April 16, 2026 9:56 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- लोकसभा और राज्‍य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण नारी शक्ति का अधिकार ; विपक्षी दलों से ऐतिहासिक कानून को राजनीतिक रंग न देने की अपील की।
  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा -परिसीमन के बाद किसी भी क्षेत्र की सीटें कम नहीं होंगी। दक्षिणी राज्यों को 66 लोकसभा सीटें मिलेंगी।
  3. 2027 की जनगणना के पहले चरण के अंतर्गत, कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज से मकान सूचीकरण और गणना शुरू।
  4. भारत और ऑस्ट्रिया ने खाद्य सुरक्षा पर समझौता ज्ञापन सहित रक्षा सहयोग तथा आतंकरोधी उपायों पर आशय पत्र और अन्‍य महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
  5. फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से फोन पर बात की।
  6. छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में अगले दो दिन लू चलने की आशंका।
  7. आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स का मैच जारी।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि देश की पचास प्रतिशत आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और नीति निर्माण में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व देना समय की मांग है। श्री मोदी ने आज लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संवैधानिक संशोधन से संबंधित तीन महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के दौरान ये बात कहीं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी को भी अहंकारपूर्ण भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि वे भारत की महिलाओं को कुछ दे रहे हैं, बल्‍कि यह उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि समूची राजनीतिक व्‍यवस्‍था दशकों से इस अधिकार को महिलाओं से छीनने की सामूहिक रूप से दोषी है और इसलिए यह विधेयक प्रायश्चित का एक आवश्यक उपाय है।

 

प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों से इस ऐतिहासिक विधेयक को राजनीतिक रंग न देने की अपील की।

 

आज भी मैं कहता हूं, अगर हम सब साथ में जाते हैं, तो इतिहास गवाह है कि यह किसी एक के राजनीतिक पक्ष में नहीं जाएगा। यह देश के लोकतंत्र के पक्ष में जाएगा, देश के सामूहिक निर्णय शक्ति के पक्ष में जाएगा और हम सब उसके यश के हकदार होंगे।

श्री मोदी ने कहा कि एक विकसित भारत केवल बुनियादी ढांचे, रेलवे या आर्थिक संकेतकों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें महिलाओं की समान भागीदारी भी आवश्यक है।

 

विकसित भारत का मतलब केवल उत्तम प्रकार के रेल, रास्ते, इंफ्रास्ट्रक्चर या कुछ आर्थिक प्रगति के आंकड़े, सिर्फ इतने से ही विकसित भारत की सीमित कल्पना वाले हम लोग नहीं हैं। हम चाहते हैं कि विकसित भारत, जिसके नीति निर्धारण में सबका साथ सबका विकास का मंत्र समाहित हो। देश की 50 प्रतिशत जनसंख्या नीति निर्धारण का हिस्सा बने, यह समय की मांग है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के संसदीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी केवल संख्या की बात नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि लगभग छह हजार सात सौ ब्लॉक पंचायतों में से लगभग दो हजार सात सौ पंचायतों का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।

 

चर्चा के दौरान हस्तक्षेप करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने परिसीमन के बाद दक्षिणी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में कमी आने की विपक्ष की आशंकाओं को खारिज कर दीं। श्री शाह ने कहा कि प्रस्तावित ढांचा दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व में वृद्धि सुनिश्चित करता है। श्री शाह ने कहा कि वर्तमान में 543 सीटों में से सदन में दक्षिणी राज्यों की संख्या 129 है जो बढ़कर 195 हो जाएगी।

 

दक्षिण का जो पूरा नेरेटिव बनाया जाता है उसको अगर हम सोचते हैं तो अभी 543 सीटों में जो आपके द्वारा बनाया गया है, उसमें 129 सांसद इस सदन में बैठे हैं। मान्‍यवर लगभग 23 प्‍वाइंट 76 प्रतिशत, दक्षिण के सांसदों का यहां शक्‍ति है, अब पचास प्रतिशत वृद्धि होने के बाद 129 की जगह 195 सांसद बैठेंगे और उनकी शक्‍ति 23 प्‍वाइंट 97 प्रतिशत होगी तो शक्‍ति कम नहीं हो रही बढ़ रही है ।

 

