मुख्य समाचार :-
- असम, केरलम और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न; असम में 85 प्रतिशत से अधिक, केरलम में 78 प्रतिशत और पुद्दुचेरी में लगभग 89 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज; शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियां कर रहे हैं।
- वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने सौर ऊर्जा क्षमता में लगभग 45 गीगावाट की सर्वाधिक वार्षिक वृद्धि दर्ज की।
- इस्राएल ने कहा- लेबनान अमरीका और ईरान के बीच युद्ध विराम समझौते का हिस्सा नहीं।
- और, एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में, भारतीय महिला मुक्केबाजों का चार स्वर्ण सहित दस पदक जीतकर दबदबा कायम।
****
असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। असम की 126, केरलम की 140 सीटों और पुद्दुचेरी की 30 सीट के लिए आज वोट डाले गये। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये थे।
असम में 85 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। दक्षिण सालमारा मनकाचर जिले में सबसे अधिक 94 दशमलव शून्य आठ प्रतिशत वोट डाले गये।
केरलम में 78 प्रतिशत से अधिक वोट डाले गये। कोझिकोड जिले में सबसे अधिक 77 प्रतिशत वोट डाले गये।
पुद्दुचेरी में लगभग 89 प्रतिशत मतदान हुआ।
कर्नाटक के बागलकोट उपचुनाव में 68 दशमलव सात शून्य प्रतिशत और दक्षिण दावनगेरे में 68.55 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। नागालैंड में कोरिडांग विधानसभा सीट पर 82 प्रतिशत से अधिक वोट डाले गये। त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए नाम वापस लेने और दूसरे चरण के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन था। तमिलनाडु में भी आज नाम वापस लेने का अंतिम दिन था। मतगणना 4 मई को होगी।
****
असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज शांतिपूर्ण तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हमारे संवाददाता से और अधिक जानकारी-
असम में कुल 85.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिलों में साउथ सालमारा-मानकाचर में सबसे अधिक 95.13 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, निर्वाचन क्षेत्रों के स्तर पर, बोंगाईगांव जिले के सिरजंग्राम विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक पचानवे दशमलव एक पांच प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जालुकबाड़ी में, जो वरिष्ठ भाजपा नेता और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का निर्वाचन क्षेत्र है, इक्यासी दशमलव पांच चार प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। जोरहाट में कांग्रेस के गौरव गोगोई, भाजपा के हितेंद्र नाथ गोस्वामी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार शामिल हैं। राकेश डोल आकाशवाणी समाचार गुवाहाटी।
****
पुद्दुचेरी ने विधानसभा चुनावों में अब तक का सर्वाधिक मतदान हुआ है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से….
केन्द्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में लगभग 90 प्रतिशत मतदान हुआ। उसुडु में सबसे अधिक 94.39 प्रतिशत जबकि माहे में सबसे कम 77.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान समाप्त होने के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सील कर दिया गया है। भारी मतदान वाले इस विधानसभा में अब 294 उम्मीदवारों को जनता के फैसले का इंतजार है। इनमें मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वी. वैथिलिंगम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी. पी. रामलिंगम, गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम, विधानसभा अध्यक्ष आर. सेल्वम और विपक्ष के नेता आर. शिव प्रमुख हैं। मतगणना 4 मई को होगी। बिबिन एस नाथ, की रिपोर्ट के साथ विशाल शर्मा।
****
तिरूअंतपुरूम से हमारे संवाददाता ने बताया है कि केरलम में भी आज मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राज्य की 140 विधानसभा सीटों पर कुल 883 उम्मीदवार मैदान में हैं। तीनों प्रमुख गठबंधन ने भारी बहुमत के साथ जीत का दावा किया है। मुख्यमंत्री और मार्क्ससवादी कम्युनिष्ट पार्टी नेता पिनरायी विजयन धर्मदम से मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन परवूर से उम्मीदवार हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर नीमोम से चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता जॉर्ज कुरियन, राज्य मंत्री और मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी नेता के. एन. बालागोपाल, केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन शामिल हैं। मतगणना 4 मई को होगी। तिरूवनंतपुरम से स्मिथी एम. पलूरूथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं वैष्णवी।
