मुख्य समाचार :-
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में सभी सीटों के चुनाव में रिकार्ड मतदान। पश्चिम बंगाल में लगभग 92 प्रतिशत, तमिलनाडु में करीब 85 प्रतिशत वोट पड़े।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार चरम पर।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत में विशिष्ट प्रौद्योगिकियों के विकास और निर्माण में सहयोग के लिए जर्मनी के उद्योग जगत को आमंत्रित किया।
- फ्रांस ने अपने हवाई अड्डों से गुजरने वाले भारतीय नागरिकों को वीजा मुक्त ट्रांजिट की सुविधा दी। भारत ने इस फैसले का स्वागत किया।
- उत्तराखंड में सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु।
- भारत ने काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।
*****
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए रिकार्ड मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने बताया कि शाम छह बजे तक पश्चिम बंगाल में लगभग 92 प्रतिशत मतदान हुआ। दक्षिण दिनाजपुर में सबसे अधिक मतदान हुआ। वहां 93 प्रतिशत से अधिक वोट पडे। इस चरण में 152 सीटों के लिए मतदान हुआ था।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए शाम छह बजे तक करीब 85 प्रतिशत वोट डाले गए।
*****
इस बीच, निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक के सर्वाधिक मतदान प्रतिशत पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मतदान की समाप्ति पर कहा कि जिस प्रकार दोनों राज्यों के मतदाताओं ने मतदान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और निडर होकर वोट डाले हैं, वह उन्हें सलाम करते हैं।
*****
पश्चिम बंगाल में आज मतदातान के दौरान विभिन्न स्थानों से मतदाताओं को धमकाने, हिंसा और राजनीतिक दलों के बूथ कार्यकर्ताओं पर हमलों की खबरें मिली हैं। कुछ मतदान केन्द्रों पर फर्जी मतदान होने की भी बात सामने आई है। मतदान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशाीन से छेड़छाड़ और उम्मीदवारों पर हमले की छिटपुट घटनाएं हुईं।
कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार पर हमले के मामले में पांच लोग गिरफ्तार किए गए हैं। निर्वाचन आयोग को मतदान के दौरान गडबडी की अब तक लगभग चार सौ शिकायतें मिली हैं।
*****
गुजरात में उमरेठ विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान आज शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। शाम पांच बजे तक लगभग 54 दशमलव चार-दो प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सभी केंन्द्रों से प्राप्त आंकडों के मिलान के बाद अंतिम आंकडों में मामूली वृद्धि होने की संभावना है।
*****
महाराष्ट्र में बारामती और राहुरी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। बारामती में औसत मतदान 52 दशमलव पांच-छह प्रतिशत रहा, जबकि राहुरी में औसत मतदान 54 दशमलव आठ प्रतिशत दर्ज किया गया।
*****
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का प्रचार जोरों पर है।
सभी प्रमुख पार्टियों के दिग्गज प्रचारक पूरी ताकत से मैदान में उतर आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नादिया के कृष्णानगर में रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने भ्रष्टाचार और घुसपैठ को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी की कड़ी आलोचना की। बाद में, दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर में उन्होंने काकद्वीप के मछुआरों के लिए नए अवसरों का वादा किया। हुगली के बालागढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि भाजपा सरकार के तहत बंगाल में किसी भी घुसपैठिए को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और जो पहले से मौजूद हैं उन्हें देश से निष्कासित कर दिया जाएगा। इसी बीच, कोलकाता के बोबाजार में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री व लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का आरोप लगाया। वामपंथी मोर्चे पर, सीपीआई (एम) के नेता एमए बेबी और वृंदा करात ने जादवपुर में एक रैली में भाग लिया, जबकि राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने बालीगंज और उत्तरपारा में रोड शो का नेतृत्व किया। संदीपन दास गुप्ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जर्मनी के उद्योग जगत को भारत में विशिष्ट प्रौद्योगिकियों के विकास और निर्माण में सहयोग करने का निमंत्रण दिया है। श्री सिंह ने आज कहा कि भारत ने पिछले दशक में व्यापार सुगमता और देश में निवेश के लिए आकर्षक स्थान बनाने के लिए कई संरचनात्मक सुधार किए हैं। श्री सिंह ने जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित रक्षा निवेशक शिखर सम्मेलन में यह बात कही।
