मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – जनगणना प्रक्रिया केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है इसमें सभी की भागीदारी जरूरी।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार का कल अंतिम दिन। शीर्ष नेता मतदाताओं को रिझाने के प्रयास में जुटे।
- वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- भारत और न्यूजीलैंड के बीच कल मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होंगे, इससे भारतीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे।
- देश में भीषण लू का प्रकोप जारी। भारत दुनिया के सबसे गर्म स्थानों में से एक बना।
- काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में भारत पांच स्वर्ण सहित 16 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर कायम।
- और, आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया। लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश में चल रही जनगणना प्रक्रिया केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में देश को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हर भारतीय को इस दुनिया के सबसे बड़े जनगणना अभियान के बारे में जानकारी होनी चाहिए।
जनगणना 2027 को डिजिटल बनाया गया है। सारी जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो रही है। घर-घर जाने वाले कर्मचारियों के पास मोबाइल ऐप है। वे आपसे बात करके उसी में जानकारी दर्ज करेंगे। इस बार जनगणना में आपकी भागीदारी भी आसान बनाई गई है। आप खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने देश के परमाणु वैज्ञानिकों की सराहना करते हुए कहा कि कलपक्कम में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर का चालू होना भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा में ऐतिहासिक उपलब्धि है।
हमारे न्यूक्लियर साइंटिस्ट ने एक और बड़ी उपलब्धि से भारत का गौरव बढ़ाया है। तमिलनाडु के कलपक्कम में फास्ट ब्रिडर रिएक्टर ने क्रिटीकेलिटी हासिल कर ली है। इस स्टेज का मतलब है रिएक्टर का ऑपरेशन फेज़ में पहुंचना। भारत की न्यूक्लियर एनर्जी जर्नी में यह एक ऐतिहासिक माइलस्टोन है और परमाणु रिएक्टर पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से निर्मित है।
श्री मोदी ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि बोझ माना जाने वाला बांस, अब रोजगार, व्यापार और नवाचार का माध्यम बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मई महीने की शुरुआत बुद्ध पूर्णिमा जैसे पावन पर्व से हो रही है और इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
प्रधानमंत्री ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि भी अर्पित की और बताया कि अगले महीने 9 तारीख को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती मनाई जाएगी। श्री मोदी ने कहा कि मई का महीना 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की भी याद दिलाता है और उन्होंने देशभक्ति की भावना जगाने वाले सभी वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
———-
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में जन प्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ मन की बात की 133वीं कड़ी का प्रसारण सुना। कार्यक्रम के बाद डॉ. यादव ने कहा कि मन की बात पूरे देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने और सकारात्मक सोच तथा राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त मंच बनकर उभरा है।
माननीय मोदी जी अपने मन की बात में देश की सकारात्मक ऊर्जा भरने का काम करते हैं। हमने सबने देखा कि वो नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों से लगाकर उत्तर भारत में, उत्तर प्रदेश में हाथियों से जुड़े हाथी मित्र तक की बात करते हैं। हमें अच्छा लगता है कि एक तरफ पर्यावरण के साथ बात करते हैं, एक तरफ हमारे अपने नवाचार के साथ वैज्ञानिकों के आधार पर भी वो हमकों दृष्टि देते हैं।
———
आंध्र प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष पी.वी.एन. माधव ने भी मन की बात का प्रसारण सुना और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और शिक्षा के साथ सामाजिक कार्यों में योगदान का आह्वान किया।
———-
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार कल समाप्त हो जाएगा। इस चरण का मतदान बुधवार को होगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हुगली जिले के आरामबाग और उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में जनसभाओं को संबोधित किया। बाद में उन्होंने कोलकाता में एक भव्य रोड शो भी किया।
आरामबाग में श्री मोदी ने कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार और शासन की विफलताओं ने लोगों को परेशान कर दिया है और उन्हें हटाने का संकल्प अब और मजबूत हो गया है। श्री मोदी ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर हुगली को देश का औद्योगिक केंद्र बनाया जाएगा।
कई सारी जूट मिलें और प्लांट बंद पड़े हैं। दशकों पहले जब भारत में सिर्फ एंबेसडर कार बनती थी तो उसका कारखाना यहां उत्तरपाड़ा में था। आज स्थिति ये है कि भारत इलेक्ट्रिक व्हीकल बना रहा है, दुनिया को एक्सपोर्ट कर रहा है लेकिन बंगाल में पुराने प्लांट बंद हो रहे हैं। इस स्थिति को बदलना है, बंगाल को फिर से मिलों, फैक्ट्रियां और कारखानों का हब बनाना है।
श्री मोदी ने संदेशखाली में हिंसा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने नदिया जिले के तेहट्टा और रानाघाट में रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने तीन हजार रुपये और गर्भवती महिलाओं को इक्कीस हजार रुपये देने का वादा किया। साथ ही राज्य परिवहन में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की भी बात कही।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बालीगंज में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में रैली को संबोधित किया। उन्होंने ममता बनर्जी की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के लोग उन पर पूरा भरोसा करते हैं।
एक छोटी सी महिला, जब मैं देखता हूं सड़क के ऊपर किलो-किलोमीटर तक कितने किलोमीटर चलती है इज्जत से सर झुक जाता है मेरा। सारे उनके पीछे पड़े हैं, ईडी, सीबीआई, सेंट्रल फोर्सेस, मोदी जी, पता नहीं बीजेपी के कितने मुख्यमंत्री यहां घर-घर जा रहे हैं। छोटी सी बेचारी उसके पीछे पड़े हैं सारे और फिर भी वो जीत जाती है और जीतेगी।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने पूर्व बर्धमान में रैली की और फाल्टा से जगन्नाथपुर तक रोड शो भी किया। राज्य में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था। केरलम, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी के साथ पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए मतदान की मतगणना 4 मई को होगी।
———
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की श्रृंखला के अंतर्गत आज हम पश्चिम बंगाल के गोसाबा निर्वाचन क्षेत्र के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
