मुख्य समाचार :-
- भारत और न्यूजीलैंड के बीच नई दिल्ली में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर। समझौते से भारतीय निर्यात सभी टैरिफ लाइनों पर शत-प्रतिशत शुल्क-मुक्त होगा। न्यूजीलैंड भारत में 20 अरब डॉलर का निवेश करेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर को दोनों देशों के बीच साझेदारी में ऐतिहासिक क्षण बताया।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार समाप्त; मतदान बुधवार को होगा।
- प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम के गंगटोक में एक विशाल रोड शो किया; कल वे राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
- भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में।
- बैडमिंटन में, भारतीय पुरुष टीम डेनमार्क में थॉमस कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।
- आईपीएल क्रिकेट में, मेजबान डेल्ही कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच जारी।
****
भारत और न्यूजीलैंड ने आज नई दिल्ली में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने की। इस समझौते के अंतर्गत भारतीय निर्यात को सभी टैरिफ लाइनों पर शतप्रतिशत शुल्क-मुक्त किया गया है। इस अवसर पर श्री गोयल ने कहा कि यह समझौता रिकॉर्ड नौ महीनों में संपन्न हुआ है और इस समझौते से विभिन्न क्षेत्रों को लाभ होगा।
यह एक समग्र और भविष्योन्मुख मुक्त-व्यापार समझौता है। इससे वस्तुओं और सेवाओं के लिए बड़े अवसर सृजित होंगे। इसमें निवेश प्रतिबद्धता भी शामिल है जिससे दोनों देशो के व्यापार को भारत की ताकत और बडे पैमाने का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इससे भारतीय व्यापार को न्यूजीलैंड के बाजार में वस्तुओं और सेवाओं तक पहुंच और निवेश दोनों को बढावा भी मिलेगा। हम कृषि क्षेत्र में भी साझेदारी पर विचार कर रहे हैं।
श्री गोयल ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में यह सातवां मुक्त व्यापार समझौता है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता आर्थिक सहयोग और नए अवसरों का एक नया दौर शुरू करेगा। न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डालर निवेश करने का वादा किया है। यह समझौता विकसित भारत 2047 के लिए एक नए तरह का व्यापार समझौता है, इसमें टैरिफ, प्रतिभा, निवेश और खेती की उत्पादकता जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इससे युवाओं, किसानों, महिलाओं, कारीगरों और छोटे उद्योगों को फायदा मिलेगा। इस समझौते के तहत सभी उत्पादों पर ड्यूटी नहीं रहेगी। इससे कई क्षेत्रों का लाभ होगा। यह समझौता भारत की आयुष प्रणाली को दुनिया में बढ़ावा देगा, मेडिकल टूरिज्म को प्रोत्साहित करेगा और भारत को एक ग्लोबल वैलनेस हब बनाने में मदद करेगा। इसके अलावा भारत के सभी निर्यातों को बिना किसी शुल्क के बाजार में प्रवेश मिलेगा, जिससे खेती, मछलीपालन और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। अमन यादव आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए इसे दोनों देशों की साझेदारी में एक ऐतिहासिक क्षण बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों की विकास साझेदारी को अभूतपूर्व गति प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड की ओर से 20 अरब अमरीकी डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता कृषि, विनिर्माण, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करेगी, जिससे दोनों देशों के लिए अधिक समृद्ध और गतिशील भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।
****
प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि भारत विश्व की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि यह समझौता न्यूजीलैंड के बाजार में विविधता लाने में मदद करेगा। इससे 10 वर्षों में निर्यात दोगुना करने के लक्ष्य को मदद मिलेगी।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मयम जयशंकर ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत किया है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह समझौता मजबूत आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देगा, निवेश को प्रोत्साहित करेगा और भारतीय निर्यातकों के लिए बाजार पहुंच को बेहतर बनाएगा।
****
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा है कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर से भारतीय निर्यातकों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि एफटीए से कपड़ा, चमड़ा, कालीन, सिरेमिक और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों पर पहले से लगे 10 प्रतिशत तक के शुल्क भी समाप्त हो जाएंगे, प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी और नए बाजार खुलेंगे।
****
रत्न और आभूषण उद्योग ने भी इस समझौते का स्वागत किया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए रत्न और आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद के अध्यक्ष कीर्ति भंसाली ने कहा कि समझौते से नए अवसर खुलेंगे। साथ ही, निवेश में वृद्धि होगी।