मैं आज यहाँ न केवल भारत के रक्षा मंत्री के तौर पर आया हूँ, बल्कि भारत और जर्मनी के बीच मज़बूत रक्षा औद्योगिक साझेदारी के समर्पित समर्थक के तौर पर भी आया हूँ। मेरा जर्मन उद्योग के लिए स्पष्ट संदेश है: आइए, भारत के साथ सहयोग करें और आगे बढ़ें। वैश्विक औद्योगिक और तकनीकी परिदृश्य में जर्मनी का बहुत ही विशेष स्थान है।
*****
भारत ने फ्रांस के हवाई अड्डों से गुजरने वाले भारतीय नागरिकों के लिए वीजा मुक्त ट्रांजिट की घोषणा का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में बताया कि इस निर्णय से लोगों की सुगम आवाजाही तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
इस साल फरवरी में मुंबई बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए ट्रांज़िट वीज़ा की ज़रूरत को खत्म करने पर सहमति हुई थी। फ़्रांस सरकार ने 10 अप्रैल से इस समझौते को लागू कर दिया है। जो भारतीय नागरिक सिर्फ़ हवाई मार्ग से फ़्रांस की मुख्य भूमि से होकर गुज़रेंगे, उन्हें अब ट्रांज़िट वीज़ा की ज़रूरत नहीं होगी।
*****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज दोपहर नई दिल्ली में ब्रिटेन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जोनाथन पॉवेल से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि इस दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों के साथ-साथ भारत-ब्रिटेन सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
*****
सरकार पश्चिम एशिया संकट के कारण उत्पन्न स्थिति में नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश भर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य और वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति लगभग 70 प्रतिशत है।
हमारे घरेलू एलपीजी सप्लाई नॉर्मल है। कल भी 52 लाख से अधिक घरों को एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई की गई है। बुकिंग पहले से अब कम हुई हैं लगभग 44 से 45 लाख से करीब प्रति रोज बुकिंग हो रही हैं और जो हमारा टीएसी या डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड है, उसके साथ लगभग 94 प्रतिशत डिलीवरी की जा रही है। इसका महत्व यह है कि इससे डायवर्शन को रोकने में काफी मदद मिल रही है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में अपर सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि पिछले 24 घंटे में किसी भी भारतीय जहाज पर गोलीबारी नहीं हुई।
मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि उन विदेशी झंडे वाले जहाजों पर गोलीबारी में कोई भी भारतीय नाविक घायल नहीं हुआ है। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। कंट्रोल रूम में हमने कुल सात हजार चार सौ तीन कॉल्स और 15 हजार 600 से ज़्यादा ईमेल का प्रबंधन किया है। पिछले 24 घंटों में हमें 161 कॉल और 320 ई–मेल मिले हैं।
विदेश मंत्रालय में खाडी मामलों के अपर सचिव असीम आर. महाजन ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति पर कडी नजर रखी जा रही है।
विदेश मंत्रालय खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र के घटनाक्रमों पर लगातार नज़र रख रहा है। इस क्षेत्र में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम अपने नागरिकों को सक्रिय रूप से सहायता प्रदान कर रहे हैं तथा स्थानीय सरकारों के लगातार संपर्क में भी हैं। इस क्षेत्र में भारतीय नाविकों का कल्याण हमारे लिए उच्च प्राथमिकता का विषय है। हमारे मिशन उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं, जिसमें स्थानीय अधिकारियों और एजेंसियों के साथ समन्वय भी शामिल है।
*****
ईरान ने होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने वाले वाणिज्यिक जहाज़ से चुंगी के रूप में पहला भुगतान वसूल कर लेने की घोषणा की है। अगर इसकी पुष्टि हो जाती है, तो यह एक ऐसा कदम है जिसका आधुनिक समय में कोई उदाहरण नहीं मिलता, और इस पर वाशिंगटन से पहले ही कड़ी प्रतिक्रिया आ रही है।
दुनिया की 20 प्रतिशत दैनिक तेल आपूर्ति होर्मुज जलडमरूमध्य से होती है। बीमा प्रीमियम बढने से ऑपरेटरों के सामने अधिक लागत वहन करना, लंबे और अधिक महंगे वैकल्पिक मार्गों का अनुसरण करना या पूरी तरह से आवागमन बंद करने का ही विकल्प बचा है। कई जहाजों ने अपने ट्रेकिंग सिस्टम बंद कर दिए हैं। जिससे उन पर नजर रखना मुश्किल हो गया है। ईरानी प्रवर्तन और अमरीकी अवरोधन से बचने के लिए अन्य जहाज इस मार्ग के बाहर माल भेज रहे हैं। ईरान ने कहा है कि उसे संघर्ष की स्थिति में पारगमन शुल्क लगाने का अधिकार है। अमरीका ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय आवागमन निर्बाध रहना चाहिए और कोई भी एक तरफा घोषणा इसे नहीं बदल सकती। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशेष शुक्ला।