दक्षिण 24 परगना जिले की गोसाबा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सुब्रता मंडल मौजूदा विधायक हैं। इस बार 3 निर्दलीय उम्मीदवार समेत कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट से बिकर्ण नस्कर को मैदान में उतारा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने सुब्रता मंडल को फिर उम्मीदवार बनाया है। अद्वैत्य जोतदार वाम समर्थित आरएसपी के उम्मीदवार हैं और कांग्रेस ने भूपाल चंद्र दास को उतारा है। पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध सुंदरबन क्षेत्र में स्थित इस विधानसभा में कुल 2 लाख 21 हजार से अधिक मतदाता हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, वैष्णवी।
———
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच कल नई दिल्ली में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आगरा में न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के साथ ताजमहल के दौरे के दौरान श्री गोयल ने कहा कि इस समझौते को कई वर्षों की उच्च स्तरीय वार्ताओं के बाद अंतिम रूप दिया गया है और दोनों देशों के नेताओं की उपस्थिति में इस पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच जो द्विपक्षी व्यापार समझौता न्यूजीलैंड के वाणिज्य मंत्री टॉड मैक्ले और मेरे बीच कई वर्षों से बातचीत के बाद तय हुआ जो माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन दोनों के बीच फाइनल हुआ उसको कल साइन करने जा रहे हैं उसको मोहर लग जाएगी कल और कुछ ही महीनों में फिर वो भारत और न्यूजीलैंड के बीच बड़े पैमाने पर व्यापार भी बढ़ाने का एक साधन बनेगा।
श्री गोयल ने कहा कि इस समझौते से भारतीय उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच बेहतर होगी और व्यापार के नए अवसर बढ़ेंगे।
———–
सरकार ने कहा है कि देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और कल 51 लाख आठ हजार से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया।
मंत्रालय देश भर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कर रहा है और एलपीजी वितरकों से किसी भी प्रकार की कमी की सूचना नहीं मिली है। मंत्रालय ने बताया कि वाणिज्यिक मांग में ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग में लगभग 98 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने बताया कि जहाजरानी महानिदेशालय ने अब तक दो हजार 764 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है, जिनमें से 24 को पिछले 24 घंटों में खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से वापस लाया गया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि ईरान का हवाई क्षेत्र मालवाहक और चार्टर्ड उड़ानों के लिए आंशिक रूप से खुला है। भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है और जो पहले से ही ईरान में हैं, उनसे दूतावास के सहयोग से भूमि सीमा मार्ग के जरिये ईरान छोड़ने का आग्रह किया गया है। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं शक्ति सिंह।
———-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल से ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ठहरेंगी।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल से सिक्किम के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। मंगलवार को प्रधानमंत्री गंगतोक के ऑर्किडेरियम जाएंगे। वे सिक्किम के पालजोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले राज्य के 50वें स्थापना वर्ष के समापन समारोह में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर श्री मोदी राज्य में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे।
———-
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ता जा रहा है। दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 95 शहर भारत में हैं।
कई स्थानों पर तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिल्ली, लखनऊ, नागपुर, अकोला, भुवनेश्वर और भोपाल जैसे शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। लंबे समय तक गर्मी रहने से हीट स्ट्रोक, पानी की कमी और बिजली की खपत बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कल तक लू के हालात बने रहेंगे। अमन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
———
मौसम विभाग ने कल दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इसके बाद अगले दो दिनों में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू और कश्मीर और बिहार में बिजली चमकने और गरज के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कल पश्चिम बंगाल, झारखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी गरज के साथ तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, आंध्र प्रदेश, केरलम, माहे और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
———-
जाने-माने फोटोग्राफर रघु राय का निधन हो गया है। वे 83 वर्ष के थे और दो साल से कैंसर से जूझ रहे थे। उनकी फोटोग्राफी को अक्सर आधुनिक भारत का “दृश्य अभिलेख” कहा जाता है।
———
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री रघु राय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि रघु राय एक रचनात्मक हस्ती थे, जिन्होंने अपने कैमरे के जरिए भारत की जीवंतता को शानदार तरीके से दिखाया।
———-
मिस्र के काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप के आठवें दिन आज हेमंत बर्मन ने 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में रजत पदक जीता है। वहीं, ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में जुबैर खान और आद्या कात्याल की जोड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। तालिका में शीर्ष पर काबिज भारत के पास अब कुल पदकों की संख्या 16 हो गई है, इनमें पांच स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।
———-
आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हरा दिया है।
उधर, लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में सात विकेट पर 102 रन बना लिए हैं।
——–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – जनगणना प्रक्रिया केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है इसमें सभी की भागीदारी जरूरी।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार का कल अंतिम दिन। शीर्ष नेता मतदाताओं को रिझाने के प्रयास में जुटे।
- वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- भारत और न्यूजीलैंड के बीच कल मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होंगे, इससे भारतीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे।
- देश में भीषण लू का प्रकोप जारी। भारत दुनिया के सबसे गर्म स्थानों में से एक बना।
- काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में भारत पांच स्वर्ण सहित 16 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर कायम।
- और, आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया। लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी।