April 6, 2026 9:35 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा का चुनाव प्रचार कल समाप्‍त होगा। सभी राजनीतिक दलों के नेता प्रचार में जोर-शोर से जुटे।
  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में सभी सीटों नामांकन प्रक्रिया आज समाप्त।

  3. राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग के प्रस्‍ताव खारिज किया।

  4. पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच सरकार ने देश में पर्याप्त अनाज भंडार की उपलब्‍धता का आश्वासन दिया।

  5. रेलवे ने सुरक्षा और अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 13 सौ करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी।

  6. अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प की होर्मुज जल डमरूमध्‍य खोलने की समयसीमा के बीच इजरायल के ईरान में पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमले के बाद पश्चिम एशिया संघर्ष और गहराया।

  7. उलानबटोर में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में प्रीति पवार, प्रिया और अरुंधति फाइनल में पहुंची।

*****

 

असम, केरलम् और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव का प्रचार कल समाप्‍त हो जाएगा। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिर कहा है कि असम के हर जिले और क्षेत्र का विकास उनकी पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। असम के होजाई में एक रैली में श्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में असम विकास से वंचित रहा और पार्टी ने मुख्य रूप से अपने हितों के लिए काम किया।

 

 

कांग्रेस वो पार्टी है जो कभी दूरगामी सोच के साथ विकास के काम नहीं करती। वहीं, बीजेपी एक लंबे विजन के साथ काम करने वाली पार्टी है। हम विकसित असम से विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर चल रहे हैं और इसलिए हमने बीते 10 साल में पूरी मेहनत से काम किया है।

 

 

एक जनसभा में कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार घुसपैठियों को हटाने में नाकाम रही है। 

 

 

दस साल से दिल्ली और असम में इनकी सत्ता है पर घुसपैठियों को नहीं निकाल सके तो अब क्या करेंगे। आपको मैं बताना चाहता हूं कि 2005 से 2013 के बीच यूपीए सरकार के दौरान 88 थाउजेंड सेवन हंडरेंड एंड 92 अवैध प्रवासियों को देश से निकाला गया था।

 

*****

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पुद्दुचेरी में औद्योगिक गलियारा विकसित करने और इस केंद्रशासित प्रदेश को समुद्री अर्थव्‍यवस्‍था के विशाल केन्‍द्र के रूप में बढ़ावा देने की योजनाएँ चल रही हैं। पुद्दुचेरी में एक सभा में उन्‍होंने कहा कि एनडीए पुद्दुचेरी के पूर्ण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

 

 

कांग्रेस पीएमके के शासन में बेरोजगारी 47 पर्सेंट तक पहुंच गई थी। अब आज की डेट में एनडीए के शासन में 47 पर्सेंट से कम होकर 4 पाइंट 3 पर्सेंट पर लेकर आए हैं।

 

*****

 

कांग्रेस ने आज पुद्दुचेरी के लिए घोषणापत्र जारी किया। इसमें पुद्दुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने और केंद्र सरकार से लिए गए सरकारी ऋणों को माफ करने का वादा किया गया है। घोषणापत्र में सभी के लिए नि:शुल्‍क शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और कमजोर वर्गों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान का आश्वासन दिया गया है। पार्टी ने रोजगार के क्षेत्र में, सरकारी और निजी क्षेत्रों में 30 हजार नौकरियों के सृजन के साथ-साथ बेरोजगार युवाओं के लिए दो-दो हजार रुपये की मासिक सहायता का वादा किया है।

 

*****

 

विधानसभा चुनावों के निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात असम के नागांव जिले की कालीबोर अनारक्षित सीट की ।

 

 

कालियाबोर नागांव जिले का एक महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र है और यह मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र है। वर्तमान विधानसभा चुनाव में चार उम्मीदवार मैदान में हैं। असम गण परिषद के कैबिनेट मंत्री केशव महंत का मुकाबला रायजोर दल के उम्मीदवार प्रदीप कुमार बरुआ से है। रायजोर दल कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन का सहयोगी है। दो अन्य निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस निर्वाचन क्षेत्र में एक लाख 88 हजार से अधिक मतदाता हैं। इनमें से 93 हजार से अधिक पुरुष मतदाता, 95 हजार से अधिक महिला मतदाता हैं। मतदान 245 मतदान केंद्रों पर होगा। 2021 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से कुल 4 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। यह सीट एजीपी के उम्मीदवार केशव महंत ने जीती थी। अमिनुल हक जद्दार, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।

 

*****

 

तमिलनाडु के सभी दो सौ 34 निर्वाचन क्षेत्रों में और पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर नामांकन का काम आज समाप्‍त हो गया। पर्चों की जांच कल की जाएगी। 9 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 23 अप्रैल को होगा।

 

*****

 

तमिलनाडु में अब तक कुल पांच हजार पांच सौ 62 नामांकन दाखिल किए गए।

 

*****

 

