मुख्य समाचार:-
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान ज़ोरों पर। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता विभिन्न ज़िलों में रैलियां कर रहे हैं।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिलीगुड़ी में पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए बेहतर आय, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा का वादा किया।
- भारतीय रेलवे ने पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान के अंतर्गत 2025-26 में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ 100 विस्तार परियोजनाओं को मंज़ूरी दी।
- महान पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर समाज के विभिन्न वर्गों ने शोक व्यक्त किया।
- अमरीका–ईरान शांति वार्ता विफल होने के बाद अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य की समुद्री नाकेबंदी का आदेश दिया।
- भारत के आयुष शेट्टी ने चीन के निंगबो में आयोजित बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
- आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हराया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।
———-
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान ज़ोरों पर है। 23 अप्रैल को होने वाले मतदान में अब केवल 11 दिन ही शेष हैं। पश्चिम बंगाल में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता विभिन्न ज़िलों में रैलियां कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के कावाखाली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल का सिलीगुड़ी कॉरिडोर क्षेत्रीय और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों के लिए महत्वपूर्ण है और केंद्र सरकार इसकी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। श्री मोदी ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस उन तत्वों का समर्थन करती है जिन्होंने कभी कॉरिडोर को अवरुद्ध करने और पूर्वोत्तर को अलग-थलग करने की धमकी दी थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी की तुष्टीकरण की राजनीति राज्य सरकार के वार्षिक बजट आवंटन में झलकती है।
मदरसों के लिए करीब छह हजार करोड़ रुपये का बजट दिया। लेकिन इतने बड़े नार्थ बंगाल के डवलपमेंट के लिए बंगाल सरकार पर्याप्त बजट नहीं देती। पीएमसी सिर्फ आपने खास वोट बैंक के तुष्टीकरण में ही वो दिन रात लगी हुई है।
श्री मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने उत्तर बंगाल के इंफ्रास्ट्रक्चर को जानबूझकर पीछे रखा।
पीएमसी ने नार्थ बंगाल के इन्फ्रास्ट्रक्चर को जानबुझकर पीछे रखा है। आपको कनेक्टिवीटी हो, इंड्रस्टी हो, टूरिजम हो, हर सेक्टर में उपेक्षा ही मिली। केंद्र सरकार ने जो पैसा भेजा वो भी ये सिंडिकेट वाले हडप कर गए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में सत्ता में आने पर भाजपा सरकार इस क्षेत्र में अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के निर्माण को प्राथमिकता देगी।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने पूर्वी बर्धमान के खंडाघोष में चुनाव रैली में कहा कि तृणमूल कांग्रेस अपने वादों को पूरा करती है, जबकि भाजपा नेता वादे करके उन्हें निभाते नहीं हैं।
———-
निर्वाचन क्षेत्र विवरण श्रृंखला में आज हम बात करेंगे तमिलनाडु के सेल्लम जिले की येडप्पडी विधानसभा सीट की। इस निर्वाचन क्षेत्र में 26 हजार तीन सौ 75 मतदाता हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
1772 में गठित सलेम जिला पहाड़ियों और टीलों से घिरा हुआ है। यह एक उपजाऊ क्षेत्र है, जहां प्राचीन वास्तुकला का अद्भुत नमूना मेट्टूर स्थित है, जो कावेरी घाटी के किसानों को खुशी प्रदान करता है। बच्चों की एक कविता में यह वाक्य है, “सेलाथु मम्बाझम थित्तिक्कुम मम्बाझम”। यहां के आम और अन्य उत्पाद जिले की आय का स्रोत हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र से एआईएडीएमके ने सात बार, पीएमके ने तीन बार, डीएमके ने दो बार और कांग्रेस ने एक बार जीत हासिल की थी। एडप्पाडी तब लोकप्रिय हुआ जब दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद, इसी क्षेत्र के निवासी के. पलानीसामी मुख्यमंत्री बनें। वे पहली बार 1989 में एडप्पाडी से विधानसभा के लिए चुने गए थे। सी. काशी उनके खिलाफ डीएमके के उम्मीदवार हैं। यश जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज।
———-
प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अंतर्गत भारतीय रेलवे का विस्तार हो रहा है। वर्ष 2025-26 में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ छह हजार किलोमीटर से अधिक के रेलवे नेटवर्क को कवर किया जाएगा। यह विस्तार पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 110 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। मंत्रालय ने कहा कि समावेशी विकास, राष्ट्रीय एकता और अंतिम-मील कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान देते हुए वर्ष 2025-26 में नई लाइन, दोहरीकरण, मल्टीट्रैकिंग और अन्य कार्यों से संबंधित कुल 100 रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
———-
महान पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित समाज के विभिन्न लोगों ने शोक व्यक्त किया। भारतीय पार्श्व गायन की अद्वितीय रानी आशा भोसले का मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने विभिन्न भाषाओं में 12 हजार पांच सौ से अधिक गाने गाए।
आशा भोंसले का अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा
आठ दशकों से अधिक लंबे अपने शानदार करियर में, आशा भोसले अनेक संगीतकारों के साथ काम किया और हिंदी फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। अपने करियर के पहले दशक में आशा भोसले ने किसी भी अन्य पार्श्व गायक से अधिक गीत गाए! प्रसिद्ध संगीतकार ओ. पी. नैयर को 1957 में ‘तुमसा नहीं देखा’ और ‘नया दौर’ के साथ उन्हें बड़ा ब्रेक दिया। इसके बाद इस जोड़ी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई सुपरहिट गीत दिए। 1970 का दशक आशा भोसले और संगीतकार आर. डी. बर्मन, इन दोनों के सहयोग का साक्षी बना, जिसने एक दिग्गज जोड़ी को जन्म दिया। ‘उमराव जान’ में उनके सहयोग ने आशा भोसले को उनका पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिलाया। आशा भोसले पार्श्व गायन में सक्रिय रही और बाद में ए. आर. रहमान के साथ भी उन्होंने काम किया। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
