मुख्य समाचार :-
- भारत ने लेबनान में लोगों के मारे जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की और देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने पर बल दिया।
- सरकार ने कहा– पश्चिम एशिया संकट के बीच बिजली की मांग और ऊर्जा आवश्यकताओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
- अमरीका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने पाकिस्तान में शांति वार्ता से पूर्व ईरान को अमरीका के साथ चालबाजी न करने की चेतावनी दी।
- उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया-एसआईआर पूरा होने के बाद मतदाताओं की संख्या में 84 लाख से ज्यादा की बढोत्तरी।
- दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा प्रायोजित एक आतंकी, हथियार और जासूसी मॉड्यूल के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत पांच स्वर्ण सहित 16 पदकों के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर।
- एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप में आयुष शेट्टी सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुचे।
****
पश्चिम एशिया में दो सप्ताह के युद्धविराम के बावजूद इस्राएल के लगातार हमलों में लेबनान में मृतकों की बढ़ती संख्या पर भारत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर अंतर-मंत्रालयी प्रेसवार्ता में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता के प्रति भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को देखते हुए मौजूदा स्थिति बेहद चिंताजनक है।
भारत ने हमेशा नागरिकों की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दी है। अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करना और देशों की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना महत्वपूर्ण है। लेबनान में हमारा दूतावास, भारतीयों की सुरक्षा के लिए लगातार उनके संपर्क में है।
सरकार ने देश की बिजली और ऊर्जा जरूरतों की मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया है। नई दिल्ली में एक अंतर-मंत्रालय प्रेसवार्ता में विद्युत मंत्रालय के अपर सचिव पीयूष सिंह ने यह जानकारी दी।
सभी तापीय विद्युत संयंत्र पूरी क्षमता के साथ चल रहे हैं और उनके पास पर्याप्त कोयले का भंडार है। अगले तीन महीनों में हम लगभग 22 हजार मेगावाट नई बिजली क्षमता जोड़ने की योजना बना रहे हैं। इसमें करीब 35 सौ मेगावाट थर्मल पावर, लगभग 10 हजार मेगावाट सौर ऊर्जा, करीब पच्चीस सौ मेगावाट पवन ऊर्जा और लगभग 750 मेगावाट जलविद्युत ऊर्जा शामिल होगी।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा है कि देश में घरेलू एलपीजी और ईंधन की आपूर्ति स्थिर है।
14 मार्च से लगभग एक लाख छह हजार टन कमर्शियल एलपीजी की सेल हुई है। प्रतिरोज लगभग छह, साढे छह हजार टन कमर्शियल एलपीजी की सेल हो रही है। हर रोज लगभग एक लाख के आस-पास पांच किलो के सिलेण्डर की सेल हो रही है। कल लगभग एक लाख दस हजार सिलेण्डर की सेल हुई।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में अपर सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज़ से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। मंत्रालय अब तक एक हज़ार नौ सौ 27 से अधिक भारतीय नाविकों को सुरक्षित लाने में मदद कर चुका है, पिछले 24 घंटों में 124 नाविकों को स्वदेश लाया गया है।
****
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि कतर ने भारत का विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्तिकर्ता बने रहने की पुष्टि की है। दोहा में कतर के ऊर्जा मंत्री साद शेरिदा अल-काबी के साथ बैठक के बाद श्री पुरी ने कहा कि दोनों पक्षों ने रणनीतिक संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की।
****
अमरीका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने पाकिस्तान में शांति वार्ता से पहले ईरान को अमरीका के साथ चालबाजी नहीं करने की चेतावनी दी है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने श्री वैंस को छह सप्ताह पहले शुरू हुए युद्ध का समाधान तलाशने की जिम्मेदारी दी है।
****
इस बीच, इस्राएली सेना और हिजबुल्लाह ने आज लेबनान सीमा पर एक-दूसरे पर हमले किए। इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। हिजबुल्लाह ने कहा कि उसने युद्धविराम के बावजूद लेबनान में इस्राएल के हमलों के जवाब में इस्राएली क्षेत्रों पर हमले किए। ईरान ने कहा है कि युद्धविराम लेबनान पर लागू होना था। वहीं, इजरायल और अमरीका का कहना है कि लेबनान युद्धविराम समझौते में शामिल नहीं है। होर्मुज जलडमरूमध्य आज भी लगभग बंद है। इससे वैश्विक जहाजरानी और तेल आपूर्ति बाधित हो रही है।
****
उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाताओं की संख्या में 84 लाख से अधिक की वृद्धि हुई और यह बढ़कर करीब 13 करोड़ 39 लाख हो गई। निर्वाचन आयोग ने आज अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की। लोग आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन अपने नाम की जांच कर सकते हैं। मसौदा मतदाता सूची में कुल 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाता थे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या बढ़कर 17 लाख 63 हजार 360 हो गई है, जो कुल मतदाताओं का 1.32 प्रतिशत है। लिंग अनुपात में भी सुधार हुआ है और अब प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 834 महिला मतदाता हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि मतदाताओं की कुल संख्या में 84,28,767 की वृद्धि हुई है। सबसे अधिक मतदाताओं की वृद्धि गाजियाबाद जिले की साहिबाबाद विधानसभा सीट पर हुई है, जहां अंतिम सूची में लगभग 82 हजार से ज्यादा मतदाता वोटर लिस्ट से जुड़े हैं। सुशील चन्द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
असम में कल हुए विधानसभा चुनावों में 85 दशमलव नौ एक प्रतिशत, केरलम में 78 दशमलव दो सात प्रतिशत और पुद्दुचेरी में 89 दशमलव आठ सात प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह असम और पुद्दुचेरी में अब तक का सबसे अधिक मतदान है। दोनों राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश में महिलाओं की अब तक की सर्वाधिक भागीदारी रही है।
****
पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच जारी है। इस चरण में 142 सीटों के लिए मतदान होगा। 13 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।
