मुख्य समाचार :-
- भारत और दक्षिण कोरिया का 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य; आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, सेमीकंडक्टर और सूचना प्रौद्योगिकी में साझेदारी को बढाने के लिए डिजिटल ब्रिज का शुभारंभ किया।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर बनेंगे।
- तमिलनाडु में एक ही चरण के और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए कल समाप्त होने वाले प्रचार से पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के अंतिम प्रयास में जुटे।
- अमरीका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में दूसरे दौर की शांति वार्ता पर अनिश्चितता बरकरार।
- रेलवे अगले तीन महीने में देशभर में ग्रीष्मकालीन विशेष रेलगाडियों के 18 हजार से अधिक फेरे लगाएगा।
- और, अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नई दिल्ली में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के साथ वार्ता के बाद श्री मोदी ने यह बात कही।
भारत और कोरिया का बायलेट्रल ट्रेड आज 27 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। 2030 तक इसे 50 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लिए हमने आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। दोनों देशों के बीच फाइनेंशियल फ्लोस को सुगम बनाने के लिए हमने भारत–कोरिया फाइनेंशियल फॉरम की शुरुआत की है। बिजनेस सहयोग को बल देने के लिए हमने एक इंडस्ट्रियल को–ऑपरेशन कमेटी का गठन किया है। क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और सप्लाई चेन में सहयोग बढ़ाने के लिए हम इकोनॉमिक सिक्योरिटी डायलॉग शुरू कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चार समझौते किए हैं।
आज हम अगले दशक की सक्सेज स्टोरीज की नींव रख रहे हैं। एआई, सेमीकंडक्टर और इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी में साझेदारी और प्रगाढ करने के लिए हम इंडिया–कोरिया डिजिटल ब्रिज लॉन्च कर रहे हैं। शिप बिल्डिंग, सस्टेनेबिलिटी, स्टील और … जैसे क्षेत्रों में हम एमओयू कर रहे हैं। कल्चर और क्रिएटिव इंडस्ट्री में आपसी सहयोग से हम फिल्म, एनीमेशन और गेमिंग में भी नए आयाम स्थापित करेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों को साकार करेंगे।
हम चिप से लेकर शिप्स, टैलेंट से लेकर टेक्नोलॉजी, एनवायरमेंट से लेकर एनर्जी, हर क्षेत्र में सहयोग के नए अवसरों को साकार करेंगे और साथ मिलकर दोनों देशों की प्रोग्रेस और प्रोस्पेरिटी सुनिश्चित करेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि वैश्विक तनाव के इस दौर में दोनों देश शांति और स्थिरता का संदेश देते हैं।
8 वर्ष बाद कोरिया के राष्ट्रपति की ये भारत यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है। डेमोक्रेटिक वैल्यूज, मार्केट इकोनामी और रिस्पेक्ट फोर रूल ऑफ़ लॉ हम दोनों देशों के डीएनए में है। इंडो पेसिफिक क्षेत्र में भी हमारा कॉमन आउटलुक है।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा कि भारत वैश्विक दक्षिण में एक अग्रणी देश के रूप में उभर रहा है।
****
विदेश मंत्रालय के पूर्वी मामलों के सचिव पी. कुमारन ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-कोरिया विशेष रणनीतिक साझेदारी में हुई समग्र प्रगति की समीक्षा की।
दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग को मजबूत करने का निर्णय लिया है। सहयोग के नए क्षेत्रों में जहाज़ निर्माण, एआई, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और विविधीकरण शामिल हैं। दोनों पक्षों ने लोगों के बीच आपसी संबंधों को और सुदृढ़ करने का भी निर्णय लिया है।
****
नई दिल्ली में भारत-कोरिया व्यापार मंच में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि कोरियाई राष्ट्रपति की यात्रा दोनों देशों के संबंधों में एक नया अध्याय शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हम व्यापक आर्थिक साझेदारी को उन्नत करने के लिए तेज़ी से काम करने पर सहमत हुए हैं। इसके तहत हम कई गैर–टैरिफ बाधाओं को दूर करेंगे, दोनों देशों के बीच व्यापार करना आसान बनाएंगे और दोनों देशों में नए अवसर खोलेंगे, ताकि हम एक अधिक संतुलित आर्थिक साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ सकें।