चर्चा के दौरान कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पंचायातों और नगरपालिकाओं में महिला आरक्षण का प्रावधान सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्‍व वाली कांग्रेस सरकार ने लागू किया था। उन्‍होंने कहा कि यह कदम जमीनी स्‍तर पर महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढाने की दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम था।

 

कांग्रेस सरकार ने इस कानून को सदन में पारित करके लागू किया। आज अपने भाषण में प्रधानमंत्री जी ने जो पंचायत की आंदोलित महिला का जिक्र किया तो यह समझ ल‍ीजिए कि इस कदम के चलते ही आज चालीस लाख पंचायत प्रतिनिधियों में से पंद्रह लाख महिलाएं हमारे लोकतंत्र में भागीदार हैं।

 

चर्चा में भाग लेते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है। इससे पहले विधि और न्‍याय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक-2026 और परिसीमन विधेयक-2026 पेश किया। गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक-2026 पेश किया।

विधेयकों को पेश करते हुए श्री मेघवाल ने इस दिन को ऐतिहासिक बताया और कहा कि सरकार महिलाओं को राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए काम कर रही है।

 

इससे पहले चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसे सरल बनाया जाना चाहिए और परिसीमन से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरक्षण लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों पर आधारित होना चाहिए। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से….

 

संसद के विस्तारित बजट सत्र का तीन दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू हो गया। लोकसभा में तीन विधेयक पेश किए गए। जिनमें संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं। इन विधेयकों का मकसद नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आधार पर पूरी की गई परिसीमन प्रक्रिया के जरिए लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण को लागू करना है। वर्ष 2023 में संविधान 106 संशोधन अधिनियम पारित किया गया था, जिसे नारी शक्ति वंदन अधिनियमके नाम से जाना जाता है। इस कानून के तहत, लोकसभा और विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गईं थी। आनंद कुमार के साथ भूपेंद्र सिंह, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

****

देश के कई राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जनगणना 2027 के पहले चरण के अंतर्गत मकानों का सूचीकरण और मकानों की गणना का काम आज शुरू हो गया है। यह अभियान 15 मई तक चलेगा। 

गृह मंत्रालय ने बताया है कि पहली बार शुरू की गई स्‍व-गणना को उत्‍साहजनक समर्थन मिला है। लगभग 12 लाख परिवारों ने फलतापूर्वक अपनी जानकारी ऑनलाइन जमा की है।

यह अभियान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गोवा, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा, सिक्किम, नई दिल्‍ली नगर पालिका और दिल्‍ली छावनी बोर्ड के क्षेत्रों में आज से हो रहा है।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रिया के चांसलर डॉक्टर क्रिश्चियन स्टॉकर ने आज नई दिल्ली में  बातचीत की। इस दौरान, दोनों देशों ने खाद्य सुरक्षा पर एक समझौता ज्ञापन और सैन्य मामलों में सहयोग तथा आतंकवादरोधी संयुक्त कार्य समूह पर आशय पत्रों सहित कई समझौतों का आदान-प्रदान किया। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में श्री मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया अवसंरचना, नवाचार और स्थिरता के क्षेत्र में विश्वसनीय साझेदार रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री स्टॉकर की यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देगी।

 

चांसलर स्‍टॉकर की यह यात्रा ट्रेड और इंवेस्‍टमेंट में नई ऊर्जा लाएगी। हम ऑस्‍ट्र‍िया की एक्‍पटिज़ और भारत की स्‍पीड़ और स्‍कैल को जोड़कर पूरे विश्‍व के लिए रिलायबल टेक्नॉलॉजी सप्‍लाई चैन सुनिश्‍चित करेंगे। हम डिफेंस, सेमीकंडक्‍टर, क्‍वांटम और बायो-टेक्‍नॉलोजी में भी अपनी पार्टनरशिप को सुदृढ़ करेंगे।

 

ऑस्ट्रिया के चांसलर ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी भेंट की।

****

विदेश मंत्रालय में सचिव सिबी जॉर्ज ने कहा है कि ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर की भारत यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण और फलदायी रही। श्री जॉर्ज ने नई दिल्ली में बताया कि भारत और ऑस्ट्रिया की साझेदारी, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी सरकार की प्रमुख पहलों को सहयोग देगी।

 

