मुख्य समाचार :-
- सरकार ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में तेजी से बदलती स्थिति को देखते हुए ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को जहां हैं वहीं रहने की सलाह दी।
- अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य न खोलने पर ईरान में सभी बिजली संयंत्रों और पुलों को नष्ट करने की धमकी दी। इसके कारण क्षेत्र में तनाव बढ़ा।
- सरकार का 5 किलो के एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री दोगुनी करने का आदेश। तेल और गैस की आपूर्ति का आश्वासन दिया।
- असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त; मतदान बृहस्पतिवार को।
- मौसम विभाग का असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बृहस्पतिवार तक मूसलाधार बारिश का अनुमान; कल बिहार, झारखंड और सिक्किम में गरज के साथ वर्षा की संभावना।
- भारतीय मुक्केबाजों का एशियाई चैंपियनशिप में जीत का सिलसिला जारी; छह महिला और दो पुरुष मुक्केबाजों के फाइनल में पहुंचने के, साथ आठ रजत पदक पक्के।
******
विदेश मंत्रालय ने ईरान में तेजी से बदलती परिस्थितियों के बीच सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे सुरक्षित स्थान पर रहें और किसी भी आवाजाही से बचें। मंत्रालय ने परामर्श में कहा है कि ईरान के भीतर और सीमा चौकियों तक किसी भी प्रकार की आवाजाही तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय और निर्देश के बाद ही की जानी चाहिए।
वहीं, भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से आग्रह किया है कि वे सभी बिजली संयंत्रों, सैन्य प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला इमारतों से दूर रहें, घर के अंदर रहें। दूतावास द्वारा किराए पर लिए गए होटलों में ठहरे हुए लोगों को भी यही सलाह दी गई है। दूतावास से मोबाइल नंबर 989128109115, 989128109109, 989128109102 और 989932179359 पर संपर्क किया जा सकता है। दूतावास का ईमेल पता cons.tehran@mea.gov.in है।
******
इस बीच, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ता जा रहा है। इस्राएल की सेना ने कहा है कि उन्होंने ईरानी शासन के दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। इनमें काशान का एक महत्वपूर्ण रेलवे पुल भी शामिल है। इस्राएल के अधिकारियों ने कहा कि इस्राएल और ईरान के बीच टकराव लगातार बढने के कारण इन हमलों का उद्देश्य सैन्य लॉजिस्टिक और बुनियादी ढांचे को बाधित करना था।
इसी बीच, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज जल डमरू मध्य को दोबारा नहीं खोला गया या कोई समझौता नहीं हुआ, तो ईरान पर विनाशकारी हमले किए जाएंगे। इससे और भी विनाशकारी संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि बहरीन, कुवैत और अन्य खाडी सहयोग परिषद देशों ने भी पिछले कुछ घंटों में मलबा गिरने और मिसाइलों को हवा में नष्ट करने से जुड़ी छोटी-मोटी घटनाओं की सूचना दी है।
अमरीका ने ईरान के खारग द्वीप पर सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। खारग द्वीप एक महत्वपूर्ण तेल निर्यात केंद्र है जहाँ से ईरान के कच्चे तेल की एक बड़ी मात्रा में आपूर्ति होती है। इस हमले से वैश्विक ऊर्जा बाजारों में हलचल मच गई है और आपूर्ति बाधित होने की आशंका के कारण तेल की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई हैं। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान आज रात तक होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग को नहीं खोलता है, तो ईरान के बुनियादी ढांचे पर विनाशकारी हमले किए जाएंगे। ये घटनाक्रम पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के सबसे खतरनाक क्षणों में से एक हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशेष शुक्ला ।
******
सरकार ने कहा है कि देशभर में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी की आपूर्ति सामान्य है। पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी संवाददाता सम्मेलन में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि किसी भी एलपीजी वितरक केंद्र पर आपूर्ति में कमी की कोई सूचना नहीं है।
पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, पीएनजी की सप्लाई सामान्य है। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप्स पर कोई ड्राई आउट रिपोर्टेड नहीं है इसी तरह सारे पेट्रोल पंप भी नॉर्मल ऑपरेट कर रहे हैं। एलपीजी सिलेंडर्स की डिलीवरी नॉर्मल है। ऑनलाइन बुकिंग लगभग 96 प्रतिशत है और डीएसी और ओटीपी बेस्ड डिलीवरी लगभग 90 प्रतिशत तक है।
सुश्री शर्मा ने बताया कि सरकार ने पांच किलो के एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री दोगुना करने का नया आदेश जारी किया है।
