April 15, 2026 9:31 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन पर विचार-विमर्श के लिए संसद की तीन दिन की विशेष बैठक कल से शुरू।
  2. तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार चरम पर। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
  3. बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में शपथ ली।
  4. देश का निर्यात पिछले वित्त वर्ष में चार दशमलव दो-दो प्रतिशत बढ़कर 860 अरब डॉलर से अधिक रहा।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – ईरान के साथ युद्ध समाप्त होने के करीब। ईरान ने चेतावनी दी – अगर अमरीका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखेगा तो खाड़ी और लाल सागर के रास्ते व्यापार बंद कर दिया जाएगा।
  6. सीबीएसई की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 93 दशमलव सात-शून्‍य प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया।
  7. आईपीएल क्रिकेट में मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी।

****

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन पर विचार-विमर्श के लिए संसद की तीन दिन की विशेष बैठक कल से शुरू होगी। वर्ष 2023 में पारित इस विधेयक को सरकार लागू करने के लिए सरकार तीन संशोधन विधेयक पेश करेगी। इसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

यह विशेष बैठक संविधान में संशोधन करने के लिए बुलाई गई है ताकि परिसीमन परिक्रिया पूरी होने के बाद 2029 के लोकसभा चुनावों में महिला आरक्षण अधिनियम को लागू किया जा सके। कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोकसभा और राज्यसभा के सदन के नेताओं को पत्र लिखकर सभी पार्टियों से इस विधेयक को सर्वसम्‍मति से पारित करने का आग्रह किया था। श्री मोदी ने इस बात पर बल दिया कि यह बेहद जरूरी है कि 2029 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव महिला आरक्षण के साथ कराया जाए। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी यह आश्वासन दिया है कि महिला आरक्षण विधेयक संतुलित है और यह हर राज्य, समुदाय और क्षेत्र की आकांक्षाओं का ध्यान रखता है।

 

यह सिर्फ सरकार का बिल नहीं है। यह सब पॉलिटिकल पार्टी और एक तरीके से पूरे देश का बिल है। सब मिलकर के एक आवाज और एक मत से नारी शक्‍ति वंदन अधिनियम को पारित करेंगे।

भाजपा, जेडीयू, लोक जन-शक्‍ति पार्टी (आर) और कांग्रेस सहित कई राजनीतिक पार्टियों ने दोनों सदनों के अपने सभी सांसदों के लिए व्‍हि‍प जारी किया है। जिसमें उन्‍हें सदन की कार्यवाही के दौरान मौजूद रहने और अपनी पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया गया है। सुपर्णा सैकिया के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि विपक्षी दल महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में हैं। लेकिन विधेयक को जिस तरीके से पेश किया जा रहा है, उस पर आशंका है। नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद श्री खरगे ने दावा किया कि विधेयक राजनीति से प्रेरित है।

****

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने तमिलनाडु में नागरकोइल में भव्‍य रोड शौ किया। श्री मोदी के स्‍वागत के लिए बड़ी संख्‍या में लोग सडकों पर उमड़े। पूर्व वित्‍त मंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदम्‍बरम ने दावा किया कि संसद का विशेष सत्र केवल महिला अधिनियम के लिए नहीं बुलाया गया है। डीएमके नेता और उप मुख्‍यमंत्री उदयनिधि स्‍टालिन ओट्टपिडारम में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

****

भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने पर भाजपा चाय बागान श्रमिकों के कल्याण का पूरा ध्यान रखेगी। जलपाईगुड़ी में श्री शाह ने आश्वासन दिया कि चाय बागान श्रमिकों को भूमि अधिकार दिए जाएंगे और उनका वेतन भी बढ़ाया जाएगा।  तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में कहा कि भाजपा नेतृत्व आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए बंगाल में वोट हासिल करने के लिए धन का दुरुपयोग कर रहा है।

****

आकाशवाणी समाचार के विधानसभा चुनाव निर्वाचन-क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात तमिलनाडु के मदुरै जिले में स्थित थिरुपरंकुन्द्रम विधानसभा क्षेत्र की।

 

