मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-देश में लोकतंत्र मजबूत करने की दिशा में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम समय पर लागू होना चाहिए।
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का प्रचार और तेज हुआ; विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता लगातार रैलियों में जुटे।
- सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की।
- सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का पार्थिव शरीर मुंबई में राजकीय सम्मान के साथ पंच तत्व में विलीन। हजारों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
- मौसम विभाग ने अल नीनो के कारण इस वर्ष मानसून की वर्षा सामान्य से कम होने की आशंका व्यक्त की।
- हैदराबाद में आईपीएल क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का मैच जारी।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश में लोकतंत्र मजबूत करने की दिशा में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम समय पर लागू किया जाना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि भारत की नारी शक्ति दृढ़ साहस, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर लगातार नई ऊंचाइयां छू रही है। प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में कहा कि भारत 21वीं सदी में महिला सशक्तिकरण को समर्पित बड़ा निर्णय लेने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूत और भविष्य की महत्वकांक्षाएं पूरी करने के लिए संसद नया इतिहास रचने जा रही है।
हमारे देश के संसद एक नया इतिहास रचने के करीब है, एक ऐसा नया इतिहास जो अतीत की संकल्पनाओं को साकार करेगा, जो भविष्य के संकल्पों को पूरा करेगा।
इस अवसर पर महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम, महिला सशक्तिकरण, आत्मसम्मान और लोकतांत्रिक भागीदारी को सुनिश्चित करता है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम हमारी मातृशक्ति के वर्षों के संघर्ष और साधना की लोकतांत्रिक सिद्धि का महापर्व है। यह महिलाओं के आत्मसम्मान और लोकतांत्रिक भागीदारी को सुनिश्चित करने वाला युगांतरकारी परिवर्तन है। माननीय प्रधानमंत्री जी आपने हमें यह दृष्टि दी है। जिससे आज भारत की बेटियां विकास रथ की ध्वजवाहक बन रही हैं और आपके वूमेन लेड डेवलपमेंट के विजन के साथ विश्व पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रही है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि करोड़ों जन धन खातों के माध्यम से महिलाएं, मुख्यधारा से जुड़ रही हैं।
*****
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का प्रचार और तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता लगातार रैलियां कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज नमो ऐप के माध्यम से ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के अंतर्गत तमिलनाडु के पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में लोग राज्य में बदलाव की आशा के साथ भाजपा और एनडीए की ओर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद रेलवे, राजमार्ग, बंदरगाहों और हवाई अड्डों से संबंधित कई परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
बीजेपी एनडीए को लोग बदलाव की उम्मीद के साथ देख रहे हैं। यह आपकी मेहनत ही है या तमिलनाडु में जनता के बीच एक नया माहौल बन रहा है। किसानों का भला होना यह हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। एक वह समय था जब डीएमके के केंद्र सरकार में रहने के बाद भी तमिलनाडु के लिए कोई नया प्रोजेक्ट नहीं आता था और एक आज का समय है एनडीए सरकार रेलवे, हाईवे और एयरपोर्ट के बड़े प्रोजेक्ट ला रही है तेजी से कम कर रही है।
*****
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल को घुसपैठ मुक्त बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने राज्य की जनता से विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने की अपील की है। श्री शाह ने आज पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में एक जनसभा को संबोधित किया।
