मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में लगभग छह हजार तीन सौ 50 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। दो अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाडियों को भी रवाना किया।
- प्रधानमंत्री ने कहा- देश की महिलाएं विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ हैं और सरकार नीति-निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
- पश्चिम बंगाल में कल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- सर्वोच्च न्यायालय ने कहा- धार्मिक गतिविधियों के नाम पर सड़कों को अवरुद्ध नहीं किया जा सकता।
- सरकार ने भीषण लू से श्रमिकों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रव्यापी परामर्श जारी किया।
- अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान के हमले में सात लोगों की मौत।
- समोआ में राष्ट्रमंडल युवा और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारत ने चार स्वर्ण पदक जीते।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश की महिलाएं विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ हैं और सरकार देश के नीति निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में महिला सम्मेलन में उन्होंने विपक्षी दलों पर संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक को समर्थन नहीं देकर महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगाया।
मुझे देश हित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आप सबका आशीर्वाद चाहिए और यह बड़ा लक्ष्य है महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया। मैं आप सभी बहनों को भरोसा देता हूं आपके आरक्षण का हक लागू हो इसमें कोई कसर बाकी नहीं छोडूंगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज शुरू हुई दो नई अमृत भारत रेलगाडियां काशी और अयोध्या को महाराष्ट्र से जोड़ेंगी।
काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई यह दोनों अमृत भारत ट्रेनें यूपी और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएगी। अब मुंबई पुणे सहित पूरे महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने का एक और आधुनिक विकल्प मिल गया।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री ने छह हजार तीन सौ 50 करोड़ रूपए की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
प्रमुख परियोजनाओं में जल जीवन मिशन के तहत 30 ग्रामीण पेयजल योजनाएं, चंद्रावती घाट का पुनर्विकास, सारनाथ के पास सारंगनाथ मंदिर का पर्यटन विकास, संत रविदास पार्क, नागवा का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्य, यूपी कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी टर्फ का निर्माण और अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और नमो घाट सहित प्रमुख घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने वाराणसी जंक्शन-पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखी, जिसमें गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण भी शामिल है। उन्होंने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों – बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कल सुबह प्रधानमंत्री वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री हरदोई जाएंगे और गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, वाराणसी।
———-
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस समारोह में 4 हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने राज्य में सम्पर्क और बुनियादी ढांचे में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
नॉर्थ ईस्ट यह हिंदुस्तान की अष्ट लक्ष्मी है, इसलिए हम एक्ट ईस्ट की पॉलिसी पर तो काम कर ही रहे हैं। हमने नॉर्थ ईस्ट के लिए एक्ट अष्ट का संकल्प भी लिया है और इसलिए एक्ट ईस्ट, एक्ट फास्ट। आज भी यहां हजारों करोड़ रुपए की सेवा परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इनमें रोड, पॉवर, टूरिज्म, खेल, एजुकेशन हर तरह के प्रोजेक्ट शामिल है।
———-
पश्चिम बंगाल में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सात जिलों की 142 सीटों के लिए कल सुबह 7 बजे से वोट डाले जाएंगे।
पश्चिम बंगाल के सात जिलों में चालीस हजार से अधिक मतदान केन्द्रों पर मतदान होगा। कुल 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए हैं। आयोग के बूथ जामिंग और सोर्स जामिंग न करने के पूर्व निर्देश के बाद, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदाताओं का विश्वास बढ़ाने के लिए सुरक्षा बल रूट मार्च चला रहे हैं। पहले चरण में 93 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था। कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
मतगणना चार मई को केरलम्, असम, पुद्दुच्चेरी और तमिलनाडु के साथ होगी।
