May 1, 2026 9:38 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के 15 मतदान केंद्रों पर कल पुनर्मतदान के आदेश दिए।
  2. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा – वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के बावजूद सरकार ने खुदरा ऊर्जा की कीमतें स्थिर रखी हैं।
  3. नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानें आगामी 15 जून से शुरू होंगी।
  4. भारतीय मानक ब्यूरो – बीआईएस ने छडियों और कोहनी वाली बैसाखियों सहित चिकित्सा सहायक प्रौद्योगिकियों के लिए नए मानक जारी किए।
  5. सात वर्षीय ईशान्क सिंह ने भारत और श्रीलंका के बीच पाक जलडमरूमध्य को रिकॉर्ड समय में पार करने वाले सबसे कम उम्र के तैराक बनकर इतिहास रचा।
  6. मौसम विभाग ने कल असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया।

 

*****

निर्वाचन आयोग में पश्चिम बंगाल के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान के आदेश दिए हैं। मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डाइमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों पर कल पुनर्मतदान होगा। इन केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।

आयोग ने कहा है कि इन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का निर्णय पर्यवेक्षकों तथा रिटर्निंग अधिकारियों की रिपोर्ट पर लिया गया है। इन मतदान केंद्रों पर बुधवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में वोट डाले गए थे। रिपोर्टों के आधार पर आयोग ने इन मतदान केंद्रों पर चुनाव रद्द कर दिया था।

*****

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत कच्चे तेल के विश्व के पांचवें सबसे बड़े निर्यातक के रूप में उभरा है। सूरत में आज आयोजित तीसरे वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऊर्जा संकट के बाद देश ने न केवल अपनी ऊर्जा आपूर्ति में विविधता लाई है, बल्कि सफलतापूर्वक 60 प्रतिशत एलपीजी का उत्पादन भी देश के भीतर ही कर रहा है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और माल ढुलाई लागत में वृद्धि के बावजूद, सरकार ने खुदरा ऊर्जा कीमतों को स्थिर बनाए रखा है, जो आम नागरिक के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

*****

सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया में बदलती स्थितियों के बीच ऊर्जा आपूर्ति, नौवहन अभियान और भारतीय नागरिकों को सहयोग सहित सभी क्षेत्रों में निरंतरता और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता से काम किया जा रहा है।

तेल और प्राकृतिक गैस मंत्राालय ने एक बयान में कहा है कि देश भर में एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कार्रवाई जारी है।

*****

नोएडा अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे ने 15 जून 2026 से हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उडान परिचालन की शुरुआत करने की घोषणा की है। इससे राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्‍तर भारत में यात्रियों, एयरलाइन्‍स और कार्गो परिचालन के लिए एक नया द्वार खुल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा हवाई अड्डे का उद्घाटन और नागर विमानन सुरक्षा ब्‍यूरो से एयरोड्रम सुरक्षा कार्यक्रम से मंजूरी की प्राप्ति मिलने के बाद सेवाओं की शुरुआत होगी। नोएडा अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो एयरलाइन अपनी पहली उड़ान संचालित करेगी। यह उड़ान यात्री सेवाओं की शुरुआत को दर्शाती है। इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्‍सप्रेस अपनी उड़ानों का परिचालन करेगी।

*****

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद – आईसीयू द्वारा शुरू की गई राष्ट्रीय आवश्यक सहायक उत्पाद सूची एनएलईएपी पहल के अंतर्गत, भारतीय मानक ब्‍यूरो – बीआईएस ने चिकित्सा सहायक प्रौद्योगिकियों के लिए कई मानक जारी किए हैं।

 

 

 

बीआईएस द्वारा कोहनी बैसाखी, चलने वाली छड़ियां और तीन या अधिक पैरों वाली चलने की छड़ियों के लिए मानक प्रकाशित किए गए हैं। इसके अलावा, बीआईएस ने स्पर्शनीय मार्गदर्शक मानचित्रों के सुलभ डिजाइन-सूचना सामग्री, चित्रांकन और प्रदर्शन विधियों, साइनेज उपकरण और उपकरणों पर ब्रेल के अनुप्रयोग और पोर्टेबल रैंप के लिए भी मानक प्रकाशित किए हैं। एनएलईएपी दस्तावेज़ का उद्देश्य नीति निर्माताओं, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और संबंधित हितधारकों के लिए सहायक उत्पादों के प्रावधान के लिए एक दिशानिर्देश के रूप में कार्य करना और साथ ही देश भर में सहायक प्रौद्योगिकियों के विकास में सहयोग करना है। ये मानक सुरक्षा, एर्गोनॉमिक्स प्रदर्शन, फिनिश, कारीगरी और निर्माता द्वारा प्रदान की जाने वाली जानकारी से संबंधित आवश्यकताओं को निर्धारित करते हैं। समाचार कक्ष से मैं मनोज।

