मुख्य समाचार :-
- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में कई चुनावी रैलियों को संबोधित किया। कहा – महिलाओं की सुरक्षा, उनकी गरिमा और समृद्धि पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता।
- तमिलनाडु में विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं की रैलियों के साथ प्रचार हुआ और तेज।
- तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में 21 लोगों की मौत।
- श्रीलंका में भारतीय समुदाय के लिए प्रवासी नागरिक – ओ सी आई योजना को छठी पीढ़ी तक बढ़ाया जाएगा।
- दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग तीन दिन के भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – ईरान के साथ वार्ता के दूसरे दौर के लिए अमरीकी प्रतिनिधिमंडल कल इस्लामाबाद पहुंचेगा।
- दक्षिण अफ्रीका ने डरबन में दूसरे टी-20 महिला क्रिकेट मैच में भारत को आठ विकेट से हराया।
———–
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं की जनसभाओं, रैलियों और रोडशो के साथ ही चुनाव प्रचार और तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में कई रैलियां कीं। श्री मोदी ने कहा कि राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए महिलाओं की सुरक्षा, उनकी गरिमा और समृद्धि शीर्ष प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के साथ गठजोड कर तृणमूल कांग्रेस विधानमंडलों में महिलाओं के ज्यादा प्रतिनिधित्व को रोक रही है।
बंगाल की बहने चाहती थी कि उनको 33 परसेंट आरक्षण मिले लेकिन टीएमसी नहीं चाहती थी कि बंगाल की बेटियां ज्यादा संख्या में एमएलए बने क्योंकि बंगाल की बेटियां इनके महा जंगलराज को चुनौती दे रही हैं।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार घुसपैठियों के पक्ष में राजनीति कर रही हैं। तृणमूल कांग्रेस के नेता राज्य में कई स्थानों पर आदिवासियों की भूमि पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर किसानों को बहुत लाभ होगा।
मैं यहां के आलू किसान, धान किसान, वन उपज से जुड़े साथियों को भी भरोसा दिलाने आया हूं। आप यहां बीजेपी का सीएम बनाइये फिर पीएम और सीएम मिलकर हर किसान के खाते में किसान सम्मान निधि के 9 हजार रुपए सीधे जमा किए जाएंगे। साथ ही बंगाल की मंडियों से टीएमसी के दलालों को भी भगाया जाएगा।
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केन्द्र सरकार पर लोकसभा में पेश परिसीमन विधेयक को महिला आरक्षण से जोडने का आरोप लगाया। राज्य में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा।
———
तमिलनाडु में प्रमुख राजनीतिक दल रैलियों और रोड शो के माध्यम से राज्य भर में जनसमर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे है।
भाजपा नेता और गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रचार जुटे हैं। श्री शाह ने लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के विरूद्ध मतदान करने के लिए कांग्रेस और द्रमुक की आलोचना की। श्री शाह ने सत्तारूढ़ द्रमुक पर वंशवादी राजनीति, कथित भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की समस्याओं को लेकर निशाना साधा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने होसुर में कहा कि विपक्ष ने प्रस्तावित परिसीमन का विरोध किया है क्योंकि इसका उद्देश्य विपक्षी दलों और सत्ताधारी दलों के वोटों को बांटना है।
वो तीस महीने तक चुप रहे और आज कह रहे हैं कि कांग्रेस, डीएमके और अन्य विपक्षी दल महिलाओं के खिलाफ हैं। हम महिलाओं, लोकतंत्र और न्याय के साथ हैं और हमेशा न्याय और समानता के लिए लोगों के साथ खड़े हैं।
———-
आकाशवाणी समाचार के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात तमिलनाडु के विरुधनगर की।
विरुधुनगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग दो लाख मतदाता हैं। डीएमके ने चार बार जीत हासिल की है जबकि एडीएमके ने दो बार जीता है। इसके अलावा डीएमडीके, एमडीएमके, एससीएस, जनता पार्टी, कांग्रेस और तमिल मनिला काची ने एक-एक बार जीत दर्ज की है। वर्तमान में डीएमके के ए.आर.आर. श्रीनिवासन यहां के विधायक हैं। डीएमडीके पार्टी से विजय प्रभाकरन पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने एआईएडीएमके के वी. जी. गणेशन हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
———
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि सभी राजनीतिक दलों को चुनाव के दौरान सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्मों का ज़िम्मेदारीपूर्ण और नैतिक उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। आयोग ने निर्देश दिया कि किसी भी भ्रामक या गैर-कानूनी एआई-जनित जानकारी मिलने के तीन घंटे के भीतर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को उस पर कार्रवाई करनी होगी।
———-
तमिलनाडु में आज दोपहर विरुधुनगर जिले के मुथुलिंगपुरम स्थित एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उस समय कारखाने में 30 मजदूर थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
———-
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज श्रीलंका में भारतीय मूल के तमिल समुदाय के साथ संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई घोषणाएं की हैं। इनमें कल्याणकारी पहल और सांस्कृतिक जुड़ाव पर विशेष बल दिया गया है। श्रीलंका में भारतीय समुदाय के लिए प्रवासी नागरिक – ओ सी आई योजना को छठी पीढ़ी तक बढ़ाया जाएगा। इससे पहले उपराष्ट्रपति ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के साथ चर्चा की। उन्होंने भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति और निरंतर सहयोग की पुष्टि की।
————
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जाए म्युंग आज तीन दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति ली की यह पहली भारत यात्रा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति ली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर विचार-विमर्श करेंगे। वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ भी विचार-विमर्श करेंगे।