निर्वाचन आयोग ने आगामी विधानसभा और उपचुनावों के लिए मतदान पूर्व और मतदान के दिन प्रिंट मीडिया में राजनीतिक विज्ञापनों का पूर्व-प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिया है। आयोग ने प्रिंट मीडिया में राजनीतिक विज्ञापनों के लिए कड़े दिशानिर्देश जारी किए हैं। कोई भी राजनीतिक दल, उम्मीदवार, संगठन या व्यक्ति मतदान के दिन या मतदान से एक दिन पहले समाचार पत्रों में कोई भी राजनीतिक विज्ञापन बिना प्रमाणीकरण के प्रकाशित नहीं कर सकेगा।

 

*****

 

राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों के महाभियोग प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। राज्यसभा सचिवालय ने बताया कि प्रस्ताव के नोटिस पर उचित विचार-विमर्श और प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।

 

 

पहली बार, विपक्ष ने लोकसभा और राज्यसभा दोनों में नोटिस देकर ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का प्रस्ताव लाने की मांग की थी। इसमें उन पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाया गया था।

 

*****

 

सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच आश्वासन दिया है कि देश में खाद्यान्न का पर्याप्त भंडार है। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालय संवाददाता सम्‍मेलन में उपभोक्ता कार्य विभाग के अपर सचिव अनुपम मिश्रा ने  कहा कि सरकार वस्तुओं की कीमतों और आपूर्ति पर नजर रख रही है।

 

 

ज़रूरी सामानों की कीमतों में कोई असामान्य उतारचढ़ाव नहीं देखा गया है। इस साल दालों का उत्पादन पिछले साल की तुलना में ज्यादा हुआ है। सरकार दालों का भंडार सुरक्षित रखती है और फिलहाल हमारे पास लगभग 28 लाख मीट्रिक टन दाल का स्टॉक मौजूद है।

 

 

खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग की संयुक्त सचिव सी शिखा ने कहा कि देश में गेहूं और चावल का पर्याप्त बफर स्टॉक है।

 

 

गेहूं का हमारे पास लगभग 220 लाख मीट्रिक टन भंडार है और चावल का करीब 380 लाख मीट्रिक टन। दोनों मिलाकर कुल करीब 602 लाख मीट्रिक टन खाद्यान हमारे पास उपलब्ध है। वैश्विक स्तर पर अनिश्चितताओं के बावजूद देश में खाने के तेल की उपलब्धता पर्याप्त बनी हुई है। प्रमुख देशों से आयात लगातार जारी है। इससे कुल आपूर्ति स्थिर बनी हुई है। सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर हस्तक्षेप भी करेगी।

 

 

पत्तन पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि पिछले दो दिनों में भारतीय ध्वज वाले दो एलपीजी जहाज, ग्रीन संघवी और ग्रीन आशा, होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से निकल चुके हैं। 

 

 

ग्रीन सांगवी पर करीब साढे 46 हजार मेट्रिक टन एलपीजी कार्गो है जबकि ग्रीन आशा पर साढे 15 हजार मेट्रिक टन एलपीजी कार्गो है। वर्तमान में वेस्टर्न पर्शियन गल्फ रीजन में 16 भारतीय फ्लैग वेसल मौजूद है, जिनपर 433 भारतीय नाविक है।

 

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन लगभग पचास लाख एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं।

 

 

पिछले पांच हफ्ते में लगभग 18 करोड़ घरों को एलपीजी सिलेंडर पहुंचाया गया है। हमारी ऑनलाइन बुकिंग रिकॉर्ड 97 प्रतिशत पर है। हमारे डिस्ट्रीब्यूटर्स इतवार वाले दिन भी अपनी डिस्ट्रीब्यूटरशिप को खोले हैं ताकि सभी को एक स्मूथ एलजी डिलीवरी हो पाए।

 

*****

 

भारतीय रेलवे ने अपने पूरे नेटवर्क में सुरक्षा, सिग्नलिंग और संचार अवसंरचना मजबूत करने के लिए एक हजार तीन सौ 64 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें रेल इंजन पर स्वदेशी ‘कवच’ प्रणाली स्थापित करना, ऑप्टिकल फाइबर केबल नेटवर्क का विस्तार करना और पैनल इंटरलॉकिंग को इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से बदलना शामिल है। इन कार्यों का उद्देश्य रेलगाडियों की आवाजाही सुरक्षित बनाना और हाई-स्पीड डेटा संचार को बढ़ाना है।

 

*****

 

सरकारी ई-मार्केटप्लेस-जैम ने 18 लाख 4 हजार करोड़ रुपये का सकल व्यापार किया है। इसमें वित्त वर्ष 2025-26 में 5 लाख करोड़ रुपये का व्‍यापार भी शामिल है। जैम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिहिर कुमार ने नई दिल्ली में कहा कि यह एक पारदर्शी और प्रौद्योगिकी-आधारित खरीद प्रणाली में खरीदारों, विक्रेताओं और संस्थानों के विश्वास को दर्शाता है।

 

*****

 

वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान भारत ने पवन ऊर्जा क्षमता में अब तक की सबसे अधिक छह दशमलव शून्‍य-पांच गीगावाट की वृद्धि दर्ज की है। इस वृद्धि के साथ देश की कुल पवन ऊर्जा क्षमता 56 गीगावाट से अधिक हो गई है। यह आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2024-25 में जोड़ी गई क्षमता की तुलना में लगभग 46 प्रतिशत की वृद्धि है।

 

*****

 

देश में 3 अप्रैल तक ग्रीष्मकालीन फसलों की बुवाई 58 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हो चुकी है। कृषि मंत्रालय ने बताया कि इस मौसम में बुवाई में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। धान की बुवाई 30 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हुई है, जबकि दलहन फसलों का क्षेत्र 8 लाख हेक्टेयर रहा है। दलहन की बुवाई में वृद्धि दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में सात दशमलव शून्‍य-दो लाख हेक्टेयर थी।

 

*****

 

पश्चिम एशिया में संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने अस्थायी युद्धविराम के प्रस्तावों को खारिज कर दिया है। इस्राएल ने ईरान के महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर नए हमले किए हैं। वहीं, अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्‍प की होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की समय सीमा नजदीक आने के कारण राजनयिक प्रयास तेज हो गए हैं। ईरान ने कहा कि ईरान अस्थायी युद्धविराम के बदले होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोलेगा।

 

*****

 

पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस शाखा ने गुजरात के आतंकवाद-रोधी दस्ते-एटीएस के साथ मिलकर आई.एस.आई समर्थित आतंकी मॉड्यूल के तीन सदस्‍यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पाकिस्‍तानी गोला-बारूद बरामद किया गया। इस मॉड्यूल को पाकिस्तान के खुफिया एजेंटों द्वारा संचालित किया जा रहा था। तीनों आरोपी अमृतसर और तरनतारन के सीमावर्ती जिलों के रहने वाले हैं।

 

*****

 

सेना ने आज मानवरहित हवाई प्रणाली और मंडराने वाली युद्धक सामग्री के लिए प्रौद्योगिकी रूपरेखा का अनावरण किया। यह पहल मानवरहित हवाई प्रणालियों के क्षेत्र में भारतीय सेना की दीर्घकालिक आवश्यकताओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

*****

 

और, अब आर्थिक जगत की खबरों के साथ हैं, – प्राची प्रिया

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्स चौहत्तर हजार एक सौ सात पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी बाइस हजार नौ सौ अड़सठ पर रहा। अंतरबैंकिग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया एक डॉलर के मुकाबले चार पैसे मजबूत होकर 93 रुपये छह पैसे पर बंद हुआ।

 

*****

 

केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश को ह्यूमन पेपिलोमा वायरस– एच.पी.वी. वैक्सीन की एक लाख 90 हजार 890 खुराकें भेजी हैं। इससे पहले, सरकार ने 14 से 15 वर्ष की लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाने के लिए पिछले महीने पहले चरण में एच.पी.वी. वैक्सीन की एक लाख 90 हजार 800 खुराकें भेजी थीं। यह वैक्सीन सर्विकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और यह सुरक्षित और प्रभावी है। टीकाकरण अभियान अगले माह तक जारी रहेगा।

 

*****

 

उलानबटोर में प्रीति पवार, प्रिया और अरुंधति चौधरी ने एशियाई मुक्‍केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में आज प्रीति पवार ने ऐजी इम को, प्रिया ने नामुन मोनखोर को और अरुंधति ने ओयशा तोइरोवा को हराया। प्रतियोगिता में चार मुक्केबाज पहले ही फाइनल में पहुंच चुके हैं।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्‍स के बीच मुकाबला बारिश के कारण रुका हुआ है। खेल रोके जाने तक कोलकाता ने चौथे ओवर में दो विकेट पर 25 रन बना लिये थे।

 

*****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे सप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में, नये आयकर अधिनियम, 2025 पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के संयुक्त सचिव पीतांबर दास और आर्थिक विश्लेषक शरद कोहली कार्यक्रम में शामिल होंगे।

 

*****

 

मौसम विभाग ने कल अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। कल दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. असम, केरलम् और पुद्दुचेरी विधानसभा का चुनाव प्रचार कल समाप्‍त होगा। सभी राजनीतिक दलों के नेता प्रचार में जोर-शोर से जुटे।

  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में सभी सीटों नामांकन प्रक्रिया आज समाप्त।

  3. राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग के प्रस्‍ताव को खारिज किया।

  4. पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच सरकार ने देश में पर्याप्त अनाज भंडार की उपलब्‍धता का आश्वासन दिया।

  5. रेलवे ने सुरक्षा और अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 13 सौ करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी।

  6. अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प की होर्मुज जल डमरूमध्‍य खोलने की समयसीमा के बीच इजरायल के ईरान में पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमले के बाद पश्चिम एशिया संघर्ष और गहराया।

  7. उलानबटोर में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में प्रीति पवार, प्रिया और अरुंधति फाइनल में पहुंची।

*****

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.