मुख्य समाचार :-
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- जम्मू और श्रीनगर के बीच रेल संपर्क में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन को रवाना किया।
- ऑनलाईन गेमिंग नियम 2026 कल से लागू होंगे।
- ब्रह्मोस एयरोस्पेस का राजस्व 2025-2026 के लिए 5 हजार दौ सौ करोड़ रुपये से अधिक हुआ।
- निर्वाचन आयोग ने मतगणना केंद्रों में अनाधिकृत प्रवेश रोकने के लिए क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली शुरू की।
- इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह बचत खाता शुरू किया।
- आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला जारी।
*****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि जम्मू और श्रीनगर के बीच रेल सेवा शुरू होने से रेल संपर्क में बड़ा बदलाव आया है। श्री वैष्णव ने आज जम्मू-तवी रेलवे स्टेशन से श्रीनगर–जम्मू वंदे भारत एक्सप्रेस विस्तारित सेवा को रवाना किया। इससे जम्मू – कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्र तक रेल संपर्क प्रदान करके देश भर के यात्रियों को लाभ होगा। श्री वैष्णव ने कहा कि ये रेलगाडी नियमित रूप से शनिवार से शुरू होगी।
आज जम्मू और श्रीनगर के बीच में जो माननीय प्रधानमंत्री जी ने रेलवे लाइन का इनॉग्रेशन लास्ट ईयर किया था और वंदे भारत सर्विस चालू की थी आठ कोच की ट्रेन को 20 कोच की ट्रेन में अपग्रेड किया गया है आज और जो कटरा से श्रीनगर चलती थी उसको एक्सटेंशन करके जम्मू से स्टार्ट किया गया है। ये जम्मू कश्मीर के सभी जनता के लिए सभी आवाम के लिए, सभी नागरिकों के लिए बहुत बड़ा एक बेनिफिट रहेगा।
श्री वैष्णव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से इस क्षेत्र में निरंतर विकास हुआ है।
जम्मू और कश्मीर के लोगों के लिए धारा 370 हटने के बाद में डेवलपमेंट की जो नई धारा चालू हुई है। इंटायर नॉर्दर्न बॉर्डर अगर हम लें इंटायर नॉर्दर्न बॉर्डर में तो रेलवे का पूरा एक नया जाल बिछाया जा रहा है। कंप्लीट नेटवर्क पर काम किया जा रहा है और नेपाल बार्डर के साथ वाले एरिया नॉर्दर्न बॉर्डर में वहां के रेलवे लॉइन को डबल किया जा रहा है।
रेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले वर्ष जून में कटरा से श्रीनगर के लिए वंदे भारत रेल सेवा शुरू होने से अब तक साढे पांच लाख से अधिक लोगों ने इसमें यात्रा की हैं। जम्मू-कश्मीर में चार रेलवे स्टेशनों का निर्माण और उन्नयन किया जा रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए इस सीधी रेल सेवा की शुरुआत से यात्रा में सुगमता बढ़ेगी और पूरे क्षेत्र में व्यापार करने में सुगमता को बढ़ावा मिलेगा।
जम्मू-कश्मीर में रेल का जाल बिछाने का काम उसी तरह उसी गति से हो रहा है। जिस तरह से बाकी प्रदेशों में हालांकि यहां की भौगोलिक परिस्थितियां काफी भिन्न हैं। इस रेलगाडी से यातायात की सुविधा तो होगी ही होगी उद्योग में भी सुविधा रहेगी। रक्षाबलों की आवाजाही में भी सुविधा रहेगी। मुझे यकीन है कि वंदे भारत जम्मू से श्रीनगर चलने के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। वहां एक बार फिर से फिल्मी दुनिया रूख करेगी।
****
सरकार ने कहा है कि देश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और खरीफ मौसम के लिए आपूर्ति आवश्यकता से अधिक है। नई दिल्ली में अंतरमंत्रालयी ब्रीफिंग में उर्वरक विभाग की अपर सचिव अपर्णा शर्मा ने यह जानकारी दी।
उर्वरक का घरेलू उत्पादन और आयात पहले की तरह सामान्य बना है। विभिन्न उर्वरकों का कुल घरेलू उत्पादन 62 दशमलव तीन-सात लाख मीट्रिक टन रहा है, और लगभग 15 दशमलव तीन-नौ लाख मीट्रिक टन उर्वरक का आयात हमारे यहां पहुंचा है। उर्वरकों की कुल उपलब्धता 78 लाख मीट्रिक टन हो गई है। 38 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 19 लाख मीट्रिक टन फास्फोरस और पोटैशियम युक्त उर्वरकों की खरीद के लिए वैश्विक निविदाएं जारी की गई हैं।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि किसी भी वितरक पर घरेलू एलपीजी आपूर्ति की कमी नहीं है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि अब तक दो हजार आठ सौ से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी हुई है।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने विश्व को यह संदेश दिया है कि भारत किसी भी परिस्थिति में आतंकवादी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा। नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा शिखर सम्मेलन में उन्होंने कहा कि भारत अब आतंकवादी हमलों के बाद केवल कूटनीतिक बयान जारी करने की पुरानी मानसिकता से बाहर आ चुका है।
हमारे मिलिट्री इंडस्ट्रियल कॉम्लेक्स में भी समय–समय पर यह साबित किया है कि वह केवल शांतिकाल की जरूरतों के लिए ही नहीं युद्धकाल की तेज आपूर्ति के लिए भी वह तैयार है। हालांकि, उस बीच हमें न्यूक्लियर हमले तक की धमकी दी गई लेकिन हम उस ब्लफ में नहीं आए। हमने उन धमकियों को नकारते हुए कोई तवज्जो न देते हुए वही किया जो करना था। जो राष्ट्र हित में जरूरी था और यही है न्यू वॉर ऑर्डर यानि नई दुनिया का नया भारत।
*****
रक्षा मंत्री ने आज नई दिल्ली में इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो के साथ पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। रक्षा मंत्री ने बताया कि दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच सैन्य सहयोग के संबंध में द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना 2026-27 का भी आदान-प्रदान किया गया।
*****
ऑनलाइन गेमिंग का प्रचार और विनियमन संबंधी नियम कल से लागू हो जाएंगे। यह भारत के तेजी से बढ़ते ऑनलाइन गेमिंग क्षेत्र को विनियमित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अंतर्गत ऑनलाइन पैसे वाले खेलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है तथा इन खेलों के विज्ञापन और वित्तीय लेनदेन पर भी रोक लगेगी। नियमों का उल्लंघन करने पर कारावास और जुर्माने सहित कठोर दंड का प्रावधान है।
नियमों के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन एक एकीकृत नियामक के रूप में भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण की स्थापना की गई है। प्राधिकरण ऑनलाइन खेलों का वर्गीकरण करेगा, अनुपालन की निगरानी करेगा, उपयोगकर्ता शिकायतों का समाधान करेगा और वित्तीय संस्थानों तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करेगा। सरकार ने कहा कि इन नियमों का उद्देश्य एक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह डिजिटल गेमिंग व्यवस्था का निर्माण करना है। उम्मीद है कि यह ढांचा रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगा, रोजगार सृजित करेगा और भारत को जिम्मेदार गेमिंग विनियमन में वैश्विक नेतृत्व के रूप में स्थापित करेगा। इसके साथ ही यह उपयोगकर्ताओं को ऑनलाइन मनी गेमिंग से जुड़े वित्तीय और सामाजिक जोखिमों से बचाएगा। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
*****
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने कहा है कि वर्ष 2025-2026 के लिए ब्रह्मोस एयरोस्पेस का राजस्व पांच हजार दो सौ करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। संगठन ने कहा कि लखनऊ में नये केन्द्र में परिचालन शुरू होने के एक वर्ष के भीतर ही मिसाइलों का उत्पादन शुरू हो गया है। ब्रह्मोस एयरोस्पेस को वर्ष 2025-26 में चार हजार करोड़ रुपये के दो निर्यात अनुबंध मिले हैं। इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रक्षा निर्यात का महत्वपूर्ण लक्ष्य पूरा हो रहा है।
*****
इन्वेस्ट इंडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 6 दशमलव एक अरब डॉलर से अधिक का निवेश भारत में लाया है। यह देश के निवेश तंत्र में वैश्विक विश्वास को दर्शाता है। नई दिल्ली में उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया ने कहा कि ये निवेश 14 राज्यों में फैले हुए हैं और इनसे 31 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
*****
निर्वाचन आयोग ने मतगणना केंद्रों में अनाधिकृत प्रवेश की संभावना को समाप्त करने के लिए अपने ई.सी.आई.एन.ई.टी. प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली शुरू की है। यह व्यवस्था चार मई से असम, केरलम, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों के साथ-साथ अन्य राज्यों में सात विधानसभा सीटों पर उपचुनावों की मतगणना के दौरान लागू होगी।
