April 18, 2026 9:59 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में पारित नहीं होने पर गहरा दुख व्यक्त किया। राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर महिलाओं की प्रगति और सशक्तिकरण में बाधा डालने का आरोप लगाया।
  2. केंद्र सरकार ने करीब 13 हजार करोड़ रुपये की सोवरन गारंटी के साथ भारत समुद्री बीमा पूल के गठन को मंजूरी दी। इससे समुद्री बीमा सेवाएं निरंतर चलती रहेंगी।
  3. सरकार ने इस वर्ष जनवरी से केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि की मंजूरी दी।
  4. तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार हुआ तेज।
  5. भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय ध्वज वाले दो जहाजों पर हुई गोलीबारी पर ईरान से चिंता व्यक्त की।
  6. आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हराया। सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच है जारी।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि राष्ट्र हित इस सरकार के लिए सर्वोपरि है। राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के सर्वोत्तम और निष्ठापूर्ण प्रयासों के बावजूद नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन से संबंधित विधेयक पारित नहीं हो सका।

 

साथियों हमारे लिए देश हित सर्वोपरि है लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दल ही सब कुछ हो जाता है, दल ही देश हित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति को, देश हित को इसका खामियाजा उठाना पड़ता है। इस बार भी यही हुआ है। कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों की स्‍वार्थी राजनीति का नुकसान देश की नारी शक्ति को उठाना पड़ा है।

श्री मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण समय की मांग है।

 

देश की 50 प्रतिशत यानी आधी आबादी को उसका अधिकार देने का साफ नियत के साथ ईमानदारी के साथ किया गया एक पवित्र प्रयास था। नारी को भारत की विकास यात्रा में सहयात्री बनाने और सबको जोड़ने का प्रयास था। नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। नारी शक्ति वंदन संशोधन उत्‍तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम सभी राज्‍यों की, हर राज्‍य की शक्ति में समान वृद्धि का प्रयास था।

 

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर महिलाओं की प्रगति और सशक्तिकरण में बाधा डालने का आरोप लगाया।

 

कल संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन का जिन-जिन दलों ने विरोध किया है, उनसे मैं दो-टूक कहूंगा ये लोग नारी शक्ति को फोर-ग्रांटेड ले रहे हैं। इसलिए महिला आरक्षण विरोध करके जो पाप विपक्ष ने किया है इसकी उन्‍हें सजा जरूरी मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी सब कुछ भूल जाती है पर अपना अपमान कभी नहीं भूलती।

 

सदन में नारी शक्ति वंदन संशोधन किसी से भी कुछ छीनने का नहीं था। नारी शक्ति वंदन संशोधन हर किसी को कुछ न कुछ देने का था। ये चालीस साल से लटके हुए नारी के हक को 2029 के अगले लोकसभा चुनाव से उसका हक देने का संशोधन था। नारी शक्ति वंदन संशोधन 21वीं सदी के भारत की नारी को नये अवसर देने, नई उड़ान देने उसके सामने से बाधाएं हटाने का महायज्ञन था।

उन्‍होंने कहा कि संसद में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और डीएमके सहित कई विपक्षी दलों ने इस विधेयक का विरोध किया और इसके नहीं पारित होने पर सदन में मेजे थप-थपा कर जश्‍न मनाया। इसकी कसक महिलाओं के मन में हमेशा रहेगी। श्री मोदी ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं की बाधाओं को हटाने का प्रयास था।

 

सदन में नारी शक्ति वंदन संशोधन किसी से भी कुछ छीनने का नहीं था। नारी शक्ति वंदन संशोधन हर किसी को कुछ न कुछ देने का था। ये चालीस साल से लटके हुए नारी के हक को 2029 के अगले लोकसभा चुनाव से उसका हक देने का संशोधन था। नारी शक्ति वंदन संशोधन 21वीं सदी के भारत की नारी को नये अवसर देने, नई उड़ान देने उसके सामने से बाधाएं हटाने का महायज्ञन था।

प्रधानमंत्री ने कहा कांग्रेस क्षेत्रीय दलों की पीठ पर सवार होकर खुद को जिंदा रखे हैं लेकिन कांग्रेस यह भी नहीं चाहती की क्षेत्रीय दलों की ताकत बढे इसलिए कांग्रेस ने इस संशोधन का विरोध कर क्षेत्रीय दलों के भविष्‍य को अंधकार में धकेलना राजनीतिक षड्यंत्र रचा है।

****

राजधानी दिल्‍ली में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आवास तक मार्च निकाला और विपक्ष की कथित महिला-विरोधी राजनीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संसद में 131वें संविधान संशोधन विधेयक के पारित न होने को महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय बताया है।

****

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत समुद्री बीमा पूल के गठन को मंजूरी दे दी है। नई दिल्‍ली में आज सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने बताया कि इसके लिए 12 हजार 980 करोड़ रुपये का एक सॉवरेन गारंटी फंड बनाने का निर्णय लिया गया है। यह फंड समुद्री जोखिमों से निपटने और भारतीय जहाजों के बीमा सुरक्षा कवच के रूप में काम करेगा।

 

इंश्‍योरेंस और रि-इंश्‍योरेंस वेस्‍ट एशिया में जाने वाले शिपर्स को इंश्‍योर करने के लिए तैयार नहीं है। तो इसमें शिप में शिप ओनर, उसके पीछे इंश्‍योर है और उसके पीछे रि-इंश्‍योर्र और उसके पीछे सॉवरन बैक स्‍टॉक। अगर इस तरीके से देखें तो ये व्‍यवस्‍था की गई है इस प्रोग्राम के तहत। जितनी भी तरह के मैरीटाइम रिस्‍क हैं हल, मशीनरी, कार्गो, पीएनआई, वॉल इन सबको कवर करेंगे।

