April 25, 2026 9:57 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन कर अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को उपाध्यक्ष बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- नीति आयोग विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और दीर्घकालिक रणनीतिक सोच के एक गतिशील मंच के रूप में कार्य करता है।

  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता राज्य भर में दौरे कर रहे हैं।

  3. प्रधानमंत्री कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।

  4. मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार वृद्धि के बीच लू की चेतावनी जारी की।

  5. काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप के सातवें दिन भी भारतीय खिलाडि़यों ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।

****

सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन कर अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री लाहिडी, वर्तमान उपाध्यक्ष सुमन बेरी का स्थान लेंगे। राजीव गौबा, प्रोफेसर के.वी. राजू, प्रोफेसर गोबर्धन दास, डॉ. एम.श्रीनिवास और प्रोफेसर अभय करंदीकर को आयोग का पूर्णकालिक सदस्य बनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि नीति आयोग देश की नीति-निर्माण संरचना में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है। यह सहकारी संघवाद को बढ़ावा देता है, सुधारों को आगे बढ़ाता है और जीवन को सुगम बनाता है। श्री अशोक कुमार लाहिड़ी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की। श्री मोदी ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के प्रयासों से देश में नीति निर्माण को नई ऊर्जा मिलेगी। श्री लाहिड़ी ने कहा कि देश के विकास के लिए नीति, निष्‍ठा और नियति के साथ काम करना होगा।

 

मैं वो तीन चीज की बात करूंगा – ‘नीतिहिंदुस्तानी एक साइकोलॉजी है तो कौन चीज काम करेगा, लोग क्या मानने के लिए तैयार होंगे। यह ठीक तरह से बनाना पड़ेगा फिर निष्ठाके साथ यह पॉलिसी इंप्लीमेंट करना पड़ेगा। इंप्लीमेंटेशन सबसे जरूरी चीज है और तीसरी है नीयतअगर विश्वास ही नहीं कर पाएंगे फिर कैसे करोगे तो यह तीन अगर हो गया सब कुछ हो जाएगा।

****

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का दूसरे चरण का प्रचार चरम पर है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता प्रचार में जीजान से जुटे हैं। इस चरण में बुधवार को मतदान होगा। पूर्वी बर्द्धमान के जमालपुर में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी के राज्‍य में सत्‍ता में आने पर समान नागरिक संहिता और सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। उन्‍होंने मतुआ समुदाय के लिए पार्टी का समर्थन दोहराया।

 

दीदी सीएए के कानून को लागू नहीं करती है आप कमल फूल का सरकार बना दो 5 तारीख के बाद सभी मतुवा समाज के भाइयोंबहनों को नागरिक बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी करेगी।

 

हुगली में पार्टी के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्‍य में प्रत्‍येक महिला को प्रति माह तीन हजार रुपये की सहायता दी जाएगी और सरकारी पदों को भरा जाएगा।

 

अगर बीजेपी की सरकार आती है 5 लाख पदों पर सीधे हम भर्ती करेंगे, कानून और व्यवस्था को मजबूत करेंगे, किसानों को उचित मूल्य देंगे, नौजवानों को रोजगार देंगे और साथ ही साथ सड़कें अच्‍छी बनेंगी। सारे इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर का तेजी के साथ डेवलपमेंट होगा, महिलाओं की सुरक्षा के लिए समुचित व्‍यवस्‍था की जाएगी।

 

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने पार्टी की कानूनी लड़ाई का उल्‍लेख किया जिसके कारण मतदाताओं के 32 लाख वोटरों के नाम मतदाता सूची में बहाल हो सके। श्रीरामपुर में कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान और एकता के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि भाजपा घृणा तथा बांटने की राजनीति करती है। उन्‍होंने भाजपा और तृलमूल कांग्रेस की आलोचना की।

 

यह पहले इंडस्ट्रियल एरिया हुआ करता था, यहां पर जूट मील्स हुआ करते थे। यहां पर इंडस्ट्री हुआ करती थीं, कौन लाया था कांग्रेस पार्टी लाई थी। आज की सच्चाई चाहें ममता जी हों, चाहें नरेंद्र मोदी जी हों इनको रोजगार से कुछ लेनादेना नहीं, इनको इंडस्ट्री से कुछ लेनादेना नहीं, यह सिर्फ सत्‍ता चाहते हैं, जनता के लिए काम नहीं करते हैं।

****

आकाशवाणी समाचार के विधानसभा चुनाव निर्वाचन क्षेत्र के प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात पश्चिम बंगाल के संदेशखाली विधानसभा क्षेत्र की।

 

