April 29, 2026 9:50 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 91 दमशलव छह-छह प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य में स्‍वतंत्रता के बाद से अब तक का सबसे अधिक 92 प्रतिशत से ज्‍यादा मतदान दर्ज किया गया।

  2. पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु, असम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणन चार मई को होगी।

  3. अधिकतर एग्जिट पोल के अनुसार असम में भाजपा सत्ता बरकरार रखेगी; पश्चिम बंगाल में भी भाजपा, तृणुमूल कांग्रेस से आगे। केरलम में कांग्रेस की वापसी की संभावना। तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन आगे। और पुद्दुचेरी में एनडीए की सत्ता बरकरार रहेगी।

  4. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को एतिहासिक अवसर बताते हुए भारतीय बाजार के विशाल आकार और क्षमता की सराहना की।

  5. भारत ने पांच साल पहले ही गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से 50 प्रतिशत बिजली प्राप्त करने का लक्ष्य हासिल किया।

  6. चीन में एशियाई बीच गेम्स में कुश्‍ती में भारत ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता।

 

 

****

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चरण में 91 दशमलव छह-छह प्रतिशत मतदान हुआ। मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि राज्‍य में अब तक का सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में 93 दशमलव एक-नौ प्रतिशत मतदान हुआ था। दोनों चरणों में कुल मतदान प्रतिशत 92 दशमलव चार-सात प्रतिशत रहा। उन्‍होंने बताया कि 2011 में 84 दशमलव सात-दो प्रतिशत मतदान हुआ था। श्री कुमार ने बताया कि राज्‍य में इस बार चुनाव में एक भी मौत नहीं हुई। उन्‍होंने बताया कि 2021 में 24 और 2016 में सात लोगों की मौत हुई थी।

और अधिक जानकारी के लिए बात करते हैं अपने कोलकाता संवाददाता कल्‍याण लाहा से

 

प्रश्‍नकल्‍याण आज दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया कैसी रही ?

 

प्रश्‍न-2- इस बार विधानसभा चुनाव में कांटे की टक्‍कर देखने को मिल रहे हैं और इस बार जिस तरह से रिकॉर्ड मतदान हुआ, निर्वाचन आयोग ने अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए क्‍या कदम उठाए ?

 

पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना 4 मई को होगी।

 

****

 

अधिकतर मतदान पश्‍चात सर्वेक्षण-एग्जिट पोल ने असम में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में बने रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। एक्जिट पोल के अनुसार भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को लगभग 87 से 100 सीटें और कांग्रेस को लगभग 26 से 36 सीटें मिलने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल में कुछ एग्जिट पोल ने भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की है, जबकि अन्य टीएमसी की जीत का अनुमान लगा रहे हैं। भाजपा को लगभग 140 से 160 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि टीएमसी को लगभग 120 से 140 सीटें मिलने की संभावना है।

 

वहीं, केरलम में एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस के सत्ता में वापस आने की संभावना है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को 75 से 90 सीटें जीतने और एलडीएफ को 45 से 60 सीटें मिलने की उम्मीद है।

 

तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन आगे है। डीएमके को लगभग 112 से 140 सीटें और एआईएडीएमके को 60 से 100 सीटें मिलेंगी। पुद्दुचेरी में एनडीए गठबंधन को 16 से 20 सीटें और डीएमके-कांग्रेस गठबंधन को 6 से 8 सीटें मिलने की संभावना है।

 

****

 

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को एतिहासिक अवसर बताते हुए भारतीय बाजार के विशाल आकार और क्षमता की सराहना की है। एक वीडियो संदेश में श्री लक्सन ने कहा कि भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनने की ओर अग्रसर है।

 

 

 