भाजपा सरकार बनेगी, हम पूरे बंगाल और देशभर से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुन कर निकालने का काम करेंगे। ये घुसपैठिये जो हैं वो हमारे युवाओं की रोजगारी खा रहा है। गरीबों के चावल खा रहा है और देश के अंदर दंगे करा रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर के तहत नामों को हटाने के लिए भाजपा की कड़ी आलोचना की। ममता बनर्जी ने पश्चिम बर्धमान के रघुनाथपुर में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में एक जनसभा में भाग लिया। उन्होंने बांकुडा जिले में भी जनसभा को संबोधित किया और रोड शो किया।
*****
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश भारती और पवन कुमार शर्मा तीन दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान श्री ज्ञानेश भारती पश्चिम बर्दवान, पूर्वी बर्दवान, हुगली और उत्तर 24 परगना के जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और पर्यवेक्षकों के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने याचिकाकर्ताओं को ऐसी शिकायतों की सुनवाई के लिए गठित अपीलीय न्यायाधिकरणों से संपर्क करने का निर्देश दिया। एक रिपोर्ट-
न्यायालय ने कहा कि लगभग 30 से 34 लाख अपीलें लंबित हैं, इनमें से प्रत्येक न्यायाधिकरण एक लाख से अधिक मामलों की सुनवाई कर रहा है। न्यायालय ने इस बात पर बल दिया कि उचित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। पीठ ने कहा कि इस स्तर पर न्यायिक हस्तक्षेप चुनावी प्रक्रिया बाधित कर सकता है। न्यायालय ने कहा कि मतदान का अधिकार संवैधानिक और लोकतांत्रिक भागीदारी के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन मतदाताओं के बड़े पैमाने पर सूची से हटाने की प्रक्रिया पर जब तक गंभीर प्रभाव न पड़े, तब तक चुनाव नहीं रोका जा सकता। इस बीच, कलकत्ता उच्च न्यायालय की देखरेख में गठित 19 न्यायाधिकरणों ने अपीलों की सुनवाई शुरू कर दी है। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना 4 मई को होगी। समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में लगे न्यायिक अधिकारियों को विधानसभा चुनाव तक सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने कहा कि अदालत की पूर्व अनुमति के बिना सुरक्षा वापस नहीं ली जा सकती। यह निर्देश पहली अप्रैल को मालदा में हुई घटना के मद्देनजर आया है।
*****
सर्वोच्च न्यायालय ने मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदान रोकने के लिए अंगुली और आंखों पर आधारित बायोमेट्रिक पहचान प्रणाली लागू करने की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग को नोटिस जारी किया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि यह प्रस्ताव मौजूदा विधानसभा चुनावों में लागू नहीं किया जा सकता, लेकिन संसदीय चुनावों सहित भविष्य के चुनावों के लिए इसकी व्यवहार्यता की जांच आवश्यक है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश जाएंगे। श्री मोदी देहरादून में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के बढाए गए हिस्से पर वन्यजीव गलियारे की समीक्षा भी करेंगे। समीक्षा के बाद, श्री मोदी देहरादून के पास स्थित जय मां डात काली मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।
छह लेन वाला 213 किलोमीटर लंबा दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा 12 हजार करोड़ रुपये की अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह गलियारा दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को वर्तमान छह घंटे से घटाकर लगभग ढाई घंटे कर देगा। परियोजना के कार्यान्वयन में निर्बाध हाई-स्पीड कनेक्टिविटी को सक्षम बनाने के लिए 10 इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवर ब्रिज, चार बडे पुल और 12 सुविधाओं का निर्माण भी शामिल है। गलियारे को मानव-पशु संघर्ष को काफी हद तक कम करने के उद्देश्य से कई विशेषताओं के साथ डिज़ाइन किया गया है। जंगली जानवरों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए, परियोजना में वन्यजीव संरक्षण के लिए कई सुविधाएं शामिल की गई हैं। यह आर्थिक गलियारा प्रमुख पर्यटन तथा आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क बढ़ाकर पूरे क्षेत्र में व्यापार तथा विकास के नए रास्ते खोलकर क्षेत्रीय आर्थिक विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड में तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि देहरादून और दिल्ली के बीच की दूरी मात्र दो से ढाई घंटे की होने जा रही है।
कल देहरादून दिल्ली इकोनॉमी कॉरिडोर का उद्घाटन हो रहा है और यह जनता को समर्पित हो रहा है। देहरादून और दिल्ली इसके बीच की दूरी मात्र दो से ढाई घंटे की होने जा रही है और इसके होने से बहुत बड़ा फायदा यहां के स्थानीय लोगों को, व्यापारियों को, हमारे उद्योग समूह के लोगों को, किसानों को और नागरिकों को होने वाला है।
