April 24, 2026 9:45 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई से ज्यादा सांसद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल।

  • पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और घुसपैठ के मुद्दों पर तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि राज्‍य सुरक्षित हाथों में।

  • सर्वोच्च न्यायालय ने कहा- कोई भी अदालत किसी महिला, विशेषकर नाबालिग को, उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भावस्था जारी रखने के लिए मजबूर नहीं कर सकती।

  • अमरीका वैश्विक स्तर पर ईरान के खिलाफ नाकाबंदी का विस्तार कर रहा है।

  • काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में शम्भावी क्षीरसागर और दिव्यांशु देवांगन ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्‍स्‍ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

 

****

 

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने आज पार्टी छोड़ दी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। इससे आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। इनमें से तीन राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा मुख्यालय पहुंचे और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। अन्य चार सांसदों में हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता हैं। श्री नितिन नवीन ने तीनो सांसदों का भाजपा में स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में काम करने के लिए चारों सांसदों को शुभकामनाएं दीं।

 

****

 

इससे पहले, श्री राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के संकल्प के साथ गठित आम आदमी पार्टी अब भ्रष्ट और समझौतावादी व्यक्तियों के शिकंजे में है।

 

 

 

आम आदमी पार्टी आज पूरी तरीके से अपने सिद्धांतों से, अपने मूल्यों से, अपने कोर मॉरल और वैल्यू से भटक चुकी और अब यह पार्टी देश के हित के लिए नहीं, बल्कि अपने पर्सनल फायदे के लिए काम कर रही है। पिछले कुछ सालों से यह महसूस कर रहा था दैट आई एम द राइट मैन इन द रॉन्ग पार्टी।

 

उधर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने सभी पर पंजाब की जनता और पार्टी के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत के अच्छे कामों में बाधा डालने का भी आरोप लगाया।

 

****

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार जोरों पर है। विभिन्‍न पार्टियों के वरिष्‍ठ नेता मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन आना तय है। दक्षिण 24 परगना जिले में एक रैली में श्री मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान का रुझान सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए झटके का संकेत है।

 

 

 

मैं बंगाल की जनता से करबद्ध प्रार्थना करता हूं आप हमें वोट रूपी आशीर्वाद दीजिए। हम मिलकर बंगाल को अनेक कष्‍टों से आजादी दिलाएंगे।

 

श्री मोदी ने कहा कि राज्‍य में महिलाओं की सुरक्षा चिंता का विषय है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल द्वारा समर्थित घुसपैठियों के कारण राज्य का विकास ठप्‍प हो गया है।

 

 

 

बंगाल में घुसपैठियों को लाकर बसाया जा रहा है। यहां घुसपैठिए बंगाल की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं यहां के लोगों का रोजगार छीन रहे हैं। एक ओर टीएमसी का करप्‍शन, दूसरी ओर घुसपैठियों का दबाव बंगाल के युवाओं को अपना घर छोड़कर रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ रहा है।

भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर 24 परगना में एक रैली में राज्‍य में अगली सरकार बनाने पर विश्वास व्यक्त किया है।

 

 

 

माताओं-बहनों पर जिन्होंने अत्याचार किया है, उनकी फाइलें खोलकर जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम भारतीय जनता पार्टी करेगी। कल मतदान हुआ भारतीय जनता पार्टी डेढ़ सौ में से 110 सीटों पर जीत कर सरकार बनाने जा रही है।

 

उधर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र पर राज्य के दो लाख करोड़ रुपये रोकने का आरोप लगाया है। हावड़ा में एक रैली में उन्‍होंने कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य सुरक्षित हाथों में है और भाजपा को अपना ध्यान मणिपुर और नोएडा पर केंद्रित करना चाहिए।

 

****

 

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने पश्चिम बंगाल में पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान पर कहा कि सभी राजनीतिक दल इसे अपने पक्ष में मान रहे हैं हालांकि, मतदान का वास्तविक प्रभाव चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

 

 

 

देखिए ये काफी जो है आश्‍चर्यजनक है। वैसे तो अच्‍छी बात है इतने मतदाता मतदान में भाग लें लेकिन इसका विश्‍लेषण करना पड़ेगा कि इस मतदान का रिजल्‍ट क्‍या होता है। लेकिन जो है ये मतदान इतना होना बहुत सिग्निफिकेंट बहुत इम्‍पोर्टेंट है।

 

****

 

आकाशवाणी समाचार के विधानसभा चुनाव में निर्वाचन क्षेत्रों की प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात पश्चिम बंगाल के उत्तरपाडा क्षेत्र की।

 

