन सांस्कृतिक संवेदनशीलता के लिए प्रसिद्ध श्री जोशी की समकालीन भारतीय मीडिया की दिशा को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि उनके नेतृत्व में प्रसार भारती नई ऊर्जा, उद्देश्य और रचनात्मकता के साथ काम करेगी।
*****
बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और अरूणाचल प्रदेश में जनगणना के पहले चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना शुरू गई है। इन राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में स्वगणना की 15 दिन की पूर्व सूचना अवधि कल खत्म हो गई थी।
*****
उत्तर प्रदेश में जनगणना के पहले चरण के अंतर्गत घरों की सूची बनाने का काम 22 मई से शुरू होगा। सात मई से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध होगी। उत्तर प्रदेश की मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने लखनऊ में बताया कि राज्य में जनगणना अभियान के तहत घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी।
पूरे प्रदेश को एक ग्रिड में बांटा जाता है। ग्रिड के छोटे-छोटे खंड बनाए जाते हैं या मकान सूचीकरण ब्लॉक दोनों एक ही चीज है। पहले फेस को मकान सूचीकरण ब्लॉक कहते हैं दूसरे फेस में उसको गणना ब्लॉक कहते हैं। ये गणना ब्लॉक 120 से 180 घर के करीब होते हैं। इनमें करीब 800 से 1000 के बीच हम लोग कॉपरेशन करते हैं। 800 हम लोगों ने अपर लिमिट रखी है। पूरा प्रदेश ऐसे प्रखंड में बांटा जाता है और इस बार यह कार्य डिजिटली किया गया। ये पोर्टल के माध्यम से इन सबकी जॉग्रफिकली बाउंड्रीज बनाई गई हैं। सबकी बाउंड्रीज को टेक करके बनाया गया है। ऐसे हमारे प्रदेश में तीन लाख 90 हजार गणना ब्लॉक बने हैं।
*****
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड- बीसीसीआई ने टी20 महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत कौर टीम को कप्तानी और स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। नंदिनी शर्मा और विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को भी टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड और वेल्स की मेजबानी में यह विश्व कप 12 जून से शुरू होगा। जबकि फाइनल 5 जुलाई को खेला जाएगा।
*****
चेन्नई में आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किग्ंस का मैच जारी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुम्बई ने ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में 4 विकेट पर 124 रन बना लिये हैं।
*****
डेनमार्क में थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज भारत का मुकाबला फ्रांस से होगा। लक्ष्य सेन चोट के कारण इस मुकाबले में हिस्सा नहीं लेंगे। लक्ष्य की अनुपस्थिति में विश्व के 30वें नंबर के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत कोर्ट पर उतरेंगे।
*****
स्नातक चिकित्सा शिक्षा पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट यूजी कल आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक है। नीट के सूचना बुलेटिन के मुताबिक परीक्षा केंद्र में दोपहर डेढ़ बजे तक प्रवेश की अनुमति होगी।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले में विधानसभा की दो सीटों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान के दौरान लगभग 90 प्रतिशत वोट पड़े। पश्चिम बंगाल, केरलम्, तमिलनाडु, असम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना सोमवार को।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की।
- सरकार ने भारत की आपातकालीन संचार प्रणालियों को सुदृढ़ करने और जन सुरक्षा ढांचे के विस्तार के लिए सेल प्रसारण प्रणाली का शुभारंभ किया।
- छत्तीसगढ़ में कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर आईईडी विस्फोट में सुरक्षा बलों के चार जवान वीरगति को प्राप्त।
- लोकप्रिय गीतकार प्रसून जोशी प्रसार भारती के अध्यक्ष नियुक्त।
- बीसीसीआई ने आईसीसी महिला टी-20 क्रिकेट विश्वकप के लिए हर्मनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम की घोषणा कर दी है।
*****