April 14, 2026 9:55 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति के संदर्भ में होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर बल दिया।
  2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का शुभारंभ किया। कहा – यह गलियारा संपर्क और अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करेगा तथा पर्यटन को बढ़ावा देगा।
  3. बिहार में भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी कल राज्‍य में पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
  4. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार तेज। विभिन्‍न दलों के शीर्ष नेता प्रचार में जुटे।
  5. छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में एक बिजली संयंत्र में हुए विस्फोट में नौ श्रमिकों की मौत।
  6. राष्‍ट्र ने आज संविधान के मुख्य निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को 136वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
  7. आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच जारी।

——–

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत की।  श्री मोदी ने बताया कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और हॉर्मुज जल-डमरू-मध्य को खुला तथा सुरक्षित रखने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों ने सभी क्षेत्रों में व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।

——–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का शुभारंभ किया। देहरादून में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस गलियारे के उद्घाटन से उत्तराखंड की प्रगति में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है।

 

देहरादून-दिल्‍ली इक्‍नोमिक कॉरिडोर से इस पूरे क्षेत्र का कायाकल्‍प होने जा रहा है। पहला फायदा तो ये है इससे समय बचेगा, आना-जाना सस्‍ता और तेज होगा और दूसरा बड़ा फायदा रोजगार का होगा। अभी इसके निर्माण में 12 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए तो हजारों श्रमिकों को काम मिला।

     

श्री मोदी ने समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए उत्‍तराखंड की सराहना की।

 

देश में समान नागरिक संहिता लागू हो ये हमारे संविधान की अपेक्षा है। उत्‍तराखंड ने संविधान की इस भावना को आगे बढ़कर और उस भावना को आगे बढ़ाकर पूरे देश को राह दिखाई है। 

 

हरिद्वार में अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने सभी हितधारकों से इस आयोजन को भव्य, पवित्र और स्वच्छ बनाने का आग्रह किया।

——–

बिहार के उपमुख्‍यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी नेता सम्राट चौधरी राज्‍य के नए मुख्‍यमंत्री होंगे। शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह ग्‍यारह बजे पटना के लोकभवन में आयोजित किया जाएगा। श्री चौधरी राज्‍य के मुख्‍यमंत्री बनने वाले पहले भाजपा नेता होंगे। इससे पहले श्री चौधरी ने राज्‍यपाल सेवा निवृत्त जनरल सैय्यद अता हसनैन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विधायक दल की बैठक में उन्‍हें सर्वसम्‍मति से गठबंधन का नेता चुना गया। जनता दल यूनाइटेड अध्‍यक्ष नीतीश कुमार का मुख्‍यमंत्री पद से इस्‍तीफा देने के बाद इसकी घोषणा हुई है। उन्‍होंने हाल ही में राज्‍यसभा सदस्‍य के रूप शपथ ली थी। इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्‍मति से विधायक दल का नेता चुना गया। केन्‍द्रीय पर्यवेक्षक और केन्‍द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी घोषणा की।

 

नीतीश जी के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री जी और केन्‍द्रीय नेतृत्‍व के आर्शीवाद से बिहार में विकास की एक नई गाथा लिखेंगे सम्राट चौधरी जी और पूरी पार्टी का नेतृत्‍व हमारे पार्टी विधायक साथी, सब मिलकर बिहार को हिन्‍दुस्‍तान का अग्रणी राज्‍य बनाकर ही चैन की सांस लेंगे।     

 

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री चौधरी के नेतृत्व में बिहार प्रगति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर होगा। श्री चौधरी ने कहा कि बिहार के लोगों की सेवा करने और उनके विश्‍वास तथा सपनों को साकार करने का यह एक अवसर है। 

 

आदरणीय नितिश कुमार जी ने बहुत चीजे सिखाया, कैसे सरकार चलाया जाता है, कैसे बिहार में सुशासन स्‍थापित होगा। बिहार के लोकतंत्र के लिए, बिहार के विकास के लिए, बिहार की समृद्धि के लिए जिस तरह आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने विकसित भारत का सपना देखा है, बिहार के मुख्‍यमंत्री नितिश कुमार जी ने जिस तरह समृद्ध बिहार का सपना देखा है, हम तमाम भाई मिलकर इस बिहार को भी समृद्ध बनाएंगे।      