जर्म्स सेक्टर की बात करें तो न्यूजीलैंड उसके पहले हमने ऑस्ट्रेलिया के साथ एफटीए साइन किया। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और फिजी, समूह मिलकर बहुत सारी संभावनाएं वहां पर और न्यूजीलैंड की खास बात करें तो पर कैपिटा जर्नल एक्सपेंडीचर उनका काफी अच्छा है। इन सैक्टर में बहुत सारी संभावनाएं हैं। — गवर्नमेंट ऑफ इंडिया के साथ मिलकर जो इस टैरिफ का बेनेफिट हो रहा है उसका पूरा फायदा उठाने की प्रयास करेंगे और एक नए सैक्टर के उभर के आने की भी संभावना है।
****
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के प्रचार में राजनीतिक दलों ने सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर मतदाताओं तक पहुंचने के लिए अंतिम प्रयास किए। प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी ने उत्तर 24 परगना के कांकिनाड़ा में एक रैली को संबोधित किया, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने हुगली जिले के चंदननगर में रोड शो किया। योगी आदित्यनाथ और अश्विनी वैष्णव सहित अन्य भाजपा नेताओं ने भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रैलियों और रोड शो में भाग लिया। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने कोलकाता में रोड शो का नेतृत्व किया। पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने हुगली के आरामबाग में एक रैली को संबोधित किया और बाद में महेशतला में रोड शो में भाग लिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो गया। इस चरण में 29 अप्रैल को 7 जिलों के 142 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। कुल 3 करोड़ 21 लाख 73 हजार 837 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सर्वोच्च न्यायालय के अनुसार, अपीलीय न्यायाधिकरण से आज एसआईआर निर्णय के दौरान बाहर किए गए मतदाताओं के आवेदनों पर विचार करने के बाद एक संशोधित सूची प्रकाशित करने की उम्मीद है, जिससे मतदाता की संख्याओं में मामूली बदलाव हो सकता है। इस चरण में 220 महिलाओं सहित 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं। क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे बड़ा निर्वाचन क्षेत्र कल्याणी है, जबकि सबसे छोटा जोरासांको है। वहीं, हुगली जिले के चिनसुराह में सबसे अधिक 2 लाख 75 हजार 715 मतदाता हैं। सबसे कम मतदाता उत्तर 24 परगना के भाटपारा में हैं, जहां 1 लाख 17 हजार 195 मतदाता हैं। इस चरण के लिए केंद्रीय बलों की कुल 2,321 कंपनियों को तैनात किया जा रहा है। कोलकाता से संदीपन दासगुप्ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।
****
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान 51 करोड़ रुपये से अधिक की ज़ब्ती की सूचना दी है। ज़ब्त की गई वस्तुओं में नकदी, शराब, नशीले पदार्थ, कीमती धातुएँ और अन्य वस्तुएँ शामिल हैं।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गंगटोक में एक रोड शो में हिस्सा लिया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उनके साथ सिक्किम के मुख्यमंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष भी मौजूद थे।
सिक्किम के लोगों ने आज बहुत जोश और उत्साह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिली राम थापा के साथ प्रधानमंत्री ने गंजू लामा द्वारा से लेकर लोक भवन तक एक रोड़ शो में हिस्सा लिया। कल प्रधानमंत्री बालजोर स्टेडियम में सिक्किम के 50वें राज्य बनने के जश्न के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे और पूरे प्रदेश के लिए 4000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। मायनक के साथ मानस प्रतीम सरमा आकाशवाणी समाचार, गंगटोक।
****
सरकार ने दोहराया कि देश में उर्वरकों की उपलब्धता बनी हुई है और आपूर्ति लगातार मांग से अधिक है। पश्चिम एशिया घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में उर्वरक विभाग की अपर सचिव अपर्णा शर्मा ने कहा कि अब तक किसी भी प्रकार की कमी की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि यूरिया की उपलब्धता 71 दशमलव पांच-आठ लाख मीट्रिक टन है। जबकि आवश्यकता 18 दशमलव एक-सात लाख मीट्रिक टन है। वहीं, डीएपी की उपलब्धता 22 दशमलव तीन-पांच लाख मीट्रिक टन है। वहीं आवश्यकता 5 दशमलव नौ-शून्य लाख मीट्रिक टन है।
****
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सतत तथा कुशल राजमार्ग अवसंरचना सुनिश्चित करने के लिए कार्यों के समय पर निष्पादन, कड़े गुणवत्ता मानकों के पालन और उन्नत प्रौद्योगिकियों को अपनाने के महत्व पर बल दिया है। श्री गडकरी ने नई दिल्ली में आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही।
****
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आंध्र विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह के दौरान उच्च शिक्षा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में विश्वविद्यालय के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने आंध्र विश्वविद्यालय को एक ऐतिहासिक संस्थान बताया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने एक स्मारक सिक्का, एक स्मारक डाक टिकट और एक कॉफी टेबल बुक जारी की। कार्यक्रम के दौरान तीन समझौता ज्ञापनों का भी आदान-प्रदान किया गया।