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव में सभी प्रमुख नगर-निगमों पर जीत दर्ज की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस जनादेश से राज्य और पार्टी के बीच संबंध और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने एक बार फिर सुशासन की राजनीति और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों में भरोसा व्यक्त किया है।
भारतीय जनता पार्टी ने अहमदाबाद, वड़ोदरा, सूरत और राजकोट सहित राज्य की 15 महानगरपालिकाओं में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। इसमें नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी और आनंद जैसे नवगठित निकाय भी शामिल हैं। नगरपालिकाओं के आंकड़ों पर नज़र डालें तो भाजपा ने एक हजार 988 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस को 459 सीटें मिली हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा का दबदबा देखने को मिला है, जहां पार्टी ने जिला पंचायतों में 887 और तालुका पंचायतों में तीन हजार छह सौ से अधिक सीटें हासिल की हैं। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
———
सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि धार्मिक गतिविधियों के नाम पर सड़कों को अवरुद्ध नहीं किया जा सकता। शीर्ष न्यायालय ने कहा कि लोगों से जुड़ी सामान्य गतिविधियां बाधित होने पर सरकार हस्तक्षेप कर सकती है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता में नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने केरलम के सबरीमाला मंदिर सहित पूजा स्थलों पर धार्मिक स्वतंत्रता के दायरे और महिलाओं के साथ भेदभाव से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की।
———–
सरकार ने देश भर में घरेलू एल.पी.जी. और पी.एन.जी. तथा सी.एन.जी. की शत-प्रतिशत आपूर्ति का आश्वासन दिया है। नई दिल्ली में अंतरमंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव, सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू एल.पी.जी. की आपूर्ति स्थिर बनी हुई है।
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए और डोमेस्टिक पीएनजी उपभोक्ताओं के लिए सीएनजी ट्रांसपोर्ट के लिए 100 परसेंट सप्लाई एन्श्योर की गई है। इसके अलावा कमर्शियल एलपीजी भी 70 प्रतिशत तक रिस्टोर कर दी गई है। हमारे एलपीजी सप्लाई नॉर्मल है और किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर पर कोई ड्राई आउट रिपोर्ट नहीं है। अब तक लगभग एक लाख 75 हजार टन कमर्शियल एलपीजी की सेल की जा चुकी है और कल लगभग 9 हजार 578 टन कमर्शियल एलपीजी की सेल की गई।
———-
इलेक्टॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया विज़न के अंतर्गत विश्व स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निर्माण में विश्वसनीय भागीदार के रूप में सामने आ रहा है। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टणम में गूगल क्लाउड इंडिया एआई हब की आधारशिला रखते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि देश, व्यापक स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, सेमीकंडक्टर और उन्नत चिप निर्माण तथा एआई प्रौद्योगिकी में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में कई महत्वपूर्ण पहलें की गईं, लेकिन उस समय हम इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, सेमीकंडक्टर निर्माण और मोबाइल फोन निर्माण जैसे क्षेत्रों में पीछे रह गए। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने “मेक इन इंडिया” कार्यक्रम की शुरुआत की, तो उन्होंने सबसे पहले जिन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया, उनमें इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण प्रमुख था। आज मोबाइल फोन हमारे देश का सबसे बड़ा निर्यात होने वाला उत्पाद बन चुका है।
———-
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत की परिवहन प्रणालियां वैश्विक मानदंडों के अनुरूप होनी चाहिए। इससे लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सकेगा। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में श्री गडकरी ने कहा कि देश में परिवहन क्षेत्र अब सिर्फ लागत तक सीमित नहीं है बल्कि यह गुणवत्ता और सुविधा की ओर बढ़ा है।
हम अच्छे राजमार्ग बना रहे हैं। यही एक कारण है कि अब सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना बहुत आसान हो गया है, क्योंकि यह आर्थिक रूप से किफायती और बहुत आरामदायक भी है। हमने दिल्ली से देहरादून तक की सड़क का उद्घाटन किया। पहले इसमें 8 से 9 घंटे लगते थे, लेकिन अब हम 2 घंटे के भीतर वहां जा सकते हैं। साथ ही हम 36 ‘ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे‘ बना रहे हैं, जो बहुत महत्वपूर्ण हैं।”
———-
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद – एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, प्रकाशन और वितरण कार्यों की समीक्षा की। श्री प्रधान ने राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में पुस्तकों की उपलब्धता और विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को किताबों की समय से पहुंच सुनिश्चित कराने के लिये राज्य प्रशासन तथा वितरण एजेंसियों के साथ समन्वय की भी समीक्षा की।