 

*****

गृह मंत्री अमित शाह ने आज लेह के जीवत्सल में तथागत बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और केंद्रीय गृह सचिव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। तथागत बुद्ध के पवित्र अवशेषों की यह प्रदर्शनी आज से लेकर इस माह की 14 तारीख तक लद्दाख में आयोजित की जा रही है।

*****

सरकार ने कहा है कि ग्रेट निकोबार परियोजना इस बात का उदाहरण है कि समग्र विकास किस तरह आर्थिक विकास, पारिस्थितिक संरक्षण और सामाजिक समावेश को संतुलित कर सकता है। सरकार ने कहा कि यह परियोजना भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, समुद्री और रक्षा उपस्थिति को मजबूत करने के लिए ग्रेट निकोबार की रणनीतिक स्थिति का लाभ उठाती है। साथ ही मजबूत पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों और जनजातीय कल्याण तंत्रों को भी शामिल करती है। ग्रेट निकोबार परियोजना अंडमान सागर में भारत की उपस्थिति को मजबूत करने की एक रणनीतिक पहल है।

*****

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि चार साल पहले लागू हुए भारत-यूएई व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते – सीईपीए ने भारतीय किसानों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों तथा अन्य व्यवसायों के लिए परिवर्तनकारी अवसर पैदा किए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि भारत और यूएई के बीच द्विपक्षीय व्यापारिक संबंध मजबूती से बढ़े हैं और 100 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर चुके हैं।

*****

उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने उल्‍लेख किया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के दस वर्ष पूरे होने से लाखों घरों में वास्तविक बदलाव आया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जोशी ने कहा कि इस योजना से एक शांत लेकिन शक्तिशाली परिवर्तन ने लोगों के जीवन को छुआ है, महिलाओं को सशक्त बनाया है और एक स्वस्थ भारत की नींव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि धुएं से भरी रसोई से लेकर सुरक्षित और स्वस्थ स्थानों तक, पीएम उज्ज्वला योजना का सफर माताओं के लिए सम्मान, परिवारों के लिए सुविधा और हर घर के लिए बेहतर भविष्य के बारे में है।

*****

आंध्र पदेश, अरूणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत आज से मकान सूची क्रम और मकान गणना आरंभ हो गई। यह कार्य इन राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में 15 दिन के स्वगणना के 15 दिन के नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद शुरू हुआ है।

गृह मंत्रालय ने कहा है कि यह कार्य 30 मई 2026 तक जारी रहेगा। इसके अंतर्गत प्रशिक्षित गणनाकर्ता घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।

*****

महाराष्ट्र में जनगणना प्रक्रिया आज राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा द्वारा स्वयं जनगणना करने के साथ औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई। राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर इस अभियान की शुरुआत करते हुए राज्यपाल ने नागरिकों से इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई स्थित अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में स्वयं जनगणना पूरी की, जबकि विभिन्न जिलों के पालक मंत्रियों ने भी इसमें हिस्‍सा लिया, जिससे राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत हुई।

*****

मेघालय के राज्यपाल सी. एच. विजयशंकर ने आज शिलांग स्थित लोक भवन में जनगणना पोर्टल पर स्व-गणना अभियान की शुरूआत की। 15 मई तक चलने वाली यह पहली जनगणना प्रक्रिया होगी जो पूरी तरह से डिजिटल होगी।

*****

67वां महाराष्ट्र दिवस आज राज्य भर में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुंबई के लोक भवन में राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और राज्य गीत की प्रस्तुति के बीच तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और हुतात्मा स्मारक पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

 

 

 

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र को भारत का पावरहाउस और विकास का इंजन बताया। मराठी भाषा विवाद पर उन्होंने दोहराया कि महाराष्ट्र में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मराठी सीखनी होगी, लेकिन मराठी के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महाराष्ट्र के नागरिकों को वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र दिवस को केवल उत्सव का ही नहीं, बल्कि आत्मपरीक्षण का भी अवसर बताया। 67वें महाराष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में राज्य भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

*****

महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 13 दशमलव तीन किलोमीटर लंबी ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना का उद्घाटन किया।

इस नए खंड से मुंबई और पुणे के बीच की दूरी लगभग 6 किलोमीटर कम होने की उम्मीद है।

*****

गुजरात का 66वां स्थापना दिवस सूरत में धूमधाम से मनाया जा रहा है। समारोह का शुभारंभ शाम को शहर के वाई-जंक्शन पर भव्य पुलिस परेड के साथ हुआ। राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने परेड देखी।

 

 