****
झारखंड में मौसम का अनोखा रूप देखने को मिल रहा है। कुछ जिलों में भीषण गर्मी पड रही है वहीं, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति है।
झारखंड में इन दोनों कुछ जिलों में भीषण गर्मी, तो कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात हो रहा है। मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 अप्रैल के लिए कई जिलों में आंधी–तूफान और तेज बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज जिले में अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि नामकुम में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान सुंदर पहाड़ी में सात दशमलव दो मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, वहीं दुमका और गिरीडीह में भी ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से मैं मेहविश रहमान।
****
भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने कल राजधानी दिल्ली में लू चलने की आशंका जताई है।
भीषण लू को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सभी विभागों को विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए हैं। श्रम विभाग के निर्देशों के अनुसार नियोक्ताओं को दोपहर 1:00 से 4:00 के बीच श्रमिकों को पर्याप्त विश्राम देने के साथ–साथ पीने का पानी, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को शहर भर के बस स्टॉप के पास पानी के काउंटर स्थापित करने का निर्देश दिया है। यह काउंटर यात्रियों को ठंडा पीने का पानी और ओआरएस घोल उपलब्ध कराएंगे। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शहर के अस्पताल लू से उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। नितिका गुप्ता आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण- एन.आई.ए. की एक विशेष अदालत ने आज अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह की रिमांड तीन दशक पुराने आतंकी मामले में 10 दिन और बढ़ा दी। एन.आई.ए ने आगे पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। शाह को इससे पहले 10 दिन की रिमांड पूरी होने पर अदालत में पेश किया गया था। इस बीच, शबीर अहमद ने जमानत याचिका भी दायर की है, जिस पर अगली सुनवाई में विचार हो सकता है। अलगाववादी नेता शाह को एन.आई.ए. की श्रीनगर शाखा ने 17 अप्रैल को दिल्ली में 1996 के एक मामले में गिरफ्तार किया था, जो एक आतंकवादी के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले से संबंधित है।
****
भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी ने कल कैनरी द्वीप समूह के लास पाल्मास में अपना तीन दिवसीय पड़ाव पूरा किया, जो लोकायन 26 समुद्री अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान, आईएनएस सुदर्शनी के कमान अधिकारी ने कैनरी द्वीप समूह नौसेना कमान के प्रमुख रियर एडमिरल सैंटियागो डी कोल्सा ट्रूबा से मुलाकात की। इससे भारत और स्पेन के बीच समुद्री सहयोग और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।
****
आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और डेल्ही कैपिटल्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक डेल्ही ने 15 ओवर में आठ विकेट पर 71 रन बना लिये हैं। अंक तालिका में बेंगलुरू दूसरे और दिल्ली सातवें स्थान पर है। प्रतियोगिता में न्यू चंडीगढ में कल शाम साढे सात बजे पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगे।
****
डेनमार्क में भारतीय पुरुष टीम ने थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर-फाइनल में जगह बना ली है। ग्रुप ए के मुकाबले में आज भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5-0 से हराया। ग्रुप का अंतिम मैच भारत और चीन के बीच बुधवार को होगा।
****
सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे उस संदेश का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया था कि सरकार ने मुफ्त लैपटॉप देने की योजना शुरू की है और इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। पत्र सूचना कार्यालय-पीआईबी की तथ्य जांच इकाई ने इस दावे को फर्जी बताते हुए कहा है कि सरकार द्वारा ऐसी कोई योजना घोषित नहीं की गई है।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और न्यूजीलैंड के बीच नई दिल्ली में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर। समझौते से भारतीय निर्यात सभी टैरिफ लाइनों पर शत-प्रतिशत शुल्क-मुक्त होगा। न्यूजीलैंड भारत में 20 अरब डॉलर का निवेश करेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर को दोनों देशों के बीच साझेदारी में एक ऐतिहासिक क्षण बताया।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार समाप्त; मतदान बुधवार को होगा।
- प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम के गंगटोक में एक विशाल रोड शो किया; कल वे राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
- भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में।
- बैडमिंटन में, भारतीय पुरुष टीम डेनमार्क में थॉमस कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।
- और, आईपीएल क्रिकेट में, मेजबान डेल्ही कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच जारी।
———