मदुरई को दक्षिण तमिलनाडु का प्रवेश द्वार माना जाता है। पूरे ज़िले में लगभग 24 लाख छियासठ हज़ार नौ सौ चौवन मतदाता हैं, जिनमें से थिरुपरनकुंद्रम में करीब 3 लाख 7 हज़ार सात सौ तिरासी मतदाता शामिल हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में अब तक यहां एआईएडीएमके ने 9 बार, डीएमके ने 5 बार और कांग्रेस ने एक बार जीत दर्ज की है। एआईएडीएमके के राजन चेल्लप्पा इस निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक हैं। इस बार यहाँ त्रिकोणीय मुकाबला है। राजन चेल्लप्पा दोबारा चुनाव मैदान में हैं, वहीं, डीएमके ने नए चेहरे के रूप में डॉ. कृतिका थंगापांडियन को उतारा है; और सीटीआर निर्मल कुमार, टीवीके पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी। 

****

निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा के पहले चरण के चुनावों के लिए मतदाता सूचना पर्चियों का वितरण शुरू कर दिया है। यहां 23 अप्रैल को मतदान होगा। आयोग ने कहा कि इसमें मतदाताओं का विवरण, मतदान केंद्र का स्थान, तिथि तथा समय और मार्गदर्शन के लिए क्या करें और क्या न करें की जानकारी शामिल है।

****

बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना में शपथ ली। जनता दल (यूनाइटेड) के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री होंगे। अन्य कैबिनेट मंत्रियों की सूची की घोषणा बाद में की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह और सामान्य प्रशासन सहित 29 विभाग रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सम्राट चौधरी की ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी स्तर का अनुभव राज्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

****

भारत का कुल निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में चार दशमलव दो-दो प्रतिशत बढ़कर आठ सौ 60 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। इसमें वस्तु और सेवा क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, आयात में लगभग छह दशमलव पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह नौ सौ 79 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इसके परिणामस्वरूप पिछले वित्त वर्ष में कुल व्यापार घाटा बढ़कर एक सौ 19 अरब डॉलर से अधिक हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 94 अरब डॉलर से अधिक था। वस्तुओं का कुल निर्यात लगभग चार सौ 41 अरब अमरीकी डॉलर का रहा।

****

पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने देश भर में घरेलू एलपीजी की शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की है। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि कालाबाजारी रोकने के लिए सख्‍त कदम उठाए गए हैं।

 

ब्‍लेक मार्कि‍टिंग और हॉर्डिंग को रोकने के लिए सभी स्‍तरों पर कार्य किया जा रहा है। सभी स्‍टेट्स और यूनियन टेरेट्री में कंट्रोल रूम सेटप किए जा चुके हैं और डिस्‍ट्र‍िक मॉनिट्रिंग कमेटी का गठन भी किया जा चुका है। कल लगभग 2100 रेड और सरप्राइज इंस्‍पेक्‍शन की गई है। डिस्ट्रीब्यूटर पर पेनल्टी इम्‍पोज की है और लगभग 58 एलपीजी डिस्‍ट्रीब्‍यूटर को सस्‍पेंड भी किया है।

 

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के अपर सचिव रजनीश ने बताया कि पिछले दो महीनों में 20 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों ने उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण कराया है।

 

वैश्‍विक चुनौतियों के वाबजूद फरवरी और मार्च महीने में उद्यम पोर्टल पर बीस लाख से अध‍िक सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यमों ने पंजीकरण करवाया है। आरबीआई ने बिना गारंटी के ऋण देने की सीमा बढ़ाकर तीस लाख रुपए की है।

****

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध लगभग समाप्त होने वाला है, क्योंकि ईरान के अधिकारी शांति समझौते पर सहमत होने वाले हैं। उन्‍होंने दावा किया कि यदि वह सेना वापस बुला लेते हैं, तो भी ईरान को देश के पुनर्निर्माण में 20 वर्ष लगेंगे। वहीं, ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि उसके बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी जारी रहती है, तो वह ओमान की खाड़ी और लाल सागर में समुद्री व्यापार को भी अवरुद्ध कर देगा।

****

इस्राएल द्वारा दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हवाई हमले जारी हैं। पश्चिम एशिया में आंशिक युद्धविराम के बावजूद इस्राएल की उत्तरी सीमा पर निरंतर अस्थिरता देखी जा रही है। एक रिपोर्ट-

 

दक्षिणी लेबनान में अभी भी इज़राइली हवाई हमले जारी है। एक तरफ लेबनान अमरीका की मध्यस्थता से युद्धविराम कराने की कोशिश कर रहा है, वहीं हिज़्बुल्लाह का हथियार डालने या पीछे हटने से इनकार करना बातचीत में एक बड़ी रुकावट बन गया है। साथ ही, वॉशिंगटन इस संघर्ष को रोकने के लिए कई कूटनीतिक रास्तों पर काम कर रहा है। इस बीच ईरान ने संयुक्‍त अरब अमीरात के अधिकारियों के साथ बातचीत से तनाव कम करने का प्रयास किया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान से टकराव अब खत्म होने के करीब  है, हालाँकि कुछ सैन्य कार्रवाई अभी भी बाकी हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्‍ति सिंह।