श्री वैष्‍णव ने कहा कि मंत्रिमंडल ने केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता और पेंशनभोगियों को महंगाई राहत की अतिरिक्त किस्त जारी करने को भी मंजूरी दे दी है। यह इस वर्ष पहली जनवरी से प्रभावी हो जाएगी। यह मूल वेतन या पेंशन के मौजूदा 58 प्रतिशत की दर से दो प्रतिशत अधिक है, ताकि मूल्य वृद्धि की भरपाई की जा सके।

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे संस्‍करण को मार्च 2025 के बाद मार्च 2028 तक जारी रखने की स्‍वीकृति दी। इसमें बस्तियों को ग्रामीण कृषि बाजारों, उच्च माध्यमिक विद्यालयों और अस्पतालों से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग और प्रमुख ग्रामीण संपर्क शामिल है।

 

प्रधानमंत्री ग्राम संड़क योजना में बहुत तेजी आई है। आज उसका एक्‍सटेंशन और एलोकेशन इंक्रीज किया गया, जिससे कि पीएमजीएसवाई-3 अब हो गया 83,977 करोड़ रुपये की स्‍कीमों में। पूरे प्रोग्राम में अब तक करीब आठ लाख किलोमीटर सड़के बनीं हैं। दस हजार से अधिक ब्रिज बने ग्रामीण क्षेत्रों में। सात लाख से ज्‍यादा जो बड़े ग्रामीण क्षेत्रों में इम्‍पोटेंट इन्‍फ्रा प्‍वाइंट होते हैं कम्‍युनिटी के, वो सब इससे कनेक्‍ट हुए हैं।

 

मंत्रिमंडल की आर्थिक कार्य समिति ने 24 हजार 815 करोड़ रुपये की लागत वाली दो रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी।

****

गृह मंत्री अमित शाह ने महंगाई भत्ता और महंगाई राहत की घोषणा की सराहना की है। श्री शाह ने कहा कि इस वर्ष पहली जनवरी से प्रभावी यह वृद्धि, कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती है।

****

तमिलनाडु और पश्‍चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन न करने के लिए विपक्षी दलों की आलोचना की। तमिलनाडु में कोयंबटूर के कोडिसिया में एक चुनावी रैली में श्री मोदी ने कहा कि डीएमके-कांग्रेस गठबंधन ने संसद और राज्य विधानसभाओं में सामान्‍य पृष्ठभूमि की महिलाओं को प्रतिनिधित्‍व देने के बजाय पारिवारिक हितों को बढ़ावा दिया।

****

श्री मोदी कल पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम और अन्य जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सहित पार्टी नेताओं ने उत्तरी बंगाल में प्रचार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भय का माहौल है। मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने कहा कि भाजपा को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा।

****

 

आकाशवाणी समाचार के विधानसभा क्षेत्रों की प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात पश्‍चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की।

 

मुर्शिदाबाद ज़िले की बहरमपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सुब्रत मैत्रा वर्तमान विधायक हैं। इस सीट पर कुल 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 4 निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। भाजपा से सुब्रत मैत्रा चुनाव मैदान में है, तृणमूल कांग्रेस ने नारू गोपाल मुखर्जी को टिकट दिया है। अबुल कासेम एसके सीपीआईएमएल लिबरेशन के उम्मीदवार हैं और अधीर रंजन चौधरी कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2 लाख 41 हज़ार मतदाता हैं। इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच है, लेकिन अधीर रंजन चौधरी की उम्मीदवारी ने टक्कर और बढा दी है। कोलकाता से कल्‍याण लाह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

****

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव से पूर्व तकनीकी रूप से श्रेष्‍ठ निगरानी प्रक्रिया बढा दी है। आयोग के सूत्रों के अनुसार मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा किसी अवांछित घटना से मुक्‍त रखने के लिए कई नये कदम उठाये गये हैं।

****

भारत ने आज सवेरे होर्मुज जल-डमरू-मध्य में भारतीय ध्वज वाले दो जहाजों पर हुई गोलीबारी की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने आज शाम नई दिल्ली में विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ बैठक के लिए भारत में ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फतहली को बुलाया। बैठक के दौरान श्री मिसरी ने भारतीय ध्वज वाले दो जहाजों पर हुई गोलीबारी की घटना पर भारत की गहरी चिंता व्यक्त की।

****

बेंगलुरु में आईपीएल क्रिकेट में डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया। बेंगलुरु का 176 रन का लक्ष्‍य को डेल्‍ही ने अंतिम ओवर में हासिल कर लिया। एक अन्‍य मैच में हैदराबाद ने सनराइज़र्स हैदराबाद ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स को 195 रन का लक्ष्‍य दिया।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में पारित नहीं होने पर गहरा दुख व्यक्त किया। राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर महिलाओं की प्रगति और सशक्तिकरण में बाधा डालने का आरोप लगाया।
  2. केंद्र सरकार ने करीब 13 हजार करोड़ रुपये की सोवरन गारंटी के साथ भारत समुद्री बीमा पूल के गठन को मंजूरी दी। इससे समुद्री बीमा सेवाएं निरंतर चलती रहेंगी।
  3. सरकार ने इस वर्ष जनवरी से केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि की मंजूरी दी।
  4. तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज।
  5. भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय ध्वज वाले दो जहाजों पर हुई गोलीबारी पर ईरान से चिंता व्यक्त की।
  6. आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हराया। सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच जारी।  

****