 

 

पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले की उत्तरपाडा विधानसभा सीट पर कुल 7 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 3 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी ने दीपांजन चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने सिरसन्य बंदोपाध्याय को प्रत्याशी बनाया है। सीपीआईएम ने मीनाक्षी मुखर्जी को, जबकि कांग्रेस ने सुब्रत मुखोपाध्याय को मैदान में उतारा है। उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या लगभग दो लाख अट्ठाईस हज़ार है। बेरोज़गारी, महिलाओं की सुरक्षा, उद्योग और नगरपालिका सेवाओं जैसे कई मुद्दे अहम हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

****

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण- एसआईआर के बाद मतदाता सूची से नाम हटाए गए लोगों की याचिकाओं पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। न्‍यायालय की पीठ ने याचिकाकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ अपीलीय न्यायाधिकरणों से संपर्क करने को कहा है।

 

****

 

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि कोई भी अदालत किसी महिला विशेष रूप से नाबालिग को उसकी इच्‍छा के विरूद्ध गर्भ जारी रखने के लिए बाध्‍य नहीं कर सकती। न्‍यायालय की पीठ ने 15 वर्ष की लड़की को सात महीने से अधिक के गर्भ को चिकित्‍सीय रूप से हटाने की अनुमति दी। पीठ ने कहा कि महिला की प्रजनन संबंधी स्‍वायत्‍ता को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

 

 

 

न्‍यायालय ने कहा कि विशेषकर प्रजनन के मामले में अपने शरीर से जुड़े निर्णय लेने का अधिकार संविधान के अनुच्‍छेद-21 के अंतर्गत व्‍यक्तिगत सुरक्षा और निजता का अभिन्‍न हिस्‍सा है। न्‍यायालय ने कहा कि किसी नाबालिग को अनचाहे गर्भ को जारी रखने के लिए मजबूर करना उसके संवैधानिक अधिकार का उल्‍लंघन होगा और इससे गंभीर मानसिक, भावनात्‍मक और शारीरिक आघात हो सकता है। पीठ ने इस तर्क को भी खारिज कर दिया कि बच्‍चे को गोद देने के लिए छोड़ा जा सकता है। न्‍यायालय ने चेतावनी दी कि ऐसे मामले में राहत से इंकार करने पर लोग असुरक्षित और अवैध गर्भपात के तरीकों की ओर जा सकते हैं, जिससे स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी जोखिम बढ़ेंगे। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

****

 

सरकार ने कहा है कि देशभर में घरेलू एलपीजी आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और किसी भी वितरक के यहां आपूर्ति की कमी नहीं हुई है। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्‍त सचिव सुजाता शर्मा ने यह जानकारी दी।

 

 

 

कमर्शियल एलपीजी 70% तक रिस्टोर है और अप्रैल के महीने में अब तक लगभग 1 लाख 47 हजार टन से अधिक कमर्शियल एलपीजी की सेल की जा चुकी है। 5 किलो के सिलेंडर की सेल भी लगातार सुचारू रूप से चल रही है। कल भी लगभग 81,000 से अधिक 5 किलो के सिलेंडर्स की सेल की गई है।

 

 

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में निदेशक मंदीप सिंह रंधावा ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र से अब तक दो हजार सात सौ से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी हुई है। विदेश मंत्रालय में अपर सचिव असीम महाजन ने बताया कि 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से लगभग 12 लाख 38 हजार भारतीय स्‍वदेश आ चुके हैं। उन्‍होंने बताया कि इसमें ईरान से सभी भारतीयों को अजरबैजान और आर्मेनिया के रास्‍ते निकाला जा रहा है।

 

 

 

अब तक हमारे दूतावास में ईरान से आर्मेनिया और अजरबैजान में 2,432 भारतीय नागरिकों की आवाजाही सुनिश्चित की है। इसमें 1,096 भारतीय छात्र और 657 भारतीय मछुआरे शामिल हैं। इस्राएल का हवाई क्षेत्र खुला है और सीमित उड़ान संचालन फिर से शुरू हो गया है।

 

****

 

उर्वरक विभाग ने कहा है कि भारत की उर्वरक सुरक्षा मजबूत, स्थिर और सुव्यवस्थित बनी हुई है, और सभी प्रमुख उर्वरकों की उपलब्धता लगातार आवश्यकता से अधिक है। रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि हाल ही में उर्वरकों की कमी के दावे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।

 