****

विदेश मंत्री सुब्रहमण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा चिंताओं के बीच भारत सुरक्षित और निर्बाध समुद्री आवागमन के लिए प्रतिबद्ध है। श्री जयशंकर ऊर्जा बाजार में आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधानों पर विचार-विमर्श के लिए जापान द्वारा आयोजित एशिया शून्य-उत्सर्जन समुदाय-एज़ेक प्लस बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि व्यापारिक जहाजों पर हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं।

****

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड – सीबीएसई ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत पिछले वर्ष की तुलना में शून्‍य दशमलव शून्‍य चार प्रतिशत अधिक 93 दशमलव सात-शून्‍य प्रतिशत रहा। इस वर्ष भी लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत लड़कों से अधिक रहा। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 94 दशमलव नौ-नौ प्रतिशत दर्ज किया है। तिरुवनंतपुरम और विजयवाड़ा क्षेत्र में उच्चतम उत्तीर्ण प्रतिशत 99 दशमलव सात नौ प्रतिशत और गुवाहाटी में सबसे कम उत्तीर्ण प्रतिशत 87 दशमलव पांच शून्‍य प्रतिशत रहा।

****

 भारत ने फ्रांस के बोर्डो में यूरोपीय बालिका गणित ओलंपियाड में पहला स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। मुंबई की श्रेया शांतनु मुंधादा ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

केरल की संजना फिलो चाको ने रजत पदक और तमिलनाडु की शिवानी भरत कुमार ने कांस्य पदक जीता। भारत ने 67 प्रतिभागी देशों में छठा स्थान हासिल करके अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

****

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। यह निर्णय आज रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साई की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

****

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता बिजली संयंत्र में हुए हादसे में मरने वाले मजदूरों की संख्या 17 हो गई है। वहीं उन्नीस से अधिक मजदूरों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से चार की हालत गंभीर हैं। राज्‍य आपदा मोचन बल मौके पर बचाव अभियान में जुटा हुआ है।

****

मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने लोगों से गलत सूचना फैलाने से बचने की अपील की है। इम्फाल में उन्‍होंने कहा कि कल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण बिष्णुपुर जिले में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। बिष्णुपुर जिले में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने दो वाहनों में आग लगा दी थी।

****

 

सेंसेक्‍स 78 हजार एक सौ 11 पर बंद हुआ और निफ्टी 24 हजार 231 पर दर्ज हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रूपया, डॉलर के मुकाबले 93 रूपये 38 पैसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर स्थिर बना रहा।

****

गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि जनगणना 2027 का पहले चरण का अभियान कल से कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू होगा। यह अभियान 15 मई तक चलेगा, जिसके दौरान प्रशिक्षित गणनाकर्मी घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे।

****

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सभी फास्टैग जारीकर्ता बैंकों को फास्टैग से जुड़े वाहन पंजीकरण नंबरों का तत्काल सत्यापन करने के निर्देश जारी किए हैं। यह निर्णय उन शिकायतों के बाद लिया गया है जिनमें फास्टैग रीडर द्वारा दर्ज किया गया विवरण वाहन की नंबर प्लेट पर प्रदर्शित वास्तविक पंजीकरण नंबर से मेल नहीं खाता है।

****

आईपीएल क्रिकेट में बैंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी है। लखनऊ ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में 5 विकेट पर 120 रन बना लिए हैं। बैंगलुरू अंक तालिका में तीसरे और लखनऊ सातवें स्‍थान पर है।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन पर विचार-विमर्श के लिए संसद की तीन दिन की विशेष बैठक कल से शुरू।
  2. तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार चरम पर। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
  3. बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में शपथ ली।
  4. देश का निर्यात पिछले वित्त वर्ष में चार दशमलव दो-दो प्रतिशत बढ़कर 860 अरब डॉलर से अधिक रहा।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – ईरान के साथ युद्ध समाप्त होने के करीब। ईरान ने चेतावनी दी – अगर अमरीका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखेगा तो खाड़ी और लाल सागर के रास्ते व्यापार बंद कर दिया जाएगा।
  6. सीबीएसई की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 93 दशमलव सात-शून्‍य प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया।
  7. आईपीएल क्रिकेट में मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी।

****