हीरा नगरी सूरत आज ‘गुजरात गौरव दिवस’ के भव्य राज्य-स्तरीय समारोह का गवाह बन रही है। समारोह की शुरुआत आज शाम भव्य परेड से हुई जिसमें एक अनुशासित मार्च पास्ट और साहसी मोटरसाइकिल स्टंट द्वारा राज्‍य की प्रगति को प्रदर्शित किया गया। इसके बाद आज रात डुमस सी-फेस पर ‘गौरववंतु गुजरात’ विषय पर आधारित एक भव्‍य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिस दौरान 250 से अधिक कलाकार लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से सूरत की ऐतिहासिक जड़ों से लेकर वैश्विक केंद्र बनने तक के सफर को प्रदर्शित करेंगे। समारोह के दौरान विशिष्ट हस्तियों को ‘गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा और जिले की प्रगति पर आधारित दो पुस्तकों का भी विमोचन किया जाएगा। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार सूरत।

*****

 

लाइव इवेंट्स डेवलपमेंट सेल-एलईडीसी की चौथी बैठक आज नई दिल्ली में आयोजित हुई। बैठक की अध्‍यक्षता सूचना और प्रसारण मंत्रालय सचिव चंचल कुमार ने की।

इस अवसर पर श्री कुमार ने कहा कि भारत के लाइव इवेंट उद्योग के विकास के लिए एक समन्वित रोडमैप तैयार करने में एलईडीसी की महत्‍वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि लाइव इवेंट क्षेत्र मीडिया और मनोरंजन उद्योग के सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। यह रोजगार सृजन, पर्यटन संवर्धन और संबद्ध क्षेत्रों में आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

लाइव इवेंट्स सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पिछले वर्ष जुलाई में एलईडीसी की स्थापना की थी।

*****

नीलगिरी श्रेणी के छठे जहाज, प्रोजेक्ट 17ए, महेंद्रगिरी को आज मुंबई में भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि यह जहाज युद्धपोत डिजाइन और निर्माण में आत्‍मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में महत्‍वपूर्ण है। युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो द्वारा तैयार किए गए और मुंबई के युद्धपोत निरीक्षण दल की देख रेख में पी-17ए जहाज स्‍वदेशी पोत डिजाइन, कठिन परिस्थितियों में भी कार्य करने की क्षमता रखता है।

*****

झारखंड में सात वर्षीय बालक ने पाक जलडमरूमध्य को पार करने वाले सबसे कम उम्र के तैराक बनने का रिकॉर्ड बनाया है।

 

 

ईशांक ने श्रीलंका और भारत के बीच 29 किलोमीटर पाक जलडमरूमध्य की दूरी को रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया। रांची के कक्षा 3 के छात्र ईशांक सिंह ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से तमिलनाडु के धनुष्कोडी तक की तैराकी 9 घंटे 50 मिनट में पूरी कर ली। इस उपलब्धि को यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम ने आधिकारिक रूप से मान्यता दी है। “मिशन समंदर” के अंतर्गत यह यात्रा कल सवेरे शुरू हुई थी और इसमें ईशांक को तेज धाराओं और ऊफनते समुद्र का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वे दोपहर तक भारतीय तट पर पहुंच गए। समाचार कक्ष से, मैं आकर्षिता सिंह।

*****

भारत थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। डेनमार्क में क्वार्टरफाइनल में भारत ने चीनी ताइपे को 3-0 से हराया।

उधर, आईपीएल क्रिकेट में, डेल्‍ही कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला जयपुर में जारी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने ताजा समाचार मिलने तक 17 ओवर में 5 विकेट पर 168 रन बना लिये हैं।

अंक तालिका में राजस्थान रॉयल्स चौथे और डेल्‍ही कैपिटल्स सातवें स्थान पर है।

*****

मौसम विभाग ने कल असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अरुणाचल प्रदेश, केरल, माहे, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कल तेज बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कल बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, झारखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने की संभावना व्‍यक्‍त की है। तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले दो दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के 15 मतदान केंद्रों पर कल पुनर्मतदान के आदेश दिए।
  2. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा – वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के बावजूद सरकार ने खुदरा ऊर्जा की कीमतें स्थिर रखी हैं।
  3. नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानें आगामी 15 जून से शुरू होंगी।
  4. भारतीय मानक ब्यूरो – बीआईएस ने छडियों और कोहनी वाली बैसाखियों सहित चिकित्सा सहायक प्रौद्योगिकियों के लिए नए मानक जारी किए हैं।
  5. सात वर्षीय ईशान्क सिंह ने भारत और श्रीलंका के बीच पाक जलडमरूमध्य को रिकॉर्ड समय में पार करने वाले सबसे कम उम्र के तैराक बनकर इतिहास रचा।
  6. मौसम विभाग ने कल असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.