****

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि बैंकिंग क्षेत्र में सार्थक प्रगति के लिए वैश्विक विस्तार स्थानीय आवश्‍यकताओं के अनुरूप होना चाहिए। महाराष्‍ट्र के पुणे में एक कार्यक्रम में उन्‍होंने कहा कि संस्थानों के आकार में वृद्धि के बावजूद ग्राहकों के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखना आवश्यक है

****

 

केंद्रीय पंचायतीराज राज्यमंत्री सत्‍य पाल सिंह बघेल ने कहा है कि गांवों, किसानों, पंचायतों और व्यापक ग्रामीण परिदृश्य के समग्र विकास के बिना ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना साकार नहीं हो सकती। राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर उन्‍होंने कहा कि पंचायतीराज का देश के विकास में विशेष योगदान है।

 

 

 

आज राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की बधाई और शुभकामनाएं आज के दिन 33 साल पहले 73वां संविधान संशोधन के द्वारा उसको दर्जा दिया गया था उसके बाद फाइनेंस कमिशन, इलेक्शन कमीशन आती है और तमाम रूल्स रेगुलेशन पंचायत को लेकर किया गया था उसका रिजल्ट आज यह है कि देश में लगभग हर गांव की गली, नाली, खरंजा इत्यादि ग्रामीण विकास अच्छी तरीके से हुआ है।

****

 

अमरीका ने कहा है कि ईरान के खिलाफ उसकी नौसैनिक नाकाबंदी हर घंटे मजबूत होती जा रही है। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान को या तो परमाणु समझौता स्वीकार करना होगा या उसे बढ़ते आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमरीकी नौसेना की अनुमति के बिना कोई भी जहाज़ होर्मुज़ जलडमरूमध्य से नहीं गुज़र सकता।

 

****

 

उधर, ईरान के शीर्ष राजनयिक के आज रात पाकिस्तान पहुंचने की उम्मीद है। पाकिस्‍तान में अमरीका और ईरान को दूसरे दौर की युद्धविराम वार्ता के लिए राजी करने के प्रयास जारी हैं।

****

 

अमरीका के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए 20 से 23 अप्रैल तक एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने वाशिंगटन का दौरा किया। 7 फरवरी को अंतरिम व्यापार समझौते के लिए तैयार किए गए संयुक्त ढांचे के आधार पर, दोनों पक्षों ने व्यापक वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए चर्चा की।

****

मणिपुर के उखरुल ज़िले में आज दो समुदायों के बीच गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं। दोषियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

****

उत्तर प्रदेश में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या में श्री राम मंदिर परिसर में भक्तों के लिए सुगम दर्शन और सामान्य दर्शन पास सुविधा शुरू की है। सुगम दर्शन पास से राम लल्ला, राम परिवार और परकोटा के अंदर स्थित छह मंदिरों के दर्शन किए जा सकते हैं।

****

भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त कार्यालय ने बताया है कि जनगणना 2027 के लिए राष्ट्रीय टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू हो गया है। यह हेल्पलाइन क्षेत्रीय भाषाओं और अंग्रेजी में मकान सूचीकरण और आवास जनगणना संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करती है।

****

बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज एक हजार अंक गिरकर 76 हजार 664 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 275 अंक की गिरावट के साथ 23 हजार 898 पर आ गया।

****

मिस्र के काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में 10 मीटर एयर राइफल स्‍पर्धा में आज शांभवी श्रवण क्षीरसागर और दिव्यांशु शैलेंद्र देवांगन ने मिक्‍स्‍ड टीम में स्‍वर्ण पदक जीता। भारत चार स्‍वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्‍य पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर है।

****

थॉमस कप बैडमिंटन में भारत ने कनाडा को चार-एक से हराया। पहले मुकाबले में लक्ष्‍य सेन की हार के बाद भारत ने जबरदस्‍त वापसी करते हुए कनाडा को पराजित किया। वहीं, उबर कप में डेनमार्क ने भारत पर 2-1 की बढत बनाई हुई है।

****

बैंगलुरु में आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात ने 18वें ओवर में 3 विकेट पर 178 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन ने 100 रन की पारी खेली।

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई से ज्यादा सांसद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल।

  • पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और घुसपैठ के मुद्दों पर तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि राज्‍य सुरक्षित हाथों में।

  • सर्वोच्च न्यायालय ने कहा- कोई भी अदालत किसी महिला, विशेषकर नाबालिग को, उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भावस्था जारी रखने के लिए मजबूर नहीं कर सकती।

  • अमरीका वैश्विक स्तर पर ईरान के खिलाफ नाकाबंदी का विस्तार कर रहा है।

  •  काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में शम्भावी क्षीरसागर और दिव्यांशु देवांगन ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्‍स्‍ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

 

****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.