5 किलो के सिलेंडर्स फरवरी महीने में एवरेज सेल पर डे लगभग 77 हजार थी। कल भारत सरकार ने एक नया ऑर्डर इश्यू किया है और इस आर्डर के द्वारा 5 किलो एफटीएल सिलेंडर की सेल को डबल करने की बात की गई है। 23 मार्च से लगभग 7 लाख, 80 हजार से ज्यादा 5 किलो के सिलेंडर्स की सेल हो चुकी है।
पत्तन पोत, परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी भी जहाज से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। फिलहाल फारस की खाड़ी के पश्चिमी क्षेत्र में 433 नाविकों सहित भारतीय ध्वज वाले 16 जहाज मौजूद है। पोत परिवहन महानिदेशालय जहाज मालिकों, भर्ती और नियुक्ति सेवा लाइसेंस एजेंसिंयों तथा भारतीय दूतावासियों के समन्वय से लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।
******
विदेश मंत्रालय के खाड़ी क्षेत्र के अपर सचिव असीम आर महाजन ने कहा कि 28 फरवरी से अब तक पश्चिम एशिया क्षेत्र से 7 लाख से अधिक यात्री स्वदेश आ चुके हैं।
******
असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो गया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने का हरसंभव प्रयास किया। असम की 126, केरलम की 140 और पुद्दुचेरी की 30 सीटों के लिए बृहस्पतिवार को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे।
असम से हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों के बड़े नेताओं ने प्रचार अभियाम में पूरी ताकत झोंकी।
असम में प्रचार के अन्तिम दिन बराक घाटी में गृह मंत्री अमित शाह ने कई रैलियां की। इसी दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी श्रीभूमि जिले के करीमगंज निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली की। दूसरी ओर, कांग्रेस ने यूसुफ पठान को घाटी में एक दिन पहले ही जोरदार प्रचार के लिए भेजा था। राज्य में कुल सात सौ 22 उम्मीदवार मैदान में हैं, इनमें छह सौ 63 पुरुष और 59 महिलाएं शामिल हैं। राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा और प्रशासनिक उपाय किए गए हैं। सिल्चर से सास्वति की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
केरलम में भी प्रचार अभियान समाप्त हो गया ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
मतदान से पहले केरलम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके अंतर्गत कुल 76 हजार कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य के विभिन्न हिस्सों में केंद्रीय बलों की 160 टीमें तैनात की गई हैं। कुल 240 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। मतदान पूर्व उपायों के अंतर्गत राज्य में 48 घंटे के लिए शराब पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा
केंद्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी में भी मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
कई दिनों से जारी चुनावी प्रचार विभिन्न दलों के नेताओं द्वारा मतदाताओं से अंतिम अपील के साथ समाप्त हुआ। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार अनिवार्य मौन अवधि लागू होने के बाद, पुद्दुचेरी और कराईकल के जिला निर्वाचन अधिकारियों ने निषेधाज्ञा जारी की है। इनके तहत, गैरकानूनी सभाओं, जनसभाओं, जुलूसों और लाउडस्पीकरों के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। गुरुवार को केंद्र शासित प्रदेश के सभी 30 निर्वाचन क्षेत्रों में एक हजार 99 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इन निर्वाचन क्षेत्रों से इस बार कुल 294 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पुद्दुचेरी से बिबिन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज।
******
आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज यथास्थिति के आधार पर दिल्ली की अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने की घोषणा की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मौजूदा मकानों को मान्यता दी जाएगी, लेकिन भविष्य में निर्माण कार्य के दौरान नगर निगम के नियमों का कडाई से पालन किया जाएगा। श्री मनोहर लाल ने कालोनियों को नियमित करने के निर्णय के साथ वहां के निवासियों को अपनी संपत्तियों का पंजीकरण कराने को कहा।
रेगुलाइजेशन के सारे नियम लागू करके अब लोग आगे आकर अपने मालिकाना हक की रजिस्ट्री भी कराएंगे और किसी को नया मकान बनाना है तो उसके लिए भी विधिवत एमसीडी के माध्यम से उसका प्लान वह तैयार करके उनको दिया जाएगा ताकि नए मकान वो बना सकें।
मंत्रालय ने कहा पहले से बने हुए मकानों को यथास्थिति के आधार पर नियमित कर दिया जाएगा। एक हजार 511 अनधिकृत कॉलोनियों को बिना लेआउट प्लैन की स्वीकृति के नियमित किया जाएगा।
