मुख्य समाचार :-
- पश्चिमी एशिया में स्थायी शांति के लिए अमरीका और ईरान के बीच वार्ता इस्लामाबाद में जारी।
- सरकार ने दोहराया – घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है; एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए देशभर में कार्रवाई जारी।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर; प्रधानमंत्री ने तुष्टीकरण को समाप्त करने के लिए समान नागरिक सहिंता लागू करने का वादा किया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने लोगों से उनकी पार्टी पर भरोसा करने को कहा।
- असम, केरल और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों के दौरान 22 देशों के प्रतिनिधियों ने भारत की चुनाव प्रक्रिया की सराहना की।
- आईपीएल क्रिकेट में, न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया; चेन्नई में एक अन्य मैच में डेल्ही कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी।
—
पश्चिम एशिया में स्थायी शांति के लिए अमरीका और ईरान के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में वार्ता जारी हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ईरना ने बताया कि दक्षिणी लेबनान पर इस्राएल के हमलों में कमी और अन्य पूर्व शर्तें मान लिए जाने के बाद अमरीका, ईरान और पाकिस्तान के बीच त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हो गई है। ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार वार्ता के एजेंडा में–प्रमुख रूप से लेबनान में युद्धविराम लागू करने, अमरीका द्वारा जब्त की गई ईरानी संपत्तियों को वापस करने और होर्मुज जल–डमरू–मध्य पर चर्चा शामिल हैं। इस बीच ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद–रज़ा आरिफ ने चेतावनी दी है कि यदि अमरीका वार्ता के दौरान इस्राएल के हितों को प्राथमिकता देता है तो कोई समझौता नहीं होगा। ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर क़लीबाफ़ के नेतृत्व में ईरानी प्रतिनिधिमंडल और अमरीका के उपराष्ट्रपति जे डी वैंस के नेतृत्व में अमरीकी प्रतिनिधिमंडल पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्ति पर वार्ता के लिए पाकिस्तान में हैं। समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
—
सरकार ने दोहराया है कि देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। कल 51 लाख 50 हजार से ज्यादा सिलेंडर वितरित किए गए। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए देशभर में कार्रवाई के तहत कल तीन हजार चार सौ से ज्यादा छापे मारे गए। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कम्पनियों ने 214 एलपीजी वितरकों पर जुर्माना लगाया है और 55 वितरकों के लाइसेंस निलंबित कर दिये हैं। एक रिपोर्ट
23 मार्च से अब तक छात्रों और प्रवासी मजदूरों को पांच किलोग्राम के 12 लाख से अधिक एलपीजी सिलेंडरों बिक्री की गई है। उर्वरक संयंत्रों के कुल गैस आवंटन में 5 प्रतिशत की और वृद्धि की जा रही है। मार्च से अब तक लगभग चार लाख पंद्रह हजार पीएनजी कनेक्शन चालू किये गये हैं। करीब चार लाख 55 हजार अतिरिक्त ग्राहकों ने नए कनेक्शनों के लिए पंजीकरण कराया है। अब तक 26 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने एलपीजी कनेक्शन वापस किए हैं। इस बीच, भारतीय ध्वज वाले पोत जग विक्रम ने आज होर्मुज जल–डमरू–मध्य को सुरक्षित रूप से पार कर लिया। इसके 15 अप्रैल तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। उधर, समूचे खाड़ी क्षेत्र में भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के लोगों के साथ निरंतर संपर्क में हैं। 28 फरवरी से अब तक पश्चिम एशिया से लगभग 8 लाख 71 हजार भारतीय वापस आये हैं। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
—
सरकार ने डीजल पर निर्यात शुल्क साढ़े 21 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर साढ़े 55 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। वित्त मंत्रालय ने सूचित किया है कि विमानन टरबाइन ईंधन पर भी शुल्क साढ़े 29 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 42 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं, पेट्रोल पर निर्यात शुल्क शून्य रहेगा।
—