*****
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने आज अपने स्वयं सहायता समूह बचत खाते का शुभारंभ किया। यह पहल ग्रामीण भारत में महिलाओं के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई है। यह खाता एक सरल, सुलभ और निःशुल्क बैंकिंग समाधान प्रदान करेगा।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि यह पवित्र दिन भगवान बुद्ध के पृथ्वी पर आगमन, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की ऐतिहासिक घटनाओं का प्रतीक है।
गृहमंत्री अमित शाह कल लद्दाख में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की पहली अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में शामिल होंगे।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान, गृह मंत्री अमित शाह कल बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। विश्व भर में बुद्ध के अवशेषों को अत्यंत पवित्र माना जाता हैं। समय–समय विभिन्न देशों में इन अवशेषों की प्रदर्शिनी आयोजित की जाती रही है। हाल ही में, इन पवित्र अवशेषों को मंगोलिया, थाईलैंड, रूस और वियतनाम ले जाया गया था। लद्दाख में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों प्रदर्शनी आध्यात्मिक चिंतन का एक सशक्त क्षण प्रदान करेगी। यह बुद्ध के उपदेशों की शुरुआत के 2,500 से भी अधिक वर्षों बाद भी करुणा, ज्ञान और आशा के उनके शाश्वत संदेश को संजोए हुए है। गृह मंत्री कई केंद्रीय परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे। लेह से अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार।
*****
मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी बांध में आज शाम पर्यटकों की क्रूज नौका तेज तूफान और ऊंची लहरों की चपेट में आने से खमारिया द्वीप के पास पलट गई। क्रूज में लगभग 30 पर्यटक सवार थे। अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कई लोग अभी भी लापता हैं। राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस और होम गार्ड के दल बड़े पैमाने पर बचाव अभियान में जुटे हैं।
*****
बंबई शेयर बाजार का सूचकांक सेंसेक्स 583 अंक गिरकर 76 हजार 914 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 180 अंक की गिरावट के साथ 23 हजार 998 पर आ गया।
*****
मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों के लिए उत्तर पूर्वी क्षेत्र में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। कल ओडिशा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी गरज के साथ आंधी आने की संभावना है। कल बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरलम, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।
*****
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने कहा है कि प्रत्येक भारतीय मुसलमान के लिए हज को सुलभ और किफायती बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हज के हवाई किराए में बढोत्तरी पर कई मीडिया प्लेटफॉर्मों पर चिंताएं व्यक्त किए जाने के बाद मंत्रालय ने यह बात कही। पश्चिम एशिया संकट के बीच ईंधन की बढ़ती लागत के कारण एयरलाइंस ने तीन सौ से चार सौ डॉलर की मांग की थी, लेकिन मंत्रालय ने इसे प्रति यात्री एक सौ डॉलर तक सीमित कर दिया।
*****
अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट में, गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला जारी है। बैंगलुरू ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में 8 विकेट पर 133 रन बना लिये हैं। बैंगलुरु अंक तालिका में दुसरे और गुजरात पांचवे स्थान पर है।
*****
मिजोरम के तुइखुहाटलांग में आइजोल आकाशवाणी केन्द्र की 90वीं वर्षगांठ पर आज दीप प्रज्ज्वलन समारोह आयोजित किया गया। आइजोल केन्द्र शुरू से ही मनोरंजन का एक प्रमुख स्रोत रहा है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- जम्मू और श्रीनगर के बीच रेल संपर्क में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन को रवाना किया।
- ऑनलाईन गेमिंग नियम 2026 कल से लागू होंगे।
- ब्रह्मोस एयरोस्पेस का राजस्व 2025-2026 के लिए 5 हजार दौ सौ करोड़ रुपये से अधिक हुआ।
- निर्वाचन आयोग ने मतगणना केंद्रों में अनाधिकृत प्रवेश रोकने के लिए क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली शुरू की।
- इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह बचत खाता शुरू किया।
- आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला जारी।
*****