****
तमिलनाडु में एक ही चरण के और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए कल समाप्त होने वाले प्रचार से पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के अंतिम प्रयास में जुटे हैं।
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह बीरभूम जिले में, जेपी नड्डा ने बांकुरा और पुरुलिया जिलों में प्रचार किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा और बेरोजगारी के मुद्दों को उठाया। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर 24 परगना के खरदाहा में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा की कड़ी आलोचना की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने भी महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा पर हमला किया।
उधर, तमिलनाडु में तेलुगु देशम पार्टी के नेता और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्र बाबू नायडू और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री तथा टीडीपी के नेता किंजरापु राम मोहन नायडू ने कोयंबटूर में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत किया जाना चाहिए ताकि राज्य और राष्ट्र एक साथ मिलकर आगे बढ़ सकें। कन्याकुमारी में राहुल गांधी ने एनडीए के साथ गठबंधन करने के लिए एआईएडीएमके की आलोचना की।
****
आकाशवाणी समाचार के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात पश्चिम बंगाल के इंडस की।
बांकुरा जिले की इंडस विधानसभा सीट पर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। भाजपा के निर्मल कुमार धारा यहाँ से मौजूदा विधायक हैं। इस चुनाव में 4 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने दोबारा निर्मल कुमार धारा को उतारा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार श्यामली रॉय बागड़ी हैं। सीपीआईएम से झरना मल्लिक और कांग्रेस से मऊ मंडल समांता चुनाव मैदान में हैं। सिंधु विधानसभा में कुल 2 लाख पेंतालिस हजार से अधिक मतदाता हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
****
सरकार ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद देश में घरेलू एलपीजी आपूर्ति स्थिर है और वितरकों में किसी भी तरह की कमी की सूचना नहीं मिली है। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव सुजाता शर्मा ने यह बात कही।
वेस्ट–एशिया क्राइसिस के चलते देश में एलपीजी सप्लाई इफेक्ट हुई है और सरकार ने इफेक्टिव मेनेंजमेंट के लिए कई महत्वपूर्ण कदम लिए हैं, जैसे कि डोमेस्टिक एलपीजी प्रोडक्शन को इंक्रीज करना, पीरियड ऑफ बुकिंग को अर्बन और रूरल एरिया में इंक्रीज किया है। इसके अलावा डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड का इम्प्लीमेंटेशन करना।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने कल सऊदी अरब में कई महत्वपूर्ण नेताओं से मुलाकात की।
यात्रा के दौरान उन्होंने सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री, विदेश मंत्री तथा अपने समकक्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ बैठकें कीं। इन बैठक में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की गई, साथ ही क्षेत्रीय परिस्थितियों और अन्य आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान–प्रदान भी हुआ।
****
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत ‘इंडिया कूलिंग एक्शन प्लान‘ के कार्यान्वयन के माध्यम से टिकाऊ शीतलन और जलवायु अनुकूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रहा है। नई दिल्ली में डॉ. सिंह ने बताया कि कूलिंग एक्शन प्लान को देश भर के 250 से अधिक शहरों में पहले ही लागू किया जा चुका है। वैश्विक तापमान वृद्धि विश्व भर में स्वास्थ्य, पर्यावरण और समग्र अर्थव्यवस्था के लिए खतरा है।
****
देशभर में ग्रीष्म ऋतु के लिए 17 अप्रैल तक 69 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर फसलों की बुवाई हो चुकी है। इनमें से 30 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर धान की बुवाई हुई है, जबकि दालों की बुवाई 15 दशमलव चार-सात लाख हेक्टेयर में हुई। श्री अन्न की बुवाई लगभग 13 दशमलव आठ-एक लाख हेक्टेयर में हुई है। तिलहन की बुवाई का क्षेत्र 9 दशमलव एक-चार लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है।