****
विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में स्थित अविनाशी विधानसभा क्षेत्र की।
तिरुप्पुर जिले का अविनाशी विधानसभा क्षेत्र एक आरक्षित सीट है। इस जिले में कुल 5 लाख 63 हजार से अधिक मतदाता हैं। इस बार अविनाशी सीट विशेष चर्चा में है, क्योंकि भाजपा नेता और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन यहां से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला डीएमके की डॉ. गोकिलमणि से है। यह सीट लंबे समय से एआईएडीएमके का गढ़ रही है। वर्तमान विधायक पी. धनपाल तीन बार इस सीट से विधायक रहे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 372 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से वैष्णवी।
****
दिल्ली पुलिस ने पंजाब और दिल्ली से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा प्रायोजित आतंकी, हथियार और जासूसी मॉड्यूल के ग्यारह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विशेष प्रकोष्ठ के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि ये आरोपी पाकिस्तान के संपर्क में थे। उन्हें जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने वाली विध्वंसक गतिविधियों के निर्देश मिल रहे थे। उन्होंने बताया कि संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास लगे नौ सौर ऊर्जा संचालित सीसीटीवी कैमरे भी बरामद किए गए हैं।
जो लोग अरेस्ट हुए हैं यह मोस्टली पंजाब के हैं, कुछ एक लोग दिल्ली के भी हैं। जो दिल्ली वाले हैं वह लोग बेसिकली आम स्मगलिंग में इन्वोल्व थे। आम स्मगलिंग का पैसे का ही इस्तेमाल सीसीटीवी कैमरा लगाने में करते थे। अनमोल है फिरोजपुर का, अनमोल का बड़ा रोल रहा है यह सीसीटीवी कैमरा लगाने में, अनमोल और साहिल ने यह सीसीटीवी कैमरा लगाए हैं।
****
तेलंगाना को सशस्त्र माओवादी संगठनों से पूरी तरह मुक्त घोषित कर दिया गया है। एक रिपोर्ट –
तेलंगाना के डीजीपी शिवधर रेड्डी ने 42 वरिष्ठ माओवादी केडर के आत्मसमर्पण के बाद राज्य को माओवादी से मुक्त घोषित किया है। ग्रेहम्स और जिला पुलिस की रणनीतिक जीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 2023 के सक्रिय स्थानीय केडरो में भारी कमी आई है। पुर्नआवास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को स्वास्थ्य और आर्थिक लाभ प्रदान किया जाएगा। श्रीनिवास आकाशवाणी समाचार के लिए हैदराबाद से।
****
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मॉरीशस के पोर्ट लुईस में नौवें हिंद महासागर सम्मेलन में विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक की। उन्होंने मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गाोखूल से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह बातचीत दोनों देशों के बीच मित्रता और आपसी साझेदारी को आगे बढ़ाने की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके अलावा श्री जयशंकर ने भूटान के विदेश मंत्री डी.एन. ढुंग्येल से भी बातचीत की। डॉ. जयशंकर ने कहा है कि भारत और भूटान की साझेदारी लगातार प्रगति और समृद्धि की ओर अग्रसर है।
****
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने देश की सशस्त्र सेनाओं को एकीकृत, तेज और प्रौद्योगिकी-संचालित युद्धक उपकरण के रूप में विकसित होने की आवश्यकता पर जोर दिया है। बेंगलुरु में रण संवाद संगोष्ठी में श्री चौहान ने कहा कि बहु-क्षेत्रीय अभियान सिर्फ अब केवल एक वैचारिक चर्चा का विषय नहीं, बल्कि एक उभरती हुई परिचालन की वास्तविकता है।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महावीर चक्र से सम्मानित और 1999 के करगिल युद्ध के वीर योद्धा कर्नल (सेवानिवृत्त) सोनम वांगचुक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ऑपरेशन विजय के दौरान श्री वांगचुक के साहसिक कार्यों को याद किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि कर्नल वांगचुक का जीवन साहस, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।
****
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आज दोपहर यमुना नदी में केसी घाट के पास नाव पलटने से 10 लोगों की मौत हो गई। नौका में लुधियाना के श्रद्धालु सवार थे। बचाव अभियान जारी है। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है।
****
विश्वनाथ सुरेश ने आज एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 किलो में स्वर्ण पदक जीता। जबकि, सचिन को 60 किलो में रजत पदक से संतोष करना पडा। पदक तालिका में भारत 5 स्वर्ण, 3 रजत और आठ कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
****
सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में मीनाक्षी गोयत ने महिलाओं की 53 किलो वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं, मोनिका श्योराण ने 65 और हर्षिता मोर ने 72 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता।
****
आयुष शेट्टी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। आयुष ने क्वार्टरफाइनल में इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
****
आईपीएल क्रिकेट में गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच मुकाबला जारी है। बेंग्लुरू ने ताजा समाचार मिलने तक 3 ओवर में 2 विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। मैच बारिश के कारण एक घंटे से अधिक की देरी के बाद शुरू हुआ।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत ने लेबनान में लोगों के मारे जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की और देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने पर बल दिया।
- सरकार ने कहा– पश्चिम एशिया संकट के बीच बिजली की मांग और ऊर्जा आवश्यकताओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
- उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया-एसआईआर पूरा होने के बाद मतदाताओं की संख्या में 84 लाख से अधिक की बढोत्तरी।
- दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा प्रायोजित एक आतंकी, हथियार और जासूसी मॉड्यूल के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत पांच स्वर्ण सहित भारत 16 पदकों के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा।
- एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप में आयुष शेट्टी सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुचे।
****