*****
सरकार घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने आज नई दिल्ली में कहा कि देश में किसी भी एलपीजी वितरक से एलपीजी की कमी की कोई खबर नहीं मिली है।
डोमेस्टिक LPG सप्लाई नॉर्मल है, किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर पर कोई ड्राय आउट रिपोर्टेड नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग लगभग 99 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसके अलावा डाइवर्जन को रोकने के लिए OTP बेस LPG डिलीवरी की जा रही है। कमर्शियल सप्लाई के संबंध में 70 प्रतिशत तक रेसस्टोर की जा चुकी है।
भारी उद्योग मंत्रालय के अपर सचिव हनीफ कुरैशी ने बताया कि सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण और उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है।
पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत तीन पहिया वाले इलेक्ट्रिक वाहनों पर सब्सिडी को मार्च 2026 से दो साल बढ़ाकर मार्च 2028 तक कर दिया गया है। इन पर सब्सिडी की अंतिम तिथि तीन महीने बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 तक कर दी गई है।
*****
सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर हजारों लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुष्पमाला भेजी, जिसे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आशा ताई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपनी चहेती आशा ताई को अंतिम बार देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे खड़े थे, छतों और खिड़कियों पर एकत्र हुए थे और सैकड़ों लोग उनकी अंतिम यात्रा के साथ उनके परेल स्थित निवास से दादर के शिवाजी पार्क श्मशान भूमि तक पैदल चल रहे थे। आशा भोसले के पार्थिव शरीर पर लिपटा तिरंगा विधिवत उनके पुत्र आनंद भोसले को सौंपा गया, जिसके बाद उन्हें बंदूकों की सलामी दी गई। इसके पश्चात आनंद भोसले ने मंगेशकर परिवार के सदस्यों और हजारों प्रशंसकों की उपस्थिति में आशा ताई को मुखाग्नि दी। अंकिता आप्टे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*****
अल नीनो के कारण जून से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान होने वाली मौसमी वर्षा इस वर्ष सामान्य से कम रहने की आशंका है। मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने नई दिल्ली में बताया कि देश भर में मानसूनी वर्षा दीर्घकालिक औसत का 92 प्रतिशत रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जो पूर्वानुमान जारी किए हैं इसके हिसाब से आने वाले मानसून सीजन में रेनफॉल बीलो नॉर्मल होने का संभावना है। क्वींटीटेवली बोले तो हमारा जो दीर्घावधि औसत है जैसे की 87 सेंटीमीटर इसका 92 पर्सेंट प्लस-माइनस फाइव पर्सेंट होने का संभावना है।
*****
आईपीएल क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के साथ मुकाबले में ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में चार विकेट पर 169 रन बना लिये हैं। कप्तान ईशान किशन ने 91 रन की पारी खेली।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, भारत के महापंजीयक कार्यालय के उप महानिदेशक बिस्वजीत दास के साथ “जनगणना 2027: स्व-गणना कैसे करें” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बैसाखी, विशु, विशुव, बोहाग बिहू, पोइला बोइशाख, मेषादी, वैशाखदी और पुथंडु के पूर्व संध्या पर देश और विदेश में रहने वाले सभी नागरिकों को शुभकामनाएँ दी हैं।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-देश में लोकतंत्र मजबूत करने की दिशा में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम समय पर लागू होना चाहिए।
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का प्रचार और तेज हुआ; विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता लगातार रैलियों में जुटे।
- सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की।
- सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का पार्थिव शरीर मुंबई में राजकीय सम्मान के साथ पंच तत्व में विलीन। हजारों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
- मौसम विभाग ने अल नीनो के कारण इस वर्ष मानसून की वर्षा सामान्य से कम होने की आशंका व्यक्त की।
- हैदराबाद में आईपीएल क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का मैच जारी।
*****