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज अपने संयुक्त अरब अमीरात दौरे की शुरूआत भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत के साथ की। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान भारतीय समुदाय के लोगों के कल्याण और उनकी सुरक्षा के लिए किए गए सरकार के प्रयासों के बारे में जानकारी दी। डॉ० जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान संयुक्त अरब अमीरात के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच सहयोग की समीक्षा भी करेंगे।
—
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विश्वास व्यक्त किया है कि हाल ही में घोषित युद्धविराम पश्चिम एशिया में स्थायी शांति और सुरक्षा का मार्ग प्रशस्त करेगा। श्री गोयल ने सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री माजिद बिन अब्दुल्ला अल कासबी के साथ वर्चुअल बातचीत के दौरान यह बात कही। श्री गोयल ने बढ़ते व्यवधानों और अस्थिरता के बावजूद आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू रूप से चलाने के सऊदी लोगों के दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने मौजूदा संघर्ष के दौरान सऊदी अरब में हुए हमलों की निंदा की और भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए सऊदी अरब के प्रयासों के लिए सराहना की।
—
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। सभी प्रमुख दलों के नेता जनसभाएं कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कटवा, जांगीपुर और कुशमंडी में तीन जनसभाएं कीं।
प्रधानमंत्री ने तुष्टीकरण को समाप्त करने के लिए समान नागरिक सहिंता लागू करने का वादा किया।
राष्ट्र की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। भाजपा का संकल्प है बंगाल में यूसीसी लागू कर तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा के लिए खत्म किया जाएगा। अब बंगाल फैसला कर चुका है अपनी अस्मिता, अपनी पहचान और अपने भविष्य के लिए अब बंगाल आशोल परिवर्तन करके रहेगा।
श्री मोदी ने आगामी विधानसभा चुनाव को पश्चिम बंगाल की पहचान और भविष्य की रक्षा की लड़ाई के रूप में पेश किया। प्रधानमंत्री ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति और घुसपैठियों के समर्थन का आरोप लगाया।
श्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप भी लगाया। प्रधानमंत्री ने सिलीगुड़ी में बिहार मोड़ से स्टेशन मोड़ तक एक रोड शो में भी भाग लिया।
भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित शाह ने पुरुलिया और बांकुडा में जनसभाओं को संबोधित किया। श्री शाह ने घुसपैठ का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर 45 दिनों के भीतर सीमा पर कांटेदार बाड़ लगा दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के 45 दिनों के भीतर राज्य सरकार के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के लाभ दिए जाएंगे। श्री शाह ने तृणमूल सरकार द्वारा केंद्रीय निधियों के दुरुपयोग की आलोचना की और आदिवासी समुदायों के लिए विकास का संकल्प लिया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बांकुडा, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से उन पर भरोसा रखने और टीएमसी को वोट देने का आह्वान किया।
—
22 देशों के प्रतिनिधियों ने असम, केरल और पुद्दुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान भारत की चुनाव प्रक्रिया की सराहना की है। निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम-2026 के तहत 38 प्रतिनिधि दो दिवसीय दौरे पर भारत आए थे। आयोग ने एक बयान में कहा कि सभी प्रतिनिधि सुचारू और अधिक मतदान से बेहद प्रभावित हुए। इन प्रतिनिधियों ने चुनाव प्रबंधन की व्यापकता को देखने का अवसर देने के लिए निर्वाचन आयोग का आभार व्यक्त किया और पारदर्शिता, समावेशिता और उत्कृष्टता के लिए आयोग की प्रतिबद्धता की सराहना की।
—
निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी प्रदान करने की हमारी श्रृंखला में, आज हम तमिलनाडु में कड्डलूर जिले की विरुदाचलम् विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं। इस विधानसभा सीट से डीएमडीके, पीएमके, एनटीके और टीवीके के उम्मीदवार मैदान में हैं।
वृधाचलम विधानसभा सीट कड्लुरु जिले का महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र है। कड्लुरु जिले में नौ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं और कुल 2 लाख 46 हजार 818 मतदाता हैं। डीएमडीके की अध्यक्ष प्रेमलता विजयकांत के चुनाव लड़ने से वृधाचलम सीट महत्वपूर्ण हो गई है। डीएमडीके ने पहली बार डीएमके के नेतृत्व वाले सेक्युलर डेमोक्रेटिक अलायंस के साथ गठबंधन किया है। 1952 से लेकर अब तक इस सीट पर कांग्रेस ने पांच बार, डीएमके, एआईएडीएमके और डीएमडीके ने दो–दो बार जीत हासिल की है। तमिलनाडु से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