प्रधानमंत्री की 2024 में ऑस्‍ट्र‍िया यात्रा के बाद और हाल ही में सम्‍पन्‍न हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्‍त व्‍यापार समझौते के संदर्भ में हुई इस यात्रा ने भारत-ऑस्‍ट्रिया सहयोग के लिए स्‍पष्‍ट दिशा-निर्देश तय करने में मदद की है। यह यूरोपीय संघ के साथ समग्र रूप से साझेदारी और इसके सदस्‍य देशों के साथ विपक्षी जुड़ाव के प्रति हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को आज फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फोन कर पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने बताया कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता को तत्काल बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

****

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का प्रचार जोरों पर है। तमिलनाडु में एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पाडी के. पलनीसामी ने कोयंबटूर में चुनाव प्रचार किया।

डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने केंद्र पर राज्यों के अधिकारों को नकारने का आरोप लगाया। एनटीके नेता और अभिनेता सीमान ने आज नागपट्टिनम में चुनाव प्रचार किया। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से….

 

बढ़ते तापमान की परवाह किए बिना, नेता मतदाताओं का ध्यान आकर्षित करने के लिए लगातार दौरे कर रहे हैं। यूट्यूब लाइव के जरिए युवा अपने नेताओं की एक झलक पाने के लिए उत्सुक हैं। सोशल मीडिया पर पार्टियां लगातार अपने-अपने दलों का प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं। आकर्षक और जोश भरी धुनें तथा रंगीन नृत्य, प्रचार गीतों के साथ मिलकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। चुनाव प्रचार समाप्त होने में केवल पांच दिन बचे हैं और तमिलनाडु में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। चेन्‍नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्‍ति सिंह।

****

आकाशवाणी समाचार के विधानसभा चुनाव निर्वाचन-क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में स्थित विधानसभा क्षेत्र फलाकाता की।

 

अलीपुरदुआर जिले की फलाकाटा विधानसभा सीट पर पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा। इस चुनाव में 2 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने दीपक बर्मन को फिर से उम्मीदवार बनाया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सुभाष चंद्र रॉय हैं। सीपीआईएम के उम्मीदवार कमल किशोर रॉय हैं। कांग्रेस ने अक्षय कुमार बर्मन को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा नेता अमित शाह ने रायगंज में अपने चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर बंगाल में आईआईटी, आईआईएम, एम्स, कैंसर अस्पताल, खेल विश्वविद्यालय और जनजातीय विश्वविद्यालय स्थापित करने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने पर जोर दिया। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशेष शुक्‍ला।

****

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक और रायलसीमा में अगले दो दिन लू चलने की आशंका व्‍यक्‍त की है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत में भी कल इसी तरह की स्थिति रहेगी। अगले दो दिनों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात, केरलम, माहे, कोंकण, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में गर्म और उमस भरे मौसम की आशंका  है।

****

मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में पंजाब किंग्‍स और मुंबई इंडियंस का मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक मुंबई ने 17वें  ओवर में 3 विकेट पर .163 रन बना लिए हैं। अंक तालिका में मुंबई नौवें और पंजाब तीसरे स्‍थान पर है। अहमदाबाद में कल गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाईट राईडर्स आमने-सामने होंगे।

****

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्स आज कारोबार के अंत में 123 अंक घटकर 77 हजार 989 पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 35 अंक कम होकर 24 हजार 197 दर्ज हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 18 पैसे मजबूत होकर 93 रुपये 20 पैसे पर बंद हुआ।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- लोकसभा और राज्‍य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण नारी शक्ति का अधिकार; विपक्षी दलों से ऐतिहासिक कानून को राजनीतिक रंग न देने की अपील की।
  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा-परिसीमन के बाद किसी भी क्षेत्र की सीटें कम नहीं होंगी। दक्षिणी राज्यों को 66 लोकसभा सीटें मिलेंगी।
  3. 2027 की जनगणना के पहले चरण के तहत, कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज से मकान सूचीकरण और गणना शुरू।
  4. भारत-ऑस्ट्रिया ने खाद्य सुरक्षा पर समझौता ज्ञापन सहित रक्षा सहयोग तथा आतंकरोधी उपायों पर आशय पत्र और अन्‍य महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
  5. फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से फोन पर बात की।
  6. छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में अगले दो दिन लू चलने की आशंका।
  7. आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स का मैच जारी।  

****