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की संदेशखाली विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के सुकुमार महतो मौजूदा विधायक हैं। इस विधानसभा क्षेत्र से 3 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट से सनत सरदार को और तृणमूल कांग्रेस ने झरना सरदार को उम्मीदवार बनाया है। सीपीआईएम ने रवींद्रनाथ महतो और कांग्रेस ने युधिष्ठिर भूमिज को उम्मीदवार बनाया है। संदेशखाली विधानसभा में कुल 2 लाख तेईस हजार से अधिक मतदाता हैं। संदेशखाली दो साल पहले ईडी टीम पर हुए हमले और उसके बाद तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहाँ द्वारा महिलाओं पर कथित अत्याचारों के खुलासे के कारण सुर्खियों में आया था। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज।

****

प्रवर्तन निदेशालय ने आज पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक वितरण भ्रष्टाचार मामले में व्यापक छापेमारी शुरू की है। कोलकाता, वर्धमान और हाबरा में नौ अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी जारी है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में व्यापक अनियमितताओं के आरोपों के बाद धन-शोधन निवारण अधिनियम के अंतर्गत ये छापेमारी की जा रही है।

****

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सवेरे 11 बजे आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, डीडी न्‍यूज, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी होगा। आकाशवाणी के द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाएगा।

****

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने विद्यार्थियों से आलोचनात्मक चिंतन करने, नैतिक रूप से काम करने और आजीवन सीखने की प्रक्रिया जारी रखने का आहवान किया। जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्‍होंने विद्यार्थियों को रोजगार सृजन, नव प्रवर्तक और राष्‍ट्र निर्माता बनने के लिए प्रेरित किया।

****

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बेंगलुरु में आत्मनिर्भर हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन निर्माण संयंत्र आदित्य का लोकार्पण किया। श्री वैष्‍णव ने कहा कि पहला प्रोटोटाइप अगले साल बनकर तैयार हो जाएगा और उत्पादन 2027 के अंत में शुरू होगा।

 

डिसीजन के साथ काम हो सके, वैसा काम यहां पर होगा। उस तरह की यहां पे मशीनें हैं जोकि एकदम प्रेसाइज वर्क कर सके जैसा कि ये रोबोटिक लेजर बेल्‍डिंग मशीन है। लेजर बेल्डिंग मशीन में एकदम प्रेसाइज हाई स्‍ट्रेंथ की वेल्डिंग होती है। वैसे कई सारी ऐसी मशीने हैं। जोकि वी28 आत्‍मनिर्भर भारत की स्‍वदेशी बुलेट का निर्माण यहां पर होगा। 

****

देश भर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है और किसी भी एलपीजी वितरक केंद्र पर आपूर्ति में कमी की सूचना नहीं है। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से लगभग 12 लाख 65 हजार यात्री यात्रा कर चुके हैं। भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है, जो लोग पहले से ही वहां मौजूद हैं, उनसे आग्रह किया गया है कि वे भारतीय दूतावास के सहयोग से जमीनी सीमा मार्गों से वहां से निकल जाएं। अब तक तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने जमीनी सीमा मार्गों से दो हजार 443 भारतीय नागरिकों को ईरान से बाहर निकाला है।

****

अमरीका-ईरान शांति वार्ता के दूसरे दौर पर बनी अनिश्चितता के बीच आज ईरानी विदेश मंत्री अब्‍बास अराघची ने पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री सहबाज शरीफ के साथ इस्‍लामाबाद में बैठक की। बैठक के बाद विदेश मंत्री इस्‍लामाबाद से रवाना हो गए।

****

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार वृद्धि के बीच लू की चेतावनी जारी की। पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली, राजस्‍थान, उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश, छत्‍तीसगढ़ और विदर्भ में अगले सात दिन तक गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा तटीय और पूर्वी क्षेत्रों में भी गर्मी तथा उमस की स्थिति रहेगी। उत्‍तरी मैदानों में रात में भी तापमान ज्‍यादा रहेगा।                                                                                                                 इस बीच मौसम विभाग ने भीषण गर्मी से निपटने के दिशा-निर्देश और परामर्श जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि तेज गर्मी से जागरूकता और बचाव से सुरक्षित रहा जा सकता है। एक रिपोर्ट-

 

अपनी निर्देशिका में मौसम विभाग ने नागरिकों को सीधे धूप में खासकर दोपहर के समय में बचने की सलाह दी है। लोगों को कहा गया है कि वह अपने सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकें और उच्च तापमान के दौरान बाहर जाने से बचें। लोगों को हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनने चाहिए। ओआरएस, लस्सी, चावल का पानी, नींबू पानी और छाछ जैसे पेय पदार्थों का सेवन शरीर को पर्याप्त रूप से हाइड्रेटेड रखने में सहायक होगा। मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से ही किसी बीमारी से ग्रस्त लोगों का विशेष देखभाल रखने को कहा है। आनंद कुमार के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