भारत आज सबसे अधिक आबादी वाला देश है। यहाँ लगभग डेढ़ सौ करोड़ लोग रहते हैं। इनकी आर्थिक स्थिति लगातार बेहतर हो रही है। परिणामस्वरूप, ये न्यूजीलैंड जैसे देशों से उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद और सेवाएं खरीदना चाहते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। इसलिए, न्यूजीलैंड के पास भारत के साथ आगे बढ़ने के अपार अवसर है।

 

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्‍सप्रेसवे मात्र पांच वर्षों में बनकर तैयार हुआ है।

 

 

 

देश के सबसे बड़े एक्सप्रेसवेज में शुमार यूपी का सबसे लंबा ग्रीन कॉरिडॉर एक्सप्रेसवे, ये 5 साल के भीतरभीतर बनकर तैयार हो गया है। एक ओर गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा हुआ है, तो साथ ही, इसके विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है।

 

श्री मोदी ने कहा कि जिस प्रकार गंगा हजारों वर्षों से उत्तर प्रदेश की जीवनरेखा रही है, उसी प्रकार यह एक्सप्रेसवे भी राज्य के विकास की नई जीवनरेखा बनेगा।

 

 

 

गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के एक छोर को दूसरे छोर से तो जोड़ता ही है ये एनसीआर के असीम संभावनाओं को भी करीब लाएगा। इसके किनारे नए औद्योगिक अवसर विकसित होंगे। इसके लिए हरदोई जैसे दूसरे जिलों में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। इससे हरदोई शाहजहांपुर, उन्‍नाव समेत सभी 12 जनपदों में नए उद्योग आएंगे। अलगअलग सेक्‍टर जैसे फार्मा, टेक्‍सटाइल आदि के  स्‍तर कलस्‍ट्रल विकसित होंगे, युवाओं के लिए रोजगार के लिए नए अवसर भी तैयार होंगे।

****

 

भारत ने पांच साल पहले ही गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से 50 प्रतिशत बिजली प्राप्त करने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी ने नई दिल्ली में एक सम्‍मेलन में कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में भारत विश्व में तीसरे स्थान पर है। श्री जोशी ने बताया कि भारत ने 2025-26 में 55 दशमलव दो-नौ गीगावाट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता हासिल की। उन्‍होंने कहा कि ये उपलब्धियां नवीकरणीय ऊर्जा निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाती हैं।

 

 

 

पवन, सौर, बैटरी और पंप स्टोरेज से उत्‍पन्‍न ऊर्जा को मिलाकर लगभग 30 प्रतिशत उत्पादन होता है। लगभग दोतिहाई मांग नवीकरणीय ऊर्जा से पूरी की गई है। यह दर्शाता है कि भारत इस परिवर्तनशीलता को संभालने और अपनी स्थापित क्षमता को उत्पादन में और उत्पादन को पारेषण में परिवर्तित करने में सक्षम है। यही भारत की सफलता की कहानी है।

 

****

 

रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पूर्वी विशेष माल गलियारे पर 24 घंटे गश्त तेज करने और ड्रोन की तैनाती के जरिए निगरानी बढ़ाने की व्यापक योजना की घोषणा की है। उन्‍होंने पंजाब के पटियाला जिले में शंभू-राजपुरा रेल पटरी के पास कल रात हुए विस्फोट स्थल का दौरा किया और गलियारे पर सुरक्षा की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं को निशाना बनाकर क्षेत्र को अस्थिर करने में बाहरी हस्‍तक्षेप के संकेत मिले हैं।

 

****

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि देश ने 2014 के बाद से अपने डॉप्लर मौसम रडार नेटवर्क का व्‍यापक विस्तार किया है। नई दिल्ली में उन्‍होंने बताया कि परिचालन इकाइयों की संख्या 14 से बढ़कर 50 हो गई है। इसमें ढाई सौ प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। डॉ. सिंह ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की मौसम विज्ञान सेवाओं में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है।

 

 

 