————
सरकार ने आज कहा कि घरेलू एल पी जी सिलेंडर की आपूर्ति बुकिंग की तुलना में सामान्य है। कल 53 लाख 50 हजार से अधिक सिलेंडर की आपूर्ति की गई। तेल और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ देशभर में कार्रवाई जारी है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने बताया है कि भारतीय ध्वज वाला तेल टेंकर देश गरिमा सुरक्षित रूप से होर्मुज जल-डमरू-मध्य को पार कर गया है। इसके बुधवार को मुंबई पहुंचने की संभावना है।
———–
इलेक्ट्रॉनिकी, सूचना प्रौद्योगिकी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मजबूत नीतिगत समर्थन और बढ़ते निवेश के बल पर ओडिशा औद्योगिक और तकनीकी विकास के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। भुवनेश्वर की इंफो वैली में देश की पहली उन्नत 3डी ग्लास सबस्ट्रेट पैकेजिंग सुविधा की आधारशिला रखते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि यह उन्नत पैकेजिंग भविष्य में एआई और उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
———–
आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि विपक्ष ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन न करके देशभर की महिलाओं को निराश किया है। उपभोक्ता कार्य, खाद्य तथा सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा है कि कांग्रेस ने महिला आरक्षण विधेयक पर देशभर की महिलाओं को धोखा दिया है।
———–
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक पारित नहीं होने पर विपक्ष की आलोचना की है। लखनऊ में उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह आचरण महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध है और देश की महिलाएं इसके लिए विपक्ष को कभी भी माफ नहीं करेंगी।
———
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीकी प्रतिनिधि, ईरान के साथ वार्ता के दूसरे दौर के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद जा रहे हैं। मंगलवार को होने वाली वार्ता में उपराष्ट्रपति जे डी वेंस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और इसमें राजदूत स्टीव विटकोफ और जेरेड कुशनेर शामिल होंगे। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अगर इस बातचीत में कोई समझौता नहीं होता है तो वह ईरान के पुलों और ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाएंगे।
———
उत्तराखंड के गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट आज अक्षय तृतीया के अवसर पर वैदिक मंत्रों और धार्मिक उल्लास के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इसी के साथ चार धाम यात्रा का भी औपचारिक रूप से शुभारंभ हो गया है।
अक्षय तृतीया जिसे हिंदू पंचांग में अत्यंत शुभ माना जाता है, उत्तराखंड में चार धाम यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है। कपाट खुलने की पूर्व संध्या पर फूलों और रंग-बिरंगे वस्त्रों से सजी डोलियां यात्रा के लिए तैयार की जाती हैं। पुजारी स्थानीय निवासी और श्रद्धालु एकत्र होकर पूजा अर्चना करते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। हजारों श्रद्धालु इस पावन क्षण के साक्षी बनते हैं। कपाट खुलने के साथ ही क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियां भी तेज हो जाती हैं क्योंकि स्थानीय लोगों की आजीविका काफी हद तक चार धाम यात्रा पर निर्भर रहती है। साक्षी सिंह उत्तराखंड।
———-
साध्वी सैल फैमिना मिस इंडिया वर्ल्ड की विजेता बन गई हैं। उन्हें मिस वर्ल्ड प्रतिस्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। ओडिशा के भुबनेश्वर में कल राजनंदिनी दूसरे और श्रीअद्वैता तीसरे स्थान पर रहीं।
——–
वस्त्र मंत्रालय ने ‘विश्व सूत्र – विश्व के लिए भारत की बुनाई’ नामक एक पहल की शुरूआत की है। डिजाइनरों का एक विशेष संग्रह, भुवनेश्वर में मिस इंडिया के आयोजन में प्रस्तुत किया गया। इसका उद्देश्य भारतीय हथकरघा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना है।
———-
डरबन में दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टी-20 महिला क्रिकेट मैच में भारत को आठ विकेट से हराया। भारत के 148 रन के लक्ष्य को दक्षिण-अफ्रीका ने 17 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। पांच मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका दो-शून्य से आगे है।
उधर, न्यू चंडीगढ में आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक पंजाब ने 17वें ओवर में 4 विकेट पर 197 रन बना लिये हैं।
इससे पहले, कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हराया। राजस्थान के 156 रन के लक्ष्य को कोलकाता ने दो गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
———
मौसम विभाग ने कल छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक, गांगेय पश्चिम बंगाल और केरल में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा। तमिलनाडु, माहे, पुडुचेरी और कराईक्कल में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। इस बीच, कल अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।
———-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में कई चुनावी रैलियों को संबोधित किया। कहा – महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और समृद्धि पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता।
- तमिलनाडु में विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं की रैलियों के साथ प्रचार तेज।
- तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में 21 लोगों की मौत।
- श्रीलंका में भारतीय समुदाय के लिए प्रवासी नागरिक- ओ सी आई योजना को छठी पीढ़ी तक बढ़ाया जाएगा।
- दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग तीन दिन के भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – ईरान के साथ वार्ता के दूसरे दौर के लिए अमरीकी प्रतिनिधिमंडल कल इस्लामाबाद पहुंचेगा।
- दक्षिण अफ्रीका ने डरबन में दूसरे टी-20 महिला क्रिकेट मैच में भारत को आठ विकेट से हराया।
———–