*****
उत्तराखंड के टिहरी जिले में एक वाहन के खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई। यह घठना आज चंबा-कोटी नेल सड़क पर हुई। चंबा पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल की टीमों ने घटनास्थल पर बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना में घायल तीन लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक वाहन के खाई में गिरने से हुई दुर्घटना में जानमाल की क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रत्येक मृतक के निकट परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के लिए उचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
*****
इस्पात और भारी उद्योग राज्यमंत्री बी. श्रीनिवास वर्मा ने कहा है कि केन्द्र सरकार महिला आरक्षण विधेयक के माध्यम से राज्य की विधान सभाओं में महिलाओं के लिए अधिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में आज श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद से ही महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द से जल्द लागू करना चाहती है। लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल किसी न किसी बहाने इसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
*****
सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो का खंडन किया है, जिसमें दावा किया गया है कि सेना के जूनियर कमीशंड अधिकारी-जेसीओ ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश के नुकसान और सरकारी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने कहा है कि जेसीओ ने इस तरह की कोई टिप्पणी नहीं की है। यह वीडियो फर्जी है और एआई की मदद से बनाया गया है।
*****
पंचायती राज मंत्रालय कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाएगा। मंत्रालय ने बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन के एक महत्वपूर्ण पहलू के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश समारोह में पढ़ा जाएगा।
*****
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अष्टलक्ष्मी दर्शन युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के विद्यार्थियों से वर्चुअल माध्यम संवाद किया। यह कार्यक्रम मंत्रालय की प्रमुख पहल है। आईआईटी गुवाहाटी, असम विश्वविद्यालय और तेजपुर विश्वविद्यालय के सौ से अधिक विद्यार्थी 15 मार्च से इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। संवाद के दौरान, श्री सिंधिया ने विद्यार्थियों को अपने-अपने राज्यों में पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि अष्टलक्ष्मी दर्शन युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पूर्वोत्तर भारत की वास्तविक संस्कृति, लोगों और परंपराओं का अनुभव कराना है।
*****
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आज अनाकापल्ली जिले के रामबिल्ली में रिन्यू एनर्जी ग्लोबल के सौर ऊर्जा उत्पादन संयंत्र की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कंपनी 5 हजार 4 सौ करोड़ रुपये के निवेश से 6 दशमलव 5 गीगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन केंद्र स्थापित कर रही है।
*****
मिस्र के काहिरा में आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में आज भारतीय निशानेबाजों ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में प्राची गायकवाड ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, पुरुष वर्ग में नारेन प्रणव वनिता सुरेश ने 10 मीटर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। भारत दो स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है।
*****
मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में मुम्बई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक चेन्नई ने 17वें ओवर में 4 विकेट पर 165 रन बना लिए थे। अंक तालिका में मुंबई सातवें और चेन्नई आठवें स्थान पर है। पंजाब पहले और राजस्थान दूसरे स्थान पर है। वहीं, बेंगलुरू में कल शाम रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगे।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में सभी सीटों के चुनाव में रिकार्ड मतदान। पश्चिम बंगाल में लगभग 92 प्रतिशत, जबकि तमिलनाडु में करीब 85 प्रतिशत वोट पड़े।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार चरम पर।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत में विशिष्ट प्रौद्योगिकियों के विकास और निर्माण में सहयोग के लिए जर्मनी के उद्योग जगत को आमंत्रित किया।
- फ्रांस ने अपने हवाई अड्डों से गुजरने वाले भारतीय नागरिकों को वीजा मुक्त ट्रांजिट की सुविधा दी। भारत ने इस फैसले का स्वागत किया।
- उत्तराखंड में सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु।
- भारत ने काहिरा में जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।
*****