——–

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार तेज हो गया है। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्‍चिम बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं से चुनावों के पहले बूथ स्तर के संगठनों को सशक्‍त बनाने का आग्रह किया है। बांग्‍ला नववर्ष की पूर्व संध्‍या पर बूथ कार्यकर्ताओं से बातचीत में श्री मोदी ने मेरा बूथ सबसे मजबूत मंत्र पर बल दिया। 

 

बीते दिनों मुझे बंगाल के हर हिस्‍से में जाने का, लोगों से मिलने का अवसर मिला जो ऊर्जा, जो उत्‍साह, जो जोश मैं बीजेपी के प्रति देख रहा हूं वो अद्भुत है। ये आप बूथ के स्‍तर के सभी बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। मेरा बूथ सबसे मजबूत, इस मंत्र के साथ आप टीएमसी की निर्मम सरकार के भय और बीजेपी के भरोसा को बहुत अच्‍छे से अपने बूथ पर लोगों तक पहुंचा रहे हैं।

 

दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर में एक रैली में भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा पश्‍चिम बंगाल को विभाजित किए बिना दार्जिलिंग पहाड़‍ियों के गोरखा मुद्दे का समाधान करेगी। श्री शाह ने कहा कि भाजपा पश्‍चिम बंगाल का बेहतर विकास करेगी।

 

उत्‍तर-बंग के लिए एक अलग 600 बेड का सभी टेक्‍नोलॉजी से युक्‍त कैंसर अस्‍पताल बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी करेगी। हमारे युवाओं के लिए आईआईटी बनाने का काम भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।

 

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी ने मालदा रैली में राज्‍य के युवाओं को रोजगार प्रदान करने में असफल रहने पर तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की। 

 

84 लाख युवाओं ने अनएम्‍प्‍लॉयमेंट ऑलवेंस के लिए अप्‍लाई किया है। ममता जी कहती हैं पांच लाख युवाओं को मैं रोजगार दूंगी और 84 लाख युवाओं ने अनएम्‍प्‍लॉयमेंट ऑलवेंस मांगा है। मजाक हो रहा है यहां बंगाल के साथ।

 

हावड़ा में एक रैली में तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने के लिए निर्वाचन आयोग की कड़ी आलोचना की।

——–

तमिलनाडु में भाजपा नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि राज्‍य के विकास और उन्नति के लिए एनडीए का सत्ता में आना जरूरी है। डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने वेल्लोर में सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। ऑल इंडिया अन्‍ना डी.एम.के महासचिव इडाप्पडी पलानीसामी ने तिरुचिरापल्ली में डी.एम.के शासन की आलोचना करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति का आरोप लगाया। टी.वी.के के संस्थापक विजय ने कोयंबटूर और तिरुपुर में प्रचार किया।

——–

आकाशवाणी समाचार के विधानसभा चुनाव निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात पश्‍चिम बंगाल के दार्जिलिंग की।

 

दार्जिलिंग निर्वाचन क्षेत्र  में 2 लाख 15 हजार से अधिक मतदाता हैं। भारतीय जनता पार्टी के नीरज तमांग जिम्बा मौजूदा विधायक हैं। 2 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित छह उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। भाजपा ने इस बार नोमान राय को प्रत्याशी बनाया है। तृणमूल कांग्रेस समर्थित भारतीय गोरखा प्रजातान्त्रिक मोर्चा के उम्मीदवार बिजय कुमार राय हैं। कांग्रेस से माधव राय चुनाव मैदान में हैं। भाजपा मतदाताओं को लुभाने के लिए जोर-शोर से प्रचार में जुटी है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने अपने सहयोगी भारतीय गोरखा प्रजातान्त्रिक मोर्चा पर भरोसा जताया है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।

——–

सरकार ने कहा है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद देश में घरेलू एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की सौ प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि देश भर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार है और किसी भी एलपीजी वितरण केंद्र पर आपूर्ति में कमी की कोई सूचना नहीं है। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और अब तक दो हजार दो सौ से अधिक नाविकों को वापस लाया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में स्थित भारतीय दूतावास हाई अलर्ट पर हैं और चौबीस घंटे हेल्पलाइन सेवाओं के जरिए नागरिकों को सहायता प्रदान की जा रही है। प्रभावित क्षेत्र से अब तक लगभग 95 लाख भारतीय स्‍वदेश लौट चुके हैं।

