मुख्य समाचार :-
- सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग नियम 2026 अधिसूचित किया। यह पहली मई से प्रभावी होगा।
- तमिलनाडु में एक ही चरण में और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- सर्वोच्च न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कथित हस्तक्षेप पर कड़ी टिप्पणी की।
- पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर कई देशों ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की।
- मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- और युवा भारतीय निशानेबाजों ने काहिरा में जूनियर विश्व कप में 3 रजत और एक कांस्य पदक जीते।
****
सरकार ने आज ऑनलाइन गेमिंग के प्रचार और विनियमन संबंधी नियम -2026 को अधिसूचित कर दिया है। यह पहली मई से लागू होगा। इन नियमों का उद्देश्य ऑनलाइन गेमिंग को विनियमित करना, लोगों की सुरक्षा करना, वित्तीय प्रणाली को सुरक्षित रखना, समन्वित प्रवर्तन को सक्षम बनाना और उपयोगकर्ता के अधिकारों को बनाए रखना है।
इन नियमों का उद्देश्य एक स्पष्ट, पारदर्शी और समय–बद्ध तंत्र प्रदान करना है, जिससे यह निर्धारित किया जा सके कि कोई ऑनलाइन गेम, मनी गेम है या ऑनलाइन सोशल गेम या ई–स्पोर्ट है। ये नियम ऑनलाइन गेम सेवा प्रदाताओं के लिए अनिवार्य उपयोगकर्ता सुरक्षा सुविधाएं, शिकायत निवारण और पारदर्शिता से सम्बंधित दायित्व भी निर्धारित करेंगे। ये नियम जाँच की प्रक्रिया और सिविल दण्ड लगाने की प्रक्रिया को भी निर्धारित करेंगे। ये जवाबदेही, निष्पक्षता और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए एक अपीलीय तंत्र भी प्रदान करेगा। इन नियमों के तहत, एक ऑन लाइन गेम प्राधिकरण स्थापित किया जाएगा, जो इस क्षेत्र के लिए एक एकीकृत, डिजिटल–प्रथम नियामक होगा। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के सचिव एस० कृष्णन ने कहा कि यह ढांचा एक वैकल्पिक निर्धारण प्रक्रिया प्रस्तुत करता है, जिसके माध्यम से खेलों को या तो ऑनलाइन मनी गेम या सोशल गेम के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है। यह नियम ऑनलाइन मनी गेम्स के बढ़ते खतरे से नागरिकों की सुरक्षा करेंगे, जबकि ई–स्पोर्ट्स और ऑनलाइन सोशल गेम के लिए एक सक्षम ढांचा तैयार करेंगे। सकलेन अखतर अकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर और पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर कल होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गईं हैं। तमिलनाडु में 5 करोड़ 73 लाख 43 हजार से अधिक मतदाता हैं।
चेन्नई में 918 संवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। सूचारू मतदान के लिए तेलंगाना और कर्नाटक से अतिरिक्त सीएपीएफ इकाइयों को भी तैनात किया गया है। 21 वितरण केंद्रों से ईवीएम एकत्र करने और उन्हें मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए कुल 491 मोबाइल गश्ती दल तैनात किए गए हैं। मतदान के बाद मशीनों को वापस लौटाए जाने और निर्धारित केंद्रों पर सुरक्षित रखे जाने तक ये दल मशीनों की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 14 लाख है और 234 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल चार हजार 23 उम्मीदवारों के साथ नए मतदाता भी मैदान में हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुदिता।
पश्चिम बंगाल में 16 जिलों में 167 महिलाओं सहित कुल एक हजार चार सौ अठहत्तर उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 16 जिलों के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। इनमें से 103 सामान्य, 34 अनुसूचित जाति और 15 अनुसूचित जनजाति विधानसभा क्षेत्र हैं। निर्वाचन आयोग ने सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। कुल 44 हजार 376 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें लगभग तीन हजार सहायक बूथ शामिल हैं। इनमें से पांच हजार छह सौ से अधिक बूथ पूरी तरह से महिलाओं द्वारा और दो बूथ दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक बूथ से वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। कोलकाता से संदीपन दासगुप्ता और अविरूप भट्टाचार्य की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
****
इस बीच, पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर है। भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने सप्तग्राम में एक जनसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घुसपैठियों के वोटों के जरिए सत्ता में आईं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नादिया के कृष्णानगर में एक रैली करेंगे। उधर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हरिपाल में भाजपा के घुसपैठ के आरोपों का खंडन किया। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस और अन्य दल भी प्रचार में जुटे हैं।
****
निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के दौरान एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जब्त की है। पश्चिम बंगाल में नकदी, शराब, नशीली दवाओं, कीमती धातुओं और मुफ्त उपहारों सहित 472 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ज़ब्त की गई है। तमिलनाडु में 599 करोड़ रुपये से अधिक जब्त किए गए है।
****
निर्वाचन आयोग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस जारी किया है। उनको 24 घंटे में जवाब देने को कहा गया है।
****
सर्वोच्च न्यायालय ने कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कथित हस्तक्षेप पर कड़ी टिप्पणी की है। न्यायालय ने चेतावनी दी है कि कोई भी मुख्यमंत्री जांच प्रक्रिया में हस्तक्षेप करता है तो लोकतंत्र खतरे में पड़ सकता है। न्यायालय की पीठ ने कहा कि इस मुद्दे को केवल केंद्र और राज्य के बीच का विवाद नहीं माना जा सकता, बल्कि इसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के कृत्य के रूप में देखा जाना चाहिए।
****
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार जंगल राज की पर्याय बन चुकी है।
पश्चिम बंगाल को लेकर के है, जिसमें हमने देखा किस तरह से ममता बनर्जी ने ईडी की जांच कोयला घोटाला में करने जो अफसर गए थे उनको जांच करने से रोका सो साक्ष्य थे, एवीडेंस था उसको नष्ट करने का प्रयास किया। ममता बनर्जी जो आज पर्याय बन गई है, जंगल राज का इनको सुप्रीम कोर्ट से सुप्रीम फटकार लगी है, इन्हें तुरंत अपने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