****

उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्‍यापार विभाग ने दस हजार करोड़ रुपए के स्‍टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स के दूसरे चरण के लिए संचालन दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें निधि को संचालित करने के लिए प्रणाली, प्रशासन और निगरानी को परिभाषित किया गया है। इनका उद्देश्‍य भारत के स्‍टार्टअप परिवेश में पूंजी प्रवाह की कुशलता बढ़ाना तथा सुधार करना है।

****

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डी आर डी ओ के अध्‍यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने आज महाराष्‍ट्र के अहिल्‍यानगर में डी आर डी ओ की प्रयोगशाला के प्रांगण में एडवांस आर्मोर्ड प्‍लेटफॉर्म (ट्रेक एंड व्‍हील) का अनावरण किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह प्‍लेटफॉर्म रक्षा बलों की आपात आवश्‍यकताओं को पूरा करने के लिए विकसित किया गया है। इसे स्‍वदेशी तकनीक से विकसित किया गया है।

****

छत्तीसगढ़ की कई महिला माओवादियों सहित लगभग 47 माओवादियों ने आज तेलंगाना के हैदराबाद में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों को केंद्र सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं और मुफ्त स्वास्थ्य कार्डों के साथ-साथ एक करोड 20 लाख रुपये का पुनर्वास पैकेज प्रदान किया जाएगा।

****

तेलंगाना राज्य का गठन होने के बाद पहली बार जनगणना हो रही है। इस राज्‍य में स्व-गणना चरण कल से शुरू होकर 10 मई तक चलेगा। राज्‍य के लिए यह पहल एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना है और स्वतंत्रता के बाद पहली ऐसी जनगणना है जिसमें जाति-आधारित गणना शामिल है।

****

भारतीय जनता पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन संसद में पारित नहीं होने के विरोध में रांची में महिला विरोध मार्च और जनसभा का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विपक्ष ने संसद में विधेयक का विरोध करके महिलाओं के अधिकारों का हनन किया है।

****

और अब खेल खबरों में, मिस्र के काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप के 7वें दिन भी भारतीय निशानेबाजों ने एक स्‍वर्ण और एक कांस्‍य पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा है। 10 मीटर एयर पिस्‍टल मिक्‍स्‍ड टीम स्‍पर्धा में वंशिका चौधरी और चिराग शर्मा ने स्‍वर्ण पदक जीता। वहीं, मोहिनी सिंह और हिमांशु राणा ने कांस्‍य पदक जीता। भारत पांच स्‍वर्ण, पांच रजत और चार कांस्‍य पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है।

****

आईपीएल क्रिकेट में राजस्‍थान रॉयल्‍स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से जयपुर में जारी है। ताजा समाचार मिलने तक राजस्‍थान ने 15वें ओवर में 3 विकेट पर 177 रन बना लिए हैं। इससे पहले, दिल्‍ली में पंजाब किंग्‍स ने डेल्‍ही कैपिटल्‍स को 6 विकेट से हराया। पंजाब ने 7 गेंद शेष रहते 265 रन का लक्ष्य हसिल कर लिया।

****

महिला क्रिकेट में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला का चौथा मुकाबला आज रात साढ़े 9 बजे जोहान्‍सबर्ग में खेला जाएगा। श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 3-0 से आगे है।

****

उबर कप बैडमिंटन में भारतीय टीम का मुकाबला यूक्रेन से होगा। ग्रुप ए के अपने शुरुआती मुकाबले में कल भारत की महिला टीम को मे़जबान डेनमार्क से 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं पुरुष टीम ने थॉमस कप में अपने पहले ग्रुप ए मुकाबले में कनाडा पर 4-1 से शानदार जीत हासिल की।

****

भारत में ऑस्‍ट्रेलिया के उच्‍चायुक्‍त फिलिप ग्रीन ने कहा है कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध अपने सर्वोच्‍च स्‍तर पर हैं। उन्‍होंने कहा कि दोनों देश चतुष्‍कोणीय सुरक्षा संवाद में एकसाथ हैं और हिंद-प्रशांत पर एकसमान विचार रखते हैं। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों की एक मजबूत पूरक अर्थव्‍यवस्‍थाएं हैं। भारत में ऑस्‍ट्रेलियन डिफेंस स्‍टॉफ के प्रमुख डामियन हिल ने कहा कि दोनों देशों के संबंध चार वर्षीय व्‍यापक रणनीतिक भागीदारी से आगे हैं।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन कर अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को उपाध्यक्ष बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- नीति आयोग विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और दीर्घकालिक रणनीतिक सोच के एक गतिशील मंच के रूप में कार्य करता है।

  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता राज्य भर में दौरे कर रहे हैं।

  3. प्रधानमंत्री कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।

  4. मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार वृद्धि के बीच लू की चेतावनी जारी की।

  5. काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप के सातवें दिन भी भारतीय खिलाडि़यों ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।

******