****
इस बीच, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में प्रचार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के हल्दिया, आसनसोल और सूरी में परिवर्तन संकल्प रैलियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां पूरा देश तेजी से प्रगति कर रहा है, वहीं तृणमूल कांग्रेस – सरकार ने बंगाल को पीछे धकेल दिया है।
श्री मोदी ने कहा कि उनकी रैलियों में उमड़ी रही भीड़ बदलाव का संकेत है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर ‘मां, माटी, मानुष के नारे को त्यागने का आरोप लगाया।
गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ऐसा समाज देखना चाहते थे जहां हर कोई भय से मुक्त हो लेकिन टीएमसी के महा जंगल राज ने एकदम उल्टा कर दिया। ये मां माटी और मानुष की बात करते थे लेकिन आज माटी पर घुसपैटियों का कब्जा हो रहा है।
****
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर के जरिये मतदाता सूची से 90 लाख से अधिक नाम हटाकर बंगाल पर कब्जा करने के भारतीय जनता पार्टी के कथित प्रयासों के बावजूद उनकी पार्टी आगामी चुनावों में जीत हासिल करेगी। मीनाखान में एक जनसभा में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मतदाता सूची से सभी धर्मों और समुदायों के लोगों के नाम हटाए गए हैं।
****
तमिलनाडु में भी चुनाव प्रचार जोर-शोर से जारी है। वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, डॉ. एल. मुरुगन, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई एनडीए गठबंधन के लिए मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं।
एआईएडीएमके नेता एडप्पाडी के पलानीसामी, डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, उदयनिधि स्टालिन, प्रेमलता विजयकांत, डॉ. अंबुमणि रामदास, कनिमोझी और कई अन्य नेता प्रचार कर रहे हैं।
****
पश्चिम एशिया में दो सप्ताह से जारी युद्धविराम आज काफी हद तक कायम रहा। हालांकि संघर्ष के मौजूदा चरण में लेबनान पर इस्राएल के सबसे बड़े हमलों के बाद तनाव बढ़ गया। इस्राएली हवाई हमलों में बेरूत और दक्षिणी लेबनान के घनी आबादी वाले इलाकों में सैकड़ों लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबर है। इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक निंदा हुई है। ईरान ने कहा है कि लेबनान युद्धविराम समझौते का हिस्सा है जबकि अमरीका और इस्राएल ने कहा है कि यह युद्धविराम केवल अमरीका-ईरान के बीच सीधे टकराव पर लागू होता है। हिजबुल्लाह ने भी इस्राएली सीमावर्ती इलाकों में रॉकेट दागे। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ पूर्ण समझौता होने तक अमरीका की सेनाएं तैनात रहेंगी। इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंन्यामिन नेतन्याहू ने संकेत दिया कि उत्तरी इस्राएल के निवासियों की सुरक्षा बहाल होने तक हिजबुल्लाह के खिलाफ अभियान जारी रहेंगे।
ईरान ने लेबनान पर इजरायल के हमलों की कड़ी आलोचना की है ईरान ने कहा है कि इससे युद्ध विराम की बातचीत प्रभावित हो सकती है। राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने हमलों को प्रारंभिक युद्धविराम समझौते का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि लगातार आक्रामकता से बातचीत अर्थहीन हो जाएगी। इजरायली सेना ने कहा कि उसने बेरूत के पास एक हमले में हिजबुल्लाह नेता नईम कासिम के एक करीबी सहयोगी को मार गिराया। दक्षिणी लेबनान में हथियार डिपो, लॉन्चर और कमांड केंद्रों को भी निशाना बनाया गया। यूरोपीय राजनयिकों ने लेबनान को व्यापक युद्धविराम में शामिल करने का आह्वान किया है। इस बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के पारगमन पर अपना नियंत्रण भी नहीं छोड़ा है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
****
औषधि विभाग के संयुक्त सचिव सत्यप्रकाश टी.एल. ने कहा है कि देश में आवश्यक औषधि सामग्रियों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। पश्चिम एशिया संकट पर आज नई दिल्ली में श्री सत्यप्रकाश ने कहा कि सरकार ने औषधि उद्योग को सहायता देने और आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए 40 पेट्रो रसायन उत्पादों पर सीमा शुल्क समाप्त कर दिया है।