——–

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए तकनीकी रूप से सक्षम और कुशल कार्यबल की आवश्यकता पर बल दिया है। गुजरात के गांधीनगर में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के बढ़ते उपयोग और साइबर डेटा सुरक्षा के विस्तार से राष्ट्रीय सुरक्षा की अवधारणा में व्यापक बदलाव आया है।

 

देश की प्रगति और विकास के लिए आंतरिक सुरक्षा अनिवार्य है। आने वाले समय में सुरक्षा परिदृश्‍य और जटिल होता जाएगा। कुछ वर्षों पहले तक हम डिजिटल अरेस्‍ट, साइबर क्राइम, फिशिंग अटैक जैसे शब्‍दों से परिचित नहीं थे, लेकिन ये आज बहुत बड़े खतरे के रूप में हमारे सामने हैं। 

——–

छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में स्थित वेदांता बिजली संयंत्र में बॉयलर फटने से हुए विस्फोट में नौ श्रमिकों की मृत्‍यु हो गई। चालीस से अधिक श्रमिक गम्‍भीर रूप से घायल हैं। आठ श्रमिकों की स्थिति बेहद गम्‍भीर बनी हुई है। यह संयंत्र डाभरा ब्‍लॉक के सिंघन तराई गांव में स्थित है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ दुर्घटना में मरने वालों के प्रति दुख व्‍यक्‍त किया है। श्री मोदी ने प्रत्‍येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए देने की घोषणा की।

——–

उत्तर प्रदेश सरकार ने गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद जिलों में अकुशल, अर्धकुशल और कुशल श्रेणियों के श्रमिकों की मजदूरी में लगभग तीन हजार रुपये तक की वृद्धि की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित उच्च स्तरीय समिति ने आज शाम न्यूनतम मजदूरी में अंतरिम वृद्धि की घोषणा की। यह निर्णय नोएडा में श्रमिकों द्वारा वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद लिया गया।

——–

राष्‍ट्र आज ​​भारतीय संविधान के मुख्य शिल्‍पकार बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर की 136वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति सी.पी. राधाकृष्‍णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

——–

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा है कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समावेशिता स्थापित करने, समान अधिकारों की गारंटी देने और सभी नागरिकों के लिए सांस्कृतिक और शैक्षिक स्वतंत्रता की रक्षा करने के लिए प्रयास किए। श्री राधाकृष्णन ने नई दिल्ली में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति व्याख्यान में कहा कि डॉ. आंबेडकर ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और बुद्धिमत्ता के बल पर ही कानून, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और राजनीति विज्ञान जैसे विषयों का अध्‍ययन किया।

——–

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के मुख्य अर्थशास्त्री पियरे ओलिवियर गौरिंचास ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक अनिश्चितता बढ़ने के बावजूद भारत की विकास संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं। उन्‍होंने कहा कि भारत ने वर्ष 2025 में अच्छा प्रदर्शन किया।

——–

चेन्नई में आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक चेन्‍नई ने 17वें ओवर में चार विकेट पर 165 रन बना लिए थे। अंक तालिका में चेन्नई नौवें और कोलकाता दसवें स्‍थान पर है। राजस्‍थान पहले, और पंजाब दूसरे स्‍थान पर है।

——–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति के संदर्भ में होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर बल दिया।
  2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का शुभारंभ किया। कहा – यह गलियारा संपर्क और अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करेगा और पर्यटन को बढ़ावा देगा।
  3. बिहार में भाजपा नेता सम्राट चौधरी कल राज्‍य में पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
  4. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार तेज। विभिन्‍न दलों के शीर्ष नेता प्रचार में जुटे।
  5. छत्तीसगढ़ के सक्‍ती जिले में एक बिजली संयंत्र में हुए विस्फोट में नौ श्रमिकों की मौत।
  6. राष्‍ट्र ने आज संविधान के मुख्य निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को 136वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
  7. आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच जारी।

——–

Most Read
View All arrow-right

No posts found.