****
सरकार ने कहा है कि देश में तेल और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। पश्चिम एशिया संघर्ष पर नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी संवाददाता सम्मेलन में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार ने देश में एलपीजी, प्राकृतिक गैस, पेट्रोल और डीजल की सामान्य आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है।
डोमेस्टिक एलपीजी की सप्लाई नॉर्मल है और किसी भी डिस्टीब्यूटर पर कोई ड्राई आउट रिपोर्टिड नहीं है। लगभग 94 प्रतिशत सिलेण्डर की डिलिवरी ऑथेंटीकेशन कोर्ट के द्वारा की जा रही है, कल 45 लाख के करीब बुकिंग हुई, जिसके सापेक्ष लगभग 51 लाख डोमेस्टिक एलपीज सिलेण्डर की डिलिवरी की गई है।
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग की संयुक्त सचिव निधि केसरवानी ने बताया कि प्राकृतिक गैस तथा बायोगैस के अंतर्गत वितरण केंद्रों को लाइसेंस देने की प्रक्रिया में तेजी आई है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के संयुक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि अब तक दो हजार छह सौ से अधिक भारतीय नाविकों को सुरक्षित लाया गया है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारतीय पनीर ने विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। भारतीय पनीर ने 2026 में ब्राज़ील पनीर प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की है। यह पनीर और डेयरी उत्पादों की एक जीवंत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है। श्री मोदी ने कहा कि चार भारतीय उत्पादों ने एक सुपर स्वर्ण, दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीते हैं।
****
सरकार ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के पात्रता मानदंडों का विस्तार करते हुए इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भी शामिल किया है। इसके अंतर्गत 18 से 25 वर्ष की आयु के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी अब शीर्ष कंपनियों में पेड इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को आवेदन के लिए शिक्षण संस्थानों से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
****
अटल पेंशन योजना के अंतर्गत नौ करोड़ लोगों का नामांकन हुआ है जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में कुल नामांकन एक करोड़ पैंतीस लाख हो गया है, जो योजना की शुरुआत के बाद से किसी एक वित्त वर्ष में अब तक का सबसे अधिक नामांकन है।
****
ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और यूरोपीय संघ सहित कई देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की आज पहली बरसी पर पीडितों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करते हुए उसके खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की है। संपूर्ण राष्ट्र हमले की पहली बरसी पर आज पीडितों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आज ही के दिन आतंकवादियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें अधिकतर लोग पर्यटक थे। इस हमले के जवाब में सेना ने पिछले साल 6 और 7 मई की रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ शुरू किया था। सेना ने आतंकवादियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि ‘जब मानवता की सीमाएं पार होती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज बर्लिन में जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों देशों के रणनीतिक रक्षा साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने रक्षा उपकरणों के विकास और उत्पादन सहित कई द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा मामलों पर भी चर्चा की। रक्षा मंत्री ने इस यात्रा को गहरी मित्रता, तालमेल और विश्वास का प्रतीक बताया।
****
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने आज घोषणा की कि भारत के साथ अगले सप्ताह मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। यह द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। श्री लक्सन ने कहा कि इससे न्यूजीलैंड के निर्यातकों को भारत के एक सौ चालीस करोड उपभोक्ताओं के विशाल बाजार तक पहुंच प्राप्त हो पाएगी।
****
एयर चाइना ने कल से पेइचिंग और दिल्ली के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने इसकी जानकारी दी।
****
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में कल लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी कल लू चलने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारइक्काल में मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और ओडिशा में अगले दो से तीन दिनों तक रात्रि में अधिक गर्मी की संभावना है।
****
मिस्र के काहिरा में आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में भारतीय युवा निशानेबाजों ने आज तीन रजत और एक कांस्य पदक जीते। पुरुषों की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में राज चन्द्रा ने रजत पदक और अभिनव देशवाल ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग में सेजल कांबले ने रजत पदक अपने नाम किया। भारत पदक तालिका में एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर है।
****
लखनऊ में, आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच जारी है। ताजा समाचार मिलने तक राजस्थान ने 16वें ओवर में 5 विकेट पर 109 रन बना लिए हैं। लखनऊ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। राजस्थान अंक तालिका में चौथे और लखनऊ नौवें स्थान पर है।
****
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच की श्रृंखला का तीसरा मुकाबला आज रात साढ़े नौ बजे से जोहान्सवर्ग में होगा। दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला में दो शून्य से आगे है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग नियम 2026 अधिसूचित किया। यह पहली मई से प्रभावी होगा।
- तमिलनाडु में एक ही चरण में और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव की कल होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।
- सर्वोच्च न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कथित हस्तक्षेप पर कड़ी टिप्पणी की।
- पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर कई देशों ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की।
- मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- युवा भारतीय निशानेबाजों ने काहिरा में जूनियर विश्व कप में 3 रजत और एक कांस्य पदक जीते।
*****