फार्मा उद्योग को समर्थन देने तथा इनपुट फीड स्टॉक और एपीआई की उपलब्धता बनाए रखने के लिए दवाओं और फार्मास्यूटिकल्स की बिक्री कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की गई है। राजस्व विभाग ने 1 अप्रैल 2026 की अधिसूचना के माध्यम से 40 विभिन्न पेट्रोल केमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क घटकर शून्य कर दिया है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि पोत ‘ग्रीन आशा‘ एलपीजी लेकर आज नवी मुंबई पहुंच गया।
पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों या भारतीय नाविकों से जुडी किसी भी घटना की सूचना नहीं है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी वाहक जहाज ग्रीन आशा आज सुबह सुरक्षित रूप से जेएनपीए पहुंच गया है। इसने 5 अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया था।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार देश में घरेलू एलपीजी की सौ प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।
एलपीजी सप्लाई प्रेजेंट जियो पोलिटिकल सिचुएशन में इफेक्ट हुई है और हमारे लगभग 60% ऑफ रिक्वायरमेंट है कंट्री का एलपीजी का वह इंपोर्ट से होता है इसके चलते डोमेस्टिक कंज्यूमर को प्रायोटाइज किया गया और घरेलू उसे के लिए एलजी की सप्लाई 100% एंश्योर की गई है हमारे किसी भी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर पर कोई ड्राई आउट रिपोर्टेड नहीं है।
****
भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 45 गीगावाट की सर्वाधिक वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि दर्ज की है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह उपलब्धि ऊर्जा सुरक्षा, सतत विकास और विकसित राष्ट्र के दृष्टिकोण के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। श्री जोशी ने कहा कि राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र ने इस असाधारण वृद्धि का नेतृत्व किया है, जिससे भारत स्वच्छ, हरित और अधिक आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर हो रहा है।
****
मंगोलिया में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने आज चार स्वर्ण और दो रजत पदक सहित 10 पदक जीते। 48 किलो भार वर्ग में मीनाक्षी हुडा, 54 किलो भार वर्ग में प्रीति पवार, 60 किलो भार वर्ग में प्रिया घणघस और अरुन्धति चौधरी ने 70 किलोग्राम वर्ग मे स्वर्ण पदक जीता। जैस्मीन लम्बोरिया को 57 किलोग्राम और अल्फिया पठान को 80 किलोग्राम से अधिक के वर्ग में रजत पदक मिला।
****
आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता में कोलकाता नाईट राईडर्स और लखनऊ सुपर जायंटस के बीच मुकाबला जारी है। कोलकाता ने ताजा समाचार मिलने तक 18वें ओवर में 4 विकेट पर 151 रन बना लिए हैं।
****
आयुष शेट्टी एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरूष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। आयुष ने प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-16, 21-12 से हराया।
****
महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आज दोपहर नई दिल्ली में पोषण पखवाड़ा के 8वें संस्करण का शुभारंभ किया। पोषण पखवाड़ा का विषय है – जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास। श्रीमती अन्नपूर्णा ने कहा कि पोषण पखवाड़ा का उद्देश्य पोषण को जन आंदोलन बनाना है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता इसमें अहम भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर पोषण ट्रैकर ऐप में एक नया फीचर होम विजिट शेड्यूलर भी शुरू किया गया। पखवाड़े के दौरान देशभर में आंगनवाड़ी केंद्रों के जरिए जागरूकता कार्यक्रम, पोषण से जुड़ी गतिविधियां और बच्चों के लिए खेल आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
****
जम्मू-कश्मीर में आज जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग -संख्या 44 पर यातायात बहाल कर दिया गया। घाटी को देश से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को मंगलवार को दो बड़े भूस्खलन के बाद बंद कर दिया गया था।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- असम, केरलम और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न; असम में 85 प्रतिशत से अधिक, केरलम में 78 प्रतिशत और पुद्दुचेरी में लगभग 89 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज; शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियां कर रहे हैं।
- वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने सौर ऊर्जा क्षमता में लगभग 45 गीगावाट की सर्वाधिक वार्षिक वृद्धि दर्ज की।
- इस्राएल ने कहा- लेबनान अमरीका और ईरान के बीच युद्ध विराम समझौते का हिस्सा नहीं।
- एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में, भारतीय महिला मुक्केबाजों का चार स्वर्ण सहित दस पदक जीतकर दबदबा कायम।
****