———
सरकार ने बढ़ते तापमान और लू के प्रतिकूल प्रभावों से कामगारों ओर मजदूरों को बचाने के लिए राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों को राष्ट्रव्यापी परामर्श जारी किया है।
देश में इस समय कई क्षेत्रों में भीषण लू की स्थिति बनी हुई है। सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह दी है कि वे कर्मियों, उद्योगों और निर्माण कंपनियों को जरूरी निर्देश जारी करें, ताकि वह मजदूरों की सुरक्षा के लिए तुरंत उपाय लागू कर सकें। इसके अलावा कार्य स्थलों पर पर्याप्त पेयजल सुनिश्चित करने के साथ–साथ विश्राम स्थलों और कार्य स्थलों को ठंडा रखने का प्रावधान करने को भी कहा गया है। वही कामगारों की नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय रखने को भी कहा गया है। निर्माण के काम में लगे कामगारों, दिहाड़ी मजदूरों और अस्थायी मजदूरों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, ओआरएस, आईस पैक और गर्मी से होने वाले बीमारियों से बचाव के अन्य सामान का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने को भी कहा है। मंत्रालय ने सभी संगठनों से इस संबंध में की गई कार्र्रवाई और उपायों के बारे में हर 15 दिन में स्थिति रिपोर्ट जमा करने को कहा है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
———–
इलेक्ट्रॉनिकी सेक्टर ने भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत किया है। इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज मोहिंद्रू ने कहा इस समझौते से नए बाजार के अवसर खुलेंगे और भारतीय व्यापारियों को लाभ होगा।
हमारा दृष्टिकोण बहुत सुनियोजित रहा है। न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में 20 अरब डॉलर का निवेश करने का वादा किया है, जो काफी महत्वपूर्ण है। हमें प्रसन्नता है कि यह अन्य मुक्त व्यापार समझौतों के अनुरूप है। यह एक महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौता है और उद्योग जगत इसका स्वागत करता है।
———–
अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान के हवाई हमले में सात लोग मारे गए हैं। हमलों में प्रांतीय राजधानी, असदाबाद और सरकानो ज़िले सहित कई स्थानों को निशाना बनाया गया। कई आवासीय क्षेत्रों और सैयद जमालुद्दीन अफगान विश्वविद्यालय पर हमले हुए। अफगानिस्तान ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन बताया है।
————
समोआ में राष्ट्रमंडल युवा और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप तथा संबंधित यूनिवर्सल कप सीनियर में भारतीय खिलाडियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक जीते। पुरुषों में सुनील सिंह और अभिनव गोगोई, जबकि महिला वर्ग में ऐसांगफा गोगोई ने स्वर्ण पदक जीता। यूनिवर्सल कप के पुरुष वर्ग में अरुणाचल प्रदेश के चारू पेसी ने भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।
————–
न्यू चंडीगढ़ में आईपीएल क्रिकेट में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक पंजाब किंग्स ने 18 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बना लिये हैं। अंक तालिका में पंजाब शीर्ष पर, जबकि राजस्थान चौथे स्थान पर है।
————
थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के ग्रुप ए मुकाबले में कल भारत का सामना चीन से होगा। भारतीय पुरुष टीम ने कल ऑस्ट्रेलिया को हराकर क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई। भारत और चीन इस ग्रुप में शीर्ष पर हैं।
————-
झारखंड में जनणगना की प्रक्रिया एक मई से शुरू होगी। यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना है। पहले चरण में 1 से 15 मई के बीच स्वगणना होगी और 16 मई से 14 जून के बीच घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी। लोग se.census.gov.in पोर्टल पर स्व-गणना कर सकते हैं।
———–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में लगभग छह हजार तीन सौ 50 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। दो अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाडियों को भी रवाना किया।
- प्रधानमंत्री ने कहा- देश की महिलाएं विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ हैं और सरकार नीति-निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
- पश्चिम बंगाल में कल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- सर्वोच्च न्यायालय ने कहा- धार्मिक गतिविधियों के नाम पर सड़कों को अवरुद्ध नहीं किया जा सकता।
- सरकार ने भीषण लू से श्रमिकों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रव्यापी परामर्श जारी किया।
- अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान के हमले में सात लोगों की मौत।
- समोआ में राष्ट्रमंडल युवा और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारत ने चार स्वर्ण पदक जीते।
———–