—
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज ऑल इंडिया अन्ना डीएमके के लिए प्रचार किया। रॉयपुरम में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने मछुआरों की समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया और मछुआरों के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखने का आश्वासन भी दिया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता एल. मुरुगन ने भी विभिन्न स्थानों पर प्रचार किया।
डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री स्टालिन ने पुदुकोट्टई में रोड शो किया। उन्होंने ऑल इंडिया अन्ना डीएमके प्रमुख पलनीसामी पर विभिन्न मुद्दों पर राज्य की जनता का साथ न देने का आरोप लगाया। वहीं, श्री पलनीसामी ने डीएमके पर राज्य की अर्थव्यवस्था की बदहाली और कम महत्व की योजनाओं पर फिजूलखर्ची का आरोप लगाया।
—
त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद की 28 सीटों पर कल चुनाव होंगे। कुल 173 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या लगभग दस लाख है। मतगणना 17 अप्रैल को होगी।
—
मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में भारत में जन्मी एक मादा चीता ने चार शावकों को जन्म दिया है। पर्यावरण, वन्य और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने इसे देश की चीता संरक्षण यात्रा में मील का पत्थर बताया।
—
बिहार के कटिहार जिले में आज शाम एक बस, ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में कम से कम सात लोग मारे गये और 18 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना कटिहार के कोढ़ा ब्लॉक में राष्ट्रीय राजमार्ग – 31 पर हुई। घायलों को नजदीक के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
—
चेन्नई में आईपीएल टी-20 क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स और डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक चेन्नई ने 18वें ओवर में एक विकेट पर 175 रन बना लिए हैं।
वहीं न्यू चंडीगढ में आज हुए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया। हैदराबाद के 220 रन के लक्ष्य को पंजाब ने सात गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है।
—
आयुष शेट्टी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गए हैं। सेमीफाइनल में आज आयुष ने मौजूदा चैंपियन कुनलावुत वितिदसर्न को तीन गेम के मुकाबले में हराया। फाइनल में आयुष शेट्टी का मुकाबला शी यु की से होगा। दूसरा सेमीफाइनल में चीन के शी यु की ने चीनी ताइपे के चाउ टिएन-चेन को हराया।
—
मौसम विभाग ने कल देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ तूफान की आशंका व्यक्त की है। पश्चिम बंगाल के हिमालय के तराई क्षेत्र, केरल, माहे और भीतरी दक्षिणी कर्नाटक में भी बिजली गरजने और तेज हवाओं के साथ तूफान की सम्भावना व्यक्त की गई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी ऐसी ही स्थित बनी रहेगी। आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, गुजरात, ओडिशा, पुद्दुचेरी और कराईक्कल में मौसम गर्म और उमस भरा रहने की सम्भावना है।
—
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- पश्चिमी एशिया में स्थायी शांति के लिए अमरीका और ईरान के बीच वार्ता इस्लामाबाद में जारी।
- सरकार ने दोहराया – घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है; एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए देशभर में कार्रवाई जारी।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर; प्रधानमंत्री ने तुष्टीकरण को समाप्त करने के लिए समान नागरिक सहिंता लागू करने का वादा किया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने लोगों से उनकी पार्टी पर भरोसा करने को कहा।
- असम, केरल और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों के दौरान 22 देशों के प्रतिनिधियों ने भारत की चुनाव प्रक्रिया की सराहना की।
- आईपीएल क्रिकेट में, न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया; चेन्नई में एक अन्य मैच में डेल्ही कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी।
—