******
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने आज सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डॉक्टर डेंजिल एल. डगलस के साथ मुलाकात की। डॉ० जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने विकास परियोजनाओं, स्वास्थ्य, सहयोग, डिजिटल क्षमताओं और आपदा कार्रवाई पर चर्चा की।
******
श्रीलंका की जेलों से रिहा हुए तीस भारतीय मछुआरे आज चेन्नई पहुंचे। रामेश्वरम और कराईक्काल के ये मछुआरे पंबन के पास मछली पकड़ रहे थे, तभी श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में घुसपैठ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। राजनयिक हस्तक्षेप के बाद, उन्हें भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया।
******
भारत ने सेशेल्स को आज 250 मीट्रिक टन अनाज की एक खेप भेजी। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि भारत द्वारा सेशेल्स से किए गये वादे के अनुसार 17 करोड़ 50 लाख डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज के अंतर्गत और भी खेप भेजी जानी है।
******
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में पहाड़ी इलाकों के संदिग्ध उग्रवादियों के एक घर पर बम हमले में दो बच्चों की मौत के बाद घाटी के पांच जिलों में व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहा है। राज्य गृह विभाग ने आज दोपहर इन जिलों में इंटरनेट सेवाओं को तत्काल प्रभाव से तीन दिनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद ने हमले की कड़ी निंदा की।
******
इस बीच राज्य सरकार ने पांच घाटी के जिलों – इम्फाल पश्चिम, इम्फाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर में कर्फ्यू लगा दिया है। यह अगले आदेश तक बिना किसी ढील के जारी रहेगा।
******
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार तक असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कल बिहार, झारखंड और सिक्किम में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका व्यक्त की है।
विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाले तूफान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
******
संस्कृति मंत्रालय ने वंदेमातरम फ्रेम्स राष्ट्रीय फिल्म निर्माण प्रतिस्पर्धा के लिए देशभर के फिल्म निर्माताओं और रचनात्मक व्यक्तियों को आमंत्रित किया है। इसका उद्देश्य अपनी अद्भुत किस्सागोई के जरिये वंदेमातरम की भावना को व्यक्त करना और राष्ट्र के प्रति गौरव को प्रदर्शित करना है। यह प्रतिस्पर्धा अपनी रचनात्मकता, नवाचार और सिनेमाई कौशल को व्यक्त करने के लिए प्रतिभागियों को एक मंच प्रदान करती है।
******
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 510 अंक बढ़कर 74 हजार छह सौ 17 पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 155 अंक बढ़कर 23 हजार एक सौ 24 पर स्थिर हुआ। अंतरबैंकिग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया एक डॉलर के मुकाबले आठ पैसे मजबूत होकर 92 रुपये 98 पैसे पर बंद हुआ।
******
भारतीय मुक्केबाजों का एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में जीत का सिलसिला जारी है। प्रतियोगिता में छह महिला और दो पुरुष मुक्केबाज के फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत ने आठ रजत पदक पक्के कर लिए हैं। चैंपियनशिप में आज जैसमीन लंबोरिया और मीनाक्षी हुड्डा ने फाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के पुरूष वर्ग में विश्वनाथ सुरेश और सचिन सिवाच ने भी फाइनल में जगह बनाई।
******
स्पेन के ग्रेनाडा में राइफल और पिस्टल निशानेबाजी विश्व कप के 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में पलक और मुकेश नेलावल्ली ने स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने 4 सौ 87 से अधिक अंक के साथ नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- सरकार ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में तेजी से बदलती स्थिति को देखते हुए ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को जहां हैं वहीं रहने की सलाह दी।
- अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य न खोलने पर ईरान में सभी बिजली संयंत्रों और पुलों को नष्ट करने की धमकी दी। इसके कारण क्षेत्र में तनाव बढ़ा।
- सरकार का 5 किलो के एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री दोगुनी करने का आदेश। तेल और गैस की आपूर्ति का आश्वासन दिया।
- असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त; मतदान बृहस्पतिवार को।
- मौसम विभाग का असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बृहस्पतिवार तक मूसलाधार बारिश का अनुमान; कल बिहार, झारखंड और सिक्किम में गरज के साथ वर्षा की संभावना।
- भारतीय मुक्केबाजों का एशियाई चैंपियनशिप में जीत का सिलसिला जारी; छह महिला और दो पुरुष मुक्केबाजों के फाइनल में पहुंचने के, साथ आठ रजत पदक पक्के।
******