****
अमरीका और ईरान के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर को लेकर आज इस्लामाबाद में अनिश्चितता बनी हुई है। अमरीका और ईरान के बीच दो सप्ताह का संघर्ष-विराम बुधवार को समाप्त होने वाला है। ईरान ने कहा कि अभी तक यह तय नहीं है कि ईरान अमरीका के साथ वार्ता के अगले दौर में भाग लेगा या नहीं। उधर, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीका की नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी से बचने की कोशिश कर रहे एक ईरानी जहाज को निशाना बनाया।
****
भारत और अमरीका के बीच वाशिंगटन में व्यापार वार्ता का एक नया दौर शुरू हुआ है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना है। भारतीय अधिकारियों का एक दल 20 से 22 अप्रैल तक निर्धारित तीन दिन की वार्ता के लिए अमरीका पहुंचा है। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव दर्पण जैन कर रहे हैं।
****
भारत और ब्रिटेन ने अपनी रक्षा साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, तीन दिन के आधिकारिक दौरे पर लंदन में हैं। किसी भारतीय चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ द्वारा ब्रिटेन का यह पहला ऐसा दौरा है।
****
रेलवे अगले तीन महीने में देशभर में कुल 9 सौ आठ ग्रीष्मकालीन विशेष रेलगाडियां संचालित करेगा। 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक के दौरान ये रेलगाडियां 18 हजार 262 फेरे लगाएंगी। इससे यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
****
और, अब आर्थिक जगत की खबरों के साथ हैं,
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 78 हजार पांच सौ बीस पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 24 हजार 365 दर्ज हुआ। और, अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया आज 19 पैसे कमजोर होकर 93 रुपये 12 पैसे के स्तर पर बंद हुआ। और ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 94 डॉलर 18 सेंट प्रति बैरल पर पहुंच गई।
****
जम्मू-कश्मीर में उधमपुर जिले में एक बस दुर्घटना में 21 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। बस में 50 यात्री सवार थे और रामनगर से उधमपुर जा रहे थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
****
सरकार ने कच्चे जूट व्यापारियों के लिए जूट स्टॉक सीमा को घटाकर शून्य कर दिया है। उचित वितरण सुनिश्चित करने और जमाखोरी या सट्टेबाजी को रोकने के लिए स्टॉक सीमा में यह संशोधन किया गया है।
****
आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक मुंबई ने 18वें ओवर में चार विकेट पर 147 रन बना लिये हैं। अंक तालिका में गुजरात छठे और मुंबई दसवें स्थान पर है। पंजाब पहले और बैंगलुरू दूसरे स्थान पर है। हैदराबाद में कल शाम साढे सात बजे सनराइजर्स हैदराबाद और डेल्ही कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी।
****
मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, पंजाब और विदर्भ में लू चलने की संभावना व्यक्त की है। अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर कल मूसलाधार बारिश हो सकती है।
****
उत्तराखंड में कल से शुरू हुई गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की तीर्थयात्रा सुचारू रूप से चल रही है। केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जिला और पुलिस प्रशासन ने सुचारू और सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और दक्षिण कोरिया का 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य; आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, सेमीकंडक्टर और सूचना प्रौद्योगिकी में साझेदारी को बढाने के लिए डिजिटल ब्रिज का शुभारंभ किया।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर बनेंगे।
- तमिलनाडु में एक ही चरण के और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए कल समाप्त होने वाले प्रचार से पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के अंतिम प्रयास में जुटे।
- अमरीका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में दूसरे दौर की शांति वार्ता पर अनिश्चितता बरकरार।
- रेलवे अगले तीन महीने में देशभर में ग्रीष्मकालीन विशेष रेलगाडियों के 18 हजार से अधिक फेरे लगाएगा।
- और, अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।
****