आज यह स्थिति है कि इतनी विश्‍वसनीयता है प्रत्‍येक भविष्यवाणी की, जो इस विभाग के द्वारा की जाती है। सभी लोग इस भविष्‍यवाणी का सहारा लेकर के निर्णय करते हैं कब क्या कार्यक्रम किया जाए और इतनी प्रसीजन के साथ आजकल भविष्यवाणी दी जाती है और इसी विभाग ने नवोकास्‍ट नाम की एक सेवा शुरू की है। अगले तीन घंटे की प्रसाइज इनफॉरमेशन।

 

****

 

मौसम विभाग ने इस सप्ताह उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के हिमालय के तराई क्षेत्रों और सिक्किम सहित पूर्वोत्तर भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ अत्यधिक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। आज असम, मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हुई। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कल तथा 2 से 5 मई के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है।

 

****

दिल्ली उच्च न्यायालय आबकारी नीति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और 21 लोगों को बरी करने के निचली अदालत के आदेश के विरूद्ध दायर सीबीआई की याचिका पर 4 मई को सुनवाई करेगा। उधर, केजरीवाल और सिसोदिया ने सुनवाई का बहिष्कार करते हुए न्‍यायालय को सूचित किया कि वे न्यायाधीश के समक्ष पेश नहीं होंगे।

****

स्वापक नियंत्रण ब्यूरो-एनसीबी ने एक बड़े अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। तेलंगाना पुलिस के समन्वय से तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में पोन्नेरी के नल्लूर गांव से लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य का 200 किलो गांजा जब्त किया गया। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

****

बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 609 अंक बढ़कर 77 हजार 496 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 182 अंक की बढ़त के साथ 24 हजार 178 दर्ज हुआ।

****

चीन के सान्या में एशियन बीच गेम्स में भारत ने आज कुश्‍ती में चार पदक जीते। प्रिया मलिक और पुष्पा यादव ने स्‍वर्ण, सिद्धार्थ ने रजत और जसप्रीत कौर ने कांस्‍य पदक हासिल किया। भारत ने तीन स्‍वर्ण सहित छह पदक के साथ अभियान समाप्‍त किया।

****

समोआ के अपिया में युवा राष्‍ट्रमंडल और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में आज भारत ने एक स्‍वर्ण और तीन रजत पदक जीते। बेलना हरिका ने स्‍वर्ण, करंगी तरंगिनी और भूमिका मोहिते ने रजत पदक जीता। सीनियर वर्ग के यूनिवर्सल कप में, अभिषेक निपाने ने रजत पदक जीता।

****

आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक मुंबई ने 15 ओवर में 3 विकेट पर 181 रन बना लिए है।

****

भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष लद्दाख पहुंच गए हैं। लोग इनका पहली मई से 15 मई तक दर्शन कर पाएंगे।

****

लद्दाख में द्रास को एक अलग जिला बनाने के सरकार के ऐतिहासिक निर्णय के बाद आज पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। लोग इस ऐतिहासिक क्षण का बड़े उत्साह से जश्न मना रहे थे।

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 91 दमशलव छह-छह प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य में स्‍वतंत्रता के बाद से अब तक का सबसे अधिक मतदान 92 प्रतिशत से ज्‍यादा दर्ज किया गया।
  2. पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु, असम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणन चार मई को होगी।
  3. अधिकतर एग्जिट पोल के अनुसार असम में भाजपा सत्ता बरकरार रखेगी; पश्चिम बंगाल में भी भाजपा, तृणुमूल कांग्रेस से आगे। केरलम में कांग्रेस की वापसी की संभावना। तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन आगे। और पुद्दुचेरी में एनडीए की सत्ता बरकरार रहेगी।
  4. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को एतिहासिक अवसर बताते हुए भारतीय बाजार के विशाल आकार और क्षमता की सराहना की।
  5. भारत ने पांच साल पहले ही गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से 50 प्रतिशत बिजली प्राप्त करने का लक्ष्य हासिल किया। चीन में एशियाई बीच गेम्स में कुश्‍ती में भारत ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता।

****

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.