———-
सरकार ने कहा है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और कल 52 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई जारी है। मंत्रालय ने कहा कि देशभर में दो हजार सात सौ से अधिक छापे मारे गए।
———-
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि पाकिस्तान में हुई अमरीका-ईरान शांति वार्ता के बिना किसी समझौते के समाप्त होने के बाद, अमरीकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों के प्रवेश या निकास को रोकने के लिए तत्काल नाकाबंदी शुरू करेगी। यह जलडमरूमध्य एक महत्वपूर्ण वैश्विक ऊर्जा मार्ग है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अमरीकी नौसेना को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ईरान को टोल चुकाने वाले हर जहाज की तलाश लेने और उसे रोकने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अवैध टोल चुकाने वाले किसी भी व्यक्ति को खुले समुद्र में मार्ग नहीं मिलेगा।
———-
पश्चिम एशिया में तनाव और नाजुक राजनयिक स्थितियों से जुड़ी वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच, 191 देशों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक गवर्नर कल से अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक की वसंतकालीन बैठकों के लिए एकत्रित होंगे। ये बैठकें 18 अप्रैल तक चलेंगी।
———-
भारत ने चीन द्वारा भारत के भूभाग का हिस्सा रहे स्थानों को मनगढ़ंत नाम देने के किसी भी प्रयास को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। भारत ने कहा कि चीन को ऐसे कार्यों से बचना चाहिए जो संबंधों में नकारात्मकता पैदा करते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि चीन के ऐसे प्रयास इस निर्विवाद वास्तविकता को नहीं बदल सकते कि अरुणाचल प्रदेश सहित ये स्थान और क्षेत्र भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा थे, हैं और हमेशा रहेंगे।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन का आयोजन भारत की विकास यात्रा को आकार देने में महिलाओं की अत्यधिक भागीदारी की वचनबद्धता को सशक्त करने के लिए किया जा रहा है। एक रिपोर्ट –
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन शासन और पंचायत से संसद के सभी स्तरों पर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के साथ महिलाओं के बढ़ते प्रतिनिधित्व के महत्व को दर्शाएगा। सरकार, शिक्षण, विज्ञान, खेल, उद्यमशीलता, मीडिया, समाज सेवा और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों की सफल प्रतिनिधि महिलाएं इस कार्यक्रम में शामिल होंगी। यह सम्मेलन 2047 तक भारत के विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में महिलाओं की भूमिका को उजागर करेगा। संसद ने सितम्बर, 2023 में विधायी निकायों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए इस अधिनियम को पारित किया। देश में महिलाओं के लिए आरक्षण का कार्यान्वयन करने पर ध्यान केन्द्रित करने के साथ संसद सत्र 16 अप्रैल से शुरू होगा। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
———-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल से गुजरात और महाराष्ट्र के चार दिन के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति कल एम्स राजकोट के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
———-
अमरनाथ यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से 28 अगस्त रक्षा बंधन तक चलेगी। जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि प्रथम पूजा ज्येष्ठ पूर्णिमा यानी 29 जून को होगी। पंजीकरण 15 अप्रैल से ऑनलाइन और ऑफलाइन शुरू होगी।
———-
चीन के निंगबो में आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में आज शि युकी ने आयुष शेट्टी को हराकर खिताब जीता। आयुष, दिनेश खन्ना के बाद इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय पुरुष सिंगल्स खिलाड़ी बन गए हैं। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रजत पदक जीतने पर आयुष शेट्टी को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मांडविया ने कहा कि उनके प्रदर्शन ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
———-
मुंबई में आईपीएल टी-20 क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच मुकाबला जारी है। ताज़ा समाचार मिलने तक बेंगलुरू ने 15 ओवर में 2 विकेट पर 187 रन बना लिए हैं।
वहीं, गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया। लखनऊ के 165 रन के लक्ष्य को गुजरात ने 8 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया।
———-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान ज़ोरों पर। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता विभिन्न ज़िलों में रैलियां कर रहे हैं।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिलीगुड़ी में पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए बेहतर आय, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा का वादा किया।
- भारतीय रेलवे ने पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान के अंतर्गत 2025-26 में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ 100 विस्तार परियोजनाओं को मंज़ूरी दी।
- महान पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर समाज के विभिन्न वर्गों ने शोक व्यक्त किया।
- अमरीका–ईरान शांति वार्ता विफल होने के बाद अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य की समुद्री नाकेबंदी का आदेश दिया।
- भारत के आयुष शेट्टी ने चीन के निंगबो में आयोजित बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
- आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हराया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।
———-